नई दिल्ली
केंद्र सरकार ने 18 से 22 सितंबर तक संसद का विशेष सत्र बुलाया है। पहले दिन की कार्यवाही पुरानी संसद में होगी। वहीं, 19 सितंबर को नई संसद में कामकाज शुरू हो जाएगा।नए संसद भवन में जाते समय संसद कर्मचारी नई ड्रेस पहनेंगे। इस ड्रेस में नेहरू जैकेट और खाकी रंग की पैंट को शामिल किया गया है।
ब्यूरोक्रेट्स बंद गले सूट की जगह मैजेंटा या गहरे गुलाबी रंग की नेहरू जैकेट पहनेंगे। उनकी शर्ट भी कमल के फूल के डिजाइन के साथ गहरे गुलाबी रंग में होगी।
मार्शल पहनेंगे मणिपुरी पगड़ी, सिक्योरिटी पर्सनल कैमोफ्लॉज ड्रेस में
यह यूनिफॉर्म नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फैशन टेक्नोलॉजी (NIFT) ने बनाई है। दोनों सदनों में मार्शलों की ड्रेस में भी बदलाव किया गया है। अब वे मणिपुरी पगड़ी पहनेंगे।
इसके अलावा संसद भवन के सुरक्षाकर्मियों की ड्रेस भी बदली जाएगी। सफारी सूट की जगह उन्हें सेना की तरह कैमोफ्लॉज ड्रेस दी जाएंगी।
कांग्रेस ने कहा- यूनिफॉर्म पर कमल ही क्यों, टाइगर या मोर क्यों नहीं
पार्लियामेंट स्टाफ की नई यूनिफॉर्म पर कांग्रेस ने निशाना साधा। लोकसभा में कांग्रेस व्हिप मणिकम टैगोर ने कहा- यूनिफॉर्म पर कमल ही क्यों बनाया गया, मोर या टाइगर क्यों नहीं। इसलिए, क्योंकि ये भाजपा के चुनाव चिह्न नहीं हैं। ओम बिड़ला सर (लोकसभा स्पीकर) इतनी गिरावट क्यों।
टैगोर ने ये भी कहा कि यूनिफॉर्म पर कमल बनाना बचकानापन है। इन लोगों (सरकार) ने G20 में भी ऐसा ही किया। उनका कहना है कि कमल राष्ट्रीय फूल है। उम्मीद है कि भाजपा तरक्की करे, लेकिन संसद को एक पार्टी के लिए ना बनाए। पार्लियामेंट हर दल के लिए है। इससे समझ आता है कि भाजपा हर संस्थान में दखलंदाजी कर रही है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 28 मई को नई संसद का उद्घाटन किया था।
पांच दिन तक चलेगा संसद का विशेष सत्र
18 सितंबर को शुरू होने वाला संसद का विशेष सत्र पुराने भवन में शुरू होगा और बाद में गणेश चतुर्थी के अवसर पर एक दिन बाद नए भवन में स्थानांतरित हो जाएगा। नए संसद भवन का इनॉगरेशन इसी साल 28 मई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया था।
18 से 22 सितंबर तक संसद के विशेष सत्र की घोषणा 31 अगस्त को संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी ने की थी। फिलहाल विशेष सत्र के एजेंडे को गुप्त रखा गया है।
संसद के विशेष सत्र को लेकर सोनिया की PM को चिट्ठी
संसद के विशेष सत्र से 12 दिन पहले सोनिया गांधी ने पीएम को एक चिट्ठी लिखी थी। इसमें उन्होंने 9 मुद्दे उठाए थे। कांग्रेस चाहती है सरकार महंगाई, भारत-चीन बॉर्डर विवाद और मणिपुर जैसे गंभीर मामलों पर चर्चा करे।
कांग्रेस संसदीय दल (CPP) की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने 24 पार्टियों की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को यह लैटर भेजा। केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी ने पिछले हफ्ते 18 से 22 सितंबर तक संसद के पांच दिन के विशेष सत्र के बारे में जानकारी दी थी।
उधर I.N.D.I.A में शामिल लोकसभा और राज्यसभा सांसदों ने मंगलवार (5 सितंबर) शाम मल्लिकार्जुन खड़गे के घर मीटिंग की। इसमें निर्णय लिया गया कि I.N.D.I.A अलायंस में शामिल 28 पार्टियों में से 24 पार्टियां 18 सितंबर से शुरू हो रहे संसद के स्पेशल सेशन में शामिल होंगी।
संसद की पुरानी बिल्डिंग का ज्यादा इस्तेमाल हो गया- सरकार
मौजूदा संसद भवन को 95 साल पहले 1927 में बनाया गया था। मार्च 2020 में सरकार ने संसद को बताया था कि पुरानी बिल्डिंग ओवर यूटिलाइज्ड हो चुकी है और खराब हो रही है।
इसके साथ ही लोकसभा सीटों के नए सिरे से परिसीमन के बाद जो सीटें बढ़ेंगी, उनके सांसदों के बैठने के लिए पुरानी बिल्डिंग में पर्याप्त जगह नहीं है। इसी वजह से नई बिल्डिंग बनाई गई है।

