प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज ‘मन की बात’ करेंगे। यह कार्यक्रम का 99वां एपिसोड होगा। उधर, कांग्रेस आज देशभर में ‘संकल्प सत्याग्रह’ आयोजित कर रही है। अपने नेता राहुल गांधी को अयोग्य घोषित किए जाने के खिलाफ पार्टी कार्यकर्ता सड़कों पर उतरेंगे। दिल्ली के राजघाट पर दिग्गज कांग्रेसियों का जमावड़ा लगेगा। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) आज सुबह 9 बजे श्रीहरिकोटा से एलवीएम3 रॉकेट के जरिए वनवेब के 36 सैटेलाइट लॉन्च करेगा। वहीं, महिला प्रीमियर लीग (WPL) के फाइनल में आज मुंबई इंडियंस का सामना दिल्ली कैपिटल्स से होगा। मैच शाम 7.30 बजे से शुरू होगा।
राहुल गांधी ने संसद की सदस्यता जाने के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने कहा,’ मेरा नाम सावरकर नहीं है, मेरा नाम गांधी है। गांधी किसी से माफी नहीं मांगता। चाहे मुझे डिस्क्वालिफाई करें, मारें-पीटें या जेल में डालें। मुझे कोई फर्क नहीं पड़ता। इस देश ने मुझे सबकुछ दिया है। मैं हिंदुस्तान के लोकतंत्र के लिए लड़ रहा हूं और इसके लिए लड़ता रहूंगा।’
वहीं, महाराष्ट्र के CM एकनाथ शिंदे ने राज्य विधानसभा सत्र के दौरान राहुल के बयान पर पलटवार किया। शिंदे ने कहा,’ वीर सावरकर सिर्फ महाराष्ट्र के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए एक आदर्श हैं। राहुल गांधी ने उन्हें बदनाम किया है। इस हरकत के लिए उनकी जितनी भी निंदा की जाए, वो कम होगी। वे सावरकर के बारे में क्या सोचते हैं? उन्हें अपनी इस हरकत के लिए सजा मिलनी चाहिए।”
उधर, बीते 8 दिन से फरार चल रहे ‘वारिस पंजाब दे’ के मुखिया अमृतपाल सिंह के दो और CCTV फुटेज सामने आए हैं। पटियाला के एक वीडियो में अमृतपाल जैकेट और चश्मा, जबकि ट्रैक सूट पहने पहने रुमाल से मुंह छुपाता दिख रहा है। ये फुटेज अमृतपाल के पंजाब से हरियाणा जाने के पहले के बताए जा रहे हैं। पटियाला से स्कूटी लेकर वह 19 मार्च को कुरुक्षेत्र के शाहाबाद पहुंचा था।
1. राहुल बोले- मोदी-अडाणी पर सवाल पूछता रहूंगा, संसद के अंदर रहूं या बाहर, फर्क नहीं पड़ता

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान राहुल से सवाल किया गया कि भाजपा ने आप पर OBC समुदाय के अपमान का आरोप लगाया है। इस पर आप क्या कहेंगे? जवाब में राहुल ने कहा, ‘ये OBC का मामला नहीं है, ये नरेंद्र मोदीजी और अडाणीजी के रिश्ते का मामला है। 20 हजार करोड़ रुपए, जो अडाणीजी को पता नहीं कहां से मिले। उसके बारे में मैं सवाल पूछ रहा हूं। उसका जवाब चाहिए।
राहुल ने आगे कहा, ‘भाजपा ध्यान भटकाने की कोशिश करती है। कभी OBC की बात करेगी, कभी विदेश में दिए बयान की बात करेगी। ये लोग मेरी सदस्यता रद्द करके मुझे रोक नहीं सकते। चाहे मुझे सदस्यता मिले, ना मिले, मैं अपना काम करूंगा। अगर ये मुझे स्थायी रूप से डिसक्वालिफाई कर दें, तो भी मैं अपना काम करूंगा। मैं संसद के अंदर रहूं या बाहर, कोई फर्क नहीं पड़ता।
2. लैंड फॉर जॉब्स केस: तेजस्वी से CBI की 8 घंटे पूछताछ, मीसा से 7 घंटे ED ने सवाल किए
लैंड फॉर जॉब्स स्कैम में बिहार के डिप्टी CM तेजस्वी यादव से CBI ने 8 घंटे पूछताछ की। जांच एजेंसी ने उन्हें दिल्ली के CBI दफ्तर बुलाया था। इधर, इसी मामले में लालू की बेटी मीसा भारती से ED ने 7 घंटे तक पूछताछ की। जांच एजेंसी ने यह पूछताछ दो राउंड में की। पूछताछ के बाद तेजस्वी यादव मुस्कुराते हुए निकले और लालू यादव से मिलने गए। जांच एजेंसी ने उनसे दो शिफ्ट में पूछताछ की थी।

इससे पहले CBI ने तेजस्वी को 3 बार समन दिया था, लेकिन वे पत्नी के बीमार होने की बात कह कर पेश नहीं हुए थे। उन्होंने CBI के समन को रद्द कराने के लिए दिल्ली हाईकोर्ट में याचिका भी लगाई, लेकिन यह खारिज कर दी गई। लैंड फॉर जॉब्स केस में लालू, राबड़ी, मीसा भारती को दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने 15 मार्च को जमानत दे दी थी। इस मामले की अगली सुनवाई 29 मार्च को होगी।
3. पटियाला में दिखा अमृतपाल, दिल्ली में भी दिखने का दावा, जम्मू- इंदौर से कुल 3 हिरासत मे

वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो दोनों वीडियो पटियाला के बताए जा रहे हैं।
अमृतपाल सिंह 19 मार्च को कुरुक्षेत्र के शाहाबाद पहुंचा था। 20 मार्च को भी उसकी लोकेशन यहीं थी। इधर, पंजाब पुलिस की कुछ टीमें दिल्ली पहुंचीं हैं। ISBT कश्मीरी गेट में पुलिस के हाथ कुछ CCTV फुटेज लगे हैं, जिन्हें अभी वायरल नहीं किया जा रहा। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, इनमें अमृतपाल साधु के भेष में नजर आया। दिल्ली और पंजाब पुलिस ने सीमाओं पर तलाशी अभियान चलाया।
दिल्ली पुलिस और पंजाब पुलिस ने दिल्ली में जॉइंट ऑपरेशन शुरू किया है। अभी और CCTV कैमरे खंगाले जा रहे हैं। उधर, पुलिस ने अमृतपाल के साथी पपलप्री सिंह से संबंध होने के आरोप में जम्मू से एक दंपती को शनिवार को हिरासत में लिया है। इन्हें हिरासत में लेने के बाद पंजाब पुलिस को सौंप दिया गया है। अमृतपाल के एक और साथी सुक्खा को मध्य प्रदेश के इंदौर से पकड़ा गया है।
4. ठग सुकेश ने जेल से जैकलीन को लव लेटर लिखा, कहा- मुझे अपना दिल देने के लिए शुक्रिया
200 करोड़ रुपए के मनी लॉन्ड्रिंग केस में तिहाड़ जेल में बंद ठग सुकेश चंद्रशेखर ने एक्ट्रेस जैकलीन फर्नांडिज को लव लेटर लिखा है। सुकेश ने लिखा- माई बेबी जैकलीन, मेरी बोम्मा, अपने बर्थडे पर मैंने तुम्हें बहुत ज्यादा मिस किया। मैंने अपने आसपास तुम्हारी एनर्जी को मिस किया। मेरे पास कहने के लिए शब्द नहीं हैं, लेकिन मैं यह जानता हूं कि तुम्हारा प्यार मेरे लिए कभी खत्म नहीं होने वाला है।
‘तुम जानती हो कि मैं तुमसे कितना प्यार करता हूं। मेरे जीवन में तुम्हारा प्यार और तुम्हारी मौजूदगी ही बेस्ट गिफ्ट है। लव यू माई बेबी, अपना दिल देने के लिए शुक्रिया। अपने समर्थकों और परिवार को भी धन्यवाद देता हूं, जिन्होंने मुझे जन्मदिन की बधाई दी। मुझे बधाई पत्र मिले, खुद को भाग्यशाली मानता हूं। धन्यवाद , सकेश चंद्रशेखर।’ इससे पहले सुकेश होली पर भी जैकलीन के लिए लेटर लिख चुका है।
5. अमेरिका के मिसिसिपी में टॉरनेडो से तबाही, 24 की मौत, गोल्फ बॉल जितने बड़े ओले पड़े

तस्वीर मिसिसिपी के रोलिंग फॉर्क शहर की है।
अमेरिका के दक्षिण-पूर्वी राज्य मिसिसिपी में टॉरनेडो की चपेट में आने से 24 लोगों की मौत हो गई। ये आंकड़ा बढ़ भी सकता है। इस टॉरनेडो में सैकड़ों इमारतें मलबे में तब्दील हो गईं। जिसमें कई लोगों के दबे होने की आशंका है। सबसे ज्यादा तबाही रोलिंग फॉर्क शहर में हुई है। यहां टॉरनेडो की रफ्तार 80 से 113 किमी/घंटा दर्ज की गई। यहां तेज बारिश के बीच गोल्फ बॉल जितने बड़े ओले गिरे हैं।
BBC की रिपोर्ट के मुताबिक, टॉरनेडो की रफ्तार इतनी तेज थी कि तबाह हुए घरों का मलबा 30 हजार फीट ऊपर तक उड़ा। ये मलबा करीब 160 किमी तक फैल गया। टेनेसी में 40 हजार, मिसिसिपी सिटी में 15 हजार और अलबामा में 20 हजार घरों की बिजली गुल है। इस टॉरनेडो ने लोगों को 2011 के मिसौरी तूफान की याद दिला दी, जिसमें 161 लोगों की मौत हो गई थी।
वाशिंगटन डीसी में भारतीय दूतावास के बाहर खालिस्तानियों ने पत्रकार ललित के झा पर शारीरिक और मौखिक रूप से हमला किया। (नोट- अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया है)
- वित्त मंत्री की बैंकों को सलाह, अलर्ट रहेंवित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने सरकारी बैंकों से कहा है कि वे वैश्विक बैंकिंग में उथल-पुथल के बीच अपने बैंकों की वित्तीय सेहत पर पैनी नजर रखें। सरकारी बैंकों के प्रमुखों के साथ बैठक के बाद वित्त मंत्रालय ने कहा, बैंकों से कहा गया है कि वे कर्ज देते समय जोखिम बिंदु का सही तरीके से आकलन करें। ग्लोबल लेवल पर कुछ बैंकों में उथल-पुथल है, मगर भारत के बैंकिंग सेक्टर में मजबूती बनाए रखने की जरूरत है ताकि इन घटनाओं का असर हमारे यहां न पड़े।
- न्यू अशोक नगर थाने के अंतर्गत 26 फरवरी को एक टैक्सी चालक शिव शंकर मुखिया ने 30 वर्षीय सुनीता की पीट-पीटकर हत्या कर दी, क्योंकि उसने अपने पति को छोड़कर आरोपी के साथ रहने से इनकार कर दिया था। ऐसा प्रतीत होता है कि मृतका एक यौनकर्मी थी।अमृता गुगुलोथ, DCP पूर्वी दिल्ली
- जम्मू-कश्मीर के लिए एक विशेष प्रकार की वंदे भारत ट्रेन डिजाइन की गई है, जिसे यहां के तापमान के हिसाब से तैयार किया जाएगा। जम्मू-कश्मीर को वंदे भारत ट्रेन की सौगात 2024 के मध्य तक मिल पाएगी।अश्विनी वैष्णव, रेल मंत्री
- SC-ST लिस्ट में कई समुदायों पर आंध्र में प्रस्ताव पास
- आंध्र प्रदेश विधानसभा ने दो प्रस्ताव पारित कर केंद्र से आग्रह किया है कि बोया/वाल्मिकी समुदाय को ST सूची में शामिल किया जाए। ईसाई धर्म अपनाने वाले समुदाय के लोगों को SC का दर्ज दिया जाए। CM जगन मोहन रेड्डी ने सदन को आश्वासन दिया कि ST सूची में बोया/वाल्मीकि समुदाय को शामिल करने से दक्षिणी राज्य के एजेंसी क्षेत्रों में पहले से रहने वाले ST समुदाय के लोग प्रभावित नहीं होंगे। इसी तरह, उन्होंने इस आशंका को दूर किया कि इन समुदायों के लोगों को ST सूची में शामिल करने से सरकारी नौकरियों या शैक्षणिक संस्थानों में एजेंसी क्षेत्रों के ST लोगों का आरक्षण कम नहीं होगा, क्योंकि छह सूत्री फार्मूले के तहत क्षेत्रीकरण व्यवस्था लागू है।
- बेंगलुरु में PM ने शुरू की मेट्रो लाइन
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को बेंगलुरु में 13.71 किलोमीटर लंबी मेट्रो लाइन की शुरुआत की। 4,249 करोड़ रुपये की लागत से बनी इस लाइन पर 12 मेट्रो स्टेशन हैं। मेट्रो लाइन की शुरुआत करने बाद PM ने कर्मचारियों, मजदूरों और छात्रों के मेट्रो की सवारी की। इस दौरान मोदी एक सामान्य यात्री की तरह मेट्रो में सफर करने के लिए टिकट विंडो तक गए और फिर एंट्री गेट से स्टेशन के भीतर पहुंचे।
- जुडिशरी से टकराव नहीं, मतभेद : रिजिजू
- केंद्रीय कानून और न्याय मंत्री किरेन रिजिजू ने सरकार और जुडिशरी के बीच किसी तरह के टकराव से इनकार किया है। कानून मंत्री ने सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस डी. वाई. चंद्रचूड़, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन और मद्रास हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस टी. राजा की मौजूदगी में चीफ जुडिशल मैजिस्ट्रेट कोर्ट, माइलादुत्रयी का उद्घाटन किया।
- कर्नाटक चुनाव के लिए कांग्रेस की पहली लिस्ट
- कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने शनिवार को 124 उम्मीदवारों की लिस्ट जारी की। पूर्व सीएम सिद्धारमैया अपनी घरेलू सीट वरुणा से चुनाव लड़ेंगे। प्रदेश अध्यक्ष डी. के. शिवकुमार कनकपुरा से चुनावी मैदान में उतरेंगे। सिद्धारमैया ने कहा कि वह दो सीटों से चुनाव लड़ना चाहते हैं। कांग्रेस अध्यक्ष खरगे के बेटे प्रियांक चितापुर से चुनाव लड़ेंगे।
- एरिक बने भारत में अमेरिका के नए राजदूत
- लॉस एंजिल्स के पूर्व मेयर एरिक गार्सेटी अब भारत में अमेरिका के नए राजदूत बन गए हैं। अमेरिका की उपराष्ट्रपति कमला हैरिस ने एरिक गार्सेटी को शपथ दिलाई। भारत में अमेरिकी राजदूत का पद पिछले दो साल से खाली था। शपथ समारोह के बाद गार्सेटी ने कहा, मैं इस पद पर सेवाएं देने को लेकर उत्सुक हूं।





