नैशनल एलिजिबिलिटी एंड एंट्रेंस टेस्ट – अंडरग्रैजुएट (NEET UG) 2023 के लिए रजिस्ट्रेशन आज से शुरू होगा। संडे को ही पोस्टग्रैजुएट के लिए एंट्रेंस (NEET PG 2023) होगा। बीजेपी के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज केरल के एक दिवसीय दौरे पर रहेंगे। वह एक जनसभा को संबोधित भी करेंगे। वहीं, दिल्ली नगर निगम (MCD) आज कमला नगर (मंडेलिया रोड) में ‘राहगीरी’ का आयोजन कर रहा है। इसमें नुक्कड़-नाटक, म्यूजिक, ग्रुप डांस, लाइव आर्ट, पुलिस बैंड, योगा जैसे कई कार्यक्रम होंगे। सुबह 7 बजे से 10 बजे तक यह आयोजन होगा।
इंडियन आर्मी ने लद्दाख में लाइन ऑफ एक्चुअल कंट्रोल यानी LAC के पास निगरानी बढ़ा दी है। यहां तैनात सेना के जवान गलवान घाटी और आस-पास के इलाकों में घोड़ों से पेट्रोलिंग कर रहे हैं। आर्मी ने कुछ तस्वीरें जारी की हैं, जिसमें सेना के जवान गलवान के ऊंचाई वाले इलाकों में क्रिकेट खेलते दिख रहे हैं।
15 जून 2020 को गलवान घाटी में भारत-चीन के सैनिकों के बीच झड़प हुई थी। आर्मी के एक अफसर ने न्यूज एजेंसी ANI को बताया कि लद्दाख में LAC और गलवान घाटी के पास तैनात जवानों ने “संभावित” चीनी हमले को रोकने के लिए बॉर्डर एरिया का सर्वे करने सहित कई एक्टिविटीज में हिस्सा लिया।
उधर, CJI डीवाई चंद्रचूड़ ने दिल्ली में अमेरिकन बार एसोसिएशन (ABA) की कॉन्फ्रेंस में फेक न्यूज और ट्रोलिंग पर चिंता जताई। चंद्रचूड़ ने कहा, सोशल मीडिया पर फाल्स न्यूज जिस रफ्तार से फैलती है, उसके चलते सच झूठी खबरों का शिकार हो गया है। एक झूठी बात बीज की तरह जमीन में बोई जाती है और यह बड़ी थ्योरी में बदल जाती है, जिसे तर्क के आधार पर तौला नहीं जा सकता है
- दिल्ली: आज कमला नगर मार्केट में राहगीरी
- सबसे पहले राहगीरी की शुरुआत 2013 में गुड़गांव से हुई थी, जो अब देश के 75 शहरों में होती है। कुछ साल पहले दिल्ली में इसे बंद कर दिया गया था, लेकिन जी-20 सम्मेलन के मद्देनजर यह कार्यक्रम एक बार फिर शुरू किया जा रहा है। एमसीडी ने अब संडे को कमला नगर मार्केट में राहगीरी के आयोजन का कार्यक्रम बनाया है, जो सुबह 7 बजे से 10 बजे तक चलेगा। इस दौरान रोड सेफ्टी कैंपेन, स्ट्रीट गेम्स, फिटनेस कार्यक्रम, जुंबा, भांगड़ा, योगा आदि होंगे।
- सरकार ने कच्चे तेल पर बढ़ाया टैक्स
- केंद्र सरकार ने विंडफॉल टैक्स में बदलाव किया है। सरकार ने कच्चे तेल यानी क्रूड ऑयल के विंडफॉल टैक्स में जहां बढ़ोतरी की है, वहीं डीजल और एयर टरबाइन फ्यूल (एटीएफ) के एक्सपोर्ट पर अतिरिक्त ड्यूटी में कटौती की है। क्रूड ऑयल के विंडफॉल टैक्स में मामूली बढ़त की गई है। इसे 4,359 रुपये प्रति टन से बढ़ाकर 4,400 रुपये प्रति टन कर दिया गया। वहीं डीजल पर देय एक्सपोर्ट ड्यूटी को 2.5 रुपये प्रति लीटर से घटाकर 0.5 रुपये लीटर कर दिया गया है। एयर टरबाइन फ्यूल के एक्सपोर्ट पर लगने वाला टैक्स को खत्म कर दिया गया है। यह सभी टैक्स 4 मार्च से लागू हो चुके हैं।
- समुद्र स्तर में बढ़ोतरी से चेन्नै, कोलकाता को खतरा: रिसर्च
- एक नई रिसर्च में यह बात सामने आई है कि इस सदी में समुद्र का स्तर बढ़ने से कुछ एशियाई महानगरों के साथ-साथ पश्चिमी प्रशांत द्वीप समूह और पश्चिमी हिंद महासागर पर प्रभाव पड़ सकता है। रिसर्च टीम ने कई एशियाई महानगरों की पहचान की, जो ग्रीनहाउस गैसों का उच्चस्तरीय उत्सर्जन जारी रहने की सूरत में सन 2100 तक जोखिमों का सामना कर सकते हैं। इन महानगरों में चेन्नै, कोलकाता, यांगून, बैंकॉक, हो ची मिन्ह सिटी और मनीला शामिल हैं। अध्ययन में जलवायु परिवर्तन के कारण समुद्र स्तर में अनुमानित वृद्धि को ध्यान में रखते हुए प्राकृतिक उतार-चढ़ाव की पड़ताल की गई है। (पीटीआई)
- चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर 18 किलो सोने की ईंटों के साथ शख्स गिरफ्तार
- चंडीगढ़ हवाईअड्डे पर सीमा शुल्क अधिकारियों ने शनिवार को एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है और उसके कब्जे से 10,28,16,000 रुपये मूल्य की 1 किलो वजनी (कुल 18 किलो) शुद्ध सोने की 18 ईंटें बरामद की हैं। अधिकारी ने बताया कि दुबई से इंडिगो की उड़ान से चंडीगढ़ पहुंचे आरोपी को यात्रियों की प्रोफाइलिंग के आधार पर पकड़ा गया। अधिकारी ने कहा कि सोने की ईंटों को सीमा शुल्क अधिनियम की धारा 110 के तहत जब्त कर लिया गया है और यात्री को अधिनियम की धारा 104 के तहत गिरफ्तार कर लिया गया है।
- 1. आर्मी ने LAC के पास एक्टिविटी बढ़ाई, फिटनेस के लिए क्रिकेट-हॉकी खेल रहे जवान
- इंडियन आर्मी ने लद्दाख में LAC पर एक्टिविटी बढ़ा दी है। कुछ तस्वीरें भी सामने आई हैं, जिसमें सैनिक गलवान इलाके में क्रिकेट और आइस हॉकी खेल रहे हैं। हालांकि लोकेशन का खुलासा नहीं किया गया है। आर्मी सर्दियों के दौरान सैनिकों की फिटनेस बरकरार रखने के लिए गेम्स ऑर्गेनाइज करती है।
- लेह स्थित आर्मी की 14वीं कोर ने भी एक ट्वीट शेयर किया है। इसमें लिखा- पटियाला ब्रिगेड त्रिशूल डिवीजन ने पूरे उत्साह के साथ जीरो से कम तापमान और बेहद ऊंचाई वाले क्षेत्र में क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया। हम असंभव को संभव बनाते हैं।
- 2. मनीष सिसोदिया की CBI रिमांड 6 मार्च तक बढ़ी, जमानत अर्जी पर 10 मार्च को सुनवाई
- दिल्ली शराब नीति केस में गिरफ्तार दिल्ली के पूर्व डिप्टी CM मनीष 6 मार्च तक CBI की कस्टडी में रहेंगे। दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने उन्हें 6 मार्च तक रिमांड पर भेजा है। सिसोदिया ने अदालत को बताया कि CBI मुझसे एक ही सवाल बार-बार पूछती है, इससे मानसिक प्रताड़ना महसूस हो रही है।
- अदालत ने जांच एजेंसी को ऐसा न करने का निर्देश दिया। उधर, सिसोदिया की जमानत अर्जी पर 10 मार्च को सुनवाई होगी। सिसोदिया 26 फरवरी को गिरफ्तार हुए थे। कोर्ट ने उन्हें 27 फरवरी को 5 दिन के लिए रिमांड पर भेजा था। रिमांड की अवधि 4 मार्च को पूरी होने के बाद उन्हें दोबारा कोर्ट लाया गया।
- 3. विमेंस प्रीमियर लीग का पहला मैच, मुंबई इंडियंस ने गुजरात जायंट्स को 143 रन से हराया
- विमेंस प्रीमियर लीग यानी WPL के पहले मैच में मुंबई इंडियंस(MI) ने गुजरात जायंट्स (GG) को 143 रन के बड़े अंतर से हरा दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई ने 208 रन का टारगेट दिया। टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर (65 रन) ने लीग का पहला अर्धशतक जमाया।
- वहीं लेफ्ट आर्म स्पिनर साइका इशाक ने 4 विकेट चटकाए। जवाब में गुजरात की बल्लेबाज 15.1 ओवर में 64 रन बनाकर पवेलियन लौट गईं। दयालन हेमलता ने सबसे ज्यादा नाबाद 29 रन बनाए। मोनिका पटेल ने 10 रन जाेड़े। शेष 9 बल्लेबाज सिंगल डिजिट में पवेलियन लौट गईं।
- 4. CJI बोले- सोशल मीडिया के दौर में सब्र-सहिष्णुता नहीं बची, जज भी ट्रोलिंग से नहीं बच पाते
- CJI डीवाई चंद्रचूड़ ने दिल्ली में अमेरिकन बार एसोसिएशन की कॉन्फ्रेंस में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि हम ऐसे दौर में रह रहे हैं जहां लोगों में सब्र और सहिष्णुता कम है। सोशल मीडिया के दौर में अगर कोई आपकी सोच से सहमत नहीं है, तो वह आपको ट्रोल करना शुरू कर देता है।
- CJI ने कहा- जिस समय संविधान का ड्राफ्ट तैयार किया गया था, उस वक्त हमारे पास इंटरनेट नहीं था। सोशल मीडिया तो बिल्कुल नहीं था। आज हर छोटी चीज के लिए यह डर रहता है कि सोशल मीडिया पर लोग आपको ट्रोल करेंगे। और यकीन मानिए जज होकर हम इस ट्रोलिंग से बच नहीं पाते हैं।
- 5. अमरिकी राष्ट्रपति बाइडेन ने स्किन कैंसर की सर्जरी कराई, चेस्ट से कैंसर टिश्यू निकाले गए
- 16 फरवरी को फिजिकल एग्जामिनेशन के दौरान डॉक्टर ओ’कॉनर ने 80 साल के बाइडेन को बिल्कुल फिट बताया था।
- अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन के सीने पर ‘स्किन कैंसर’ का घाव था। इसे सर्जरी के बाद हटा दिया गया है। व्हाइट हाउस के डॉक्टर केविन ओ’कॉनर ने बताया कि फरवरी में बाइडेन की सर्जरी हुई थी। इस दौरान कैंसर फैलाने वाले सभी टिश्यूज को हटा दिया गया। अब बाइडेन बिल्कुल ठीक हो गए हैं।
- जांच में पता चला कि ये घाव बेसल सेल कार्सिनोमा है, जो कि स्किन कैंसर का सामान्य रूप है। बाइडेन की पत्नी जिल ने भी जनवरी में स्किन कैंसर की सर्जरी कराई थी। बाइडेन के बेटे ब्यू को ब्रेन कैंसर था। 2015 में उसकी मौत हो गई थी। कुछ रिपोर्ट्स में बाइडेन को डिमेंशिया का रोगी भी बताया गया है।
- मुंबई इंडियंस ने गुजरात जायंट्स को 143 रन से हराया
- मुंबई इंडियंस ने गुजरात जायंट्स को पहले महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) के उद्घाटन मैच में शनिवार को यहां 143 रन से करारी शिकस्त दी। मुंबई ने पहले बल्लेबाजी का न्यौता मिलने पर पांच विकेट पर 207 रन का विशाल स्कोर बनाया। इसके जवाब में गुजरात की टीम 15.1 ओवर में 64 रन पर ढेर हो गई।
- स्कूल के गेट पर सिसोदिया का पोस्टर लगाने पर FIR
- दिल्ली सरकार के स्कूल प्रबंधन समिति (एसएमसी) की समन्वयक के खिलाफ शनिवार को कथित रूप से पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के समर्थन में पोस्टर लगाने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। सिसोदिया 2021-22 के आबकारी मामले में इस समय सीबीआई की हिरासत में हैं। एक अधिकारी ने कहा कि शास्त्री पार्क इलाके में दिल्ली सरकार के एक स्कूल के मुख्यद्वार पर पोस्टर लगाया गया था। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि शास्त्री पार्क पुलिस स्टेशन में दिल्ली सार्वजनिक संपत्ति विरूपण अधिनियम की धारा 3 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
- कर्नाटक : हुबली में व्यापारी के घर से तीन करोड़ रुपये की नकदी जब्त की गई
- कर्नाटक के हुबली में केंद्रीय अपराध शाखा (सीसीबी) के अधिकारियों ने शनिवार को एक कारोबारी के पास से तीन करोड़ रुपये नकद जब्त किए। पुलिस ने यह जानकारी दी। दो दिन पहले ही भाजपा के एक विधायक के बेटे के घर से 8.23 करोड़ रुपये नकद बरामद की गयी थी। पुलिस ने बताया कि एक गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए सीसीबी ने एक ‘प्रतिष्ठित कारोबारी’ के हुबली स्थित घर का घेराव किया और ‘बेहिसाब’ नकदी बरामद की। पुलिस ने बताया कि कारोबारी के पास 500 रुपये मूल्य वर्ग में तीन करोड़ रुपये के नोटों की धनराशि को सही ठहराने के लिए कोई दस्तावेज या स्पष्टीकरण नहीं था।
- उद्धव ठाकरे ने कपिल सिब्बल के ‘इंसाफ’ का समर्थन किया
- शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के अध्यक्ष उद्धव ठाकरे ने शनिवार को सांसद व अधिवक्ता कपिल सिब्बल द्वारा शुरू किए गए मंच ‘इंसाफ’ का समर्थन किया। महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री ने यहां एक बयान में कहा कि वे सभी राजनीतिक पार्टियां जो देश में लोकतंत्र बनाए रखना चाहती हैं, उन्हें इसका समर्थन करना चाहिए। ठाकरे ने कहा, ‘वे सभी लोग जो चाहते हैं कि लोकतंत्र फूलता-फलता रहे उन्हें पूरी मजबूती के साथ कपिल सिब्बल के इस नये कदम का साथ देना चाहिए।’ राज्यसभा सदस्य सिब्बल ने आज दिन में घोषणा की थी कि वह देश में ‘अन्याय’ के खिलाफ लड़ने के लिए नया मंच ‘इंसाफ’ शुरू कर रहे हैं और उन्होंने मुख्यमंत्रियों और विपक्षी दलों के अन्य नेताओं से इसका समर्थन करने का भी अनुरोध किया। शिवसेना में विभाजन के मामले में सुप्रीम कोर्ट में उद्धव ठाकरे गुट के वकील कपिल सिब्बल हैं।





