Site icon अग्नि आलोक

यह समय हिम्मत के साथ, अपने लोगों के साथ खड़ा रहने का है 

Share

नरेंद्र कुमार

यह हिम्मत के साथ, अपने लोगों के साथ
खड़ा रहने का समय है साथी
भूख के खिलाफ दमन के खिलाफ
आवाज दबाने की साजिश के खिलाफ
इंकलाब को रोकने के मंसूबों के खिलाफ
यह खड़ा होने का समय है साथी
भूख से सड़कों पर मार्च करते हुए
हजारों मजदूरों के साथ
फसल खो देने के बाद
सरकार की उपेक्षा झेलते किसानों के साथ
बेरोजगार बनने के बाद
आत्महत्या करते लोगों के परिवार के साथ
खड़ा होने का समय है साथी
बेरोजगार होते युवाओं के साथ
बच्चों का पेट न भर पाने के बाद
रोती माताओं के साथ
खड़ा रहने का समय है साथी !

कैसे खड़ा होंए साथी ?
कहना तुम्हारे लिए आसान साथी
भूख ने हम अकेले को भी ला खड़ा किया है
उन्हीं के साथ
जो भूखे रखते हैं हमको और सबको साथी
तो पहले थाम लें सब मिलकर
एक दूसरे का हाथ साथी
खड़ा होते हैं उन लोगों के खिलाफ
जिन्होंने भूख को पैदा किया है
गोदामों में अनाज को कैद कर
मजदूरों को सुरंग से कमरों में ठूंसकर
भोजन देने और काम शुरू करने के पहले
नापतोल लेते हैं
फायदे के इतिहास और भूगोल को
जिनके लिए सब कुछ ठीक-ठाक होने के मतलब है
श्रम के मालिकों का चलता रहे हाथ
लेकिन दुनिया के लोगों के पेट भरने के लिए नहीं
तन ढकने के लिए नहीं
खनकतते सिक्कों के पहाड़ को खड़ा करने के लिए

इस पहाड़ के नीचे दबना नहीं है साथी
पहाड़ में बनाना है सुरंग
उस पार जाने के लिए
गढ़ेंगे छेनी,गइता हथौड़े
गढ़ेंगे एक सुंदर दुनिया भूख के खिलाफ
निर्वस्त्र कांपते शरीर के लिए बुनेंगे कपड़े
नई आत्माओं को गढ़ने करने के लिए
जिनकी धड़कनों में बसती हैं
करोड़ों शिशुओं की मुस्कुराती आंखें
अब लंबी यात्रा पर निकलने का
समय आ गया है साथी !

Exit mobile version