देपालपुर। शासकीय प्राथमिक विद्यालय क्रमांक 1 देपालपुर में बच्चों की पढ़ाई अब स्मार्ट टीवी( LED) से होगी। देपालपुर अनुविभागीय अधिकारी श्री रवि कुमार सिंह के मुख्य आतिथ्य, मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री सुरेशचंद्र त्रिवेदी की अध्यक्षता, खण्ड स्रोत समन्वयक श्री श्रवण शर्मा और संकुल प्राचार्य श्री योगेंद्र गीते तथा योग गुरु डॉ. इंदरसिंह राठौर के विशेष आतिथ्य में कार्यक्रम की शुरुआत हुई। अतिथियों द्वारासर्वप्रथम मां सरस्वती का पूजन किया गया। सरस्वती वंदना पश्चात अतिथि स्वागत संस्था प्रधान डॉ.विनोद वर्मा,अलकेश खांडपा,अशोक शर्मा, दिलीप शर्मा ने किया।
स्वागत भाषण व प्रतिवेदन प्रस्तुत किया डॉ.वर्मा ने। अतिथि उद्बोधन में समस्त अतिथियों ने संस्था में किये गए कार्यों और डॉ. विनोद वर्मा के सतत किये जा रहे कार्यों और प्रयासों की मुक्तकंठ से प्रशंसा की। मुख्य अतिथि श्री रवि कुमार सिंह ने कोविड वेक्सिनेशन के दोनों डोज़ लेने के लिए उपस्थित पालकों को धन्यवाद देने के साथ जिन्होंने दोनो डोज़ नही लगवाएं है उन्हें वेक्सिनेशन के लिए प्रेरित करने का आग्रह भी किया। छात्रों को शैक्षणिक सामग्री के साथ – साथ टाई – बेल्ट भी वितरित किये। पश्चात स्मार्ट टीवी. का पर्दा हटाकर व स्विच दबाकर एसडीएम सर ने शुभारम्भ किया।आज के इस आयोजन में शिक्षकों के साथ नन्हे – नन्हे छात्र बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे थे। हर कार्य को पूर्ण करने को आतुर छात्र व उनके पालकों ने भी आज के इस आयोजन को सफल बनाने में अपनी अहम भूमिका निभाई। डेढ़ घण्टे चले कार्यक्रम के पश्चात छात्रों पालकों को डबल टॉफियां वितरित की। वहीं विजय दादा मंडोवरा की ओर से छात्रों को गर्म स्वेटर दिए जाने की घोषणा की सूचना भी दी गई। वे आज एक समारोह में बाहर गए हुए है। आज के आयोजन पर बच्चे भी खुश थे और पालक भी। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ साथी रमेशचन्द्र सोलंकी ने किया आभार श्रीमती निर्मला चौहान ने माना।





