प्रदेश में लव जिहाद नहीं चलने देंगे-शिवराज सिंह चौहान
इंदौर
इंदौर का भंवरकुआं चौराहा और पातालपानी रेलवे स्टेशन अब टंट्या मामा के नाम से जाना जाएगा। सीएम शिवराज सिंह चौहान ने रविवार को जननायक टंट्या मामा भील के बलिदान दिवस पर इसकी घोषणा की है। सीएम शिवराज सिंह ने इंदौर के भंवरकुआं चौराहे पर टंट्या मामा की प्रतिमा का अनावरण किया। उन्होंने कहा कि इस चौराहे का सौंदर्यीकरण भी किया जाएगा। सीएम ने बिना किसी का नाम लिए कहा अब तक एक परिवार के लोगों की प्रतिमाएं लग रही थीं। इंदौर आने से पहले सीएम टंट्या मामा की जन्मस्थली पातालपानी भी पहुंचे।
इंदौर में सभा को संबोधित करते हुए सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रदेश में लव जिहाद नहीं चलने देंगे। जरुरत पड़ी तो और कड़ा कानून लाएंगे। जमीन हथियाने के लिए आदिवासी महिला से शादी नहीं हो सकेगी। उन्होंने मंच से पेसा एक्ट के बारे में भी जानकारी दी। कहा कि वे इस एक्ट के मास्टर ट्रेनर हैं।
सीएम ने कहा तुमको आज पैसा कानून समझाने आया हूं। मैं इसका मास्टर ट्रेनर हूं। पैसा कानून में आदिवासियों को कई हक-अधिकार हैं। कांग्रेस भड़काए तो डरना मत, ये किसी के खिलाफ नहीं है। भगवान ने सबके लिए धरती बनाई है। ये जंगल, ये जल सबका है। ये खदान, ये रेत, ये गिट्टी सबकी है, आज तुम बोलो रे, आज क्रान्ति आ गई है। ये पेसा कानून सबको जमीन का अधिकार दे रहा है।
सीएम ने समझाते हुए कहा कि ध्यान सिर्फ मामा की तरफ लगाओ, मन-बुद्धि आत्मा से सिर्फ मुझे सुनो। अब आदिवासी की जमीन कोई हड़प नहीं सकता। दूसरे धर्म के लोग हमारे आदिवासी बहनों से विवाह करके जमीन हड़प लें, ऐसा मैं होने नहीं दूंगा, ये लव नहीं, ये जिहाद है। कोई हमारी बहनों से शादी करके 35 टुकड़े कर दे ये नहीं चलेगा।
कार्यक्रम का आयोजन नेहरू स्टेडियम में किया गया। यहां सीएम ने हितग्राहियों को सरकारी योजना के तहत राशि का वितरण भी किया। सभी अतिथियों को तीर-कमान देकर सम्मानित किया गया। सीएम ने यहां आदिवासियों को नया नारा दिया, कहा- धरती-अम्बर कह रहे, टंट्या मामा अमर रहे। राज्यपाल मंगू भाई पटेल ने पेसा एक्ट के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि यह आदिवासियों को विशेष अधिकार देता है।

मंच पर राज्यपाल मंगूभाई पटेल भी मौजूद रहे। उन्होंने भी सभा को संबोधित किया।
ग्राम सभा को ये अधिकार
सीएम ने कहा सरकार भोपाल से नहीं चौपाल से चलेगी। बिना ग्राम सभा की अनुमति के भांग और शराब की दुकान नहीं खुल सकेगी। मनरेगा का पैसा ग्राम सभा तय करेगी। ठेकेदार मजदूर बाहर जाएंगे तो ग्रामसभा को बताना होगा। जो ठेकेदार जानकारी नहीं देगा उसको जेल होगी। गांव में छोटे-छोटे लड़ाई विवाद के मामले थाने नहीं जाएंगे। समिति को अधिकार देंगे। पेसा एक्ट की जानकारी देने के लिए टीमों को भेजेंगे।मध्यप्रदेश में अगले 5 साल में पलायन बंद करेंगे। मजदूरी के लिए मजबूरी में बाहर नहीं जाएं।

सभा में बड़ी संख्या में आदिवासी समुदाय के लोग पहुंचे। खण्डवा, खरगोन, बुरहानपुर, झाबुआ, अलीराजपुर, धार से हजारों की संख्या में आदिवासी इंदौर पहुंचे हैं। इन्हें लाने-ले जाने के लिए बसों का इंतजाम किया गया है।
आयोजन के लिए प्रदेश के 30 आदिवासी बहुल जिलों से आदिवासियों को इंदौर लाने के लिए करीब ढाई हजार बसों का इंतजाम किया गया। इनमें आदिवासी बंधुओं को लाने, ले जाने का खर्च उठाने के साथ उनके लिए भोजन के पैकेट की व्यवस्था भी स्थानीय स्तर पर जिलों से की गई है।
खास बात यह कि प्रदेश सरकार ने पिछले साल पहली बार टंट्या मामा का बलिदान दिवस मनाया था। इसके लिए दो दिन पहले से ही हजारों की संख्या में आदिवासियों को स्टेडियम लाया गया था। इस दौरान उन्हें पूरे सम्मान के साथ स्टेडियम के अलग-अलग हॉल में ठहराया गया था और उनके लिए लजीज चाय, नाश्ता व भोजन की व्यवस्था की थी। इस बार यह व्यवस्था नहीं है।

मप्र के राज्यपाल मंगु भाई पटेल और सीएम शिवराजसिंह चौहान ने टंट्या मामा की प्रतिमा का अनावरण किया।टंट्या मामा की प्रतिमा के अनावरण के मौके पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, मंत्री तुलसी सिलावट, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, विधायक मालिनी गौड़ भी मौजूद रहे।

सीएम ने पातालपानी पहुंचकर टंट्या मामा को श्रद्धांजलि दी।
इंदौर के पातालपानी में रविवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और राज्यपाल मंगू भाई पटेल टंट्या मामा का बलिदान दिवस मनाने पहुंचे। सबसे पहले मुख्यमंत्री और राज्यपाल ने टंट्या मामा की कर्मभूमि पर पहुंच कर माल्यार्पण किया। साथ ही प्रतिमा के पास गार्डन में पौधरोपण भी किया। इसके बाद 5 मिनट सभा को संबोधित भी किया। इस दौरान मुख्यमंत्री के साथ राज्यपाल मंगू भाई पटेल, प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा और क्षेत्रीय विधायक और पर्यटन मंत्री उषा ठाकुर मौजूद रही।
क्रांतिकारी खाज्या नायक की मूर्ति बनाने की घोषणा
मुख्यमंत्री चौहान का क्रांतिकारी खाज्या नायक भील की भी प्रतिमा बनाने की भी घोषणा की। इसके साथ ही उन्होंने पुरानी घोषणाओं में जो कार्य पूरे हो गए, उनकी जानकारी दी। साथ ही पातालपानी रेलवे स्टेशन का नाम टंट्या मामा रेलवे स्टेशन भी कर दिया। जल्दी ही मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान मानपुर क्षेत्र के एक गांव में खाज्या नायक की प्रतिमा का अनावरण भी करेंगे।





