शहडोल में मुख्यमंत्री मोहन यादव के दौरे के दौरान बड़ा विवाद देखने को मिला. कांग्रेस ने आरोप लगाया कि
कलेक्टर ने कांग्रेसी कार्यकर्ताओं पर लाठी चलाई. कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजय अवस्थी ने वीडियो जारी कर इस बात का दावा भी किया. जिलाध्यक्ष ने कहा कि कलेक्टर डॉ. केदार सिंह ने खुद सड़क पर उतरकर लाठी भांजी है.
मध्य प्रदेश में तेज ठंड और घने कोहरे ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. आधे से ज्यादा जिलों में सुबह के वक्त विजिबिलिटी बेहद कम दर्ज की गई है. मौसम विभाग ने ग्वालियर-चंबल समेत कई इलाकों में अलर्ट जारी किया है. फिलहाल बारिश से राहत है, लेकिन 10 फरवरी के बाद मौसम फिर करवट ले सकता है. जानिए एमपी के मौसम का पूरा अपडेट और आने वाले दिनों का हाल.
मध्य प्रदेश में तेज ठंडी हवाओं के साथ आधे से ज्यादा प्रदेश में कोहरे का असर दिख रहा है. जिसके चलते विजिबिलिटी घटी है. इसी बीच एमपी के मौसम से अगले कुछ दिनों तक ओले गिरने के साथ ही बारिश से राहत मिली रहेगी. इसके अलावा 10 फरवरी के बाद ही फिर एमपी में बारिश का मौसम बनेगा. अब कैसा रहेगा मौसम का हाल, जानें.
कोहरे की चपेट में आधा प्रदेश, वाहन चलाने में बरतें सावधानी
मध्य प्रदेश में कड़ाके की ठंड और तेज सर्द हवाओं का सितम ऐसा है की प्रदेश के आधे से ज्यादा हिस्से में गुरुवार सुबह कोहरे का असर देखा गया. भोपाल, ग्वालियर, उज्जैन सहित 30 से अधिक जिलों में हल्के से लेकर घने कोहरे के कारण विजिबिलिटी कम हो गई है. कई जगहों पर सड़कें धुंध की चादर में ढकी नजर आईं. इसके साथ ही आने वाले दिनों में भी कोहरे का असर जारी रहेगा. ग्वालियर-चंबल अंचल में कोहरे की वजह से विजिबिलिटी 50 मीटर से भी कम रहने का अलर्ट है.
एमपी के इन जिलों में कोहरे का ज्यादा असर
मौसम विभाग के अनुसार तेज ठंड के बीच भोपाल, ग्वालियर, उज्जैन, श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, विदिशा, रायसेन, सागर, राजगढ़, शाजापुर, आगर-मालवा, रतलाम, नीमच, मंदसौर, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, दमोह, पन्ना, सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, मैहर, कटनी, उमरिया, शहडोल और अनूपपुर में घने से लेकर मध्यम कोहरा छाने का अलर्ट रहेगा.
फंड के मामले में MP को ‘ठेंगा’, क्या राज्य ने खुद अपने पैरों पर मारी कुल्हाड़ी
धनपुरी में वाटर पार्क लोकार्पण के बाद विरोध के दौरान यह घटना हुई. सीएम मोहन यादव को कांग्रेसी कार्यकर्ता काले झंडे दिखाने की कोशिश कर रहे थे. पुलिस से हल्की झड़प के दौरान सीएम काफिला धीमा होते ही कलेक्टर ने कार्यकर्ताओं को मारी लाठी. जिला अध्यक्ष का कहना है कि कलेक्टर की कार्रवाई के खिलाफ कांग्रेस बड़ा आन्दोलन करेगी.
शाजापुर नेशनल हाईवे पर बाइक की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत
शाजापुर के नेशनल हाईवे-52 पर बिजाना जोड़ पर दो बाइक की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हुई. सड़क हादसे में दो लोग घायल हुए और एक को गंभीर हालत होने पर जिला अस्पताल से इंदौर रेफर किया गया है. मौके से गुजर रही महाराष्ट्र की एक एम्बुलेंस के चालक ने मानवीयता दिखाते हुए घायल युवको को तुरंत जिला अस्पताल शाजापुर पहुंचाया. एक घायल युवक के सिर में गंभीर चोट और फ्रैक्चर हुआ है.
स्कूली नाबालिग छात्रा से रेप के मामले में दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी
आरोपी माज की थार में ही मुख्य आरोपी औसाफ ने छात्रा के साथ अश्लील वीडियो बनाया था. माज को थी पूरे मामले की जानकारी थी और पीड़िता को ब्लैकमेल करने उसकी भूमिका थी.माज 360 नाम की जिम का संचालक है. माज का बड़ा भाई मोनिस मछली गैंग के साथ एमडी ड्रग्स तस्करी में शामिल था. फिलहाल मोनिस जमानत पर है.
मंडला में लुटेरे बेखौफ
मंडला में लुटेरे बेखौफ घूम रहे हैं. एक ही दिन में दो चैन स्नेचिंग की वारदात सामने आई हैं.चैन स्नैचर ने दो महिलाओं को अपना निशाना बनाया. पहली घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के पड़ाव की, तो दूसरी घटना सरदार पटेल वार्ड के दिव्य ज्योति कॉलोनी की. जहां चैन स्नेचर ने 30 सेकंड में महिला के गले से ढाई तोले की चेन झपट ली. यह पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई. सीसीटीवी में आप साफ़ देख सकते हैं कि किस तरह यह बाइक सवार पहले रेकी करता है. फिर वह गली में दाखिल होता है.
अनाज चोरी मामले में आया कांग्रेस नेता का नाम
मध्यप्रदेश के कटनी जिले में अनाज चोरी मामले पर कांग्रेस आईटी सेल के प्रदेश सचिव राघवेंद्र सिंह का नाम समाने आते ही जिले की राजनीति गरमा गई है. एक तरफ कांग्रेस नेता पुलिस पर झूठा प्रकरण बनाकर फंसाने की बात कह रही है तो दूसरी और बीजेपी विधायक ने चोरी करना कांग्रेस की रीति नीति बताते हुए आरोपी राघवेंद्र सिंह की गिरफ्तारी की मांग उठाई है.
सीहोर में इन दो महत्वपूर्ण ट्रेनों के स्टॉपेज स्वीकृत
बीते दिनों सांसद आलोक शर्मा ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर ट्रेन कनेक्टिविटी को लेकर सीहोर वासियों की मांग को पूरा किया है. रेल मंत्री ने सांसद शर्मा के प्रस्ताव पर दो महत्वपूर्ण ट्रेनों के स्टॉपेज सीहोर में स्वीकृत किए हैं. इन ट्रेनों के स्टॉपेज हो जाने से सीहोर में प्रसिद्ध कथा वाचक पं. प्रदीप मिश्रा की कथा सुनने और कुबेरेश्वर धाम में आने वाले श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिलेगी. सीहोरवासियों द्वारा वनारस, प्रयागराज, अहमदाबाद, मुंबई आदि धार्मिक और व्यापारिक महत्व के इन बड़े शहरों के लिए इन ट्रेनों की मांग काफी लंबे समय से की जा रही थी. सांसद आलोक शर्मा के संज्ञान में जब यह बात लाई गई, तो उन्होंने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर आग्रह किया था, जिसे रेल मंत्री ने स्वीकृति दे दी है. यात्रियों की सुविधा का ध्यान रखते हुए गाड़ी संख्या 19489/19490 अहमदाबाद-गोरखपुर एक्सप्रेस और 19091/19092 मुंबई बांद्रा-गोरखपुर एक्सप्रेस का सीहोर रेलवे स्टेशन पर स्टॉपेज स्वीकृत किया गया है.
नेशनल हाईवे किनारे नाले में शव मिलने से सनसनी
रायसेन नेशनल हाईवे किनारे नाले में शव मिलने से सनसनी मच गई. हाईवे की सर्विस रोड के पास नाले में शव मिला है. मृतक की पहचान अनिल मेहरा के रूप में हुई है. मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नाले से बाहर निकाला. मृतक युवक कल तीन बजे घर से उदयपुरा के लिए निकला था. उदयपुरा पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है.
युवक की मौत के बाद हंगामा, रास्ते में ऑक्सीजन खत्म होने का आरोप
गरियाबंद में युवक की मौत के बाद निजी सोमेश्वर अस्पताल के सामने हंगामा हो गया. एंबुलेंस में ऑक्सीजन खत्म होने से बीमार युवक की मौत का आरोप है. परिजन शव लेकर पहुंचे और अब वे हंगामा कर रहे हैं. निमोनिया से पीड़ित बसंत देवांगन को परिजन एंबुलेंस में रायपुर ले जा रहे थे. 20 किमी बाद एंबुलेंस का ऑक्सीजन खत्म होने का आरोप है. परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया. अमानक मापदंडों के बीच अस्पताल चलाने के आरोप लग रहे हैं. अस्पताल के खिलाफ जांच की मांग उठी. आक्रोश को देखते हुए भारी संख्या में पुलिसबल पहुंचा.
11 व्यक्तियों को किया जिला बदर
उज्जैन कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी रोशन कुमार सिंह ने 11 व्यक्तियों को 6-6 माह के लिए जिला बदर किया. आदेश के तहत सभी 11 व्यक्तियों को मध्य प्रदेश राज्य सुरक्षा अधिनियम के अंतर्गत उज्जैन जिला एवं उज्जैन जिले की सीमावर्ती जिले देवास, इंदौर, रतलाम, शाजापुर, मंदसौर, धार और आगर मालवा की राजस्व सीमाओं से 6-6 माह की अवधि के लिए जिला बदर किया गया है.
दतिया में मंदिर में तोड़फोड़, देवी प्रतिमा खंडित
दतिया के सेवड़ा के मोहना जाट ग्राम के माता मंदिर की देवी प्रतिमा को खंडित कर दिया गया. आरोप है कि शराब के नशे में धुत शख्स ने मंदिर में तोड़फोड़ की और मूर्ति को खंडित कर दिया. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. मंदिर में तोड़फोड़ से श्रद्धालुओं में आक्रोश है. ग्रामीणों ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.
महिला से मारपीट पर आक्रोश, गरमाई सियासत
मध्य प्रदेश के सीधी जिले में महिला के साथ हुई मारपीट का मामला तूल पकड़ चुका है. बहरी बाजार में अवैध तरीके से हुए अतिक्रमण को लेकर चल रहे पुराने विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. दो पक्षों के बीच हुए विवाद में एक महिला के साथ मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे इलाके में आक्रोश का माहौल है. पीड़िता ने प्रशासन से न्याय की मांग की है जबकि आरोपी ने भी अपना पक्ष रखते हुए घटना को प्रतिक्रिया बताया है. मामले को लेकर सियासत भी गरमा गई है और विपक्ष ने इसे लाडली बहना से जोड़ते हुए सरकार पर सवाल उठाए हैं. फिलहाल बहरी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा, नाबालिग निकला कातिल
खरगोन की कसरावद पुलिस ने ब्लाइंड मर्डर केस को सुलझा लिया है. नाबालिग ने पत्थर मारकर हत्या की थी. नाबालिग द्वारा अप्राकृतिक संबंध बनाने की मांग की गई. इनकार करने पर उसने 42 वर्षीय शख्स की पत्थर मारकर हत्या कर दी. हत्या के बाद शव को निर्वस्त्र हालत में छोड़ा. चार दिन की गहन पूछताछ के बाद आरोपी नाबालिग ने जुर्म कबूला. कसरावद थाना क्षेत्र के बेड़ी इलाके की यह घटना है. एएसपी शकुंतला रूहल ने कहा कि 31 जनवरी को राकेश चौहान का शव कसरावद के पुरातत्व संग्रहालय के पास बेड़ी क्षेत्र में मिला था. एफएसएल, डॉग स्क्वाड, साइबर सेल और सीसीटीवी फुटेज की मदद से जांच के बाद कत्ल का खुलासा हुआ. नाबालिग ने मृतक पर अप्राकृतिक संबंध बनाने का दबाव बनाया था. मना करने पर गुस्से में पत्थर से सिर कुचलकर हत्या कर दी.
वन भूमि पर अतिक्रमण के खिलाफ वन विभाग का एक्शन
नरसिंहपुर जिले में वन भूमि पर अतिक्रमण के खिलाफ वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है. करेली वन परिक्षेत्र के बरखेड़ा बीट में कार्रवाई की गई. जेसीबी मशीनों से वन भूमि को नष्ट कर खेत बनाने की कोशिश की जा रही थी. सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम ने मौके पर दबिश दी. कार्रवाई के दौरान दो जेसीबी मशीनें जब्त की गईं. वन मंडल अधिकारी नरसिंहपुर के निर्देशन में संयुक्त ऑपरेशन किया गया. इस दौरान गाडरवारा और करेली वन परिक्षेत्र का संयुक्त स्टाफ मौके पर मौजूद रहा. जेसीबी चालकों और संचालन करने वाले लोगों की पहचान कर आगे की कानूनी कार्यवाही की जा रही है.
38 दिन से गायब है नाबालिग लड़की, पुलिस के हाथ खाली
रायसेन में एक नाबालिग लड़की के अपहरण से लोगों में नाराजगी है. साहू समाज के लोगों ने आज थाने का घेराव किया. राजपूत समाज के दो युवकों पर नाबालिग को ले जाने का आरोप है. 1 जनवरी की रात का यह मामला है. 38 दिन बाद भी पुलिस कोई सुराग नहीं लगा पाई. समाज के लोगों ने पुलिस प्रशासन को चेतावनी दी है कि लड़की की बरामदगी और आरोपियों को गिरफ्तार जल्द नहीं होने पर प्रदर्शन किया जाएगा. सुल्तानगंज थाना क्षेत्र का यह मामला है.
Khargone News: हनीट्रैप गैंग का खुलासा, 3 महिलाएं और 2 पुरुष गिरफ्तार
खरगोन में सनावद पुलिस ने हनीट्रैप गैंग का खुलासा किया. गैंग की तीन महिलाएं और दो पुरुष गिरफ्तार हैं. वे आपत्तिजनक वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करते थे. एक साल में करीब 40 लोगों को अपना शिकार बनाया. पहली बार किसी फरियादी के सामने आने पर कार्रवाई की गई. टीआई धर्मेंद्र यादव की अगुवाई में सनावद पुलिस ने उनकी गिरफ्तारी की. आरोपियों को ढाई लाख रुपये की वसूली करते रंगे हाथों पकड़ा गया. एसडीओपी अर्चना रावत ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर खुलासा किया.
गृह मंत्री अमित शाह की सभी बैठकें खत्म
रायपुर में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की सभी बैठकें खत्म हो गईं. LWE, छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद की स्थिति और बस्तर के विकास पर चर्चा हुई. अमित शाह ने कई विभागों की भी समीक्षा की. चर्चा के दौरान राज्य और नक्सल प्रभावित प्रदेशों के अधिकारी मौजूद रहे. बस्तर को आदिवासी संभाग बनाने को लेकर भी चर्चा हुई. नक्सल नेटवर्क तोड़ने, आत्मसमर्पण बढ़ाने, प्रभावित इलाकों में विकास कार्य और इंफ्रास्ट्रक्चर पर भी चर्चा हुई. गृह मंत्री बैठक स्थल से रेजीडेंस रवाना हुए.
भाजपा मंडल उपाध्यक्ष की गुंडागर्दी, रंजिश के चलते हमला
इंदौर में भाजपा मंडल उपाध्यक्ष वेदांत तिवारी की गुंडागर्दी सामने आई है. वेदांत ने पुरानी रंजिश के चलते युवकों पर हमला कर दिया. 20 दिन पहले विवाद हुआ था. वर्चस्व को लेकर विवाद हुआ. बीजेपी मंडल उपाध्यक्ष वेदांत तिवारी और उसके साथियों ने हमला किया. घटना में नयन और प्रखर शर्मा गंभीर रूप से घायल हुए हैं. घटना राऊ थाना क्षेत्र के कैट रोड की है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
शाजापुर में UGC कानून के विरोध में प्रदर्शन
शाजापुर में आज यूजीसी कानून के विरोध में बड़ा विरोध प्रदर्शन हुआ. सवर्ण एकता मंच के बैनर तले शहर के एक विशाल रैली निकाली गई, जिसमें हजारों की तादाद में लोग शामिल हुए. हाथों में काले झंडे और तख्तियां लेकर नारेबाजी करते हुए लोगों ने यूजीसी कानून को तुरंत वापस लेने की मांग की. बस स्टैंड से शुरू हुई यह रैली नई सड़क, आजाद चौक, सोमवारिया होती हुई वापस बस स्टैंड पर पहुंची, जहां सवर्ण समाज के लोगों ने अपनी मांगों को लेकर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा. सवर्ण एकता मंच के लोगों ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा लाया गया यूजीसी कानून काला कानून है और सामान्य वर्ग के लिए शिक्षा क्षेत्र में गलत और अन्यायपूर्ण है. यह कानून सामान्य वर्ग के अधिकारों पर कुठाराघात करता है और संविधान के मूल सिद्धांतों के खिलाफ है. इसे सरकार को तुरंत वापस लेना चाहिए.
खदान में डोजर मशीन में लगी आग
सिंगरौली जिले के एनसीएल की खड़िया परियोजना में डोजर मशीन में अचानक भीषण आग लग गई. मशीन खदान के अंदर थी. वाहन जलकर खाक हुआ. एनसीएल को कई करोड़ों रुपये का नुकसान हुआ. हादसे में चालक बुरी तरह झुलसा. चालक ने मशीन से कूदकर किसी तरह जान बचाई. हादसे के बाद एनसीएल के सेफ्टी स्टैंडर्ड्स पर सवाल उठ रहे हैं.
दतिया किला चौक पर प्रशासन ने अंधेरे में तोड़ी 6 दुकानें
दतिया में किला चौक पर जिला प्रशासन ने अंधेरे में 6 दुकानों को तोड़ दिया. प्रशासन ने दो महीने पहले ही दुकानदारों को नोटिस दिया था, लेकिन दुकानदारों ने आबंटित होने के बावजूद कब्जा नहीं छोड़ा था.
रायपुर में केंद्रीय मंत्री खट्टर का एकदिवसीय दौरा
रायपुर में केंद्रीय ऊर्जा, आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर आज एकदिवसीय दौरे पर रहेंगे. दोपहर 1 बजे वे न्यू सर्किट हाउस में प्रेस वार्ता करेंगे, इसके बाद एक निजी होटल में बजट संवाद कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे और बजट की विभिन्न पहलुओं और योजनाओं पर चर्चा करेंगे. कार्यक्रम के बाद शाम को वे दिल्ली के लिए रवाना होंगे.
सीहोर में सड़क किनारे दिखा तेंदुआ, ग्रामीणों में दहशत
सीहोर जिले के भेरूंदा ब्लॉक अंतर्गत वन परिक्षेत्र लाडकुई के किशनपुर बीट के जाट मुहाई क्षेत्र में जंगल से सटी सड़क पर तेंदुए की मौजूदगी देखी गई है. तेंदुए का मूवमेंट सड़क के पास होने से आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है. ग्रामीणों ने कार से तेंदुए का वीडियो बनाकर मोबाइल में रिकॉर्ड किया, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. बताया जा रहा है कि तेंदुए ने एक गाय का शिकार भी किया है, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है. ग्रामीणों ने वन विभाग से इलाके में निगरानी बढ़ाने और तेंदुए को पकड़ने की मांग की है.
जांजगीर-चांपा में भीषण सड़क हादसा
जांजगीर-चांपा जिले के अकलतरा थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो और बाइक की जोरदार टक्कर में बाइक सवार दो दोस्तों की मौके पर ही मौत हो गई. मृतकों की पहचान किशन मरावी (20 वर्ष) और अभय दास (23 वर्ष) के रूप में हुई है, जो किसी काम से गांव से निकले थे. हादसे के बाद स्कॉर्पियो चालक मौके से फरार हो गया. पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए मर्चुरी भेज दिया है और फरार वाहन चालक की तलाश जारी है.
भिंड में कर्मकार योजना घोटाले में तीन गिरफ्तार, जांच तेज
भिंड में नगर पालिका की कर्मकार योजना में करीब 3 करोड़ रुपये के भ्रष्टाचार के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. जांच में आरोपियों के खातों से 56 लाख रुपये का लेनदेन सामने आया है. इस मामले में अब तक कुल छह आरोपियों को पुलिस हिरासत में ले चुकी है. पुलिस का कहना है कि इस घोटाले में और भी आरोपियों के सामने आने की संभावना है और आगे की जांच जारी है.
महिला तीन बच्चों के साथ लापता, पति ने लगाई प्रशासन से गुहार
बिलासपुर से एक महिला अपने तीन बच्चों के साथ रहस्यमय तरीके से लापता हो गई है. 26 वर्षीय पुष्प नंदिनी कार्णिक कबीरधाम के पांडा तराई से तबीयत खराब होने की बात कहकर ससुराल से निकली थी और बिलासपुर के अशोकनगर स्थित मायके और अस्पताल जाने वाली थी. वह शारदा बस में सवार हुई, लेकिन रास्ते में ही महिला और बच्चे लापता हो गए. इस मामले में पति राजेंद्र कार्णिक ने सिविल लाइन थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई है. परिजनों का आरोप है कि पुलिस तलाश में गंभीरता नहीं दिखा रही, वहीं पति ने प्रशासन से पत्नी और बच्चों को जल्द खोजने की गुहार लगाई है.
दंतेवाड़ा में भाजपा नेता पर FIR, कर्मचारी को दी जान से मारने की धमकी
दंतेवाड़ा में भाजपा नेता और जिला पंचायत उपाध्यक्ष अरविंद कुंजाम के खिलाफ भांसी थाना में FIR दर्ज की गई है. आरोप है कि उन्होंने शासकीय कर्मचारियों के साथ गाली-गलौच की और जान से मारने की धमकी दी. पुलिस ने लिखित शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. इस घटना ने राजनीतिक गलियारों में हड़कंप मचा दिया है और अब निगाहें पुलिस जांच और आगे की कार्रवाई पर टिकी हैं.
मुरैना में चंबल नदी से अवैध रेत परिवहन का भंडाफोड़, दो गिरफ्तार
मुरैना में चंबल नदी से अवैध रेत परिवहन करने वाले माफियाओं के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की. सिविल लाइन और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने नेशनल हाईवे 44 पर घेराबंदी कर तीन ट्रैक्टर ट्रॉलियों को पकड़ा, जिनमें चंबल नदी की अवैध रेत भरी हुई थी. दो चालकों को गिरफ्तार किया गया, जबकि कुछ ट्रैक्टर ट्रॉलियों को लेकर रेत माफिया मौके से फरार हो गए.
ग्वालियर में पति ने पत्नी को गोली मारी
ग्वालियर के थाटीपुर थाना क्षेत्र, दर्पण कॉलोनी में एक पति ने पत्नी को गोली मार दी. पत्नी के पेट में लगी 2 गोलियां, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. विवाद अक्सर पति के शराब पीकर झगड़ा करने के कारण होता था. आरोपी पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस और FSL टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की.
कांग्रेस संगठन की समीक्षा बैठक, जीतू पटवारी और हरीश चौधरी लेंगे अध्यक्षता
भोपाल में आज मध्य प्रदेश कांग्रेस संगठन को लेकर समीक्षा बैठक होगी. सुबह 11 बजे भोपाल संभाग की बैठक शुरू होगी, जिसमें भोपाल, सीहोर, रायसेन, राजगढ़ और विदिशा जिलों की अलग-अलग बैठकों का आयोजन किया जाएगा. पीसीसी चीफ जीतू पटवारी और प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी बैठकें लेंगे. हर एक जिले को लेकर 1 घंटे का समय तय किया गया है. बैठक में संगठन के कामकाज का फीडबैक लिया जाएगा, पिछली बैठक में दिए गए टास्क की रिपोर्ट पर चर्चा होगी और भविष्य की रणनीति बनाई जाएगी. कल उज्जैन संभाग की समीक्षा बैठक होगी.
यूजीसी विरोध में करणी सेना और सवर्ण समाज का बड़ा विरोध प्रदर्शन
भोपाल में करणी सेना यूजीसी के विरोध में मशाल जुलूस निकालने जा रही है. जुलूस शाम 6 बजे भारत माता चौराहा से शुरू होकर राजभवन पहुंचेगा, जहां राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा जाएगा. इस दौरान बड़ी संख्या में करणी सैनिकों और सवर्ण समाज के लोग मौजूद रहेंगे.
CM मोहन यादव का शहडोल दौरा
मुख्यमंत्री मोहन यादव आज शहडोल जिले के सीतामढ़ी धाम, ग्राम गंधिया में माता शबरी की प्रतिमा का अनावरण करेंगे. इसके अलावा वे 767 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 142 कार्यों का लोकार्पण और भूमि-पूजन करेंगे. मुख्यमंत्री धनपुरी में नवनिर्मित वॉटर पार्क का भी लोकार्पण करेंगे और 15 हितग्राहियों को नियुक्ति पत्र वितरित करेंगे.
CM विष्णु देव साय अमित शाह के साथ बैठक में होंगे शामिल
रायपुर में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ बैठक में शामिल होंगे. सुबह 10 बजे वे मुख्यमंत्री निवास से निजी होटल के लिए रवाना होंगे. होटल में विभिन्न बैठकों के दौरान नक्सलवाद खात्मे और उसके बाद बस्तर के विकास की रूपरेखा पर चर्चा होगी. बैठक में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा भी मौजूद रहेंगे. कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री रात 9:30 बजे निवास लौटेंगे.
पुराने बस स्टैंड के पास बंद नाले में युवक फंसा
बिलासपुर के पुराने बस स्टैंड के पास बंद नाले में एक युवक फंसा मिला. स्थानीय लोगों ने JCB की मदद से स्लैब तोड़कर उसे बाहर निकाला. फंसे युवक की पहचान राम कुमार चौहान के रूप में हुई, जो लगभग एक दिन से नाले में फंसा था. नाला महीनों से बंद था, इसलिए यह सवाल उठता है कि वह अंदर कैसे पहुंचा. कोतवाली पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
बैतूल-बरेठा घाट में भीषण सड़क हादसा
बैतूल-बरेठा घाट के पास तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार पति-पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई. हादसे में उनका 2 साल का बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका जिला अस्पताल में इलाज जारी है. घटना के बाद क्षेत्र में काफी देर तक यातायात बाधित रहा. शाहपुर थाना पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है. पति-पत्नी नर्मदापुरम से बैतूल आ रहे थे.
सीएम मोहन यादव का अचानक दिल्ली दौरा
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव कुछ घंटों के लिए अचानक दिल्ली पहुंचे थे. दिल्ली प्रवास के दौरान उन्होंने भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन से मुलाकात की. इसके बाद मुख्यमंत्री मोहन यादव भोपाल के लिए रवाना हो गए.





Add comment