स्मार्ट मीटर को बताया “चोरी का अड्डा”
शाजापुर जिले के मोहन बड़ोदिया में बिजली कनेक्शन काटने और भारी भरकम बिजली के बिल आने की शिकायत को लेकर महिलाओं ने कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी का काफिला रोक दिया. उन्होंने महिलाओं की बात सुन फोन पर बिजली कंपनी के जूनियर इंजीनियर राहुल गौतम को फटकार लगाई. उन्होंने कहा कि वार्ड 17 और 18 की लाइट काट दी है, तो जेई ने बताया कि राशि बकाया होने से बिजली काटी गई है.
मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। वीडियो को कांग्रेस पार्टी ने खुद शेयर किया है। दरअसल, शाजापुर जिले के मोहन बड़ोदिया नगर परिषद वार्ड 17 के लोगों ने पटवारी से शिकायत की थी कि बिजली विभाग ने बकाया बिल का हवाला देकर उनकी लाइट काट दी। इसके बाद पटवारी मौके पर पहुंचे और उन्होंने बिजली विभाग के अफसर को फोन लगाकर तत्काल कनेक्शन जोड़ने को कहा।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने जेई राहुल गौतम से कहा कि जब से स्मार्ट मीटर लगे हैं, 4000 से 5000 रुपये बिल आ रहे हैं. मजदूरी करने वाले लोग कैसे भरेंगे. इन्हें कुछ तो राहत दो. अभी इन सभी की बिजली चालू करो, नहीं तो मैं ऊपर चढ़कर सबकी लाइन जोड़ दूंगा. जीतू पटवारी भोपाल से आगर जिले के नलखेड़ा स्थित मां बगलामुखी मंदिर दर्शन करने जा रहे थे. इसी दौरान वह मोहन बड़ोदिया में रुके थे.
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी पहुंचे शाजापुर
मध्य प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष जीतू पटवारी शाजापुर पहुंचे. कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया. जीतू पटवारी ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार के मंत्री बदजुबानी कर रहे हैं और मां-बेटियों का अपमान कर रहे हैं. यही बीजेपी का चाल, चरित्र और चेहरा है. इंदौर के शीतला माता बाजार मंदिर विवाद को लेकर जीतू पटवारी ने कहा कि इस पूरे घटनाक्रम में प्रशासन बीजेपी का नौकर बन गया. जो बीजेपी के नौकर बनेंगे, वे तीन साल बाद अपना हिसाब खुद कर लें. वहां के कमिश्नर, कलेक्टर, एसपी, थानेदार लिख लें कि अगर संविधान की भावना के खिलाफ काम किया, तो तीन साल में आपको अपनी सीआर लिखनी है. अभी तक लखन गौड़ के बेटे को गिरफ्तार क्यों नहीं किया गया. प्रशासन इस मामले में चुप है.
वीडियो में पटवारी कहते सुने गए: “बकाया राशि है लेकिन स्मार्ट मीटर भी तो कितने फास्ट चल रहे हैं। 5–5 हजार के बिल आ रहे हैं, ये मजदूरी करने वाले लोग हैं। अभी लाइट जोड़ो और बाद में पैसे मांग लेना। अगर ऐसा ही व्यवहार रहा तो मैं खुद ऊपर चढ़कर लाइट जोड़ दूंगा। स्मार्ट मीटर चोरी का अड्डा बना लिया है, क्या अडानी को भेजने की तैयारी है?” लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि 200 रुपए देने पर ही बिजली कनेक्शन जोड़ा जाता है। कांग्रेस पार्टी ने इस वीडियो को शेयर करते हुए भाजपा सरकार पर हमला बोला और कहा कि “स्मार्ट मीटर गरीबों की नींद और चैन छीन रहे हैं।”





