अग्नि आलोक

बदतमीजी और बदजुबानी करना रमेश बिधूड़ी की आदत : जिम्मेदार कौन?

Share

भाजपा का बिधूड़ी ऐसा ही सांसद हैं जो अपनी बदजुबानी के कारण ही भाजपा में अपनी साख रखता है।अनुराग ठाकुर भी गोली मारो……कह तरक्की पाते हैं। इन्हें क्या कहें जब इनके सरपरस्त ही अपनी बेढंगी और बेहूदी हरकतें सदन में करते रहे हों। माननीय सोनिया जी को कितना कुछ कहा गया। राहुल गांधी की कितनी हंसी उड़ाई। सदैव झूठी बातें की है। नेहरू जी के बारे अनर्गल बातें तो सीमा तोड़ कही गई।

 -सुसंस्कृति परिहार 

अपनी बदजुबानी के लिए प्रसिद्ध सांसद रमेश बिधूड़ी इन दिनों फिर चर्चाओं में हैं। उन्होंने अपने चुनाव क्षेत्र  कालकाजी की सड़कों को प्रियंका गांधी के गालों की तरह बनाने की बात कहकर बेशर्म हरकत की है। उन्होंने लालू यादव का उदाहरण पेश कर उनका अनुकरण करने की बात की और बताया कि हेमामालिनी क्या सम्माननीय  नहीं थी जिनके गालों की चर्चा सड़कों के संदर्भ में की गई थी।इस बाबत कांग्रेस से कहा कि वे पहले लालू से माफ़ी  मंगवाएं जबकि यह बात लालूजी  से कहना चाहिए। लालू जी का मज़ाक़िया स्वभाव जगजाहिर है। उनसे तुलना नहीं की जा सकती लेकिन बिधूड़ी तो मानसिक तनाव बढ़ाने के साथ ही जलील करने के लिए कहते हैं। एक नहीं अनेक बार वे ऐसा कर चुके हैं इसलिए क्षमा के पात्र नहीं।

ये बात  और है कि कहने के दूसरे ही दिन देश में हो रही भर्त्सना  को देखते हुए दोनों हाथ जोड़कर माफ़ी मांग ली।यह भाजपाइयों की एक बेहतरीन अदा है। चुनाव के दौरान वे कुछ भी कर सकते हैं।अब मणिपुर के मुख्यमंत्री को ही देख लीजिए उन्होंने एक साल से जलते मणिपुर और दो स्त्रियों को नग्न करके सार्वजनिक अपमान के लिए हाल ही में माफ़ी मांग ली है। गजब चतुराई दिखा रहे हैं,आजकल संघ की पाठशाला से निकले नेता। अम्बेडकर अपमान मामले में भी टि्वटर पर प्रधानमंत्री गृहमंत्री जी भी ऐसी ही तरकीब अपना लिए। संघियों का चरित्र ही कुछ ऐसा है कभी वे आरक्षण हटाने की बात कर देते हैं और जब आक्रोश बढ़ता  दिखता है तो अपने शब्द वापस ले लेते हैं। हिंदू मुस्लिम करते-करते अचानक कह उठते हैं हम सब का डीएनए एक है।

इसी पाठशाला से निकला भाजपा का बिधूड़ी ऐसा ही सांसद हैं जो अपनी बदजुबानी के कारण ही भाजपा में अपनी साख रखता है।अनुराग ठाकुर भी गोली मारो……कह तरक्की पाते हैं। इन्हें क्या कहें जब इनके सरपरस्त ही अपनी बेढंगी और बेहूदी हरकतें सदन में करते रहे हों। माननीय सोनिया जी को कितना कुछ कहा गया। राहुल गांधी की कितनी हंसी उड़ाई। सदैव झूठी बातें की है। नेहरू जी के बारे अनर्गल बातें तो सीमा तोड़ कही गई।

बहरहाल बिधूड़ी इस समय दक्षिणी दिल्ली लोकसभा सीट से भाजपा के सांसद हैं। उन्हें दिल्ली के ताकतवर नेताओं में गिना जाता है। बिधूड़ी तीन बार विधायक रहने के अलावा अब दूसरी बार सांसद बने हैं। उनके परिवार को तुगलकाबाद इलाके के प्रभावशाली लोगों में गिना जाता है, जिनके एक इशारे पर भारी भीड़ जुट जाती है। बिधूड़ी का परिवार दिल्ली में संघ के सबसे खास कार्यकर्ताओं में गिना जाता है। यह भी दावा किया जाता है कि दक्षिणी दिल्ली में संघ का संगठन खड़ा करने में इस परिवार का अहम योगदान रहा है। खुद बिधूड़ी बचपन से ही संघ की शाखाओं में नियमित रूप से जाते रहे हैं। उनके दादा ने तुगलकाबाद गांव में अस्पताल बनाने, आर्य समाज मंदिर और एक स्कूल बनाने के लिए अपनी पैतृक संपत्ति का बड़ा हिस्सा दान में दे दिया था। उनका स्टोन क्रेशर का कारोबार है, जो उनकी आय का मुख्य स्रोत है।

उनकी बदजुबान की अनेक मिसालें हैं जिससे वे हमेशा  विवादों में रहते हैं।

सूत्र बताते हैं कि भाजपा और संघ के दुलारे बिधूड़ी को दिल्ली सीएम बनाने की मंशा से ही उन्हें आतिशी के क्षेत्र से चुनाव लड़ाया जा रहा है। इसीलिए उनके बोलों में और कड़वाहट देखी जा रही है।अभी चुनाव घोषित नहीं हुए तब ये हाल है आगे पता नहीं अपने विरुद्ध खड़े प्रत्याशियों पर क्या तोहमतें लगाते हैं। चुनाव आयोग से भी कार्रवाई की उम्मीद नहीं।मुश्किल बात ये है उनके ख़िलाफ़ पार्टी भी ऐक्शन नहीं ले सकती। इसका जवाब चुनाव में जनता देगी ऐसी उम्मीद तो की जा सकती है। एक कर्तव्यनिष्ठ आतिशी के आंसू व्यर्थ नहीं जाएंगे।

Exit mobile version