Site icon अग्नि आलोक

जन्मदिन इसलिए नहीं मनाते योगेंद्र यादव

Share

योगेंद्र यादव जी  58 वर्ष के हो गए। सुबह से हम मुजफ्फरनगर की महापंचायत में  साथ  थे। दिल्ली वापस जाने के रास्ते  में  दीपक लांबा जी ने बतलाया कि  आज योगेंद्र यादव जी का  जन्मदिन है। मैंने उन्हें बधाई दी तो उन्होंने कहा कि मैं अपना जन्मदिन इसलिए नहीं मनाता क्योंकि डॉ. लोहियाजी अपना जन्मदिन 23 मार्च को नहीं मनाते थे क्योंकि  उसी दिन शहीद भगत सिंह को फांसी दी गई थी। उसी तरह मैं भी अपना जन्मदिन नहीं मनाता क्योंकि उसी दिन 5 सितंबर  को पत्रकार  गौरी लंकेश जी की हत्या हुई थी। जन्मदिन को गौरी लंकेश स्मृति दिवस के तौर पर मनाता हूँ ।   

  योगेंद्र यादव जी को मैं समाजवादी जन परिषद के नेता तथा सुप्रसिद्ध चिंतक किशन पटनायक जी के नजदीकी सहयोगी के तौर पर सबसे पहले मिला था।बाद में  वे सामयिक वार्ता  प्रकाशित करते थे।फिर धीरुभाई और रजनी कोठारी जी के साथ सी एस डी एस और लोकायन में विजय प्रताप जी के साथ  मुलाकात हुई।

अन्ना आंदोलन समाप्त होने के बाद वे आम आदमी पार्टी के महत्वपूर्ण नेता बन गए। तब तो मुलाकात नहीं हुई लेकिन जब उन्हें आम आदमी पार्टी से निकाला गया तब जय किसान आंदोलन के गठन को लेकर हमने साथ-साथ काम किया। देश के किसान नेताओं ने मिलकर जब अखिल भारतीय किसान संघर्ष समन्वय समिति का गठन किया तब से ज्यादा मिलना जुलना होता रहा। योगेंद्र जी ने जब अमृतसर से दिल्ली तक ट्रैक्टर यात्रा की तथा बुंदेलखंड में पदयात्रा  तथा किसान मुक्ति यात्रा की ,तब  हम साथ रहे। मैं आम आदमी पार्टी का कभी सदस्य नहीं बना लेकिन आम आदमी पार्टी ने जब मेधा पाटकर, दयामणि बरला, सोनी सोरी सहित देश के कुल 30 आंदोलनकारियों को लोकसभा के टिकट दिए तब मैंने उनका प्रचार किया।  टिकट दिलाने में प्रशांत भूषण और योगेंद्र यादव जी की प्रमुख भूमिका थी। योगेंद्र यादव जी की बौद्धिक प्रखरता, सरल भाषा मे आम लोगों को समझाने का तरीका,ईमानदारी, नैतिक मूल्यों के प्रति आग्रह तथा दिन-रात लगन और प्रतिबद्धता के साथ काम करने की शैली,सादगी और विनम्रता , मुझे प्रभावित करती है। योगेंद्र जी को समाजवादी आंदोलन से जुड़े साथी अपना मानते हैं। लेकिन आमतौर पर योगेंद्र जी समाजवादी नेताओं तथा समाजवादी आंदोलन को लेकर तमाम सारी नकारात्मक टिप्पणी करते हैं जिन्हें मैंने कभी पसंद नहीं किया लेकिन इसके बावजूद  मैं उन्हें वैचारिक तौर पर  अपने नजदीक पाता हूं और तमाम सारे कार्यक्रम हम मिलकर करते हैं। पिछले 283 दिन से चल रहे संयुक्त किसान मोर्चा के आंदोलन में हम साथ- साथ काम कर रहे हैं।   

   योगेंद्र जी को जन्मदिन की बहुत-बहुत बधाई एवं हार्दिक शुभकामनाएं

सुनीलम ,


	
Exit mobile version