भोपाल
मध्य प्रदेश में आज शिवराज सिंह चौहान की तस्वीर लगी होर्डिंग लगाई गई है। इस पर लिखा है बुलडोजर मामा। इसको लेकर कांग्रेस ने आज शिवराज सिंह चौहान पर तंज कसा है। कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता नरेंद्र सलूजा ने होर्डिंग वाले वीडियो को ट्वीट करते हुए इसे चुनावी इवेंट बताया है। गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को बुलडोजर बाबा कहा गया था। माना जा रहा है कि इसी तर्ज पर शिवराज सिंह चौहान की बुलडोजर मामा वाली होर्डिंग लगाई गई है।

कहा-बेटियां सुरक्षित नहीं हैं
इस पर तंज करते हुए कांग्रेस नेता ने लिखा है कि कुर्सी बचाने के लिए मामा अब चले योगी की राह पर। उन्होंने लिखा है कि एनसीआरबी के आंकड़ों में मध्य प्रदेश मामा के राज में बहन-बेटियों से अत्याचार में देश में नं. 1। प्रतिदिन 23 बेटियां होती हैं अत्याचार की शिकार। इसके आगे सलूजा ने लिखा कि 15 वर्षों में भी सुरक्षा नहीं दे पाये, अब चले बुलडोजर के नाम पर गुमराह करने।
माफियाओं के लिए जो गड्ढा खोदा था क्या हुआ
कांग्रेस प्रवक्ता अपनी ट्वीट में सिर्फ इतने पर ही नहीं रुके। उन्होंने आगे लिखा कि कई भाजपा नेताओं के नाम भी दुष्कर्म की घटनाओं में सामने आए हैं। क्या उनके घर से बुलडोजर चलाकर शुरुआत होगी? सलूजा ने लिखा है कि माफियाओं के लिए जो 10 फिट का गड्डा खोदा था, उसका क्या हुआ? क्या उसे बुलडोज़र से भर दिया? उन्होंने इसे चुनावी इवेंट बताया है। साथ ही बेटियों की सुरक्षा के लिए मांग की। उन्होंने लिखा कि सब चुनावी इवेंट…बेहतर हो बेटियों को सबसे पहले सुरक्षा दो…





