*15 से 20 ड्रग पेडलर 400 युवाओं को सप्लाई कर रहे हैं विभिन्न तरह का नशा*
*आखिर आजाद नगर पुलिस क्यों नहीं रोक पा रही है ड्रग तस्करी*
इंदौर। इन दिनों शहर के आजाद नगर इलाके में ड्रग्स तस्कारों का बोलबाला है ।खुलेआम रात होते हीनशा बेचने और खरीदने वालों का यहां मेला लग जाता है । 15 से 20 ड्रग पेडलर विभिन्न तरह का नशा युवाओं को सप्लाई कर रहे हैं। यहां नशीले पदार्थ खरीदने के लिए न केवल आजाद नगर और आसपास बल्कि शहर के भी कई पाश इलाके के युवा भी नशा खरीदने पहुंच रहे हैं ।
सूत्रों से प्राप्त की जानकारी के अनुसार पिछले कुछ दिनों से नशा बेचने वाले तस्करों का इंदौर केंद्र बनता जा रहा है, हालांकि पुलिस कमिश्नर दावा करते हैं कि शहर में नशेड़ियों और नशा बेचने वले अपराधियों के खिलाफ पुलिस सख्त रुख अपना रही है और शहर में किसी भी तरह का नशा नहीं बिकने दिया जाएगा, लेकिन आजाद नगर ऐसा इलाका है जहां पर थाने के आसपास ही बड़ी मात्रा में रात होते ही नशा बेचने वाले पेडलर मंडराने लगते हैं ।और उनसे नशा खरीदने के लिए 300 से 400 युवा पहुंचते हैं ।
रात में कुछ समय तो ऐसा होता है की सड़क से आम आदमी का गुजरना भी मुश्किल हो जाता है । यह पेडलर युवाओं को स्मैक, गांजा, चरस और ऐसा ही सभी तरह का नशा उपलब्ध कराते हैं। लोग शिकायत करते हैं तो आजाद नगर पुलिस तो उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं करती है बल्कि बाहर के थानों के पुलिस कर्मी तथा क्राइम ब्रांच के जवान यहां के कुछ के नशा पेडलरो को पकड़ने में कामयाब हो पाते हैं , लेकिन जैसे ही यह कार्रवाई रूकती है, नशा पैडलरों कि फिर बन आती है और वह फिर आजाद नगर के आसपास मे अपना काम शुरू कर देते हैं ।
इस प्रतिनिधि ने इलाके के कुछ लोगों से बातचीत की तो उन्होंने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि आजाद नगर पुलिस की इन ड्रग तस्करों से मिली भगत है । इसी के चलते उन पर कोई कार्रवाई नहीं होती है और उनके कामकाज बदस्तुर जारी है। नतीजा यह हुआ है कि हर दिन नशा करने वाले युवाओं की संख्या बढ़ती जा रही है ।आजाद नगर के आसपास ही कई शिक्षण संस्थान और कॉलेज हैं। जहां के युवा नशा की तलाश में आजाद नगर पहुंच रहे हैं।
पुलिस कमिश्नर यदि अपने दावे को अमली जामा पहनाना चाहते हैं तो उन्हें आजाद नगर में अपने खुफिया तंत्र को सक्रिय करना चाहिए और जो हर दिन नशा बेचने वाले पेडलर यहां आ रहे हैं उनको पड़कर वे कहां से नशीले पदार्थ मंगा रहे हैं तथा उन्हें कौन सप्लाई कर रहा है इसकी जांच कर उन तक पहुंचेंगे तो ही शहर में नशे का यह अवैध कारोबार रूक पाएगा।





