Site icon अग्नि आलोक

राज कुंद्रा-शिल्पा शेट्टी को बड़े मामलों से बचाने के लिए पोर्नोग्राफी जैसे छोटे मामलों में फंसाया गया ?

Share

गिरीश मालवीय

अगर आप सुशांत वाले केस में रिया के रोल को देखे तो उसे मीडिया बिलकुल खलनायिका बनाकर प्रस्तुत कर रहा था लेकिन यहां राज कुंद्रा वाले केस में शिल्पा शेट्टी के बारे में मीडिया को बिलकुल सांप सूंघ गया है.

क्या यह सच नहीं है कि शिल्पा शेट्टी राज कुंद्रा के लगभग हर बिजनेस में पार्टनर है ? शिल्पा को कुंद्रा के सारे कारोबार और उससे जुड़ी दूसरी चीजों की पूरी जानकारी थी, लेकिन अब इससे इनकार कर रही हैं. राज कुंद्रा के एडल्ट एप हॉटशॉट्स और इसके कंटेंट के बारे में शिल्पा को पूरी जानकारी थी. कुंद्रा ने इस एप से होने वाली कमाई की बड़ी रकम कई बार शिल्पा के बैंक खाते में मंगवाई थी.

मुंबई पुलिस की जांच में सामने आया है कि कुंद्रा के हॉटशॉट्स एप के 20 लाख से ज्यादा सब्सक्राइबर थे. शिल्पा पर आरोप है कि उन्होंने जानबूझकर कुंद्रा के गलत कामों की जानकारी छिपाई है. उनकी एडल्ट कंटेंट कंपनी ‘केनरिन’ में शिल्पा भी पार्टनर हैं. बताया जा रहा है कि शिल्पा, राज कुंद्रा की कंपनी वियान इंडस्ट्रीज से पहले ही इस्तीफा दे चुकी है लेकिन उन्होंने वापस इसे रीजोइन किया था, ऐसी भी खबरे हैं. कई लड़कियों ने अपने बयान में भी कहा है कि एक्टिंग में आने से पहले उनकी बात शिल्पा से करवाई गई थी.

जांच में सामने आया है कि शिल्पा के अकाउंट में एक बड़ी रकम अफ्रीका और लंदन से ट्रांसफर हुई है. इसकी जानकारी इनकम टैक्स डिपार्टमेंट से छिपाई गई थी. कुंद्रा के खिलाफ क्रिकेट की सट्टेबाजी के सबूत मिले हैं, उसमें भी शिल्पा के अकाउंट में भी इसके कुछ पैसे ट्रांसफर हुए थे. आखिरकार शिल्पा शेट्टी को क्यों बचाया जा रहा है ?

इस बात की संभावना सबसे ज्यादा नजर आ रही है कि राज कुंद्रा और शिल्पा शेट्टी का असली केस कोई दूसरा ही है और वह बहुत बड़ा मामला है. लेकिन उन्हें पोर्नोग्राफी के छोटे से मामले में जानबूझकर उलझाया जा रहा है.

आप यदि राज कुंद्रा ओर शिल्पा शेट्टी से जुड़े मामलों की लिस्ट देखे तो आपको बेहद आश्चर्य होगा कि यह लोग अब तक बच कैसे गए ? और यदि ऐसे बड़े-बड़े मामलों में ये बच गए तो वो पोर्नोग्राफी जैसे मामले में कैसे फंस गए ?लगभग दो साल पहले राज कुंद्रा और शिल्पा शेट्टी पर अंडरवर्ल्ड डॉन इकबाल मिर्ची के खास आदमी बिंद्रा के साथ मिलकर करोड़ों रुपये की मनी लॉन्ड्रिंग का आरोप लगा था.

दरअसल एसेंशियल हॉस्पिटैलिटी लिमिटेड में कुंद्रा व शिल्पा शेट्टी निदेशक हैं. इस कम्पनी में आरकेडब्ल्यू डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड, जो बिंद्रा द्वारा नियंत्रित है, 44.11 करोड़ रुपए निवेश किए और 31.54 करोड़ रुपए का ब्याज मुक्त कर्ज प्रदान किया. यह लेन-देन संदेहास्पद था. ऐसी कुल करीब 225 करोड़ की सौदेबाजी हुई थी. इस केस में राज कुंद्रा और शिल्पा शेट्टी का फंसना तय था लेकिन पता नहीं कौन से खिलाड़ियों के खिलाड़ी ने ऐन टाइम पर कैसा खेल खेला कि राज कुंद्रा साफ बच गए.

2017 में महाराष्ट्र पुलिस ने एक कपड़ा कंपनी से 24 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में राज कुंद्रा और शिल्पा शेट्टी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी. इस केस में भी वह बच गए.

जून 2013 में राज कुंद्रा पर IPL में स्पॉट फिक्सिंग का आरोप लगा था. राज कुंद्रा और शिल्पा शेट्टी ने मॉरिशस की एक कंपनी की सहायता से IPL में निवेश किया. इस मामले में राजस्थान रॉयल्स के कुछ खिलाड़ियों को भी गिरफ्तार किया गया था. कुंद्रा ने ये बात स्वीकारी कि उन्होंने टीम को लेकर सट्टा खेला था और इसमें काफी पैसा लगा था. लेकिन इस केस में भी उन पर कोई कार्यवाही नहीं हुई.

इसके बाद राज कुंद्रा बिटक्वाइन से जुड़े 2000 करोड़ के फ्रॉड में फंसे. पुणे पुलिस की क्राइम सेल और ED की जांच में खबर सामने आई थी कि राज पर आरोप है कि वो गेनबिटक्वाइन कंपनी से जुड़े हुए थे. ये कंपनी 2 हज़ार करोड़ रुपए के फ्रॉड का हिस्सा थी. राज कुंद्रा समेत बॉलीवुड के कई अन्य सितारे इस तरह की स्कीम को प्रमोट कर रहे थे. वेबसाइट बनाकर कई लोगों को करोड़ों रुपये का चूना लगाया था. इस घोटाले की रकम 2,000 करोड़ रुपये तक आंकी गई थी, लेकिन यहां भी वह बच गए.

पोर्नोग्राफी का केस खुलने से ठीक पहले राज कुंद्रा और श‍िल्‍पा शेट्टी की कम्पनी सतयुग गोल्‍ड कंपनी जो गोल्‍ड ट्रेडिंग कंपनी है, उस पर बॉम्बे हाईकोर्ट ने कंपनी पर 3 लाख रुपये का जुर्माना लगाया. दरअसल एनआरआई सचिन जोशी ने खार पुलिस से हाल ही में संपर्क किया था और शिकायत की थी कि उनके साथ सतयुग गोल्ड प्राइवेट लिमिटेड ने धोखाधड़ी की है. यह शिकायत सही पाई गई, लेकिन इस केस में भी दोनों बच गए.

2015 में राज कुंद्रा बेस्ट डील टीवी (होम शॉपिंग चैनल) की शुरुआत की खिलाड़ियों के खिलाड़ी बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार भी इस कम्पनी में पार्टनर थे. यह बिजनेस भी घाटे में बंद हुआ. इसमें भी पैसा दबाने की कई बातें सामने आई थी. मॉडल और एक्ट्रेस पूनम पांडे ने शिल्पा शेट्टी के पति और बिजनेसमैन राज कुंद्रा और खिलाफ उनके सहयोगी के क्रिमिनल केस किया लेकिन इस केस में भी उनका कुछ नही बिगड़ा ?

इसलिए यह बात समझ से बाहर है कि कोई पति पत्नी जो पावर कपल हैं, वो ऐसे ऐसे खतरनाक केसेस में बच गए लेकिन पोर्नोग्राफी जैसे छोटे से केस में, जिसे सिद्ध कर पाना भी बेहद मुश्किल है, उसमें वह कैसे फंस जाता है ?यह एक बड़ा गेम है जिस पर पर्दा डालने के लिए पोर्नोग्राफी वाला मामला खोला गया है ताकि उसके बहाने से सब सेटल करवाया जा सके.

अरे हां, एक बात तो बताना ही आपको भूल गया. शिल्पा शेट्टी और उनके पति राज कुंद्रा ने मिलकर पिछले साल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पीएम केयर्स में 21 लाख रुपये की रकम जमा करवाई थी. अब बताइये ऐसा खोटा काम कर के मोदी जी के राहत खाते में रकम दान की गई ! छीं छीं छीं छीं ! राम राम राम राम !

Exit mobile version