इंदौर
इकॉनोमिक कॉरिडोर के विरोध सहित अन्य मांगों को लेकर इंदौर में आज गुरुवार को राऊ से रेती मंडी चौराहा तक किसान ट्रैक्टर रैली निकाली। राऊ से राजेंद्र नगर, राजीव गांधी चौराहा होते हुए रिंग रोड से आईटी पार्क तक आना थी। इस बीच पुलिस ने आईपीएस कॉलेज के सामने रेती मंडी चौराहा पर ही रैली को रुकवा दिया। यहां विवाद की स्थिति भी बन गई थी। हालांकि जीतू पटवारी ने पुलिस की बात को मानते हुए रैली को चौराहे पर ही खत्म कर संबंधित विभाग के अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा। ट्रैक्टरों के कारण जाम में दो एम्बुलेंस भी फंस गई थी। दोपहर 3.30 बजे कई स्टूडेंट्स की एग्जाम थी इनके भी वाहन रैली में ही फंसे रहे। वे किसी तरह से कॉलेज तो पहुंचे लेकिन लेट हो गए। प्रशासन ने रैली को कलेक्ट्रेट की तरफ प्रवेश नहीं करने देने की पहले ही चेतावनी दी थी।


किसानों का यह विरोध 3200 एकड़ में विकसित किए जा रहे इंदौर-पीथमपुर इकोनॉमी कॉरिडोर के लिए होने वाले अधिग्रहण को लेकर था। इसके लिए 16 गांवों किसान जुटे थे। रैली का नेतृत्व क्षेत्रीय विधायक जीतू पटवारी के अलावा युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीनिवास बीवी और प्रदेशाध्यक्ष विक्रांत भूरिया कर रहे थे। पटवारी खुद ट्रैक्टर चलाकर किसानों का समर्थन कर रहे थे।
मिनट टू मिनट रैली का अपडेट
सुबह 11.15 बजे रैली शुरू हुई। जो ट्रैक्टर पटवारी चला रहे थे उसकी बोनट पर युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष बीवी और प्रदेशाध्यक्ष भूरिया बैठे थे। सुबह 11.30 बजे ट्रैक्टर रैली में सैकड़ों ट्रैक्टर शामिल हुए। ट्रैक्टर मार्च नैनोद से शुरू होकर सिंदोड़ा, रंगवासा, राऊ तक पहुंचा। फिर दोपहर 1 बजे तेजाजी चौक में आसपास के गांवों से आए ट्रैक्टर इकट्ठा हुए। दोपहर 1.30 बजे रैली रंगवासा होते हुए राऊ सर्कल से राऊ थाने के पास सभास्थल पहुंची थी।
ट्रैक्टर रैली में फंसी रही दो एंबुलेंस
दोपहर 2 बजे बीच सड़क पर ट्रैक्टर पर चढ़कर जीतू पटवारी ने किसानों को संबोधित किया। दोपहर 2.20 बजे जीतू पटवारी ने पीएम मोदी पर तंज कसा और ‘इंडिया’ के नारे लगवाए। दोपहर 2.45 बजे सभा का समापन हुआ और रैली राऊ सर्कल से राजेंद्र नगर होते हुए इंदौर शहर की ओर बढ़ गई। दोपहर 3 बजे रैली राऊ से निकलकर सिलिकॉन सिटी पहुंची। यहां पर एक तरफ की सड़क को बंद किया गया था। पुलिस द्वारा ट्रैफिक को क्लियर कराया जा रहा था। दोपहर 3.30 बजे IPS कॉलेज के सामने लम्बा जाम लग गया। 2 एंबुलेंस बीच में फंस गई। एक एंबुलेंस में मरीज था। कॉलेज की छुट्टी का समय होने के कारण कॉलेज की बसें और स्टूडेंट्स इस वक्त जाम में ही फंसे थे।
पुलिस ने रोका तो जीतू पटवारी ने रैली समाप्त करने का लिया निर्णय
दोपहर 3.45 बजे रैली रेती मंडी चौराहे के पास पहुंची तो पुलिस ने यहा से आगे बढ़ने से रोक दिया। यहां पर भारी पुलिस बल तैनात था। विवाद की स्थिति भी बनी थी। रैली के कारण राजीव गांधी से राऊ की तरफ जाने वाली बसों को राजेंद्र नगर के पास रोक दिया गया था। शाम 4 बजे जीतू पटवारी ने रैली को रेती मंडी चौराहे पर समाप्त करने का निर्णय लिया और शांतिपूर्ण तरीके से संबंधित विभाग के अधिकारियों को ज्ञापन सौंप कर किसानों के हित में उचित कार्रवाई किए जाने की मांग की।

रैली रंगवासा होते हुए राऊ सर्कल से राऊ थाने के पास सभास्थल पहुंची।

पूर्व मंत्री और विधायक जीतू पटवारी ट्रैक्टर चलाकर कलेक्ट्रेट में ज्ञापन सौंपेंगे। इनके साथ 500 ट्रैक्टर होने का दावा किया जा रहा है। रैली में मुख्य रूप से युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीनिवास बीवी, विक्रांत भूरिया, दौलत पटेल सहित सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हैं।
अधिकारी बोले, अधिकांश किसान सहमत क्योंकि मिलेगा बड़ा मुनाफा
19.75 किलोमीटर लम्बा और 75 मीटर चौड़ा यह कॉरिडोर पर व्यावसायिक गतिविधियों होंगी। एयरो सिटी, फिंटेक सिटी से लेकर डाटा सेंटर, होटल, आईटी, फिल्म, मीडिया सहित अन्य तमाम गतिविधियां भी यहां संचालित की जाएंगी। एमपीआईडीसी द्वारा यह कॉरिडोर निर्मित किया जा रहा है। इसमें 3200 एकड़ जमीन शामिल की जाएगी।
इंदौर के नैनोद से लेकर सोनवाय, टीही और फिर धन्नड़ ट्रायपोर्ट से ये कॉरिडोर जुड़ेगा। दोनों तरफ 300-300 मीटर तक की जमीन ली गई है। एमपीआईडीसी का कहना है कि वैसे तो अधिकांश किसान योजना से सहमत हैं, क्योंकि इससे उन्हें आर्थिक लाभ भी अच्छा-खासा होगा। नकद मुआवजे के बदले 50 प्रतिशत विकसित भूखंड लैंड पुलिंग पॉलिसी के तहत दिए जाएंगे।





