सोशलिस्ट पार्टी सोमवार को पोलो ग्राउंड विद्युत मंडल कार्यालय पर करेगी प्रदर्शन*
*इंदौर।मध्य प्रदेश विद्युत वितरण कंपनियों द्वारा प्रिंटेड बिलों का वितरण बंद किए जाने के कारण करीब 42000 आउटसोर्सिंग कर्मचारियों के बेरोजगार होने और आम उपभोक्ताओं के साथ ठगी और अवैध वसूली की शिकायतें बढ़ने लगी है। विद्युत मंडल की इस मनमानी के खिलाफ सोशलिस्ट पार्टी इंडिया द्वारा सोमवार 10 अक्टूबर को सुबह 11:00 बजे पोलो ग्राउंड स्थित सीएमडी कार्यालय पर प्रदर्शन किया जाएगा।*
उपरोक्त जानकारी देते हुए सोशलिस्ट पार्टी इंडिया मध्य प्रदेश के अध्यक्ष रामस्वरूप मंत्री ने कहा है कि मध्य प्रदेश में कार्यरत चारों विद्युत वितरण कंपनियों ने एक अक्टूबर से बिजली के प्रिंटेड बिल का वितरण बंद कर दिया है । इस काम में इंदौर में करीब 12 सौ कर्मचारी तथा पूरे मध्यप्रदेश में 42000 से ज्यादा कर्मचारी कार्यरत थे, इन्हें काम से हटा दिया गया है वे बेरोजगार हो गए हैं तथा परिवार पर रोजी रोटी का संकट छा गया है विद्युत वितरण कंपनियों ने इन्हें आउटसोर्सिंग कर्मियों के रूप में काम दिया गया था, जिन्हें स्थाई कर्मचारी भी नहीं माना गया था, हालांकि लंबे समय से यह संविदा कर्मचारी नियमित किए जाने की मांग करते रहे हैं और समय-समय पर शासन की ओर से उन्हें आश्वस्त भी किया जाता रहा है। बावजूद इसके न तो उन्हें स्थाई किया गया और न हीं अन्य कोई सुविधाएं दी गई ।
श्री मंत्री ने बताया कि हाल ही में जो निर्णय किया गया है उससे यह 42000 कर्मचारी बेरोजगार हो रहे हैं। विद्युत मंडल ने इनके वैकल्पिक रोजगार की भी कोई व्यवस्था नहीं की है । साथ ही बिजली के बिल वितरण बंद होने से उपभोक्ताओं पर भी दोहरी मार हो रही है पिछले महीने ही जिन उपभोक्ताओं ने सितम्बर की 4 तारीख को अपने बिलों का भुगतान किया था उन्हें 18 तारीख को फिर बिल दे दिए गए । जिसका भी भुगतान उन्हे करना पड़ा । इस तरह से 1 महीने में दो बार विद्युत मंडल ने वसूली की है और जब विद्युत मंडल के कर्मचारियों के पास अधिक बिल की शिकायत लेकर जाते हैं तो वह सबूत मांगते हैं । पूर्व में प्रिंटेड बिल उनके पास रहता था तो वह दिखा देते थे । लेकिन अब विद्युत मंडल की मनमानी से उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है ।
इन सब समस्याओं को लेकर सोशलिस्ट पार्टी इंडिया के बैनर तले पार्टी के कार्यकर्ता और विद्युत मंडल के बेरोजगार हो रहे कर्मचारी सोमवार 10अक्टूबर को सुबह 11 बजे पोलो ग्राउंड स्थित सीएमडी के कार्यालय पर प्रदर्शन करेंगे तथा मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन देंगे ।





