Site icon अग्नि आलोक

*ध्यान : शिव- प्रणीत और बुद्ध- प्रयुक्त मध्यम मार्ग*

Share

       ~ डॉ. विकास मानव

     सूत्र : “मन को भूलकर कर मध्य में रहो.” वैज्ञानिक सूत्र जैसा छोटा-सा सूत्र, लेकिन जीवन को समग्रत: बदलने में समर्थ.  बुद्ध ने अपने ध्यान की विधि इसी सूत्र के आधार पर विकसित की. उनका मार्ग मज्‍झिम निकाय या मध्य मार्ग कहलाता है। बुद्ध कहते हैं, सदा मध्य में रहो—प्रत्येक चीज में।

 राजकुमार श्रोण को बुद्ध ने संन्यास में दीक्षित किया। जब वह संन्यास में दीक्षित हुआ तो सारा राज्य चकित रह गया। लोगों को यकीन नहीं हुआ कि राजकुमार श्रोण संन्यासी हो गया है। किसी ने स्वप्न में भी यह नहीं सोचा था! क्योंकि श्रोण पूरा सांसारिक था, भोग—विलास में सर्वथा लिप्त, डूबा हुआ। सुरा—सुंदरी ही उसका पूरा संसार था।

     एक दिन बुद्ध उसके नगर में आए। राजकुमार श्रोण उनके दर्शन को गया। वह उनके चरणों में गिरा और बोला कि मुझे दीक्षित कर लें, मैं संसार छोड़ दूंगा।

जो लोग उसके साथ आए थे उन्हें भी इसकी कुछ खबर नहीं थी। ऐसी अचानक घटना थी यह। उन्होंने बुद्ध से पूछा कि यह क्या हो रहा है! यह तो चमत्कार है। श्रोण उस कोटि का व्यक्ति नहीं है, वह तो भोग—विलास में रहा है। हमने तो कल्पना भी नहीं की थी कि श्रोण संन्यासी होगा। यह क्या हो रहा है? आपने कुछ कर दिया है।

       बुद्ध ने कहा कि मैंने कुछ नहीं किया है। मन एक अति से दूसरी अति पर जा सकता है। वह मन का ढंग है—एक अति से दूसरी अति पर जाना। श्रोण कुछ नया नहीं कर रहा है। यह होना ही था। क्योंकि तुम मन के नियम नहीं जानते, इसलिए तुम चकित हो रहे हो।

मन एक अति से दूसरी अति पर गति करता रहता है। मन का यही ढंग है। यह रोज—रोज होता है। जो आदमी धन के पीछे पागल था वह अचानक सब कुछ छोड्कर नंगा फकीर हो जाता है। हम सोचते हैं कि चमत्कार हो गया। लेकिन यह सामान्य नियम के सिवाय कुछ नहीं है। जो आदमी धन के पीछे पागल नहीं है उससे यह अपेक्षा नहीं की जा सकती कि

वह त्याग करेगा। क्योंकि आप एक अति से ही दूसरी अति पर जा सकते हो—वैसे ही जैसे घडी का पेंडुलम एक अति से दूसरी अति पर डोलता रहता है।

    इसलिए जो आदमी धन के लिए पागल था वह पागल होकर धन के खिलाफ जाएगा, लेकिन उसका पागलपन कायम रहेगा। वही मन है। जो आदमी कामवासना के लिए ही जीता था वह ब्रह्मचारी हो जा सकता है, एकांत में चला जा सकता है, लेकिन उसका पागलपन कायम रहेगा। पहले वह कामवासना के लिए जीता था, अब वह कामवासना के खिलाफ होकर जीएगा। उसका रुख, उसकी दृष्टि वही की वही रहेगी।

     इसलिए ब्रह्मचारी सच में कामवासना के पार नहीं गया है, उसका पूरा चित्त काम—प्रधान है। वह सिर्फ विरुद्ध हो गया है, उसने काम का अतिक्रमण नहीं किया है।

   अतिक्रमण का मार्ग सदा मध्य में है, वह कभी अति में नहीं है। तो बुद्ध ने कहा कि यह होना ही था, यह कोई चमत्कार नहीं है। मन ऐसे ही व्यवहार करता है।

श्रोण को शीघ्र ही बुद्ध के दूसरे शिष्यों ने देखा कि वह दूसरी अति पर जा रहा था। बुद्ध ने किसी को नग्न रहने को नहीं कहा था, लेकिन श्रोण नग्न हो गया। बुद्ध नग्नता के पक्ष में नहीं थे। उन्होंने कहा कि यह दूसरी अति है। लोग हैं जो कपड़ों के लिए ही जीते हैं, मानो वही उनका जीवन हो। ऐसे लोग भी हैं जो नग्न हो जाते हैं। लेकिन दोनों वस्त्रों में विश्वास करते हैं।

     श्रोण बुद्ध का अकेला शिष्य था जो नग्न हुआ। वह आत्म—उत्पीड़न में भी गहरे उतर गया। बुद्ध ने अपने संन्यासियों को दिन में एक बार भोजन की व्यवस्था दी थी, लेकिन श्रोण दो दिनों में एक बार भोजन लेने लगा। वह बहुत दुर्बल हो गया। दूसरे भिक्षु पेड़ की छाया में ध्यान करते थे, लेकिन श्रोण कभी छाया में नहीं बैठता था। वह सदा कड़ी धूप में रहता था। वह बहुत सुंदर आदमी था, उसकी देह बहुत सुंदर थी। लेकिन छह महीने के भीतर पहचानना मुश्किल हो गया कि यह वही आदमी है। वह कुरूप, काला, झुलसा—झुलसा दिखने लगा।

एक रात बुद्ध श्रोण के पास गए और उससे बोले: श्रोण, मैंने सुना है कि जब तुम राजकुमार थे, तब तुम्हें वीणा का शौक था और तुम एक कुशल वीणावादक और बड़े संगीतज्ञ थे। तो मैं तुमसे एक प्रश्न पूछने आया हूं। अगर वीणा के तार बहुत ढीले हों तो क्या होता है? श्रोण ने कहा कि अगर तार ढीले होंगे तो कोई संगीत संभव नहीं होगा।

   बुद्ध ने पूछा कि अगर तार बहुत कसे हों तो क्या होगा? श्रोण ने कहा कि तब भी संगीत नहीं पैदा होगा। तारों को मध्य में होना चाहिए; वे न ढीले हों और न कसे हुए, ठीक मध्य में हों। और श्रोण ने कहा कि वीणा बजाना तो आसान है, लेकिन एक परम संगीतज्ञ ही तारों को मध्य में रख सकता है।

     तब बुद्ध ने कहा कि छह महीनों तक तुम्हारा निरीक्षण करने के बाद मैं तुमसे यही कहने आया हूं कि जीवन में भी संगीत तभी जन्मता है जब उसके तार न ढीले हों और न कसे हुए, ठीक मध्य में हों। त्याग करना आसान है, लेकिन परम कुशल ही मध्य में रहना जानता है। इसलिए श्रोण, कुशल बनो और जीवन के तारों को मध्य में, ठीक मध्‍य में रखो। इस या उस अति पर मत जाओ। प्रत्येक चीज के दो छोर हैं, दो अतियां हैं, लेकिन तुम्हें सदा मध्य में रहना है।

 मन बहुत बेहोश है। इसलिए सूत्र में कहा गया है. ‘मन को भूलकर।’ आप यह बात सुन भी लोगे, इसे समझ भी लोगे, लेकिन मन उसको नहीं ग्रहण करेगा। मन सदा अतियों को चुनता रहेगा। मन में अतियों के लिए बड़ा आकर्षण है, मोह है।

    क्यों? क्योंकि मध्य में मन की मृत्यु हो जाती है। घड़ी के पेंडुलम को देखो। अगर आपके पास कोई पुरानी घड़ी हो तो उसके पेंडुलम को देखो। पेंडुलम सारा दिन चलता रह सकता है यदि वह अतियों तक आता—जाता रहे। जब वह बाएं जाता है तब दाएं जाने के लिए शक्ति अर्जित करता है। जब वह दाएं जा रहा है तो मत सोचो कि वह दाएं जा रहा है, वह बाएं जाने के लिए ऊर्जा इकट्ठी कर रहा है। अतियां ही दाएं—बाएं हैं। पेंडुलम को बीच में ठहरने दो और सब गति बंद हो जाएगी।

    तब पेंडुलम में ऊर्जा नहीं रहेगी, क्योंकि ऊर्जा तो एक अति से आ रही है। एक अति उसे दूसरी अति की ओर फेंकती है, उससे एक वर्तुल बनता है और पेंडुलम गतिमान होता है। उसको बीच में होने दो और तब सब गति ठहर जाएगी।

मन पेंडुलम की भांति है। अगर आप इसका निरीक्षण करो तो रोज ही इसका पता चलेगा। आप एक अति के पक्ष में निर्णय लेते हो और तब दूसरी अति की ओर जाने लगते हो। अभी क्रोध करते हो, फिर पश्चात्ताप करते हो। कहते हो, नहीं, बहुत हुआ, अब मैं कभी क्रोध न करूंगा। लेकिन कभी अति को नहीं देखते।

      यह ‘कभी नहीं’ अति है। आप कैसे निश्चित हो सकते हो कि कभी नहीं क्रोध करोगे? कह क्या रहे हो? एक बार और सोचो। कभी नहीं? अतीत में जाओ और याद करो कि कितनी दफे निश्चय किया कि मैं कभी नहीं क्रोध करूंगा। जब कहते हो कि मैं कभी क्रोध नहीं करूंगा तो नहीं जानते हो कि क्रोध करते समय ही आपने दूसरे छोर पर जाने की ऊर्जा इकट्ठी कर ली थी। अब पश्चात्ताप कर रहे हो। अब बुरा लग रहा है। आपकी आत्म—छवि हिल गई है, गिर गई है। अब नहीं कह सकते कि मैं अच्छा आदमी हूं धार्मिक आदमी हूं। मैंने क्रोध किया और धार्मिक व्यक्ति क्रोध नहीं करता है। अच्छा आदमी क्रोध कैसे करेगा?

तो आप अपनी अच्छाई को वापस पाने के लिए पश्चात्ताप करते हो। कम से कम अपनी नजर में आपको लगेगा कि मैंने पश्चात्ताप कर लिया, चैन हो गया और अब फिर क्रोध नहीं होगा। इससे हिली हुई आत्म—छवि पुरानी अवस्था में लौट आएगी। अब चैन महसूस करोगे। क्योंकि अब दूसरी अति पर चले गए।

       लेकिन जो मन कहता है कि अब मैं फिर कभी क्रोध नहीं करूंगा, वह फिर क्रोध करेगा। अब जब फिर क्रोध में होगे तो अपने पश्चात्ताप को, अपने निर्णय को, सब को बिलकुल भूल जाओगे। क्रोध के बाद फिर वह निर्णय लौटेगा। पश्चात्ताप वापस आएगा और  कभी उसके धोखे को नहीं समझ पाओगे। ऐसा सदा हुआ है। मन क्रोध से पश्चात्ताप और पश्चात्ताप से क्रोध के बीच डोलता रहता है।

बीच में रहो। न क्रोध करो, न पश्चात्ताप। अगर क्रोध कर गए तो कृपा कर क्रोध ही करो, पश्चात्ताप मत करो। दूसरी अति पर मत जाओ। बीच में रहो। कहो कि मैंने के क्रोध किया, और मैं बुरा आदमी हूं हिंसक हूं। मैं ऐसा ही हूं। लेकिन पश्चात्ताप मत करो, दूसरी अति पर मत जाओ। मध्य में रहो। अगर  मध्य में रह सके तो फिर क्रोध करने के लिए ऊर्जा इकट्ठी नहीं कर पाओगे।

      इसलिए यह सूत्र कहता है : ‘मन को भूलकर मध्य में रहो—जब तक।’

इस ‘जब तक’ का क्या मतलब है? मतलब यह है कि जब तक तुम्हारा विस्फोट न हो जाए। मतलब यह है कि तब तक मध्य में रहो जब तक मन की मृत्यु न हो जाए। तब तक मध्य में रहो जब तक मन अ—मन न हो जाए। अगर मन अति पर है तो अ—मन मध्य में होगा।

      लेकिन मध्य में होना संसार में सबसे कठिन काम है। दिखता तो सरल है, दिखता तो यह आसान है। आपको लगेगा कि मैं कर सकता हूं। यह सोचकर लगेगा कि पश्चात्ताप की कोई जरूरत नहीं है। लेकिन प्रयोग करो।

पति—पत्नियों का झगड़ा सदा से चलता आया है। सदियों से महापुरुष और सलाहकार समझा रहे हैं कि कैसे रहें और प्रेम करें, और यह झगड़ा जारी है। पहली दफा फ्रायड को इस तथ्य का बोध हुआ कि जब भी आप प्रेम, ‘तथाकथित प्रेम में’ होओगे, आपको घृणा में भी होना पड़ेगा। सुबह प्रेम करोगे और शाम घृणा करोगे। इस तरह पेंडुलम हिलता रहेगा। प्रत्येक पति—पत्नी को इसका पता है।

     फ्रायड की अंतर्दृष्टि बड़ी अदभुत है, वह कहता है कि अगर किसी दंपति ने झगड़ा बंद कर दिया है तो समझो कि उनका प्रेम मर गया। घृणा और लड़ाई के साथ जो प्रेम है, वह मर गया।

   इसलिए अगर किसी जोड़े को आप देखो कि वह कभी लड़ता नहीं है तो यह मत समझो कि यह आदर्श जोड़ा है। उसका इतना ही अर्थ है कि यह जोड़ा ही नहीं है। वे समांतर रह रहे हैं, लेकिन साथ—साथ नहीं रहते हैं। वे समांतर रेखाएं हैं जो कहीं नहीं मिलतीं, लड़ने के लिए भी नहीं।

     वे दोनों साथ रहकर भी अकेले—अकेले हैं—अकेले—अकेले और समांतर।

मन विपरीत पर गति करता है। इसलिए अब मनोविज्ञान के पास दंपतियों के लिए बेहतर निदान है—बेहतर और गहरा। वह कहता है कि अगर आप सचमुच प्रेम—इसी मन के साथ—करना चाहते हो तो लड़ने—झगड़ने से मत डरो। सच तो यह है कि आपको प्रामाणिक ढंग से लड़ना चाहिए, ताकि प्रामाणिक प्रेम के दूसरे छोर को प्राप्त कर सको। इसलिए अगर अपनी पत्नी से लड़ रहे हो तो लड़ने से चूको मत, अन्यथा प्रेम से भी चूक जाओगे। झगड़े से बचो मत, उसका मौका आए तो अंत तक लड़ो, तभी संध्या आते—आते फिर प्रेम करने योग्य हो जाओगे, मन तब तक शक्ति जुटा लेगा।

सामान्य प्रेम संघर्ष के बिना नहीं जी सकता, क्योंकि उसमें मन की गति संलग्न है। सिर्फ वही प्रेम संघर्ष के बिना जीएगा जो कि मन का नहीं है। लेकिन वह बात ही और है। बुद्ध का प्रेम ही बात। लेकिन अगर बुद्ध आपको प्रेम करें तो आप बहुत अच्छा नहीं महसूस करोगे।

क्यों?

क्योंकि उसमें कुछ दोष नहीं रहेगा। वह मीठा ही मीठा होगा और उबाऊ होगा. दोष तो झगड़े से आता। बुद्ध क्रोध नहीं कर सकते, वे केवल प्रेम कर सकते है। आपको उनका प्रेम पता नहीं चलेगा, क्योंकि पता तो विरोध में, विपरीतता में चलता है।

जब बुद्ध बारह वर्षों के बाद अपने नगर वापस आए तो उनकी पत्नी उनके स्वागत को नहीं आई। सारा नगर उनके स्वागत के लिए इकट्ठा हो गया, लेकिन उनकी पत्नी नहीं आई। बुद्ध हंसे और उन्होंने अपने मुख्य शिष्य आनंद से कहा कि यशोधरा नहीं आई, मैं उसे भलीभांति जानता हूं। ऐसा लगता है कि वह मुझे अभी भी प्रेम करती है। वह मानिनी है, वह आहत अनुभव करती है। मैं तो सोचता था कि बारह वर्ष लंबा समय है, वह अब प्रेम में न होगी। लेकिन मालूम होता है कि वह अब भी प्रेम में है, अब भी क्रोध में है। वह मुझे लेने नहीं आई, मुझे ही उसके पास जाना होगा।

     बुद्ध गए। आनंद भी उनके साथ था। आनंद को एक वचन दिया हुआ था। जब आनंद ने दीक्षा ली थी तो उसने एक शर्त रखी, बुद्ध ने मान ली कि मैं सदा आपके साथ रहूंगा। वह बुद्ध का बड़ा चचेरा भाई था, इसलिए उन्हें मानना पड़ा था। सो आनंद राजमहल तक उनके साथ गया। वहां बुद्ध ने उससे कहा कि कम से कम यहां तुम मेरे साथ मत चलो, क्योंकि यशोधरा बहुत नाराज होगी। मै बारह वर्षों के बाद लौट रहा हूं। उसे खबर किए बिना मैं यहां से भाग निकला था, वह अब भी नाराज है, तो तुम मेरे साथ मत आओ। अन्यथा वह समझेगी कि मैंने उसे कुछ कहने का भी अवसर नहीं दिया। वह बहुत कुछ कहना चाह रही होगी। तो उसे क्रोध कर लेने दो, मेरे साथ मत आओ।

     बुद्ध भीतर गए। यशोधरा ज्वालामुखी बनी बैठी थी, वह फूट पड़ी। वह रोने—चिल्लाने लगी, बकने लगी। बुद्ध चुपचाप बैठे सुनते रहे। धीरे—धीरे वह शांत हुई और तब वह समझी कि उस बीच बुद्ध एक शब्द भी नहीं बोले हैं। उसने अपनी आंखें पोंछीं और बुद्ध की ओर देखा। बुद्ध ने कहा कि मैं यह कहने आया हूं कि मुझे कुछ मिला है, मैंने कुछ जाना है, मैंने कुछ उपलब्ध किया है। अगर तुम शांत होओ तो मैं तुम्हें वह संदेश, वह सत्य दूं जो मुझे उपलब्ध हुआ है। मैं इतनी देर इसलिए रुका रहा कि तुम्हारा रेचन हो जाए। बारह साल लंबा समय है। तुमने बहुत घाव इकट्ठे किए होंगे। और तुम्हारा क्रोध समझने योग्य है। मुझे इसकी प्रतीक्षा थी। उसका अर्थ है कि तुम अब भी मुझे प्रेम करती हो। लेकिन इस प्रेम के पार भी एक प्रेम है, और उसी प्रेम के कारण मैं तुम्हें कुछ कहने वापस आया हूं।

      यशोधरा उस प्रेम को नहीं समझ सकी। इसे समझना कठिन है, क्योंकि यह इतना शांत है। यह प्रेम इतना शांत है कि अनुपस्थित सा लगता है। जब मन विसर्जित होता है तो एक और ही प्रेम घटित होता है। लेकिन उस प्रेम का कोई विपरीत पक्ष नहीं है, विरोधी पक्ष नहीं है। जब मन विसर्जित होता है तब जो भी घटित होता है उसका विपरीत पक्ष नहीं रहता। मन के साथ सदा उसका विपरीत खड़ा रहता है, और मन एक पेंडुलम की भांति गति करता है।

मन को भूलकर मध्य में रहो—जब तक : यह सूत्र अदभुत है, उससे चमत्कार घटित हो सकते हैं। इसे प्रयोग में लाओ। यह सूत्र आपके पूरे जीवन के लिए है। ऐसा नहीं है कि उसका अभ्यास यदा—कदा कर लिया और बात खतम हो गई। आपको निरंतर इसका बोध रखना होगा, होश रखना होगा। काम करते हुए, चलते हुए, भोजन करते हुए संबंधों में, सर्वत्र मध्य में रहो।

     प्रयोग करके देखो और आप देखोगे कि एक मौन, एक शांति आपको घेरने लगी है और आपके भीतर एक शांत केंद्र निर्मित हो रहा है। अगर ठीक मध्य में होने में सफल न हो सको तो भी मध्य में होने की कोशिश करो। धीरे— धीरे मध्य की अनुभूति होने लगेगी।

     जो भी हो, घृणा या प्रेम, क्रोध या पश्चात्ताप, सदा ध्रुवीय विपरीतताओ को ध्यान में रखो और उनके बीच में रहो। और देर—अबेर ठीक मध्य को पा लोगे। एक बार इसे जान लिया तो फिर  उसे नहीं भूलोगे। क्योंकि मध्य बिंदु मन के पार है। वह मध्य बिंदु अध्यात्म का सार—सूत्र है।

Exit mobile version