एक्ट्रेस ममता कुलकर्णी 25 साल बाद भारत लौटीं हैं. बता दें कि 90 के दशक में बॉलीवुड में मशहूर नाम रहीं ममता कुलकर्णी अब आधिकारिक तौर पर संन्यास लेने के बाद साध्वी बन गई हैं. वह महाकुंभ मेले में भी पहुंचीं, जहां उन्होंने किन्नर अखाड़े में आचार्य महामंडलेश्वर डॉ. लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी से मुलाकात की.
ममता कुलकर्णी गले में रुद्राक्ष की माला और कंधे पर भगवा रंग का थैला लटकाए नजर आईं. ‘करण अर्जुन’ में अपनी भूमिकाओं के लिए मशहूर ममता कुलकर्णी पर 2016 में ड्रग से जुड़े आरोप लगे थे, जिन्हें अगस्त 2024 में बॉम्बे हाई कोर्ट ने खारिज कर दिया था. शाहरुख खान और सलमान खान के साथ ‘करण अर्जुन’ में अपनी भूमिका के लिए प्रसिद्ध अभिनेत्री ममता कुलकर्णी ने 25 साल बाद भारत लौटने पर सोशल मीडिया पर भावुक पोस्ट किया.
25 साल बाद भारत लौटीं एक्ट्रेस
वीडियो में ममता ने अपनी फीलिंग्स जाहिर करते हुए कहा कि, “अरे दोस्तों, यह ममता कुलकर्णी हैं, मैं 25 साल बाद भारत, बॉम्बे, आमची मुंबई लौटी हूं. मुझे सच में पुरानी यादें ताज़ा हो रही हैं कि मैं 2000 में भारत से बाहर गई थी और ठीक 2024 में मैं यहां हूं. मैं वास्तव में भावुक हूं, मुझे नहीं पता कि इसे कैसे जाहिर करूं. फ्लाइट के उतरने से पहले, मैं अपने बाएं-दाएं देख रही थी. मैंने अपने देश को लगभग 25 वर्षों के बाद देखा. मैं भावुक हो गई, मेरी आंखों में आंसू आ गए.”
ममता कुलकर्णी पर जब लगा था 2000 करोड़ का ड्रग केस
कुलकर्णी पर 2016 में 2,000 करोड़ के ड्रग केस में आरोप लगाया गया था. हालांकि अगस्त 2024 में बॉम्बे हाई कोर्ट ने सबूतों का हवाला देते हुए उनके खिलाफ आपराधिक आरोपों को खारिज कर दिया. अप्रैल 2016 में ठाणे पुलिस ने दो वाहनों को रोका और पाया कि यात्रियों के पास 2-3 किलोग्राम इफेड्रिन पाउडर था जिसकी कीमत 80 लाख थी.
इफेड्रिन पाउडर नारकोटिक्स एक्ट के तहत एक नियंत्रित पदार्थ है. इंडिया टुडे की रिपोर्ट के अनुसार, वाहनों के चालक मयूर और सागर को गिरफ्तार किया गया और दोनों आरोपियों के पास एक दवा कंपनी के फर्जी पहचान पत्र थे. रिपोर्ट में कहा गया है कि यह पदार्थ महाराष्ट्र के सोलापुर स्थित एवन लाइफ साइंसेज लिमिटेड की फैक्ट्री से जुड़ा हुआ था, माना जाता है कि इस कंपनी का नियंत्रण कुलकर्णी के पति विक्की गोस्वामी के पास है.
इफेड्रिन कथित तौर पर केन्या के लिए थी, जहां इसे अमेरिकी बाजार के लिए मेथमफेटामाइन में संसाधित किया जाना था. पुलिस ने दावा किया कि कुलकर्णी ने कथित तौर पर 8 जनवरी, 2016 को केन्या के ब्लिस होटल में एक बैठक में भाग लिया था, जहाँ कथित तौर पर ड्रग ऑपरेशन के विवरण पर चर्चा की गई थी.

