इंदौर
इंदौर के लसूड़िया इलाके में गश्त कर रहे एसीपी (असिस्टेंट कमिश्नर ऑफ पुलिस) और ड्राइवर के साथ सड़क पर हंगामा कर रहे पांच युवकों ने अभद्रता की। सूचना के बाद जब यहां पुलिस की एफआरवी पहुंची तो उसमें मौजूद सिपाहियों के साथ मारपीट की। साथ ही पुलिस की गाड़ी में लात मारने लगे। जिसके बाद सभी को पकड़कर थाने लेकर आया गया। यहां एसीपी के ड्राइवर की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ शासकीय काम में बाधा डालने ओर विवाद करने के मामले में केस दर्ज किया है।
पांच युवकों को किया गिरफ्तार
TI संतोष दूधी के मुताबिक सिपाही निखिल जाट की शिकायत पर लभी पुत्र सीके खरे निवासी भवानीपुर कॉलोनी, करण पुत्र स्वरण सिंह धारीवाल निवासी अजय बाग कॉलोनी, मुवेद सिंह पुत्र दिनेश कृष्णकुज कॉलोनी खंड़वा रोड,देव पुत्र हेमन्त चौहान निवासी अन्नपूर्णा रोड और अमित पुत्र मनोज परमार निवासी प्रिकांको कॉलोनी, जेके लसूडिया चौराहे पर रात में हंगामा कर रहे थे।
सिपाहियों से मारपीट, पुलिस जीप पर पत्थर फेंके
सिपाही निखिल ने बताया कि रात में वह सहायक आयुक्त (एसीपी) आशीष पटेल के साथ गश्त कर रहा थे। तभी कुछ युवक हंगामा करते दिखे। एसीपी के निर्देश पर जब युवकों को घर जाने को कहा, तो उन्होंने विवाद शुरू कर दिया। इतना ही नहीं युवकों ने एसीपी को भी गालियां देना शुरू कर दिया। इस पर क्षेत्र की एफआरवी (डायल 100 गाड़ी) को बुलाया गया। लेकिन, पांचों युवकों ने हंगामा जारी रखा। इतना ही नहीं एफआरवी में मौजूद सिपाही प्रवीण पटेल और आकाश त्रिवेदी के साथ युवकों ने मारपीट भी कर दी। साथ ही पुलिस की गाड़ी पर पत्थर फेंकने लगे। उपद्रवी युवक ज्यादा हिंसक होते, उससे पहले ही पुलिस कंट्रोल रूम से पुलिस बल बुलाकर पांचों युवकों को हिरासत में लेकर थाने भेजा गया।
थाने में जमकर की ख़ातिरदारी
सिपाही निखिल की शिकायत पर पुलिस ने पांच आरोपियों के खिलाफ अलग-अलग धाराओं में केस दर्ज किया है। रात में थाने ले जाने के बाद सभी की जमकर ख़ातिरदारी की गई। जानकारी के मुताबिक सभी युवक लसूड़िया इलाके में पार्टी मनाने आए थे। जिसके बाद वह सड़क पर हंगामा करने लगे। पुलिस ने उनके वाहन भी जब्त किए हैं।





