Site icon अग्नि आलोक

मैं भी चौकीदार’ वाली डीपी लगाने का टाइम फिर से आया

Share

राकेश कायस्थ

फ्रांस में राफेल सौदे में भ्रष्टाचार के आरोपों की जाँच शुरू कर दी गई है। उधर ब्राजील की सुप्रीम कोर्ट ने आदेश दिया है कि मोदीजी के लंगोटिया यार राष्ट्रपति बोलसेरो की सरकार ने भारत कोरोना के जो टीके मंगवाये थे, उस सौदे में घपले की जाँच की जाये।

राफेल वाला प्रकरण हर किसी को याद होगा। पुरानी सरकार का सौदा रद्द करके उससे कई गुना महंगी कीमत पर सौदा दोबारा किया गया था। बैंकों को अरबो रूपये का चूना लगा चुके दिवालिया कारोबारी अनिल अंबानी के रातो-रात बने फर्म को उन कंपनियों में शामिल किया गया था, जो आगे चलकर भारत में राफेल बनाएंगी। राष्ट्रपति पद छोड़ने के बाद फ्रांस्वा ओलांद ने स्वीकार किया था कि उनसे पार्टनर के रूप में अंबानी के फर्म को शामिल करने का आग्रह किया गया था। बकौल अरूण शौरी ” मोदीजी इस सौदे से इतने मुदित थे कि उन्होंने राष्ट्रपति ओलांद की झप्पी एक बार नहीं बल्कि दो बार ली। पहली बार सामने से गले मिले और फिर उससे जी नहीं भरा तो दोबारा पीछे से जाकर पकड़ लिया।”इलेक्शन के समय राफेल का मामला गूंजा तो मोदीजी ने इस सौदे को राष्ट्रीय गर्व वाला इवेंट बना दिया।

सरकार ने कोर्ट में कहा कि अगर हमारे पास राफेल होता तो हम पाकिस्तान के साथ चीन की भी ईंट से ईंट बजा देते। बाद में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह राफेल पर नींबू मिर्ची टांगने गये तो भक्तों ने अखंड नर्तन किया और  देश के दुश्मनों को जमकर लानतें भेजीं। उम्मीद थी की मामला दब जाएगा लेकिन बेड़ा गर्क हो फ्रांस के जजों का जो मॉर्निंग वॉक तक पर नहीं जाते।  भक्तों का संडे खराब करने वाली दूसरी ख़बर ब्राजील से आई है। राष्ट्रपति बोलसोनेरो ने भारत से कोविड के जो टीके आयात किये थे, उसमें कथित घोटाले की जाँच का आदेश वहाँ की सुप्रीम कोर्ट ने दे दिया है। आरोप है कि टीकों की खरीद के लिए ज्यादा पैसे दिये गये। इस प्रकरण में सरकार की सबसे बड़ी मुसीबत ये है कि स्वास्थ्य मंत्रालय के आयात विभाग के प्रमुख लुईस रिकॉर्डो मिरांडा ने कहा है कि उनपर भारत बायोटेक से टीके खरीदने का दबाव डाला गया था।मुझे उम्मीद है कि इस तरह की ख़बरों से भक्तों का हौसला नहीं टूटेगा। वे कहेंगे कि माना राफेल महंगे में खरीदा गया लेकिन कोवैक्सीन भी तो महंगे में बेचा गया। यानी कहीं ना कहीं मोदीजी ने मास्टर स्ट्रोक ज़रूर खेला है।

Exit mobile version