Site icon अग्नि आलोक

तीन युगों को सैंडविच की तरह मिला कर ट्रिपल आर परोस गए राजमौली

Share
हिमांशु जोशी समीक्षक

एस एस राजमौली की यह खासियत है कि वह स्क्रीन पर जो कुछ दिखाते हैं वो दर्शकों के सीधे दिमाग पर असर करता है।फ़िल्म के अंत मे ‘द सन नेवर सेट्स ऑन द ब्रिटिश अम्पायर’ पर खून के छींटे वाला दृश्य इसका गवाह है।
ट्रिपल आर पूरी तरह से निर्देशक की फ़िल्म है, अंग्रेज़ शासन के अत्याचारों से मुक्ति पाने वाली पुरानी कहानी पर राजमौली ने दांव चला है।अधर्म पर धर्म की जीत के बीच राजमौली का प्रस्तुतिकरण फ़िल्म को शानदार बना देता है।राजमौली की ब्लॉकबस्टर फ़िल्म ‘बाहुबली’ की सफलता के पीछे उसके अभिनेता प्रभास और सेट की भव्यता महत्वपूर्ण कारण थे। इस फ़िल्म में भी दिल्ली का आलीशान सेट बनाया गया है, पुरानी कारें और भाप इंजन से चलने वाली ट्रेन बड़े पर्दे पर देखते ही बनती हैं।
फ़िल्म में राम और भीम की दोस्ती देख कभी आपको फ़िल्म ‘शोले’ के जय-वीरू याद आएंगे तो राम बने रामचरण का लुक देख ‘पुष्पा’ भी आपकी यादों में आ जाएगा।किरदारों को राम, भीम और सीता नाम देकर राजमौली तीन युगों को साथ ले आए हैं। उन्होंने फ़िल्म में भारतीयों की देशभक्ति और आस्था को जमकर भुनाया है।
फ़िल्म ‘मगाधीरा’ से चर्चा में आए रामचरण ट्रिपल आर की जान हैं और वह अभिनय के मामले में जूनियर एनटीआर पर भी भारी पड़ते दिखते हैं।जूनियर एनटीआर को हमने ‘टेम्पर’ में जिस रूप में देखा था ,यहां वह उससे बिल्कुल अलग हैं और राजमौली के निर्देशन में उन्होंने अपना आज तक का सबसे बेहतरीन अभिनय दिखाया है। अजय देवगन और आलिया भट्ट सहायक कलाकारों के रूप में हैं और अपने किरदारों को सही तरीके से निभाते हैं।
फ़िल्म की स्क्रिप्ट कसी हुई है और स्क्रिप्ट से जुड़ा सब कुछ बेहतरी से अंजाम दिया गया है। फ़िल्म में कोई भी संवाद ऐसा नही है जो याद रखा जाएगा। फ़िल्म में नाचो नाचो गाने की कोरियोग्राफी जबरदस्त है और यह गाना लंबे समय तक पार्टियों में बजता नज़र आ सकता है। बैकग्राउंड स्कोर इस फ़िल्म की जान है, बेहतरीन बैकग्राउंड स्कोर के ज़रिए फ़िल्म के हर दृश्य में मानो जान फूंक दी गई है।
फ़िल्म की शुरुआत में रामचरण का भीड़ के बीच से एक व्यक्ति को पुलिस थाने के अंदर खींच लाने वाला दृश्य सबसे ज्यादा प्रभावित करता है। इसके बाद महल में ट्रक से जंगली जानवरों को छोड़ने वाला दृश्य भी दर्शकों पर प्रभाव डालता है।
फ़िल्म का छायांकन दिखने में अच्छा है, जंगल की हरियाली आंखों को प्रभावित करती है। फ़िल्म में कॉस्ट्यूम डिज़ाइनिंग पर भी अच्छा काम किया गया है। रामचरण, अंग्रेज़ सैनिकों और ओलिविया की ड्रेसों को अंग्रेज़ शासन के समय की तरह ही दिखाया गया है।
एस एस राजमौली की यह खासियत है कि वह स्क्रीन पर जो कुछ दिखाते हैं वो दर्शकों के सीधे दिमाग पर असर करता है।फ़िल्म के अंत मे ‘द सन नेवर सेट्स ऑन द ब्रिटिश अम्पायर’ पर खून के छींटे वाला दृश्य इसका गवाह है।इसके साथ ही फ़िल्म खत्म होते-होते भी वह जल-जंगल-जमीन का संदेश दे जाते हैं पर शायद इस पर ज्यादा बात हो क्योंकि मौजूदा समय में जनता की नीरसता की वजह से जल-जंगल-जमीन तीनों ही खतरे में दिखाई पड़ रहे हैं
शुद्ध मनोरंजन के लिए थियेटर में जाकर एक बार तो इस फ़िल्म का आनंद लिया ही जा सकता है।

कलाकार- जूनियर एनटीआर, रामचरण, आलिया भट्ट, अजय देवगन
निर्देशक- एस एस राजमौली
छायांकन- सेंथिल कुमार
समीक्षक- Himanshu Joshi

Exit mobile version