अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने वेनेजुएला के प्रति अपनी नीति में नरमी दिखाई और सकारात्मक सहयोग का संकेत दिया। उनके दूसरे कार्यकाल का एक साल पूरा होने पर देशभर में विरोध प्रदर्शन हुए। उधर, उत्तर-पश्चिम भारत में मौसम बदल रहा है, हिमालयी राज्यों में बर्फबारी और मैदानी क्षेत्रों में कोहरा और बारिश का अलर्ट जारी है। भाजपा के नए अध्यक्ष नितिन नवीन ने पद संभालते ही संगठन को चुनावी मोड में डाल दिया और कई राज्यों के चुनाव प्रभारियों को नियुक्त किया। ग्रेटर नोएडा में इंजीनियर की मौत की घटना में प्रशासनिक लापरवाही सामने आई। संभल में पुलिस कर्मियों पर एफआईआर के आदेश देने वाले न्यायाधीश का अचानक तबादला हुआ। वहीं, ईरान ने ट्रंप को चेतावनी दी कि यदि खामेनेई के खिलाफ कदम उठाया गया तो सख्त जवाब दिया जाएगा। मुंबई में महापौर पद को लेकर भाजपा और शिवसेना में विवाद जारी है और इसका समाधान दिल्ली में होने की संभावना है। महिला प्रीमियर लीग में दिल्ली कैपिटल्स ने मुंबई इंडियंस को सात विकेट से हराया।
आज के प्रमुख इवेंट्स
आज 21 जनवरी 2026 को माघ माह शुक्ल पक्ष की तृतीया है। बुधवार को चुनाव आयोग आईआईसीडीईएम का आयोजन करेगा। वहीं, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह उत्तराखंड के दौरे पर रहेंगे। सुप्रीम कोर्ट में शिवसेना और एनसीपी के चिह्न विवाद पर अंतिम सुनवाई भी होगी।
- केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह उत्तराखंड के दो दिन के दौरे पर रहेंगे. इस दौरान हरिद्वार और ऋषिकेश में धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रमों में शामिल होंगे.
- अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप स्विट्जरलैंड के दावोस में हो रही वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम (WEF) की एनुअल मीटिंग में भाषण देंगे. इस दौरान वे विदेशी नेताओं और उद्योगपतियों से भी मुलाकात करेंगे.\
- आईआईसीडीईएम का आयोजनभारतीय चुनाव आयोग (ईसीआई) बुधवार को भारत अंतरराष्ट्रीय लोकतंत्र और निर्वाचन प्रबंधन सम्मेलन (आईआईसीडीईएम) 2026 की मेजबानी करेगा। यह सम्मेलन 21 से 23 जनवरी तक भारत मंडपम में आयोजित हो रहा है। इसमें विश्व भर के 70 से अधिक देशों के लगभग 100 अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधि शामिल होंगे। चुनाव आयोग के मुताबिक आईआईसीडीईएम 2026 निर्वाचन प्रबंधन और लोकतंत्र के क्षेत्र में भारत द्वारा आयोजित किया जाने वाला इस प्रकार का सबसे बड़ा वैश्विक सम्मेलन होगा।
- नितिन नबीन बने BJP के 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष बने, इस पर पहुंचने वाले सबसे युवा नेता
नितिन नबीन भारतीय जनता पार्टी के 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष चुन लिए गए हैं. नई दिल्ली स्थित बीजेपी मुख्यालय में उनके नाम का ऐलान हुआ. वे 14 दिसंबर 2025 को कार्यकारी अध्यक्ष बने थे और फुल टाइम अध्यक्ष पद के लिए एकमात्र नामांकन आने पर निर्विरोध चुने गए. वे इस पद पर पहुंचने वाले सबसे युवा नेता हैं. पीएम मोदी ने उन्हें बधाई दी. नबीन बुधवार सुबह 10:30 बजे बीजेपी मुख्यालय में अहम बैठक करेंगे.
- फ्रांस की जिद और ट्रंप की धमकी, एक दिन में निवेशकों के 9 लाख करोड़ डूबे
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की टैरिफ धमकी और फ्रांस के पीस बोर्ड से दूरी बनाने से वैश्विक बाजारों में गिरावट आई है. इसका असर भारतीय शेयर बाजार पर भी पड़ा. सेंसेक्स कारोबार के दौरान 1,073 अंक से ज्यादा गिरा और दो दिनों में 1,300 अंक टूट चुका है. सिर्फ मंगलवार को निवेशकों को 9 लाख करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान हुआ. ट्रेड वॉर की चिंता, एफआईआई बिकवाली और कमजोर वैश्विक संकेतों से बाजार दबाव में है.
- बांग्लादेश में सुरक्षा हालात बिगड़े, भारत ने राजनयिकों के परिवार वापस बुलाए
बांग्लादेश में खराब होती सुरक्षा स्थिति को देखते हुए भारत सरकार ने वहां तैनात भारतीय राजनयिकों के परिवारों को वापस बुलाने का फैसला किया है. सरकार ने स्पष्ट किया कि इससे राजनयिकों की संख्या या भारतीय उच्चायोग और सहायक उच्चायोगों के कामकाज पर कोई असर नहीं पड़ेगा. यह कदम ऐसे समय उठाया गया है, जब बांग्लादेश में कुछ ही हफ्तों बाद संसदीय चुनाव होने हैं और अल्पसंख्यकों के खिलाफ हिंसा बढ़ी है. 2025 में 645 घटनाएं दर्ज हुईं.
- भारत में टी20 वर्ल्ड कप खेलने से बांग्लादेश का इनकार, ICC परेशान
टी20 वर्ल्ड कप 2026 को लेकर बांग्लादेश और भारत के बीच विवाद जारी है. बांग्लादेश ने भारत में टूर्नामेंट खेलने से मना कर दिया है और अपने मैच श्रीलंका में कराने की मांग कर रहा है. बांग्लादेशी सरकार और क्रिकेट बोर्ड अपने रुख पर अड़े हैं. ICC ने 21 जनवरी तक फैसला लेने की डेडलाइन दी है, लेकिन अब तक सहमति नहीं बनी है.
- फ्लॉप के बाद भी कार्तिक आर्यन का जलवा, पौराणिक एक्शन फिल्म की तैयारी
करण जौहर के प्रोडक्शन में बनी कार्तिक आर्यन की फिल्म तू मेरी मैं तेरा मैं तेरा तू मेरी बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप रही, लेकिन इससे उनके करियर पर खास असर नहीं पड़ा. अब कार्तिक अपनी अपकमिंग फिल्म नागजिला को लेकर चर्चा में हैं. इसी बीच खबर है कि वह 2023 की हिट फिल्म किल के डायरेक्टर निखिल नागेश भट्ट के साथ एक पौराणिक एक्शन-एडवेंचर फिल्म में नजर आ सकते हैं. बातचीत जारी है.
फोटो ऑफ द डे

हरिद्वार में गायत्री तीर्थ शांतिकुंज के शताब्दी समारोह के अवसर पर भव्य कलश यात्रा निकाली गई. इस यात्रा में आदिवासी समुदाय के लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया. पारंपरिक वेशभूषा, कलश और मंत्रोच्चार के साथ यात्रा का समापन हुआ.
वेनेजुएला पर नरमी, ग्रीनलैंड-नाटो पर सख्ती; ट्रंप सरकार 2.0 के एक साल पूरा होने पर नए संकेत, बताया अद्भुत
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने वेनेजुएला को लेकर अपनी नीति में बदलाव का संकेत दिया। उन्होंने कहा कि अब उनका इस दक्षिण अमेरिकी देश के साथ सहयोग को लेकर सकारात्मक रुख है। ट्रंप ने बताया कि वेनेजुएला ने अमेरिका के लिए अपनी जेलें खोल दी थीं, यही कारण था कि पहले वह वेनेजुएला के प्रति सख्त थे। उन्होंने कहा, अब मैं वेनेजुएला को पसंद कर रहा हूं। वे हमारे साथ बहुत अच्छे से काम कर रहे हैं। सब कुछ बहुत अच्छा चल रहा है। कुछ दिन पहले एक महिला ने भी एक अविश्वसनीय काम किया, शायद हम उन्हें इसमें शामिल कर सकते हैं।

Protest Against Trump: ट्रंप के ‘फैसलों’ के खिलाफ सड़क पर जनता, सरकार के एक साल पूरा होने पर देशभर में विरोध
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दूसरे कार्यकाल का पहला साल पूरा हो चुका है। ऐसे में डोनाल्ड ट्रंप ने सरकार की पहली वर्षगांठ के मौके पर व्हाइट हाउस में आयोजित प्रेस ब्रीफिंग को संबोधित किया। इस बीच देशभर में विरोध-प्रदर्शन तेज हो गए हैं। राजधानी वाशिंगटन डीसी में बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर उतरे और ट्रंप प्रशासन की नीतियों के खिलाफ नाराजगी जताई। इसी तरह के प्रदर्शन अमेरिका के अन्य हिस्सों में भी आयोजित किए जाने की योजना है

कल से पहाड़ों पर फिर बारिश-बर्फबारी, मैदानों में शुरू होगा कोहरा; दिल्ली में भी बदलेगा मौसम
उत्तर-पश्चिम भारत में मौसम एक बार फिर बड़े बदलाव की ओर बढ़ रहा है। लगातार सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के चलते हिमालयी राज्यों में 22 जनवरी से बारिश के साथ बर्फबारी के आसार हैं, जबकि मैदानी क्षेत्रों में गरज के साथ बारिश, तेज हवाएं और कोहरे का असर बना रह सकता है। मंगलवार को जम्मू-कश्मीर में जहां न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई, वहीं पंजाब, हरियाणा और राजस्थान जैसे मैदानी राज्यों में पारा कुछ चढ़ा और सर्दी से राहत महसूस की गई।

भाजपा अध्यक्ष बनते ही चुनावी मोड में आए नितिन नवीन; कई राज्यों के चुनाव प्रभारियों को किया नियुक्त
भारतीय जनता पार्टी के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने पद संभालते ही संगठन को सीधे चुनावी मोड में डाल दिया है। कार्यभार ग्रहण करने के साथ ही उन्होंने अलग-अलग राज्यों और निकाय चुनावों के लिए जिम्मेदारियां तय कर दीं। इन फैसलों से साफ है कि भाजपा आने वाले चुनावों को लेकर कोई ढिलाई नहीं बरतना चाहती और शीर्ष स्तर से ही रणनीति तय की जा रही है।

इंजीनियर की मौत: युवराज मरा नहीं सिस्टम ने मारा, हादसे की गंभीरता नहीं समझे अधिकारी; सामने आईं कई कमियां
ग्रेटर नोएडा सेक्टर-150 में इंजीनियर की मौत की घटना में विभागीय तालमेल की कमी दिखी है। कोई वरिष्ठ स्तर का अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। इस कारण करीब दो घंटे के समय में जरुरी इंतजाम नहीं कर सके। तब तक इंजीनियर पानी में डूब गया। अगले दिन भी अफसरों ने घटना को गंभीरता से नहीं मिला, लेकिन अब जब घटना में लापरवाही अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चा का विषय बन चुकी है तो विभाग एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डालने का प्रयास कर रहे हैं। लोगों का भी कहना है कि टायर व ट्यूब तक का इंतजाम नहीं कर सके। हादसे का सही आकलन नहीं होने पाने से यह स्थिति बनी।

संभल बवाल में अनुज चौधरी समेत 22 पुलिसकर्मियों पर एफआईआर का आदेश देने वाले जज का तबादला, चर्चाएं चालू
संभल में 24 नवंबर 2024 को जामा मस्जिद सर्वे के दौरान हुए बवाल में तत्कालीन सीओ अनुज चौधरी, तत्कालीन कोतवाल अनुज तोमर समेत 22 पुलिसकर्मियों के खिलाफ एफआईआर के आदेश देने वाले मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) विभांशु सुधीर का अचानक तबादला हो गया। उन्हें सुल्तानपुर में सिविल जज सीनियर डिवीजन बनाया गया है।

Iran: ‘खामेनेई की ओर हाथ बढ़ाया तो हाथ काट देंगे’, ईरानी सेना की अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप को चेतावनी
ईरानी सेना के एक प्रवक्ता ने मंगलवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से सर्वोच्च नेता अयातुल्लाह अली खामेनेई के खिलाफ किसी भी तरह की कार्रवाई को लेकर चेतावनी दी। यह चेतावनी ट्रंप की ओर से खामेनेई के करीब चालीस साल के शासन का अंत करने की बात कहे जाने के कुछ दिनों बाद आई है।
भाजपा-शिवसेना में जारी खींचतान, एक साल महापौर पद के लिए अड़े शिंदे; दिल्ली में फैसला
मुंबई के महापौर को लेकर सत्तारूढ़ भाजपा-शिवसेना में जारी खींचतान के बीच उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने शिवसेना संस्थापक दिवंगत बालासाहेब ठाकरे की जन्म शताब्दी के बहाने एक साल के महापौर पद की मांग पर अड़ गए हैं। मंगलवार को भाजपा और शिवसेना के कई नेता दिल्ली पहुंच गए। माना जा रहा है कि अब मुंबई के महापौर के मुद्दे का समाधान दिल्ली में होगा।

: दिल्ली कैपिटल्स ने सात विकेट से जीता मैच, मुंबई ने लगाई हार की हैट्रिक; जेमिमा का पचासा
दिल्ली कैपिटल्स ने कप्तान जेमिमा रॉड्रिग्स के नाबाद अर्धशतक की मदद से महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) के मुकाबले में मुंबई इंडियंस को सात विकेट से हराया। मुंबई इंडियंस ने नताली सिवर ब्रंट के नाबाद अर्धशतक की बदौलत 20 ओवर में पांच विकेट पर 154 रन बनाए। जवाब में दिल्ली ने एक ओवर शेष रहते तीन विकेट पर 155 रन बनाकर मैच अपने नाम किया। मुंबई इंडियंस की यह लगातार तीसरी हार है।
दोनों हाथ से लिखने में थे माहिर; इस खान एक्टर की वजह से बढ़ी सिनेमा में दिलचस्पी, पढ़िए सुशांत से जुड़े किस्से
अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत अगर आज हमारे बीच होते तो अपना 40वां जन्मदिन मना रहे होते। मगर, अफसोस कि एक्टर इस दुनिया में नहीं हैं। उनका अभिनय और फिल्में आज भी दर्शकों के जेहन में हैं। ‘काई पो छे’, ‘एमएस धोनी’, ‘छिछोरे’ और ‘केदारनाथ’ जैसी बेहतरीन फिल्मों में काम करने वाले सुशांत सिंह राजपूत ने अदाकारी की शुरुआत टेलीविजन से की थी। पढ़िए उनसे जुड़े कुछ खास किस्से..

चिंताजनक: माइक्रोप्लास्टिक से महासागर खो रहे कार्बन सोखने की ताकत, धरती की प्राकृतिक सुरक्षा हो रही कमजोर
धरती को जलवायु संकट से बचाने वाली सबसे बड़ी प्राकृतिक ढाल महासागर अब खुद खतरे में हैं। एक नए अध्ययन ने चेताया है कि माइक्रोप्लास्टिक महासागरों की कार्बन सोखने की क्षमता को कमजोर कर रहे हैं। इससे न केवल ग्लोबल वॉर्मिंग तेज हो सकती है, बल्कि समुद्री पारिस्थितिकी, मछली उत्पादन और करोड़ों लोगों की आजीविका पर भी असर पड़ने की आशंका है।

चांद से भी आगे ले जाएगा आर्टेमिस-2, अप्रैल में लॉन्चिंग; अंतिम तैयारियों में जुटा नासा
चांद पृथ्वी से 41,541 मील दूर है लेकिन नासा के आगामी मिशन आर्टेमिस-2 के लिए यह दूरी सिर्फ एक पड़ाव भर है। यह वही मिशन है, जो अपोलो कार्यक्रम के बाद पहली बार इंसानों को पृथ्वी की कक्षा से बाहर, चांद के चारों ओर और उससे भी आगे ले जाएगा। नासा इस ऐतिहासिक उड़ान की अंतिम तैयारियों में जुटा है। आधिकारिक तौर पर इसका लक्ष्य अप्रैल 2026 है, जबकि एजेंसी इसे फरवरी की शुरुआत में लॉन्च करने की दिशा में भी काम कर रही है।
कर्नाटक में बड़ा सड़क हादसा, 4 की मौत;दमन में दुकान से 8 घंटे बाद तेंदुए का रेस्क्यू
कर्नाटक के रायचूर में बड़ा हादसा हो गया है। पुलिस ने बताया कि मंगलवार को रायचूर जिले के सिंदनूर तालुक में बूडीवाल क्रॉस के पास एक ट्रक और दो पिकअप गाड़ियों की आमने-सामने की टक्कर में चार लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि मरने वाले दो पिकअप में यात्रा कर रहे थे और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। उन्होंने बताया कि पीड़ितों की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है।पुलिस के मुताबिक, दोनों पिकअप गाड़ियां एक के पीछे एक चल रही थीं और उनमें भेड़ें भरी हुई थीं, तभी सामने से आ रहे एक ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। पिकअप गाड़ियां सिंदनूर से बल्लारी की ओर जा रही थीं। हादसे में दोनों पिकअप गाड़ियों में ले जाई जा रही भेड़ों की भी मौत हो गई, जिससे दोनों गाड़ियां पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गईं।
दमन में मिठाई की दुकान से 8 घंटे बाद तेंदुए को बचाया गया
वन अधिकारियों ने बताया कि मंगलवार को नानी दमन क्षेत्र में एक मिठाई की दुकान से आठ घंटे के कठिन अभियान के बाद एक तेंदुए को बचाया गया। वन विभाग को सुबह करीब 11:30 बजे सूचना मिली कि तेंदुआ दुकान में घुस गया है, जिसके बाद पुलिस और वन अधिकारी मौके पर पहुंचे और इलाके को घेर लिया।
बचाव अभियान के दौरान पता चला कि तेंदुआ इमारत की तीसरी मंजिल की सीढ़ियों पर बैठा था। बचाव दल ने बेहोश करने वाली दवाइयों, जालों का इस्तेमाल किया और एक पिंजरा लगाया। हालांकि, अधिकारी ने बताया कि जानवर आक्रामक बना रहा और उसने कई बार वनकर्मियों पर हमला करने की कोशिश की।
वन विभाग के एक कर्मचारी को ऑपरेशन के दौरान मामूली चोटें आईं और उन्हें एम्बुलेंस से अस्पताल ले जाया गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए, वलसाड वन विभाग को सूचित किया गया और महाराष्ट्र के दहानू से त्वरित बचाव दल को बुलाया गया। दहानू की टीम ने बाद में तेंदुए को बेहोश करने के लिए बेहोशी की दवा दी, जिसे एक पिंजरे में डालकर अज्ञात स्थान पर स्थानांतरित कर दिया जाएगा। पिछले दो दिनों में दमन के शहरी इलाकों में तेंदुए को देखा गया था।
एसआईआर: बंगाल के कई जिलों में सड़कें जाम, टायर जलाए
पश्चिम बंगाल में चल रही विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया के दौरान लोगों को परेशान किए जाने के आरोपों को लेकर मंगलवार को राज्य के कई जिलों में प्रदर्शन हुए। इस दौरान जगह-जगह सड़कों को जाम किया गया और टायर जलाए गए। पुलिस के अनुसार, स्थिति को देखते हुए प्रभावित इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
दक्षिण 24 परगना, उत्तर 24 परगना, झारग्राम और पूर्व मेदिनीपुर जिलों में प्रदर्शन की खबरें सामने आई हैं। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इन क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। ये प्रदर्शन एक दिन पहले सुप्रीम कोर्ट की उस टिप्पणी के बाद हुए, जिसमें शीर्ष अदालत ने कहा था कि पश्चिम बंगाल में एसआईआर प्रक्रिया पारदर्शी होनी चाहिए और इससे आम लोगों को असुविधा नहीं होनी चाहिए। अदालत ने चुनाव आयोग को यह भी निर्देश दिया था कि तार्किक विसंगतियों की सूची में शामिल लोगों के नाम ग्राम पंचायत भवनों और प्रखंड कार्यालयों में प्रदर्शित किए जाएं, जहां संबंधित दस्तावेज और आपत्तियां जमा की जानी हैं।
गर्भावस्था में पैरासिटामोल का सीमित उपयोग सुरक्षित ऑटिज्म का खतरा नहीं
गर्भावस्था के दौरान पैरासिटामोल को लेकर फैली आशंकाओं के बीच यूरोपीय अध्ययन ने गर्भवती महिलाओं को राहत दी है। अध्ययन के मुताबिक डॉक्टर की सलाह और सही मात्रा में लिया गया पैरासिटामोल न तो ऑटिज्म, न एडीएचडी और न ही बौद्धिक अक्षमता के जोखिम को बढ़ाता है। अध्ययन मेडिकल जर्नल द लैंसेट ऑब्स्टेट्रिक्स, गायनेकोलॉजी एंड विमेंस हेल्थ में प्रकाशित हुआ है।
यूरोपीय शोधकर्ताओं ने स्पष्ट किया है कि गर्भावस्था में दर्द या बुखार के इलाज के लिए पेरासिटामोल का सीमित और नियंत्रित उपयोग सुरक्षित है। अध्ययन में कहा गया है कि अब तक उपलब्ध उच्च गुणवत्ता वाले वैज्ञानिक प्रमाणों में पेरासिटामोल और बच्चों में न्यूरो-डेवलपमेंटल समस्याओं के बीच कोई सीधा संबंध सामने नहीं आया है। शोध का नेतृत्व लंदन की सिटी सेंट जॉर्ज यूनिवर्सिटी से जुड़ी प्रोफेसर असमा खलील ने किया।
वंदे भारत स्लीपर कामाख्या–हावड़ा रूट के टिकट कुछ ही घंटों में फुल
कामाख्या और हावड़ा के बीच शुरू होने जा रही वंदे भारत स्लीपर ट्रेन की पहली व्यावसायिक सेवा को यात्रियों का जबर्दस्त समर्थन मिला है। इस प्रीमियम सेमी-हाई स्पीड ट्रेन के टिकट बुकिंग खुलते ही कुछ ही घंटों में बिक गए। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, सभी बुकिंग रिकॉर्ड समय में भर गईं। प्रधानमंत्री ने 17 जनवरी को वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का उद्घाटन किया था। आधुनिक कोच, बेहतर सुरक्षा व्यवस्था, तेज रफ्तार और आरामदायक रात्रिकालीन यात्रा की सुविधा ने इस ट्रेन को खास बना दिया है, जिसका सीधा असर टिकटों की मांग में देखने को मिला।
ट्रेन संख्या 27576 अपनी पहली व्यावसायिक यात्रा कामाख्या से 22 जनवरी और हावड़ा से 23 जनवरी, 2026 से शुरू करेगी। टिकटों की बुकिंग 19 जनवरी को सुबह आठ बजे खोली गई थी और 24 घंटे के भीतर सभी वर्गों के टिकट पूरी तरह बुक हो गए। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि कामाख्या-हावड़ा वंदे भारत स्लीपर सेवा पूर्वोत्तर और पूर्वी भारत के बीच रेल संपर्क को नई मजबूती देगी।
ईडी ने तमिलनाडु के मंत्री केएन नेहरू को 366 करोड़ के रिश्वतखोरी रैकेट से जोड़ा
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने तमिलनाडु नगर प्रशासन शहरी एवं जल आपूर्ति विभाग (एमएडब्ल्यूएस) में अधिकारियों और अभियंताओं के तबादलों व नियुक्तियों में 366 करोड़ रुपये के मनी लॉन्ड्रिंग और भ्रष्टाचार रैकेट के संबंध में नए खुलासे किए हैं। ईडी ने राज्य के मंत्री केएन नेहरू व कुछ अन्य के नाम इस रिश्वतखोरी रैकेट से जोड़े हैं।
ईडी के चेन्नई क्षेत्रीय कार्यालय ने इस संदर्भ में राज्य के मुख्य सचिव और सतर्कता एवं भ्रष्टाचार विरोधी निदेशालय (डीवीएसी) को पत्र भेजकर मंत्री केएन नेहरू और उनसे जुड़े कुछ अन्य लोगों के खिलाफ पुलिस एफआईआर दर्ज करने का अनुरोध किया है। ईडी ने पिछले साल अक्तूबर और दिसंबर में राज्य सरकार के अधिकारियों को दो अलग-अलग पत्र भी लिखे थे। इनमें एमएडब्ल्यूएस के टेंडरों और भर्तियों में व्यापक भ्रष्टाचार का दावा किया गया था और नेहरू को इन आरोपों से जोड़ा गया था। तब मंत्री ने अपना बचाव करते हुए कहा था कि ईडी उन्हें बदनाम करने के लिए लगातार निशाना बना रहा है और वे कानूनी तौर पर आरोपों का सामना करेंगे।
सीएम ममता के डीएम को निर्देश, SIR पर सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों का सख्ती से हो पालन
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मंगलवार को जिला मजिस्ट्रेटों को मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) पर सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों का सख्ती से पालन करने को कहा और इस बात पर जोर दिया कि लोगों को “तार्किक विसंगतियों” के नाम पर परेशान नहीं किया जाना चाहिए।
एक अधिकारी ने बताया कि बनर्जी दोपहर में राज्य सचिवालय नबन्ना में मुख्य सचिव नंदिनी चक्रवर्ती की अध्यक्षता में जिला मजिस्ट्रेटों के साथ हो रही एक बैठक में अप्रत्याशित रूप से शामिल हुईं। उन्होंने स्पष्ट किया कि एसआईआर से संबंधित सभी सुनवाई सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुसार ही की जानी चाहिए। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को विशेष रूप से निर्देश दिया कि तार्किक विसंगतियों के बहाने लोगों को असुविधा न हो।
ओडिशा: बीजेडी नेताओं ने की गौ रक्षकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग
विपक्षी बीजद ने मंगलवार को ओडिशा के बालासोर जिले में गौ रक्षकों द्वारा कथित तौर पर मारे गए व्यक्ति के परिवार से मुलाकात की और इसमें शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। अस्तिया गांव के रहने वाले 35 वर्षीय एसके मकांदर मोहम्मद 14 जनवरी की सुबह मवेशियों को ले जा रही एक पिकअप वैन में सहायक के रूप में काम कर रहे थे, तभी गौ रक्षकों ने उन्हें रोक लिया। पुलिस के अनुसार कथित तौर पर उनकी पीट-पीटकर हत्या कर दी गई।
पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि कुछ आरोपी अभी भी फरार हैं। सांसद सुलता देव के नेतृत्व में बीजेडी के एक प्रतिनिधिमंडल ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की और न्याय की लड़ाई में हर संभव सहायता का आश्वासन दिया। प्रतिनिधिमंडल ने डीआईजी (पूर्वी रेंज) पिनाक मिश्रा से भी मुलाकात की और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया है, “बीजेडी शेख मकांदर मोहम्मद की जघन्य लिंचिंग में शामिल सभी दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करती है।”
वेनेजुएला से जुड़ा 7वां प्रतिबंधित तेल टैंकर जब्त; ऑस्ट्रेलिया के ब्रिस्बेन में हिंदी सम्मेलन आयोजित
ऑस्ट्रेलिया के ब्रिस्बेन शहर में प्रशांत क्षेत्रीय हिंदी सम्मेलन का आयोजन किया गया। वैश्विक स्तर पर हिंदी की वर्तमान स्थिति पर चिंता व्यक्ति करते हुए सम्मेलन में शामिल वक्ताओं ने कहा कि अगर हिंदी जीवित रखना है तो हिंदुत्व और सांस्कृतिक चेतना को जीवित रखना होगा। वक्ताओं ने कहा कि भाषा केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि संस्कृति की वाहक है। उन्होंने भाषा के नाम पर राजनीति करने वालों को भी आड़े हाथों लिया। चार महत्वपूर्ण सत्रों में आयोजित सम्मेलन में वक्ताओं ने बेबाकी के साथ अपनी राय रखी। फीजी सेवा आश्रम संघ के अध्यक्ष स्वामी संयुक्तानंद ने हिंदी की वर्तमान स्थिति पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि फीजी में हिंदी की स्थिति चिंतनीय है। एक विश्वविद्यालय में तो इसबार का सत्र शायद अंतिम होगा। हिंदी को जीवित रखना है तो हिंदुत्व और सांस्कृतिक चेतना को जीवित रखना होगा।
अमेरिकी सेना ने वेनेजुएला से जुड़े सातवें प्रतिबंधित तेल टैंकर को जब्त किया
ट्रंप प्रशासन द्वारा दक्षिण अमेरिकी देश में तेल पर नियंत्रण हासिल करने के प्रयासों के तहत अमेरिकी सैन्य बलों ने मंगलवार को वेनेजुएला से जुड़े सातवें तेल टैंकर पर चढ़कर उस पर नियंत्रण कर लिया। अमेरिकी दक्षिणी कमान ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि अमेरिकी सेना ने मोटर वेसल सगीटा को “बिना किसी घटना के” पकड़ लिया और यह टैंकर “कैरिबियन में राष्ट्रपति ट्रम्प द्वारा प्रतिबंधित जहाजों के लिए स्थापित संगरोध का उल्लंघन करते हुए काम कर रहा था”। सैन्य कमान ने यह नहीं बताया कि क्या अमेरिकी तटरक्षक बल ने टैंकर पर नियंत्रण कर लिया, जैसा कि पहले की घटनाओं में हुआ था।
पश्चिमी नाइजर में बंदूकधारियों ने 31 ग्रामीणों को बनाया निशाना
पश्चिमी नाइजर के एक गांव पर बंदूकधारियों ने हमला किया, जिसमें कम से कम 31 लोग मारे गए हैं। गोरौल कम्यून से उत्पन्न छात्रों के संघ, नाइजीरियाई छात्रों के संघ और अन्य छात्र संगठनों के एक संयुक्त बयान के अनुसार यह हमला रविवार को टिल्लाबेरी क्षेत्र के गोरौल कम्यून में हुआ।
बयान में कहा गया है कि अराजक तत्वों द्वारा 31 लोगों की हत्या कर दी गई और चार अन्य गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती हैं। इसमें हमले के लिए जिम्मेदार लोगों का नाम नहीं बताया गया है और किसी भी समूह ने इसकी जिम्मेदारी नहीं ली है। बता दें कि नाइजर में कई आतंकवादी समूह सक्रिय हैं, जो नागरिकों और सेना दोनों को निशाना बनाते हैं।
स्पेन ट्रेन हादसे में मृतक संख्या 40 पहुंची, तीन दिन का शोक
दक्षिणी स्पेन में भीषण ट्रेन हादसे के बाद देशभर में तीन दिन का राष्ट्रीय शोक रखा गया। सभी सरकारी भवनों पर झंडे मंगलवार को आधे झुके रहे। हादसे में अब तक 40 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। हालांकि, मलबे में अभी और शव मिलने की आशंका जताई है। गृह मंत्री फर्नांडो ग्रांडे-मार्लास्का ने बताया कि बचाव दल को तीन और शव मिले हैं। दुर्घटना रविवार शाम मैड्रिड जा रही ट्रेन के पटरी से उतरकर सामने वाली ट्रेन से टकराने से हुई।
25 जनवरी को बलोच जनसंहार स्मृति दिवस मनाने का आह्वान
बलोच यकजेहती कमेटी (बीवाईसी) ने 25 जनवरी को बलोच जनसंहार स्मृति दिवस के रूप में मनाने की घोषणा की है। कमेटी ने इसे लेकर दुनियाभर में बलोच समुदायों से आयोजन करने की अपील की है। द बलोचिस्तान पोस्ट के अनुसार, संगठन ने कहा कि जनसंहार केवल सामूहिक हत्याओं तक सीमित नहीं होता, बल्कि यह समुदाय की पहचान नष्ट करने की प्रक्रिया भी हो सकती है। यह तिथि 25 जनवरी 2014 से जुड़ी है, जब टूटक में सामूहिक कब्र से 100 से अधिक युवकों के शव मिले थे।
मैसाचुसेट्स के पुलिस स्टेशन में कार घुसी, चालक हिरासत में
अमेरिका के मैसाचुसेट्स राज्य के श्रूसबरी में एक कार पुलिस स्टेशन के मुख्य द्वार से टकराते हुए इमारत के लॉबी में जा घुसी। लाल ईंटों से बने पुलिस स्टेशन की लॉबी में 2022 मॉडल की बीएमडब्ल्यू एसयूवी पूरी तरह अंदर फंस गई। पुलिस ने बताया कि यह हादसा रविवार को हुआ। हादसे के बाद चालक को हिरासत में लेकर इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया है। हालांकि, इस घटना में किसी पुलिस कर्मचारी या अन्य नागरिक को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है।
यरूशलम में संयुक्त राष्ट्र का दफ्तर ध्वस्त
यरूशलम। फलस्तीनियों की मदद करने वाले मानवीय समूहों पर प्रतिबंध सख्त किए जाने के बीच इस्राइली सेना ने पूर्वी यरूशलम में संयुक्त राष्ट्र के मुख्यालय को ध्वस्त कर दिया। संयुक्त राष्ट्र राहत एवं कार्य एजेंसी (यूएनआरडब्ल्यूए) के अनुसार, इस्राइली सेना ने कर्मचारियों के उपकरण जब्त कर उन्हें शेख जर्राह इलाके में स्थित इमारत से जबरन बाहर कर दिया। यह अभूतपूर्व हमला अंतरराष्ट्रीय कानून व यूएन विशेषाधिकारों का गंभीर उल्लंघन है।
डेमोक्रेट मिकी शेरिल ने न्यू जर्सी के 57वें राज्यपाल के रूप में शपथ ली
चार बार की कांग्रेस सदस्य और पूर्व नौसेना हेलीकॉप्टर पायलट मिकी शेरिल, जिन्होंने न्यू जर्सी में नवंबर के चुनाव को राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के देश के लिए दृष्टिकोण पर एक जीत के रूप में पेश किया था, ने मंगलवार को राज्य के 57वें राज्यपाल के रूप में शपथ ली।
54 वर्षीय शेरिल लगभग 95 लाख लोगों वाले इस राज्य का नेतृत्व करने वाली दूसरी महिला हैं। उन्होंने फिल मर्फी का स्थान लिया है, जो एक साथी डेमोक्रेट हैं और दो बार निर्वाचित हुए हैं। यह छह दशकों से अधिक समय में पहली बार है जब किसी राजनीतिक दल ने लगातार तीन कार्यकालों के लिए न्यू जर्सी के राज्यपाल कार्यालय पर नियंत्रण रखा है।
ट्रंप का कहना है कि लाखों लोगों को संघीय वेतन सूची से हटाया
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने मंगलवार को कहा कि उनके प्रशासन ने संघीय वेतनमान में “भारी” संख्या में कटौती की है, और कहा कि लाखों संघीय कर्मचारियों को बर्खास्त कर दिया गया है। राष्ट्रपति अपने दूसरे कार्यकाल की शुरुआत की पहली वर्षगांठ के अवसर पर मंगलवार को व्हाइट हाउस में आयोजित प्रेस ब्रीफिंग में उपस्थित हुए थे।
अमेरिकी कार्मिक प्रबंधन कार्यालय के निदेशक स्कॉट कुपोर ने पिछले सितंबर में कहा था कि 2025 के अंत तक देशभर में वेतनभोगी संघीय कर्मचारियों की संख्या में लगभग 300,000 की कमी होगी। सरकार लगभग 25 लाख कर्मचारियों को रोजगार देती है, जिनमें सैन्यकर्मी भी शामिल हैं।
ट्रंप ने कहा कि बर्खास्त किए गए कर्मचारियों को “कहीं बेहतर नौकरियां और कहीं अधिक वेतन मिल रहा है। एक साल पहले ट्रंप के दूसरे कार्यकाल की शुरुआत से ही, उनके तत्कालीन सलाहकार एलन मस्क के नेतृत्व में सरकारी दक्षता विभाग ने धोखाधड़ी, अपव्यय और दुरुपयोग को जड़ से खत्म करने के स्पष्ट मिशन के साथ संघीय एजेंसियों में बड़े पैमाने पर शुद्धिकरण अभियान शुरू किया।
आईएनएस सुदर्शनी अभियान पर रवाना
भारतीय नौसेना का नौकायन प्रशिक्षण पोत आईएनएस सुदर्शनी मंगलवार को दस महीने के समुद्री अभियान पर रवाना हुआ, जिसके दौरान यह पोत 22,000 समुद्री मील की दूरी तय करेगा और 13 देशों के 18 बंदरगाहों का दौरा करेगा। वाइस एडमिरल समीर सक्सेना ने कोच्चि नौसेना बेस से आईएनएस सुदर्शनी को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
नौसेना के एक प्रवक्ता ने कहा कि यह “ऐतिहासिक यात्रा” भारत के समुद्री प्रयासों का एक सशक्त प्रतीक है, जो वैश्विक समुद्री गतिविधियों में राष्ट्र की प्रमुखता को प्रदर्शित करती है। यह जहाज दिसंबर में तिरुवनंतपुरम में नौसेना दिवस समारोह के उपलक्ष्य में आयोजित एक परिचालन प्रदर्शन का भी हिस्सा था। अधिकारियों ने बताया कि अपनी दस महीने की तैनाती के दौरान, आईएनएस सुदर्शनि लगभग 22,000 समुद्री मील की दूरी तय करेगी और 13 देशों के 18 बंदरगाहों का दौरा करेगी।
सीरिया: 120 आईएस आतंकी जेल से फरार
सीरिया के गृह मंत्रालय ने मंगलवार को बताया कि सरकारी बलों व जेल की रखवाली करने वाले कुर्दों के नेतृत्व वाले सीरियन डेमोक्रेटिक फोर्सेज के बीच झड़प में देश की एक जेल से इस्लामिक स्टेट के 120 आतंकी फरार हो गए। सुरक्षा बलों ने फरार हुए 81 कैदियों को फिर से पकड़ लिया है, जबकि बाकी कैदियों का पता लगाने के प्रयास जारी हैं।





