नई दिल्ली
देश की स्वतंत्रता के 75 साल पूरे होने का जश्न मनाने के लिए केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में एक हाई लेवल कमेटी की घोषणा की है। कमेटी में कांग्रेस की कार्यकारी अध्यक्ष सोनिया गांधी, बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और भाजपा के वरिष्ठ नेता लाल कृष्ण आडवाणी समेत 259 सदस्य शामिल हैं। समिति में अलग-अलग क्षेत्रों की हस्तियां और विशिष्ट नागरिक भी हैं।
आजादी के 75 साल होने पर कार्यक्रमों के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में नेशनल एक्जिक्यूशन कमेटी बनाई गई थी। इसके अलावा सचिवों की भी एक कमेटी बनाई गई है।
लता मंगेशकर और अमर्त्य सेन भी शामिल
कमेटी में पूर्व राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल, CJI एस ए बोबडे, NSA अजित डोभाल, 28 मुख्यमंत्री, लता मंगेशकर, नोबेल पुरस्कार विजेता अमर्त्य सेन, करीब सभी केंद्रीय मंत्री और कई राज्यपाल शामिल हैं। इसके साथ ही CPM नेता सीताराम येचुरी, NCP नेता शरद पवार, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव, BSP प्रमुख मायावती भी शामिल हैं।
आठ मार्च को पहली बैठक होगी
केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय के एक बयान में कहा गया कि यह समिति कार्यक्रमों की रूपरेखा के लिए मार्गदर्शन का काम करेगी। इसके तहत 15 अगस्त 2022 के 75 हफ्ते पहले 12 मार्च 2021 से आयोजनों की शुरुआत हो जाएगी, इसी दिन महात्मा गांधी के ऐतिहासिक नमक सत्याग्रह की 91वीं वर्षगांठ भी है। बयान के मुताबिक, समारोहों की तैयारी संबंधी गतिविधियों के संबंध में प्रक्रिया पर चर्चा करने के लिए कमेटी 8 मार्च को पहली बैठक करेगी।





