असम में क्रिसमस पर तोड़फोड़ करने के आरोप में चार गिरफ्तार; कर्नाटक में सड़क हादसे में चार की मौत,भारतवंशी डॉ. पद्मजा बनीं टेक्सास पोषण सलाहकार समिति की सदस्य; भारतवंशी शख्स की कनाडा में मौत
रेलवे ने ट्रेन टिकट किराए में बढ़ोतरी की अधिसूचना जारी की है, जिससे आज से यात्रियों को ज्यादा किराया देना होगा। उधर, कश्मीर से दार्जिलिंग तक कड़ाके की ठंड और मैदानी इलाकों में घने कोहरे से जनजीवन और यातायात प्रभावित है, वहीं दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण के लिए लोगों की आदतों को भी जिम्मेदार बताया गया है। वहीं, ग्वालियर में कैलाश खेर के लाइव शो के दौरान भीड़ बेकाबू हो गई, जबकि नेताजी सुभाष चंद्र बोस के परपोते ने जापान से उनकी अस्थियां भारत लाने की मांग की है। वहीं, रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति जॉर्ज डब्ल्यू बुश की पुरानी बातचीत सामने आई है। बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों के खिलाफ हिंसा की घटनाएं जारी हैं। दिल्ली में एक पारिवारिक विवाद से जुड़ी दुखद घटना की जांच चल रही है।
ट्रेन का सफर आज से महंगा: रेलवे ने जारी की किराया वृद्धि की अधिसूचना; देखें किस श्रेणी में कितनी बढ़ोतरी
रेलवे मंत्रालय ने गुरुवार को ट्रेन टिकट किराए में बढ़ोतरी की अधिसूचना जारी की। आज से ट्रेनों में सफर करना थोड़ा महंगा हो जाएगा। द्वितीय श्रेणी आर्डिनरी ट्रेनों के किराये में 215 किमी तक कोई बढ़ोतरी नहीं की गई है। इस बढ़े किराये के तहत 215 किलोमीटर से अधिक की यात्रा पर साधारण श्रेणी के किराए में प्रति किलोमीटर 1 पैसा और मेल/एक्सप्रेस ट्रेनों की नॉन-एसी श्रेणियों तथा सभी ट्रेनों की एसी श्रेणियों में प्रति किलोमीटर 2 पैसे की बढ़ोतरी की गई है। पढ़ें पूरी खबर
मंत्रालय ने 21 दिसंबर को ही 26 दिसंबर से यात्री किराया बढ़ाने के फैसले का एलान कर दिया था। यह एक वर्ष के भीतर दूसरी बार है जब रेलवे ने यात्री ट्रेनों के किराये में संशोधन किया है। इससे पहले जुलाई में किराये में बढ़ोतरी लागू की गई थी। अपने फैसले को सही ठहराते हुए मंत्रालय ने कहा कि किराए को तर्कसंगत बनाने का उद्देश्य यात्रियों के लिए किफायती किराया और ऑपरेशन की लागत के बीच संतुलन बनाना है।
जानें किस श्रेणी में कितना किराया बढ़ा?
रेलवे ने स्पष्ट किया है कि द्वितीय श्रेणी आर्डिनरी ट्रेनों के किराये में 215 किमी तक कोई बढ़ोतरी नहीं की गई है। 216 से 2,250 किमी तक किराये में 5 रुपये से 20 रुपये तक की बढ़ोतरी की गई है। स्लीपर क्लास में 1 पैसे प्रति किलोमीटर और एसी क्लास में 2 पैसे प्रति किलोमीटर किराया बढ़ाया गया है।
राजधानी, शताब्दी, दुरंतो, वंदे भारत, तेजस, हमसफर, अमृत भारत, गरीब रथ, जन शताब्दी, अंत्योदय, गतिमान, युवा एक्सप्रेस, नमो भारत रैपिड रेल सहित अन्य विशेष ट्रेनों में भी क्लास के अनुसार वही बढ़ोतरी लागू होगी। रिजर्वेशन शुल्क, सुपरफास्ट चार्ज आदि में कोई बदलाव नहीं किया गया है। जीएसटी भी पहले की तरह लागू रहेगा।
| यात्रा दूरी | किराया बढ़ोतरी |
|---|---|
| 0 – 215 किमी | कोई बढ़ोतरी नहीं |
| 216 – 750 किमी | ₹5 |
| 751 – 1250 किमी | ₹10 |
| 1251 – 1750 किमी | ₹15 |
| 1751 – 2250 किमी | ₹20 |
उपनगरीय ट्रेनों पर असर नहीं
भारतीय रेलवे ने ट्रेनों के किराये में बदलाव किया है, जो 26 दिसंबर यानी शुक्रवार से लागू हो रहा है। हालांकि, उपनगरीय ट्रेनों के सिंगल टिकट पर कोई बदलाव नहीं हुआ है। सभी प्रकार के सीजन टिकट उपनगरीय और गैर-उपनगरीय में कोई बदलाव नहीं हुआ है।
रेलवे ने यह भी साफ किया है कि संशोधित किराया 26 दिसंबर 2025 या उसके बाद बुक किए गए टिकटों पर ही लागू होंगे। इस तारीख से पहले बुक किए गए टिकटों पर कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जाएगा। साथ ही स्टेशनों पर प्रदर्शित किराया सूची को भी 26 दिसंबर से प्रभावी नई दरों के अनुसार अपडेट किया जाएगा।

Weather: कश्मीर से दार्जिलिंग तक भीषण सर्दी, मैदानों में घना कोहरा; यातायात प्रभावित
कश्मीर से लेकर पश्चिम बंगाल तक समूचा हिमालयी क्षेत्र भीषण ठंड की चपेट में है। कई जगहों पर पारा शून्य से 7 डिग्री तक नीचे चला गया है। शीतलहर भी चल रही है। वहीं, मैदानी इलाकों में घने कोहरे से जनजीवन बुरी तरह अस्तव्यस्त हुआ है। कई उड़ानें भी प्रभावित हुई हैं।

जानी दुश्मन… प्रदूषण: लोगों की जिद और आदतें दिल्ली को गैस चैंबर बनाने के लिए जिम्मेदार, हर जतन बेकार
सर्दी के शुरुआती महीनों में राजधानी की हवा जहर बन जाती है। हालात इतने बिगड़ जाते हैं कि देश-दुनिया में दिल्ली को ‘गैस चैंबर’ कहा जाने लगता है। आमतौर पर इसके लिए पराली जलाने, मौसम की मार या हवा की रफ्तार को जिम्मेदार ठहरा दिया जाता है, लेकिन कारण यही नहीं है।

ग्वालियर में कैलाश खेर के शो में हंगामा, पब्लिक हुई बेकाबू-बैरीकेड तोड़े; बंद करना पड़ा इवेंट
मशहूर बॉलीवुड सिंगर और पद्मश्री से सम्मानित कैलाश खेर के ग्वालियर में आयोजित लाइव शो के दौरान उस वक्त हंगामा मच गया, जब भीड़ अचानक बेकाबू हो गई। हालात इतने बिगड़ गए कि कैलाश खेर को बीच में ही अपनी परफॉर्मेंस रोकनी पड़ी और स्टेज से लोगों से संयम बरतने की अपील करनी पड़ी।
बैरीकेड तोड़ते हुए स्टेज की ओर बढ़ने लगी भीड़
जानकारी के मुताबिक, क्रिसमस के मौके पर ग्वालियर के मेला मैदान में भारत रत्न और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के अवसर पर एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। इसी कार्यक्रम में कैलाश खेर अपनी प्रस्तुति दे रहे थे। शो के दौरान अचानक दर्शकों की भीड़ बैरीकेड तोड़ते हुए स्टेज की ओर बढ़ने लगी।
अफरा-तफरी का हुआ माहौल
भीड़ के स्टेज तक पहुंचने से अफरा-तफरी मच गई। स्थिति को देखते हुए कैलाश खेर ने गाना रोक दिया और स्टेज से कहा, “आप जानवरों जैसा व्यवहार कर रहे हैं, प्लीज ऐसा मत कीजिए।” इसके बावजूद हालात सामान्य नहीं हो सके और सुरक्षा कारणों से कार्यक्रम को बीच में ही बंद करना पड़ा।
हालांकि, राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के घायल होने या जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है। मौके पर मौजूद सुरक्षा कर्मियों ने हालात को संभालने की कोशिश की और भीड़ को पीछे हटाया।
बड़ी संख्या में प्रशंसक पहुंचे थे
कैलाश खेर के लाइव शो देखने के लिए बड़ी संख्या में प्रशंसक पहुंचे थे। अपने सूफी और इंडियन फोल्क गानों के लिए मशहूर कैलाश खेर के ‘तेरी दीवानी’, ‘सइयां’ और ‘बम लहरी’ जैसे गाने आज भी लोगों के बीच बेहद लोकप्रिय हैं। यही वजह है कि उनके लाइव शोज में भारी भीड़ उमड़ती है।

‘भारत लाई जाएं नेताजी की अस्थियां..’, सुभाष चंद्र बोस से परपोते ने राष्ट्रपति मुर्मू को लिखा पत्र
नेताजी सुभाष चंद्र बोस के परपोते चंद्र कुमार बोस ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को एक पत्र लिखा है। इस पत्र में उन्होंने आग्रह किया है कि जापान के रेनकोजी मंदिर में रखे गए नेताजी सुभाष चंद्र बोस के अवशेषों को भारत वापस लाया जाए। पत्र में उन्होंने नेताजी सुभाष चंद्र बोस और उनके भाई शरत चंद्र बोस की स्मृति को संजोने के लिए नई पहल करने का प्रस्ताव रखा।

Putin on Pakistan: दो दशक बाद सामने आई पुतिन-बुश की गुप्त बातचीत, PAK के परमाणु हथियारों को लेकर दी थी चेतावनी
दुनिया की बड़ी ताकतों के बीच हुई बातचीत के पुराने दस्तावेज जब सार्वजनिक होते हैं, तो कई छिपी सच्चाइयां सामने आती हैं। ऐसा ही एक खुलासा अब सामने आया है, जिसमें रूस के राष्ट्रपति पुतिन ने पाकिस्तान को लेकर गंभीर चिंता जताई थी। यह बातचीत अमेरिका के तत्कालीन राष्ट्रपति बुश के साथ हुई थी, जिसके ट्रांसक्रिप्ट अब सार्वजनिक किए गए हैं

बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों के खिलाफ हिंसा जारी: एक और हिंदू युवक के साथ बर्बरता, भीड़ ने पीट-पीटकर की हत्या
बांग्लादेश में जारी अशांति के बीच एक और बड़ी खबर सामने आ रही है। बांग्लादेश के राजबाड़ी जिले के पांगशा उपजिला में बुधवार रात एक और हिंदू युवक की भीड़ द्वारा पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस के अनुसार, युवक पर जबरन वसूली का आरोप लगाया गया था। यह घटना रात करीब 11 बजे कलीमोहर यूनियन के होसेंदंगा गांव में हुई, जिसके बाद गांव में दहशत का माहौल बन गया। वहीं पांगशा सर्कल के सहायक पुलिस अधीक्षक देब्रत सरकार ने बताया कि मृतक की पहचान अमृत मंडल, उर्फ सम्राट, के रूप में हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

पत्नी की हत्या कर पति ट्रेन के आगे कूदा: दिल्ली में ₹20 के लिए घरवाली का घोंटा गला, पुलिस को आता देख दे दी जान
दिल्ली के शाहदरा जिला के विवेक विहार इलाके में महज 20 रुपये को लेकर हुए झगड़े में एक शख्स ने अपनी पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी। वारदात के बाद वह घर के पास ही मौजूद रेलवे ट्रैक पर पहुंचा और उसने ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी। मृतकों की शिनाख्त पत्नी महेंद्र कौर (45) और इसके पति कुलवंत सिंह उर्फ संजय उर्फ बंटी (48) के रूप में हुई है

बाजार: रिटर्न देने में ब्लूचिप शेयरों से इस साल पिछड़ गए मिड-स्मॉलकैप शेयर, पहले दिया था भारी-भरकम मुनाफा
बीएसई सेंसेक्स के इस पूरे कैलेंडर साल में 9 फीसदी का फायदा देने के बीच मिड और स्मॉलकैप शेयरों ने निवेशकों को निराश किया है। हालांकि, ब्लूचिप यानी बड़े शेयरों ने अच्छा रिटर्न दिया। विश्लेषकों के मुताबिक, मिड और स्मॉलकैप शेयरों में इसलिए कम फायदा मिला, क्योंकि 2023 और 2024 में इन दोनों ने बहुत ज्यादा अच्छा प्रदर्शन किया था। विशेषज्ञों के मुताबिक, डॉलर की तुलना में रुपये में भारी गिरावट, अमेरिका-भारत व्यापार वार्ता को लेकर चिंताओं और लगातार विदेशी निधियों की निकासी ने भी बाजार में जोखिम से बचने की योजना को बढ़ावा देने में मदद की।

क्रिसमस पर आउटिंग के लिए निकले अक्षय कुमार, किया ऐसा काम फैंस करने लगे तारीफ; देखें वायरल वीडियो
अक्षय कुमार अपने फैंस को कभी निराश नहीं करते हैं, उनको हमेशा स्पेशल फील करवाते हैं। क्रिसमस वाले दिन भी जब वह आउटिंग पर निकले तो एक फैन का उन्होंने दिल जीत लिया। जानिए, ऐसा क्या किया अक्षय कुमार ने।
दिव्यांग फैन को स्पेशल फील करवाया?
अक्षय कुमार ने क्रिसमस के मौके पर पैपराजी के कहने पर कई फोटो क्लिक करवाए। जब वह फोटो क्लिक करवा रहे थे तो एक दिव्यांग (जिसका एक पैर खराब था) पास आकर खड़ा हो गया। उसने अक्षय से सेल्फी क्लिक करवाने की बात कही। फैन ने मोबाइल निकाला, तो अक्षय ने उसका फोन लेकर खुद सेल्फी क्लिक करवाई। यह देखकर उस फैन के चेहरे पर मुस्कान आ गई।
कैजुएल लुक में नजर आए खिलाड़ी कुमार
अक्षय कुमार आउटिंग पर निकले तो वह सूट-बूट में नही थे। उन्होंने एक ब्लैक टी-शर्ट और लूज पाजमा पहना था। अक्की जब फिल्मों की शूटिंग नहीं करते या अवॉर्ड फंक्शन में नही ंजाते तो ऐसे ही कैजुएल लुक में नजर आते हैं। उनका यह स्टाइल फैंस को पसंद आता है।
इन फिल्मों में नजर आएंगे अक्षय कुमार
अक्षय कुमार के करियर फ्रंट की बात करें तो वह सैफ अली खान के साथ एक फिल्म ‘हैवान’ कर रहे हैं। इसमें अक्षय कुमार का नेगेटिव रोल है। फिल्म से उनका एक लुक भी लीक हुआ, जिसे फैंस ने पसंद किया। इसके अलावा वह अगले साल एक फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ में नजर आएंगे।

IND W vs SL W: अजेय बढ़त हासिल करने के इरादे से उतरेगी भारतीय महिला टीम, तीसरे टी20 में सीरीज जीतने का मौका
आत्मविश्वास से लबरेज भारतीय महिला क्रिकेट टीम शुक्रवार को श्रीलंका के खिलाफ तीसरा टी20 मुकाबला खेलने उतरेगी, जहां उसका लक्ष्य न सिर्फ मैच जीतना बल्कि पांच मैचों की सीरीज में अजेय बढ़त हासिल करना होगा। अब तक खेले गए दोनों मैचों में भारत ने दमदार प्रदर्शन करते हुए आठ और सात विकेट से जीत दर्ज की है। भारतीय टीम की यह पिछले 11 टी20 मैचों में नौवीं जीत रही है, जो उसके शानदार फॉर्म को दर्शाती है। वहीं, श्रीलंका ने आखिरी बार भारत को जुलाई 2024 में दांबुला में हराया था।

उम्मीद: जल्द मलेरिया मुक्त होगा भारत, 92% जिलों में मामूली असर; आईसीएमआर ने जारी की रिपोर्ट
भारत ने 1960 के दशक में मलेरिया को लगभग समाप्त कर दिया लेकिन 1970 के दशक के मध्य तक यह फिर से तेजी से फैल गया। एक बार फिर भारत इस बीमारी से मुक्ति पाने की दहलीज पर पहुंच गया है। मौजूदा समय में देश के 92 फीसदी जिलों में मलेरिया का असर बेहद कम पाया गया क्योंकि बीते 10 साल में इस संक्रमण के मामलों में 85 फीसदी तक की गिरावट आई है।
यह घटना शहर के मैसूर पैलेस के जयमर्तंडा गेट के सामने शाम करीब साढ़े आठ बजे हुई। गुब्बारे बेचने वाले सलीम की उम्र 40 साल थी, वह खमरुद्दीन के बेटे थे और उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले के टोफिया गांव के रहने वाले थे। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। अधिकारियों के मुताबिक, घटना स्थल के पास मौजूद पांच अन्य लोग भी घायल हुए। घायलों की पहचान शहनाज शब्बीर (54 वर्षीय), लक्ष्मी (45 वर्षीय), कोत्रेश गुट्टे (54 वर्षीय), मंजुला नांजंगुड (29), और रंजीता (30) के रूप में हुई है। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उपचार चल रहा है। पुलिस इस घटना की जांच कर रही है।
असम : भारत में घुसपैठ की कोशिश कर रहे 18 विदेशियों को वापस भेजा
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने बृहस्पतिवार को बताया कि राज्य में अवैध रूप से प्रवेश करने की कोशिश कर रहे 18 विदेशी नागरिकों को पकड़ा गया है। इन सभी घुसपैठियों को वापस उनके देश भेज दिया गया है।
असम में क्रिसमस पर तोड़फोड़ करने के आरोप में चार गिरफ्तार; कर्नाटक में सड़क हादसे में चार की मौत
कर्नाटक के मैसूर में गुरुवार को हीलियम गैस सिलेंडर फटने से एक व्यक्ति की मौत हो गई और पांच अन्य घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने बुधवार रात सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस कार्रवाई की जानकारी दी। सरमा ने अपने पोस्ट में कि असम विकास की राह पर है और घुसपैठ को रोकने के लिए पूरी तरह सतर्क और निर्णायक है। हालांकि, उन्होंने पकड़े गए लोगों की जातीयता या वे कहां से आए थे इसका विवरण साझा नहीं किया। गौरतलब है कि, असम के करीमगंज, कछार, धुबरी और दक्षिण सालमारा-मानकाचर जिले बांग्लादेश के साथ 267.5 किलोमीटर लंबी अंतरराष्ट्रीय सीमा साझा करते हैं। बांग्लादेश में पिछले साल हुए राजनीतिक उलटफेर के बाद से ही असम पुलिस और बीएसएफ अवैध घुसपैठ रोकने के लिए हाई अलर्ट पर हैं।
असम के स्कूल में क्रिसमस से पहले तोड़फोड़ के मामले में चार गिरफ्तार
असम के नलबाड़ी जिले में क्रिसमस की सजावट को नुकसान पहुंचाने और दुकानों में त्योहार के सामान को जलाने के आरोप में विश्व हिंदू परिषद (वीएचपी) और बजरंग दल से जुड़े चार लोगों को गुरुवार को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
घटना बुधवार को हुई जब आरोपी कथित तौर पर पनीगांव में बेलसोर थाना क्षेत्र के अंतर्गत स्थित सेंट मैरी स्कूल में घुसे और क्रिसमस समारोह की सजावट को जला दिया और नुकसान पहुंचाया। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, स्कूल में तोड़फोड़ करने वाले बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने परिसर में बिना अनुमति घुसकर तोड़फोड़ की। उन्होंने बताया कि आरोपियों ने स्कूल की बाहरी सजावट, लाइट्स, पौधे, अन्य सामान को नुकसान पहुंचाया और कुछ वस्तुओं में आग भी लगा दी, जिससे संपत्ति का नुकसान हुआ। अधिकारी ने कहा, बेलसोर थाना में मामला दर्ज किया गया है। आगे की जांच जारी है। हम कुछ और लोगों की पहचान करने की कोशिश कर रहे हैं जो इसमें शामिल थे।
कर्नाटक में सड़क हादसे में चार की मौत
कर्नाटक के चिकबल्लापुर के अज्जवारा गेट के पास गुरुवार रात सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। पुलिस सूत्रों ने यह जानकारी दी।
घटना तब हुई जब चार लोगों को ले जा रही मोटरसाइकिल एक भारी वाहन से टकरा गई। मृतक मजदूर बताए जा रहे हैं, जो चिकबल्लापुर से अज्जवारा की ओर जा रहे थे। पुलिस ने मौके पर जाकर जांच शुरू कर दी है।
अरावली में खनन पर पूर्ण रोक लगने से कांग्रेस परेशान : भूपेंद्र
केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने कांग्रेस के उन आरोपों को खारिज कर दिया कि पहाड़ियों की नई परिभाषा के तहत अरावली के 90 प्रतिशत से अधिक हिस्से को संरक्षित नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इसलिए घबराई हुई है, क्योंकि मोदी सरकार ने अरावली में खनन पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है।
कांग्रेस नेता जयराम रमेश के आरोपों का जवाब देते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा, एफएसआई की ओर से किए गए किसी भी अध्ययन में आपकी कही गई बातों का कोई प्रमाण नहीं है। लेकिन मुझे पता है कि एफएसआई की ओर से स्पष्ट खंडन के बावजूद आप ये झूठ क्यों फैला रहे हैं। शायद आपकी पर्यावरणविद् वाली छवि तब विश्वसनीय साबित होती जब आप अपने पार्टी सहयोगी अशोक गहलोत से पूछते कि अरावली पर्वतमाला को किसने नष्ट किया। पर्यावरण मंत्री ने कहा, आप (जयराम) और आपके गुट के लोग इसलिए घबराए हुए हैं, क्योंकि हमने गुजरात से दिल्ली तक अरावली पर्वतमाला में खनन पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है। हम आपको, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को या आपकी पार्टी के किसी भी सदस्य को पवित्र अरावली पर्वतमाला को फिर कभी लूटने नहीं देंगे। आपकी पार्टी ने जो कुछ भी नष्ट किया है, उसके पुनर्निर्माण के लिए हम काम करते रहेंगे।
सिंगापुर में नौकरी का झांसा दे 500 लोगों से करोड़ों ठगे, गिरफ्तार
बेरोजगार युवाओं को विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर करोड़ों की ठगी करने वाले जालसाज को ओडिशा की गंजम जिला पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी सुब्रत कुमार पालो ने 500 लोगों को सिंगापुर में नौकरी का सपना दिखाकर हर युवक से 30 हजार रुपये ठगे।
आरोपी ने भवानीपुर में एक जॉब कंसल्टेंसी और ट्रेनिंग सेंटर खोल रखा था। वह पोस्टर और बैनर के जरिये प्रचार कर युवाओं को झांसे में लेता था। ठगी को असली रूप देने के लिए वह बकायदा इंटरव्यू आयोजित करता और फर्जी अपॉइंटमेंट लेटर, वर्क परमिट और हवाई टिकट तक थमा देता था।
गुजरात विधानसभा के उपाध्यक्ष जेठाभाई भरवाड़ ने दिया इस्तीफा
गुजरात विधानसभा के उपाध्यक्ष जेठाभाई भरवाड़ ने बृहस्पतिवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया। राज्य सरकार की ओर से जारी बयान में बताया कि उन्होंने व्यक्तिगत जिम्मेदारियों का हवाला देते हुए यह कदम उठाया है। 75 वर्षीय वरिष्ठ भाजपा नेता जेठाभाई भरवाड़ पंचमहल जिले की शेहरा विधानसभा सीट से 6 बार के विधायक हैं। उन्होंने बृहस्पतिवार को मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल को गांधीनगर स्थित विधानसभा अध्यक्ष शंकर चौधरी के सरकारी आवास पर अपना त्यागपत्र सौंपा।
बंगाल : निर्माणाधीन मकान में बम धमाका बच्चा गंभीर घायल
पश्चिम बंगाल के बसंती इलाके में बुधवार शाम निर्माणाधीन इमारत के आंगन में पड़ा कच्चा बम (क्रूड बम) फटने से सात वर्षीय मासूम गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस के अनुसार, बच्चा खेलते हुए वहां पहुंचा और उसने गेंद जैसी दिखने वाली वस्तु को छू लिया, जिससे जोरदार धमाका हुआ। घायल बच्चे को बेहतर इलाज के लिए कोलकाता के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस घटना ने राज्य में सियासी पारा बढ़ा दिया है।
बीजेपी ने इसे कानून-व्यवस्था की विफलता बताते हुए आरोप लगाया कि इमारत का मालिक सत्ताधारी दल से जुड़ा है। वहीं, टीएमसी ने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और इस पर राजनीति नहीं होनी चाहिए। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि वहां बम किसने और किस मकसद से रखा था।
छत्तीसगढ़ : पुलिस जवान ने सर्विस राइफल से खुद को गोली मारकर दी जान
छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित नारायणपुर जिले में एक पुलिस जवान ने ड्यूटी के दौरान अपनी सर्विस राइफल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। यह घटना बृहस्पतिवार सुबह कोड़नार पुलिस कैंप में हुई। पुलिस ने बताया कि अबूझमाड़ के कोड़नार कैंप में तैनात जवान पिंगल कुमार जुर्री को सिर में गोली लगी। इसके चलते वह गंभीर रूप से घायल हो गया, हालांकि उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। प्रारंभिक जांच में स्वास्थ्य संबंधी कारणों से आत्महत्या की आशंका जताई गई है। हालांकि, वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है। पुलिस के अनुसार, पिछले सात वर्षों में राज्य में लगभग 190 सुरक्षाकर्मियों ने आत्महत्या की है।
हंगामा करने पर मलयाली टीवी अभिनेता हिरासत में
क्रिसमस की रात केरल के कोट्टायम में हंगामे के बाद पुलिस ने मलयाली टेलीविजन अभिनेता को हिरासत में लिया है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को बताया कि अभिनेता सिद्धार्थ प्रभु ने नट्टाकोम सरकारी कॉलेज के पास एमसी रोड पर तेज रफ्तार में कार चलाई और उस पर नियंत्रण खो दिया। इस दौरान उन्होंने सड़क पर जा रहे लॉटरी टिकट बेचने वाले को टक्कर मार दी। उसे कोट्टायम मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया।
हादसे के बाद वहां मदद के लिए पहुंचे स्थानीय लोगों के साथ प्रभु ने बदसलूकी की। उन्हें गाली देने के साथ ही उनमें से कुछ पर हमला करने की कोशिश की। इससे दोनों पक्षों के बीच हाथापाई हो गई। मामला शांत कराने पहुंचे चिंगावनम पुलिस अधिकारियों के साथ भी अभिनेता ने बुरा बर्ताव किया। आखिरकार स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। मेडिकल जांच के बाद अभिनेता के शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई। अभिनेता के खिलाफ हादसा करने, पुलिसकर्मियों पर हमला करने और उन्हें अपना फर्ज निभाने से रोकने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस मोटर वाहन विभाग से अभिनेता का ड्राइविंग लाइसेंस रद्द करने की सिफारिश करेगी।
भारतवंशी डॉ. पद्मजा बनीं टेक्सास पोषण सलाहकार समिति की सदस्य; भारतवंशी शख्स की कनाडा में मौत
भारतीय मूल की चिकित्सक पद्मजा पटेल को टेक्सास के गवर्नर ग्रेग एबॉट ने टेक्सास पोषण सलाहकार समिति का सदस्य नियुक्त किया गया है। पटेल एक सितंबर 2029 तक इस समिति में सेवाएं देंगी। गुजरात के मेडिकल कॉलेज ऑफ बड़ौदा से एमबीबीएस करने वाली पटेल ने अमेरिका में चिकित्सा प्रशिक्षण किया। वे नज हेल्थ की मुख्य चिकित्सा अधिकारी, अमेरिकन कॉलेज ऑफ लाइफस्टाइल मेडिसिन की अध्यक्ष हैं।
इलाज में देरी से भारतवंशी शख्स की कनाडा में मौत
कनाडा के एडमॉन्टन में भारतीय मूल के प्रशांत श्रीकुमार (44) की संभावित हृदयाघात से मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक, 22 दिसंबर को काम के दौरान सीने में दर्द होने पर प्रशांत को ग्रे नन्स कम्युनिटी हॉस्पिटल ले जाया गया था। जहां आपातकालीन कक्ष में आठ घंटे से अधिक इंतजार करना पड़ा। परिवार के अनुसार इस दौरान उन्हें कोई इलाज नहीं मिला। उनके पिता कुमार श्रीकुमार ने बताया कि दर्द असहनीय था। अगर समय पर इलाज मिल जाता, तो बेटे की जान बच सकती थी।
अलगाववादियों से पीछे हटने की सऊदी अपील, गठबंधन पर संकट
सऊदी अरब ने यमन के अलगाववादी संगठन सदर्न ट्रांजिशनल काउंसिल (एसटीसी) से दो प्रांतों हद्रमौत और महरा से अपने सैन्य बल हटाने की अपील की है। सऊदी विदेश मंत्रालय ने चेतावनी दी कि ऐसे कदम क्षेत्र की सुरक्षा और स्थिरता को नुकसान पहुंचा सकते हैं। यह अपील हूती विद्रोहियों के खिलाफ लड़ रहे सऊदी-नेतृत्व वाले गठबंधन में तनाव को उजागर करती है। एसटीसी को संयुक्त अरब अमीरात का समर्थन प्राप्त है, जबकि सऊदी अरब अन्य यमनी बलों का समर्थन करता रहा है।
किलिमंजारो पर बचाव मिशन के दौरान हेलिकॉप्टर हादसे में पांच मरे
तंजानिया के माउंट किलिमंजारो पर एक बचाव मिशन के दौरान हेलिकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इसमें सवार सभी पांच लोगों की मौत हो गई। यह हादसा बुधवार शाम को पर्वत के लोकप्रिय ट्रेकिंग मार्ग पर, बाराफू कैंप और कीबो शिखर के बीच 4,000 मीटर से अधिक ऊंचाई पर हुआ। पुलिस के अनुसार, हेलिकॉप्टर मेडिकल इवैक्यूएशन मिशन पर था और उसमें दो विदेशी मरीज, एक स्थानीय डॉक्टर, एक टूर गाइड और पायलट सवार थे। हेलिकॉप्टर किलिमंजारो एविएशन कंपनी का था। हादसे के कारणों की जांच जारी है।
लेबनान में ईरानी कुद्स फोर्स का मुख्य कमांडर ढेर
इस्राइली सेना ने लेबनान में एक सैन्य अभियान के दौरान ईरान की कुद्स फोर्स के एक प्रमुख सदस्य को मार गिराया है। मारा गया व्यक्ति हुसैन महमूद मार्शद अल-जौहरी था, जो कुद्स फोर्स की यूनिट 840 का महत्वपूर्ण गुर्गा था। इस्राइली सेना का आरोप है कि अल-जौहरी सीरिया और लेबनान के रास्ते इजरायल पर हमलों की साजिश रचने और आतंकी गतिविधियों के संचालन में शामिल था।
सेना ने बृहस्पतिवार को कहा कि अल-जौहरी ईरानी रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स के निर्देश पर इस्राइल की सुरक्षा के खिलाफ काम कर रहा था। उसे लेबनान के अंसारीह इलाके में निशाना बनाया गया। हालांकि, इस हमले के विस्तृत विवरण साझा नहीं किए गए हैं। गौरतलब है कि नवंबर 2024 में अमेरिका की मध्यस्थता से हुए युद्धविराम के बावजूद इस्राइल लेबनान में लगातार हमले कर रहा है। इस्राइल का कहना है कि वह ईरान समर्थित समूह हिजबुल्लाह को दोबारा संगठित होने से रोकने के लिए ये कार्रवाई कर रहा है।





