
शिवपुरी। उत्तर प्रदेश का डॉन अतीक अहमद गुजरात की साबरमती जेल से एक बार फिर रवाना हुआ। उसे मध्यप्रदेश के रास्ते प्रयागराज (prayagraj) ले जाया जा रहा है। पिछले 15 दिन पहले भी उसे ले प्रयागराज ले जाया गया था। कोर्ट से सजा मिलने के बाद उसे फिर से गुजरात की साबरमती जेल भेज दिया गया था। इधर, अतीक को दोबारा प्रयाग सड़क मार्ग से ले जाने पर उसने कहा कि वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए कोर्ट में पेशी हो सकती है, लेकिन यह लोग मेरा एनकाउंटर कर सकते हैं।
उत्तर प्रदेश की पुलिस मंगलवार को डॉन अतीक अहमद का वारंट लेकर दोबारा साबरमती जेल (sabarmati jail) पहुंची थी। पुलिस ने दोपहर 2.00 बजे जेल प्रशासन को वारंट तामील कराया। उसके बाद उसे लेकर प्रयागराज के लिए रवाना हो गई है। अतीक का काफिले में 50 से अधिक वाहन चल रहे हैं। अतीक का काफिला मध्यप्रदेश के कई जिलों से गुजरते हुए बुधवार को सुबह प्रयागराज पहुंचेगा।
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश के उमेश पाल अपहरण मामले में एमपी एमएलए कोर्ट ने 28 मार्च को अतीक सहित सभी आरोपियों को सजा सुनाई थी। अतीक को उम्र कैद की सजा सुनाई गई थी। प्रयागराज में 24 फरवरी को दिवंगत बसपा विधायक राजू पाल हत्याकांड के गवाह उमेश पाल और उसके दो सरकारी गनर की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में डॉन अतीक अहमद का बेटा असद का एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें वह उमेश पाल पर गोलियां दागते हुए नजर आया था। पुलिस ने जांच की तो अतीक का पूरा परिवार ही हत्याकांड में शामिल था।





