अग्नि आलोक
script async src="https://pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js?client=ca-pub-1446391598414083" crossorigin="anonymous">

इंदौर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को वाटर कैनन से खदेड़ा: संपत्ति कर में बढ़ोतरी के खिलाफ प्रदर्शन

Share

इंदौर

दौर में नगर निगम मुख्यालय का घेराव कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने वाटर कैनन चलाकर खदेड़ा। कांग्रेस संपत्ति कर में 30 से 60 फीसदी की वृद्धि को लेकर विरोध कर रही है। इसका असर 531 कॉलोनियों पर पड़ रहा है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इंदौर के महापौर का पुतला भी फूंका। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर हल्का बल प्रयोग किया है।

कांग्रेस के प्रदर्शन को देखते हुए सुबह से पुलिस के आला अफसर और कई थाना प्रभारी घेराव के पहले ही निगम मुख्यालय पहुंच गए थे। पुलिस ने बैरिकेडिंग करा दी थी। कांग्रेसियों का प्रदर्शन जब उग्र हो गया तो पुलिस को दो बार वाटर कैनन चलानी पड़ी। हल्का बल प्रयोग भी करना पड़ा।

प्रदर्शन में पूर्व मंत्री और विधायक जीतू पटवारी, विधायक संजय शुक्ला, नगर निगम नेता प्रतिपक्ष चिंटू चौकसे सहित कांग्रेस पार्षद भी शामिल हुए। वाटर कैनन से राजू भदौरिया, पिंटू जोशी, स्विप्नल कांबले, रमीज खान, साक्षी शुक्ला, अमित चौरसिया, चिंटू चौकसे सहित कुछ कांग्रेसी कार्यकर्ता घायल हुए हैं।

निगम मुख्यालय पर कांग्रेसियों ने फूंका महापौर का पुतला।

डोर टू डोर कचरा कलेक्शन की दरों में 30% से ज्यादा बढ़ोतरी

रेट जोन में बदलाव की वजह से डोर टू डोर कचरा कलेक्शन की दरों में भी 30 प्रतिशत से ज्यादा की बढ़ोतरी हुई है। कांग्रेस इसी का विरोध कर रही है। नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष चिंटू चौकसे का कहना है कि एक तरफ तो महापौर दावा कर रहे हैं कि निगम ने नागरिकों को राहत देते हुए कोई नया कर नहीं लगाया है। दूसरी तरफ गुपचुप तरीके से रेट जोन में बदलाव कर दिया गया।

इससे शहर की 531 कालोनियों के लाखों लोगों पर टैक्स की मार पड़ रही है। हमने इस संबंध में कुछ दिन पहले ही महापौर को ज्ञापन देकर बदलाव का विरोध किया था। इसके बावजूद कुछ नहीं हुआ।प्रदर्शन के दौरान पूर्व मंत्री और कांग्रेस विधायक जीतू पटवारी समेत अन्य नेता और कार्यकर्ता बैरिकेड्स पर चढ़ गए।

निगम सुविधा बढ़ाने के नाम पर खोद रही गड्ढे

नेता प्रतिपक्ष चौकसे ने आरोप लगाया कि निगम सुविधाएं देने के नाम पर शुल्क बढ़ा रहा है। दूसरी तरफ आमजन को कोई सुविधा नहीं मिल रही। सड़कों पर जो गड्ढे खोदे जा रहे हैं, उन्हें भरा तक नहीं जा रहा। इदरीस नगर में हुआ हादसा इसी का परिणाम है। ऐसे ही मौत के गड्ढे पूरे शहर में खुदे पड़े हैं। निगम हर बार किसी हादसे के बाद व्यवस्था सुधारने के बजाय दिखावटी कार्रवाई कर देता है, लेकिन अब ऐसा नहीं होगा।शहर युवक कांग्रेस अध्यक्ष रमीज खान प्रदर्शन के दौरान घायल हो गए। उनकी आंख में चोट लगी है।

महापौर बोले कांग्रेस का प्रदर्शन महज राजनीतिक स्टंट

कांग्रेस के प्रदर्शन को लेकर इंदौर नगर निगम के महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि इंदौर दुनिया में स्वच्छता का सिरमौर है। हम सोलर और डिजिटल की ओर आगे बढ़ रहे हैं। ऐसे में कांग्रेस की गुटीय राजनीति को साधने की दृष्टि से दिखावे का प्रदर्शन कहीं ना कहीं इंदौर की गरिमा और संस्कृति के खिलाफ है।

मेयर ने कहा कि जिस प्रकार से कांग्रेस के नेता पार्षद पति खुलेआम नगर निगम के कर्मचारियों को धमका रहे हैं। ये इंदौर की राजनीति के संस्कार और संस्कृति को प्रदर्शित नहीं करता है। कहीं ना कहीं इस प्रकार के कृत्य इंदौर के संस्कार के खिलाफ हैं। कांग्रेस का यह प्रदर्शन सिर्फ चुनावी स्टंट है।

एक तरफ इंदौर नगर निगम दुनिया में एनआरआई और जी-20 सम्मेलन के माध्यम से अपने परचम गाड़ रही है। दूसरी तरफ कांग्रेस का यह दिखावे का स्टंट और प्रदर्शन इसकी छवि को धूमिल करने का काम कर रहा है।

इंदौर के महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कांग्रेस पर निगम कर्मचारियों को खुलेआम धमकाने का आरोप लगाया। उन्होंने इस प्रदर्शन को महज राजनीतिक स्टंट बताया।

इंदौर के महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कांग्रेस पर निगम कर्मचारियों को खुलेआम धमकाने का आरोप लगाया। उन्होंने इस प्रदर्शन को महज राजनीतिक स्टंट बताया।

यह है कांग्रेस की डिमांड

  • संपत्ति कर-भवन अनुज्ञा शुल्क में वृद्धि को लेकर विरोध।
  • नगर निगम द्वारा अब तक जितनी भी कॉलोनियों को वैध घोषित किया गया है, उन कॉलोनियों में से एक भी मकान का नक्शा मंजूर नही किया गया है ।
  • रामनवमी के पर्व पर पटेल नगर में हुए हादसे को लेकर दोषियों का क्या हुआ, कार्रवाई क्यों नही हुई ।
  • नर्मदा की लाइन से पीने के पानी में गंदा पानी, बदबूदार पानी, ड्रेनेज के पानी का मिश्रण की समस्या ।
  • नर्मदा की अमृत योजना कब आएगी इसका जवाब, यह बीजेपी और कांग्रेस दोनों के पार्षदों की समस्या है।

Ramswaroop Mantri

Recent posts

script async src="https://pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js?client=ca-pub-1446391598414083" crossorigin="anonymous">

प्रमुख खबरें

चर्चित खबरें