मध्य प्रदेश शासन द्वारा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है, नगरीय प्रशासन विभाग को नया आयुक्त मिल गया है, वहीं जबलपुर संभाग को भी नया कमिश्नर मिला है। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा 9 मई 2025 को जारी आदेश के अनुसार, आईएएस अधिकारी संकेत एस. भोंडवे को आयुक्त, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग, मध्यप्रदेश, भोपाल पदस्थ किया गया है। वहीं, धनंजय सिंह भदौरिया को जबलपुर संभाग का आयुक्त बनाया गया है। 2007 बैच के आईएएस संकेत एस. भोंडवे, जो अब तक पदस्थापना की प्रतीक्षा में थे, अब आयुक्त, नगरीय प्रशासन एवं विकास, भोपाल के रूप में कार्यभार ग्रहण करेंगे।
2006 बैच के आईएएस धनंजय सिंह भदौरिया, जो अब तक आयुक्त, अनुसूचित जाति विकास और प्रबंध संचालक, अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम, भोपाल का अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे थे, को आयुक्त, जबलपुर संभाग के पद पर स्थानांतरित किया गया है। 2013 बैच की मीनाक्षी सिंह, उप सचिव, अनुसूचित जाति कल्याण विभाग को उनके वर्तमान कार्यों के साथ-साथ आयुक्त, अनुसूचित जाति विकास एवं प्रबंध संचालक, अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। 2008 बैच के सिबि चकवर्ती, जो अब तक मुख्यमंत्री सचिवालय के साथ-साथ आयुक्त, नगरीय प्रशासन एवं विकास का अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे थे, उन्हें इस अतिरिक्त प्रभार से मुक्त कर अब प्रबंध संचालक, मध्य प्रदेश भवन विकास निगम, भोपाल का अतिरिक्त दायित्व सौंपा गया है।
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव तथा मुख्य सचिव अनुराग जैन का प्रत्येक मामले में फोकस 2028 को होने वाले अंतर्राष्ट्रीय महोत्सव सिंहस्थ ही है और उसी के मद्देनजर उन आईएएस अधिकारियों के तबादलों को प्राथमिकताओं में सबसे ऊपर रखा जा रहा है जिन्होंने उज्जैन में प्रशासनिक पदों पर कई साल गुजारे हैं।
इसी अवधारणा के चलते अतिरिक्त मुख्य सचिव नीरज मंडलोई, अतिरिक्त मुख्य सचिव संजय कुमार शुक्ला, प्रमुख सचिव शिवशेखर शुक्ला, इंदौर कलेक्टर आशीष सिंह तथा उज्जैन कलेक्टर रोशन सिंह की पदस्थापना के बाद भारत सरकार में प्रतिनियुक्ति पर पदस्थ 2007 बैच के संकेत भोंडवे को मुख्य सचिव अनुराग जैन की अनुशंसा पर राज्य शासन द्वारा आयुक्त नगरीय प्रशासन एवं विकास पदस्थ कर दिया है। और इसी के साथ जबलपुर संभाग के आयुक्त अभय वर्मा के रिटायर होने की वजह से रिक्त् पद पर धनंजय सिँह भदौरिया को जबलपुर का संभागयुक्त नियुक्त किया है। धनंजय सिंह भदौरिया (2006), आयुक्त, अनुसूचित जाति विकास, मध्यप्रदेश, भोपाल तथा प्रबंध संचालक, मध्यप्रदेश राज्य अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम, भोपाल (अतिरिक्त प्रभार) को आयुक्त, जबलपुर संभाग, जबलपुर नियुक्त किया गया है। वहीं दूसरी ओर मीनाक्षी सिंह, भाप्रसे (2013), उप सचिव, मध्यप्रदेश शासन, अनुसूचित जाति कल्याण विभाग को अपने वर्तमान कर्तव्यों साथ-साथ अस्थाई रूप से आगामी आदेश तक आयुक्त, अनुसूचित जाति विकास, मध्यप्रदेश, भोपाल तथा प्रबंध संचालक, मध्यप्रदेश राज्य अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम, भोपाल का प्रभार अतिरिक्त रूप से सौंपा गया है। आदेश के अनुसार संकेत एस. भोंडवे द्वारा आयुक्त, नगरीय प्रशासन एवं विकास, मध्यप्रदेश, भोपाल का कार्यभार ग्रहण करने पर सिबि चक्रवर्ती एम. भाप्रसे, (2008) सचिव, मुख्यमंत्री तथा आयुक्त, नगरीय प्रशासन एवं विकास, मध्यप्रदेश, भोपाल (अतिरिक्त प्रभार) को केवल आयुक्त, नगरीय प्रशासन एवं विकास, मध्यप्रदेश, भोपाल के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त करते हुए प्रबंध संचालक, मध्यप्रदेश भवन विकास निगम, भोपाल का प्रभार अतिरिक्त रूप से सौंपा गया है।





