सीधी
कभी आपने सुना है कि सड़क चोरी हुई है। नहीं न, लेकिन मध्यप्रदेश के सीधी जिले के एक गांव में सड़क चोरी होने का मामला सामने आया है। गांव की 1 किलोमीटर बनी सीसी सड़क ही गायब हो गई। पूरा मामला भ्रष्टाचार से जुड़ा है। कागजों पर बनी इस सड़क पर गांव वालों का निकलना मुश्किल हो गया। ग्रामीणों के साथ शिकायत करने आए उप सरपंच ने कहा कि रात तक सड़क थी, सुबह गायब हो गई। अब सड़क चोरी होने की एफआईआर दर्ज कराने के लिए थाने में शिकायत की है।
जिला मुख्यालय से 55 किलोमीटर ग्राम पंचायत मेंडरा का यह मामला है। ग्रामीणों ने बताया, उनके गांव में साल 2017 में पहले मुरम वाली कच्ची सड़क बनी थी। इसके कुछ ही दिन 2017 में ही करीब 4 से 5 महीने बाद उस सड़क पर सीसी (कांक्रीट) वाली सड़क में बदल दिया गया, लेकिन अब वहां पर कोई सड़क तो दूर सड़क बनने का निशान भी बाकी नहीं है। सड़क पूरी तरह से कागजों पर बनी है।
ग्रामीणों ने सड़क चोरी हो जाने को लेकर पुलिस थाने में अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज करने को लेकर आवेदन दिया है। ग्रामीणों का आरोप है, 10 लाख रुपए की लागत से उनके गांव में बनाई गई। सड़क रातों रात गायब हो गई है।
भ्रष्टाचार से जुड़ा है मामला
गांव वाले खराब सड़क से परेशान हैं। सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे हैं। कागज पर ही कच्ची और फिर कुछ दिन बाद पक्की सड़क बना दी गई, लेकिन गांव वालों को सड़क कभी मिली ही नहीं थी। अब जब उन्हें पता चला कि सड़क कागजों पर बनी है। इसमें 10 लाख रुपए भ्रष्टाचार किया गया है, तो वे उपसरपंच के साथ मिलकर गांव की सड़क चोरी होने की शिकायत दर्ज कराने पहुंचे ।
मेंडरा गांव के उप सरपंच रमेश कुमार यादव ने तंज कसते हुए कहा कि रात तक उनके गांव में सड़क बनी हुई थी। सड़क बनाई भी ठीक गई थी. रात तक यह सड़क बिल्कुल ठीक लेकिन फिर अचानक सुबह होते ही रोड गायब हो गई। जहां सड़क बनाई गई थी वहां इसका कोई निशान तक नहीं था।
कागजों पर बना दी, जमीन पर सड़क गायब
भाजपा नेता अखिलेश पांडे ने कहा, मंडेरा गांव उनके गांव के पास ही है, जहां गांव वालों ने सड़क चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई है। यह भ्रष्टाचार से जुड़ा मामला है। इसकी जांच की जानी चाहिए, क्योंकि सड़क जमीन पर नहीं, बल्कि कागजों पर बनाई गई है।
उपसरपंच रमेश कुमार यादव का कहना है कि मामले की पड़ताल की, तो जनपद पंचायत कार्यालय के अन्य अधिकारियों ने कैमरे पर कुछ भी कहने से इनकार कर दिया। हालांकि ऑफ कैमरा लोग यह बात जरूर कहते नजर आए कि सड़क कभी बनी ही नहीं थी। इसे बनाने के नाम पर भ्रष्टाचार हुआ है।
जांच कराएंगे
मेंडरा गांव में सड़क की चोरी होने का मामला जब जनपद पंचायत पहुंचा, तो सीईओ भी हैरान रहे गए। सीईओ एमएल प्रजापति ने कहा, गांव वालों ने सड़क की चोरी होने की जो शिकायत दर्ज कराई है, उसे चोरी कहना ठीक नहीं होगा। वे हाल ही में यहां नियुक्त हुए हैं। उन्हें मामले की पूरी जानकारी नहीं है। वह जांच कराएंगे, इसके बाद ही तथ्य सामने आएंगे।




