इंदौर में बीजेपी जिला अध्यक्ष को लेकर सस्पेंस खत्म, सुमित मिश्रा बने शहर के तो श्रवण सिंह चावड़ा होंगे ग्रामीण अध्यक्ष..
इंदौर : लंबे इंतजार के बाद आखिरकार भाजपा ने इंदौर के जिलाध्यक्षों की घोषणा कर दी है। सुमित मिश्रा इंदौर भाजपा के जिला अध्यक्ष बनाए गए हैं। वहीं श्रवण सिंह चावड़ा को ग्रामीण अध्यक्ष की कमान सौंपी गई है।

माथापच्ची के बाद इंदौर में बीजेपी जिलाध्यक्षों के नाम की घोषणा हो गई है। इंदौर नगर जिला अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सुमित मिश्रा को दी गई है, जबकि इंदौर ग्रामीण में श्रवण सिंह चावड़ा को जिला अध्यक्ष बनाया गया है। यहां को लेकर संगठन में सबसे लंबे वक्त तक माथापच्ची हुई है। गुरुवार को जिला अध्यक्षों की सूची जारी की गई है।
वहीं, सुमित मिश्रा को इंदौर नगर का अध्यक्ष बनाए जाने के पीछे उनकी संगठनात्मक क्षमता और पार्टी में सक्रियता को कारण माना जा रहा है। वहीं, श्रवण सिंह चावड़ा, जो लंबे समय से पार्टी के साथ जुड़े रहे हैं, उन्हें ग्रामीण क्षेत्र की कमान सौंपना रणनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण निर्णय माना जा रहा है।
कौन हैं सुमित मिश्रा
इंदौर के नए नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा को विधानसभा क्रमांक 2 के भाजपा विधायक रमेश मेंदोला का करीबी माना जाता है। रमेश मेंदोला भाजपा के प्रभावशाली नेताओं में से एक हैं और संगठन में उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती है। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव 2023 में उन्होंने रिकॉर्ड तोड़ जीत दर्ज की थी, जिससे उनका राजनीतिक कद और बढ़ गया। उन्होंने भाजपा के लिए इंदौर में जबरदस्त समर्थन जुटाने में अहम भूमिका निभाई थी।
आगामी नगर निगम चुनावों को देखते हुए इन नियुक्तियों को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अब देखना होगा कि नए जिला अध्यक्ष पार्टी की नीतियों को जमीनी स्तर पर कैसे लागू करते हैं और संगठन को आगे बढ़ाने में कितनी सफलता प्राप्त करते।
गौरतलब है कि इस बार के विधानसभा चुनाव में इंदौर में बीजेपी ने सभी सीटों पर जीत हासिल की थी। इसके बाद लोकसभा चुनाव में भी प्रचंड जीत मिली है। पार्टी इसे कायम रखने के लिए लगातार काम करती रहेगी। अभी इंदौर जिले का प्रभार सीएम मोहन यादव के पास है।





