अग्नि आलोक

*पारिजात का पौधा  घर में लगाना बहुत शुभ, जीवन से दुर्भाग्य होगा दूर*

Share

पारिजात के पौधे का हिंदू धर्म में विशेष महत्व बताया गया है। इस पौधे पर खिलने वाले पुष्प बेहद खूबसूरत होते हैं, जिन्हें शास्त्रों में घर के लिए बेहद शुभ माना गया है। पारिजात को हरसिंगार और रात की रानी के नाम से भी जाना जाता है। नारंगी डंठल वाले ये सफेद फूल देर शाम के समय खिलते हैं, जिसकी सुगंध से आसपास का वातावरण बहुत अच्छा हो जाता है और यह घर में सकारात्मकता फैलाता है। माना जाता है कि पारिजात के फूल माता लक्ष्मी को बेहद प्रिय हैं। यही कारण है कि इस पौधे को घर में लगाने से अत्यंत शुभ फल की प्राप्ति होती है। वहीं, वास्तुशास्त्र के अनुसार भी इस पौधे को घर में रखना शुभ माना गया है। लेकिन इससे पहले कुछ नियमों का खास ख्याल रखना जरूरी होता है। अगर पारिजात के पौधे को घर में गलत स्थान या गलत तरीके से रखते हैं, तो अशुभ फल की प्राप्ति हो सकती है। ऐसे में आइए जानते हैं कि पारिजात को घर की किस दिशा में लगाने से आपकी किस्मत पलट सकती है।

पारिजात का पौधा घर में इस दिन लगाएं

वैसे तो पौधों को घर में कभी भी लगाया जा सकता है। लेकिन ऐसी मान्यता है कि सोमवार या शुक्रवार के दिन पारिजात का पौधा घर में लगाना सबसे शुभ होता है। शुक्रवार का दिन धन की देवी माता लक्ष्मी को समर्पित माना गया है। ऐसे में अगर आप इस दिन पारिजात का पौधा घर में लगाते हैं, तो इससे बेहद शुभ फल की प्राप्ति हो सकती है। इसके अलावा, आप गुरुवार के दिन भी पारिजात का पौधा घर में लगा सकते हैं। इससे परिवार के सदस्यों पर भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की कृपा बनी रहती है। अगर आप इन दिनों में किसी भी एक दिन घर पर पारिजात का पौधा लगाते हैं, तो इससे घर में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।

पारिजात का पौधा इस दिशा में लगाएं

वास्तुशास्त्र के मुताबिक, पारिजात का पौधा घर की सही दिशा में लगाने से परिवार के सदस्यों के जीवन पर इसका सकारात्मक प्रभाव पड़ता है। ऐसे में इस पौधे को हमेशा सही दिशा में ही लगाना चाहिए। मान्यता है कि पारिजात का पौधा घर के ईशान कोण यानी उत्तर-पूर्व दिशा में लगाना चाहिए। इस दिशा को पौधे के लिए सबसे शुभ माना जाता है। इसके अलावा, आप हरसिंगार को घर में उत्तर दिशा में भी लगा सकते हैं। माना जाता है कि घर की यह दिशा सकारात्मक ऊर्जा से भरपूर होती है। ऐसे में इस जगह पर पारिजात का पौधा लगाने से घर से नकारात्मक ऊर्जा का नाश होने लगता है।

पारिजात का पौधा घर में लगाने के विशेष वास्तु नियम

घर में पारिजात का पौधा लगाने के बाद आप रोज शाम के समय इसके पास एक दीपक जलाकर रख सकते हैं। इससे घर में हमेशा सुख-शांति का माहौल बना रहता है। साथ ही, पहली बार इस पौधे में पवित्र जल अर्पित करना बेहद शुभ माना जाता है। इसके लिए आप एक लोटा जल में गंगाजल की कुछ बूंदे मिलाकर उसे पौधे में अर्पित कर सकते हैं। इस दौरान ‘ओम श्री लक्ष्म्यै नम:’ मंत्र का जाप भी जरूर करें। इस प्रकार पारिजात के पौधे को घर में लगाने से माता लक्ष्मी की विशेष कृपा प्राप्त हो सकती है और घर में हमेशा खुशहाली बनी रहती है।

पारिजात का पौधा घर में लगाने के शुभ लाभ

माना जाता है कि पारिजात का पौधा घर में लगाने से माता लक्ष्मी और भगवान विष्णु की कृपा प्राप्त होती है। साथ ही, इससे वास्तु दोष भी दूर हो सकता है। अगर आप वास्तु के नियमों का ख्याल रखते हुए घर में पारिजात का पौधा लगाते हैं, तो इससे जीवन से दरिद्रता दूर होने लगती है और घर में सुख-समृद्धि का आगमन होता है। ऐसी मान्यता है कि हरसिंगार का पौधा लगाने से परिवार के सदस्यों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आने लगते हैं। साथ ही, इससे आपको करियर में भी तरक्की हासिल हो सकती है और परिवार के सदस्यों के बीच का प्रेम और तालमेल बना रहता है। आप पारिजात के फूलों को घर में पूजा के दौरान भी प्रयोग कर सकते हैं। इससे बेहद शुभ फल की प्राप्ति होती है।

Exit mobile version