इंदौर
भारत-पाकिस्तान के बीच T-20 वर्ल्ड कप मुकाबले के लिए देशवासी अलग-अलग तरह से उत्साह दिखा रहे हैं। इसमें इंदौरी भी पीछे नहीं हैं। जब भी इंडिया टीम की बात होती है, तो इंदौर में क्रिकेट प्रेमियों का जोश सिर चढ़कर बोलता है।
भारतीय टीम को बेस्ट ऑफ लक और चीयरअप करने के लिए यहां के राजमोहल्ला स्थित खालसा कॉलेज में 7700 वर्ग फीट की 3D रंगोली बनाई गई है। इसमें भारतीय टीम के कप्तान विराट कोहली, महेंद्र सिंह धोनी और रोहित शर्मा की तस्वीर उकेरी गई है। इसे बनाने में करीब 3000 किलो रंग का इस्तेमाल किया गया।

रंगोली बनाने में 48 घंटे लगे। इसे देखने के लिए लोगों की भीड़ जुट रही है।
रंगोली को इंदौर की रहने वाली शिखा शर्मा और उनकी 20 सदस्यीय टीम ने तैयार किया है। शिखा कहती हैं कि टीम इंडिया का यह मुकाबला रोमांचक होने वाला है। इस वजह से हमारे सदस्यों ने रंगोली के जरिए टीम इंडिया को बेस्ट ऑफ लक का मैसेज भी दिया है। इस रंगोली को वर्ल्ड रिकॉर्ड के लिए भी भेजा जाएगा।
इससे पहले पीएम की रंगोली भी बनाई थी
शिखा शर्मा और उनकी टीम ने इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर उनकी मां हीराबेन द्वारा लड्डू खिलाते हुए 3D रंगोली बनाई थी। यह रंगोली 7100 वर्ग फीट एरिया में थी। इसे बनाने में 1960 किलो रंग लगा था। इसके अलावा शिखा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और राम मंदिर की भी 3D रंगोली बना चुकी हैं।




