इंदौर
नगरीय निकाय चुनाव के तहत शनिवार को नामांकन के अंतिम दिन भाजपा के महापौर प्रत्याशी पुष्यमित्र भार्गव नामांकन दाखिल करने कलेक्टर ऑफिस पहुंचे। इससे पहले सीएम शिवराज सिंह चौहान ने राजबाडा पर एकत्रित कार्यकर्ताओं को संबोधित किया और भार्गव को मजबूत बनाने की मांग की। यहां से रैली के रूप में भार्गव कलेक्टोरेट पहुंचे। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा भी इंदौर आए थे, लेकिन नामांकन रैली में शामिल नहीं हुए। उधर, भाजपा द्वारा घोषित 85 पार्षद और कांग्रेस के प्रत्याशी भी आज नामांकन भरेंगे। इसी कड़ी में आम आदमी के महापौर प्रत्याशी एडवोकेट कमल गुप्ता ने भी नामांकन दाखिल किया। नामांकन दोपहर 3 बजे तक लिए जाएंगे। शुक्रवार तक महापौर प्रत्याशी के लिए 11 और 85 पार्षद पदों के लिए 340 प्रत्याशी नामांकन दाखिल कर चुके हैं।
– मीडिया से चर्चा में भीतरघात सहित हर आशंका को खारिज किया। संजय शुक्ला को बताया बड़ा भाई। नारा दिया सबका साथ, सबका विकास
– दोपहर साढ़े तीन बजे भार्गव नामांकन कक्ष से बाहर आए।
– नामांकन जमा करने पुष्यमित्र भार्गव के साथ उनकी पत्नी एडवोकेट जूही, कैलाश विजयवर्गीय, शंकर लालवानी और गौरव रणदिवे अंदर कक्ष में गए। जबकि बाकी नेता बाहर हैं।
– निर्दलीय नामांकन भरेंगे निगम सभापति अजय नरुका
– ड्रोन की मदद से पूरे इलाके पर रखी जा रही नजर
– भीड़ के कारण पुलिस ने किया हल्का बल प्रयोग
– कैलाश विजयवर्गीय और रमेश मेंदोला हाथ पकड़कर अंदर ले गए पुष्यमित्र को
– पुष्यमित्र के साथ महापौर की दौड़ में शामिल सभी अन्य नेता भी गाड़ी में सवार होकर कलेक्टर ऑफिस पहुंचे।
– भाजपा के मेयर प्रत्याशी पुष्यमित्र भार्गव नामांकन फॉर्म जमा करने कलेक्टर ऑफिस पहुंचे।
– भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में कलेक्टर ऑफिस पहुंचे विधायक रमेश मेंदोलो
इंदौर में यह बोले शिवराज
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के इंदौर दौरे के दौरान महापौर पद के प्रत्याशी पुष्यमित्र भार्गव के समर्थन में कहा कि पुष्यमित्र मतलब जनता का मित्र। भारतीय जनता पार्टी सबसे अलग पार्टी है, मोदी जी, अमित जी, नड्डा जी हमारे नेता हैं। पार्टी ने तय किया एक व्यक्ति के पास एक पद रहेगा। कांग्रेस में तो एक ही आदमी विधायक, सांसद और महापौर के उम्मीदवार। कमलनाथ या तो तुम्हारे पास कार्यकर्ता ही नहीं है, या कार्यकर्ता हैं तो उनकी कोई इज्जत नहीं है। इंदौर में लड़ाई धन के पुजारी और ज्ञान के पुजारी के बीच में है। पुष्यमित्र भार्गव की छवि स्वस्थ है। इंदौर के विकास की जो परंपरा रही है, उसे बरकरार रखा जाएगा। इंदौर मेरे सपनों का शहर है। आने वाले 10 सालों में इंदौर बेंगलुरु और हैदराबाद को पीछे छोड़ देगा। इंदौर बनाने के हमारे अपने सपने हैं। इंदौर का विकास, ग्रीन सिटी इंदौर, क्लीन सिटी इंदौर, आईटी सिटी इंदौर, मेट्रो सिटी इंदौर, स्मार्ट सिटी इंदौर इनवेस्टर्स सिटी इंदौर के लिए हमारा रोड मैप तैयार है। 21 हजार करोड़ रुपये के काम हम मिशन नगरोदय के तहत कर रहे हैं, 1700 करोड़ रुपये के कार्य इंदौर में किए जा रहे हैं। कमलनाथ जी ने तो वल्लभ भवन को दलालों का अड्डा बना दिया था। अगर कांग्रेस आ गई, तो इंदौर बर्बाद हो जाएगा। हम इंदौर के विकास और जनता के कल्याण में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। विकास के लिए और इंदौर की भलाई के लिए इंदौर नगर निगम में भाजपा के महापौर का होना जरूरी है। कांग्रेस तो जनता को साड़ियां और कपड़े बांटने का काम कर रही है। कांग्रेसी आएगा, दाना डालेगा, साड़ी लाएगा, तीर्थ यात्रा करवाने का नाटक करेगा, लेकिन हमें उनके जाल में नहीं फंसना है। गुंडे, बदमाश, माफिया, गड़बड़ करने वालों और गरीबों का हक छीनने वालों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कोई गड़बड़ करेगा, तो बुलडोजर चलेगा। अकेले पुष्यमित्र ही नहीं, 85 के 85 पार्षद भी भाजपा के ही होना चाहिए।
– सीएम शिवराज इंदौर से रवाना। भार्गव की नामांकन रैली में नहीं हुए शामिल।
– इंदौर में बोले शिवराज, भाजपा नेता हो जाएं सावधान। अगर कोई दूसरा मेयर बन गया तो हमारे सपने बिखर जाएंगे। फिर सपनों के शहर इंदौर में उद्घाटन को भी तरस जाओगे।
– भाजपा ने दिया कई दागियों और क्रिमिनल्स को टिकट। इनके खिलाफ पार्टी कार्यकर्ताओं में भारी रोष। वार्ड 18 से विजय उर्फ विज्जु परमार और वार्ड 70 से भारत रघुवंशी और वार्ड 82 से शानू शर्मा पर कई केस। विजय पर राजेंद्र नगर थाने में 307, छत्रीपुरा में 376, रेप पीड़िता से केस वापस लेने के लिए मारपीट का आरोप। चंदन नगर में 323,354 के 4 प्रकरण। भारत रघुवंशी छत्रीपुरा थाने का दस हजार रुपए का फरार इनामी है। शानू शर्मा पर द्वारकापुरी,चंदन नगर में ब्याज खोरी की शिकायतें।
– सीएम शिवराज सिंह चौहान राजबाड़ा पहुंचे। पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे।
– वार्ड 56 से युवराज की पत्नी स्वाति के स्थान पर गजानन गावडे होंगे भाजपा प्रत्याशी

भाजपा प्रत्याशी चंदू शिंदे
-एनसीपी पार्टी से कुलदीप पवार ने महापौर के लिए नामांकन भरा

एनसीपी से महापौर प्रत्याशी कुलदीप पवार
– आम आदमी पार्टी से महापौर के प्रत्याशी एडवोकेट कमल गुप्ता और समर्थकों से पुलिस ने की धक्का-मुक्की। गुप्ता को कलेक्टोरेट के गेट पर रोका।
– गुल्टू हत्याकांड के आरोपी रहे शंकर यादव फिर से सीएम के सामने बीजेपी में हो सकते हैं शामिल। तारा कुंज गार्डन में बीजेपी नेताओं से मिलने पहुंचे यादव।
– वार्ड 56 से युवराज उस्ताद काशिद की पत्नी स्वाति को भाजपा द्वारा टिकट देने के बाद पार्टी में अंर्तकलह बढ़ गया। इसके चलते प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने वार्ड 56 से स्वाति का टिकट कैंसिल कर नए उम्मीदवार की घोषणा करने की बात कही है। हालांकि अभी नए नाम पर सहमति नहीं बनी है।

पत्नी स्वाति के साथ युवराज
– कई निर्दलीय प्रत्याशी भी नामांकन जमा करने पहुंचे।
– वार्ड क्रमांक 54 में बाहरी प्रत्याशी को भाजपा द्वारा टिकट दिए जाने पर पूर्व पार्षद मंजू राकेश गोयल के समर्थन में सारे बूथ अध्यक्ष एवं सारे बूथ प्रभारी बीजेपी कार्यालय पर बीजेपी नगर अध्यक्ष गौरव रणदिवे को इस्तीफा सौंपने पहुंचे।
– वार्ड 66 में कंचन गिदवानी का बाहरी होने के कारण भारी विरोध। वहां के कई कार्यकर्ता दे सकते हैं इस्तीफा।
– बीजेपी महापौर पद के प्रत्याशी पुष्यमित्र भार्गव ने सुबह 9 बजे सपरिवार खजराना गणेश की पूजा अर्चना की एवं आशीर्वाद लिया।
गैंगस्टर पति युवराज के कारण कटा स्वाति का टिकट
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने वार्ड 56 में भारी विरोध के बाद स्वाति काशिद का टिकट कैंसिल करने काे लेकर उनके परिवार के व्यक्ति की आपराधिक पृष्ठभूमि होने का कारण बताया है। यहां परिवार का व्यक्ति और कोई नहीं बल्कि स्वाति का पति युवराज काशिद है, जो इंदौर का नामी गैंगस्टर है। पिछले दिनों एक बार फिर युवराज सुर्खियों में आया था। यहां हम आपको बता रहे हैं उस केस के बारे में जिसने युवराज को इंदौर के क्राइम वर्ल्ड में मजबूत बनाया…
इंदौर की महू उपजेल में 2007 में हुए जीतू ठाकुर हत्याकांड मामले के कथित मास्टरमाइंड युवराज काशिद हाल ही में इस केस से बरी हुआ है। युवराज काशिद के पिता और टेक्सटाइल मिल कर्मचारी यूनियन के नेता विष्णु उस्ताद की हत्या में गैंगस्टर जीतू ठाकुर महू उप जेल में बंद था। जेल के अंदर ही जीतू की हत्या हुई थी।दो आरोपियों अशोक पिता बाबा और विनोद उर्फ विक्की को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। वहीं तीन आरोपियों युवराज काशिद, यशवंत और करण उर्फ विजय को बरी कर दिया है। इस बहुचर्चित मामले में पुलिस ने 15 साल में कुल 93 गवाहों के बयान न्यायालय के समक्ष कराए थे। जिसमें से 77 गवाह अपने बयानों से पलट गए। पुलिस ने अपनी चार्जशीट में आरोपी युवराज उस्ताद, यशवंत, करण उर्फ विजय,अशोक बाबा, विनोद उर्फ विक्की और अशोक मराठा को आरोपी बनाया था।महू जेल में बंद गैंगस्टर जीतू ठाकुर को 23 जून 2007 को जेल के अंदर ही गोलियों से भून दिया गया था। जेल में पहले से एक अपराध में बंद आरोपी अर्जुन उर्फ बाबा से जीतू की पूरी रैकी कराई गई थी। जिस दिन जेल में यह कांड हुआ तब जीतू खिड़की पर ही मुलाकात ले रहा था। तभी भेष बदलकर आए आरोपियों ने उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी थी। इस हत्याकांड के बाद महू जेल के कई वरिष्ठ अफसरों पर भी गाज गिरी थी। पुलिस द्वारा हत्याकांड में आरोपी बनाए जाने के बाद युवराज और उसके साथियों ने सरेंडर कर दिया था।





