Site icon अग्नि आलोक

शाम फिर से सुर्खियों में है

Share

इस बार
शाम फिर से सुर्खियों में है
और जब जब शाम
सुर्ख़ियों में होती है
पिचके हुए गुब्बारों से पट जाता है
खेल का मैदान

एक विशाल परित्यक्त वेश्यालय की
बदरंग दीवार पर पीठ टिकाकर
अंतिम सांसे गिनता है समय
कुछ सरीसृप बेलौस चढ़ते हैं
सर कटे पेड़ों पर
और गह्वर में फुफकारते हैं विषधर

जानता हूं
शाम का यह दृश्य
सहसा हज़म नहीं होता
लेकिन दुपाए से चौपाए बनने की प्रक्रिया भी
आसान नहीं होती

नीले ब्रह्मांड की रोशनी में
छुप जाती है
पश्चात पसरण की असह्य पीड़ा उकेरता
आदमी का चेहरा
नदी में बहती अधजली अस्थियां
मछलियों का भोजन भी नहीं बनते

तुम चाहो तो बहा कर ले आओ शाम
सुर रिक्त स्वर में
परिंदे फिर भी नहीं लौटेंगे
सर कटे पेड़ों पर साथी

Exit mobile version