Site icon अग्नि आलोक

जल्लाद ही चिल्लाने लगे हैं – इंकलाब जिंदाबाद

Share

इस घने अंधेरे में
शब्दों की वे उंगलियां भी नहीं हैं
जिनके सहारे हम पहुंचते थे
तुम तक,
चौक-चौराहों तक,
जंगल और नदियोें तक,
किले के दरवाजे तक.

अब इस कमरे की खिड़कियां
खुलती हैं सिर्फ रेगिस्तान में
जहां शब्द मरीचिका की तरह
भागते हैं दूर अर्थ से
वे फौलादी शब्द भी
दूर हैं अपने अर्थ से
जो जंजीरें काटते थे
और फांसी पर चढ़ रहे भगत सिंह
के नारे को पहुंचाते थे
हजारों मील दूर तक
‘इंकलाब जिंदाबाद’

फरेब का आलम तो देखो !
जल्लाद ही चिल्लाने लगे हैं
इंकलाब जिंदाबाद
सील हुई सीमाओं पर
लिखा है
वसुधैव कुटुंबकम
और जेल की दीवारों पर
टंगे हैं आजादी के पोस्टर
सरकार की सख्त हिदायत है
कि गोली चलाने के पहले
सिपाही लोकतंत्र का नाम ले

चलो छुड़ा लाएं शब्दों को
रोशनी भरें उनमें
और दीपक की तरह जलाएं उन्हें
सुबह आने तक

अनिल सिन्हा

 ‘प्रतिभा एक डायरी‘ से

Exit mobile version