भोपाल. पढ़ाई के लिए यूक्रेन गए मध्य प्रदेश के बड़ी संख्या में छात्र रूस के हमले के बाद के बाद वहीं फंसे रह गए हैं. उनमें से अब तक 122 छात्र-छात्राओं के परिवारों ने सीएम हेल्पलाइन में जानकारी दर्ज करायी है. उन सभी की सुरक्षित वापसी के प्रयास सरकार ने शुरू कर दिए हैं. मंत्री और नेता इन छात्रों के संपर्क में हैं. 122 छात्रों की लिस्ट सरकार के पास आ चुकी है.
युद्ध के बीच यूक्रेन में हालात चिंताजनक हैं. कई छात्र बंकर में खुद को सुरक्षित कर रहे हैं. टूटे-फूटे नेटवर्क से परिवार वालों तक अपना संदेश पहुंचा रहे हैं. एमपी सरकार के मंत्री और नेता अपने विधानसभा क्षेत्र के यूक्रेन में फंसे बच्चों से संपर्क कर उनका हाल चाल पूछ रहे हैं.
सीएम हेल्प लाइन में 122
सीएम हेल्पलाइन पर अब तक 122 छात्रों की जानकारी दर्ज हुई है. यह वो छात्र हैं जो यूक्रेन में पढ़ाई करने के लिए गए थे और अब उनके परिवार सीएम हेल्पलाइन पर उनकी वापसी की गुहार लगा रहे हैं. सीएम हेल्पलाइन पर उन छात्रों का नाम, नंबर और पता दर्ज कराया गया है. सीएम हेल्पलाइन पर मिली शिकायत के आधार पर राज्य सरकार विदेश मंत्रालय को जानकारी भेजकर छात्रों की वापसी की कोशिश कर रही है. यह बेहद मुश्किल समय हो गया है. जब इतनी बड़ी संख्या में छात्र यूक्रेन में गए हैं. उनकी वापसी कब और किस तरीके से होगी इस पर सवाल जरूर खड़े हो रहे हैं. लेकिन जो तस्वीरें यूक्रेन से छात्रों की आ रही हैं वह बता रही हैं कि फिलहाल सभी छात्र पूरी तरीके से सुरक्षित हैं.
छात्रों से संपर्क
बीजेपी सरकार के मंत्रियों और नेताओं ने यूक्रेन में फंसे छात्रों को पूरा भरोसा दिलाया है कि सरकार उनकी हर संभव मदद करेगी. बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष बीडी शर्मा ने आज अपने लोकसभा क्षेत्र की एक छात्रा से फोन पर चर्चा की. मेडिकल की पढ़ाई करने के लिए यूक्रेन में रह रही छात्रा ने वहां के हालातों की जानकारी दी. प्रदेश अध्यक्ष ने कटनी की इस छात्रा को सुरक्षित वापस लाने के लिए विदेश राज्य मंत्री मुरलीधरन से भी फोन पर चर्चा की. बीडी शर्मा ने भरोसा दिलाया है केंद्र सरकार ने भारतीयों की सुरक्षित वापसी के लिए जरूरी कदम उठाना तेज कर दिया है.
फोन पर बात
प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री प्रभु राम चौधरी ने भी विदिशा की एक छात्रा से फोन कॉल के जरिए हालचाल जाना. चौधरी ने कहा छात्रा ने बताया है कि उसे वहां पर किस तरह का हालातों का सामना करना पड़ रहा है. लेकिन छात्रों की सुरक्षा को लेकर सरकार गंभीर है और जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं. प्रदेश के कृषि मंत्री कमल पटेल ने भी यूक्रेन के पोलतवा शहर में पढ़ाई के लिए गई तनुजा पटेल के पिता से फोन पर चर्चा कर हालचाल जाना. तनुजा पूरी तरीके से सुरक्षित है. कृषि मंत्री कमल पटेल ने भरोसा दिलाया है कि जल्दी तनुजा की सुरक्षित वापसी की जाएगी.





