केजरीवाल के बंगले पर 45 नहीं 53 करोड़ खर्च हुए:मेडिकल रिपोर्ट में खुलासा- इमरान खान ड्रग्स लेते हैं नए संसद भवन को लेकर जारी विवाद से संबंधित जनहित याचिका सुप्रीम कोर्ट ने खारिज कर दी है। सुप्रीम कोर्ट ने याचिका पर सुनवाई से ही इनकार कर दिया। उधर पीएम मोदी नई संसद भवन के उद्घाटन के मौके पर 75 रुपये का सिक्का जारी करेंगे। दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी की फ्रेश पासपोर्ट जारी करने के लिए एनओसी की मांग वाली याचिका आंशिक रूप से स्वीकार कर ली है। कोर्ट ने 3 साल के लिए एनओसी दी है। रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने मुंबई में सिद्धिविनायक मंदिर में पूजा की।
- प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में नीति आयोग की 8वीं गवर्निंग काउंसिल की बैठक आज होगी। केजरीवाल सहित 5 राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने बैठक में आने से इनकार कर दिया है। इन्होंने यह फैसला दिल्ली में अफसरों के ट्रांसफर-पोस्टिंग के मामले में केंद्र के अध्यादेश लाने के विरोध में किया है।
- कर्नाटक सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार आज किया जाएगा। इससे पहले डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार ने दिल्ली में सोनिया और राहुल गांधी मुलाकात की। कर्नाटक में 34 मंत्री हो सकते हैं। सीएम और डिप्टी सीएम समेत 10 मंत्री पद भरे जा चुके हैं।
- मोदी सरकार के कार्यकाल के नौ साल पूरे होने पर दिल्ली के विज्ञान भवन में विशेष कॉनक्लेव होगा। इसका उद्घाटन सूचना प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर करेंगे। इसमें कई बॉलीवुड स्टार भी शामिल होंगे। प्रोग्राम में सरकार के नौ साल की उपलब्धियों पर चर्चा की जाएगी।
मोदी सरकार के 9 साल पर कांग्रेस ने 9 सवाल पूछे, कहा- चीन के मुद्दे पर PM चुप्पी तोड़ें

दिल्ली में कांग्रेस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर ‘9 साल, 9 सवाल’ नाम से एक डॉक्यूमेंट जारी किया है।
कांग्रेस ने मोदी सरकार के 9 साल पूरे होने पर 9 सवाल पूछे हैं। इसमें मंहगाई, भ्रष्टाचार और बेरोजगारी जैसे मुद्दे हैं। कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कहा कि राहुल गांधी ने ये 9 सवाल भारत जोड़ो यात्रा के दौरान कई बार उठाए। लेकिन आज तक कोई जवाब नहीं मिला। अब समय आ गया है कि प्रधानमंत्री इन पर चुप्पी तोड़ें।
कांग्रेस ने PM मोदी से पूछा कि चीन हमारी भारतीय जमीन पर कब्जा करके बैठा है। वह हमें लाल आंखे दिखाता है। इसके बावजूद प्रधानमंत्री ने उसे 2020 में क्लीन चिट क्यों दे दी? इसके साथ ही पार्टी ने पूछा कि आप चोरों को विदेश भागने क्यों दे रहे हैं? आप भाजपा शासित राज्यों में बड़े पैमाने पर हो रहे भ्रष्टाचार पर चुप क्यों हैं?
कांग्रेस ने PM से यह 9 सवाल किए…
1. इकोनॉमी
ऐसा क्यों है कि भारत में महंगाई और बेरोजगारी आसमान छू रही है? अमीर और अमीर, गरीब और गरीब क्यों हो गए हैं? आर्थिक असमानता बढ़ने के बावजूद PM मोदी के दोस्तों को सार्वजनिक संपत्ति क्यों बेची जा रही है?
2. कृषि और किसान
ऐसा क्यों है कि तीन काले कृषि कानूनों को रद्द करते समय किसानों से किए गए समझौतों का सम्मान नहीं किया गया? MSP की कानूनी गारंटी क्यों नहीं दी गई? पिछले 9 सालों में किसानों की आय दोगुनी क्यों नहीं हुई?
3. भ्रष्टाचार और भाई-भतीजावाद
आप अपने दोस्त अडाणी को फायदा पहुंचाने के लिए LIC और SBI में लोगों की कमाई को जोखिम में क्यों डाल रहे हैं? आप चोरों को भागने क्यों दे रहे हो? आप भाजपा शासित राज्यों में बड़े पैमाने पर हो रहे भ्रष्टाचार पर चुप क्यों हैं।
4. चीन और राष्ट्रीय सुरक्षा
ऐसा क्यों है कि चीन को लाल आंख दिखाने की बात करने वाले प्रधानमंत्री ने उसे 2020 में क्लीन चिट दे दी, जबकि वह आज भी हमारी जमीन पर कब्जा करके बैठा है ? चीन के साथ 18 बैठकें हो चुकी हैं, फिर भी वे भारतीय क्षेत्र को छोड़ने से इनकार क्यों करते हैं।
5. सामाजिक सद्भाव
ऐसा क्यों है कि चुनावी फायदे के लिए जानबूझकर बंटवारे की राजनीति को हवा दी जा रही है और समाज में डर का माहौल बनाया जा रहा है ?
6. सामाजिक न्याय
ऐसा क्यों है कि आपकी सरकार सामाजिक न्याय की नींव को व्यवस्थित रूप से नष्ट कर रही है? आप महिलाओं, दलितों, SC, ST, OBC और अल्पसंख्यकों पर हो रहे अत्याचार पर चुप क्यों हैं? आप जाति आधारित जनगणना की मांग को नजर अंदाज क्यों कर रहे हैं?
7. लोकतंत्र और संघवाद
आपने पिछले 9 सालों में हमारे संवैधानिक मूल्यों और लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर क्यों किया? आप विपक्षी दलों और नेताओं से बदले की राजनीति क्यों कर रहे हैं? आप लोगों की चुनी गई सरकारों को गिराने के लिए खुलेआम पैसों की पावर का इस्तेमाल क्यों कर रहे हैं?
8. जन कल्याण की योजनाएं
ऐसा क्यों है कि बजट में कटौती करके मनरेगा जैसी जन कल्याण की योजनाओं को कमजोर किया गया ? गरीब, आदिवासी और जरूरतमंदों के सपनों को क्यों कुचला जा रहा है?
9. कोरोना मिसमैनेजमेंट
ऐसा क्यों है कि कोरोना के कारण 40 लाख से ज्यादा लोगों की मौत के बावजूद, मोदी सरकार ने उनके परिवारों को मुआवजा देने से इनकार कर दिया? आपने अचानक ऐसा लॉकडाउन क्यों लगा दिया जिसने लाखों कर्मचारियों को घर लौटने पर मजबूर कर दिया और उन्हें कोई मदद भी नहीं दी?

राहुल को मिला नया पासपोर्ट, सुब्रमण्यम स्वामी ने कहा था- सिर्फ एक साल के लिए दिया जाए
राहुल गांधी को 3 साल के लिए नया पासपोर्ट मिलेगा। इस मामले पर दिल्ली की राउज एवेन्यु कोर्ट में सुनवाई हुई। कोर्ट ने कहा कि नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट (NOC) केवल तीन साल के लिए वैध होगा। सांसदी जाने के बाद राहुल ने अपना डिप्लोमैटिक पासपोर्ट सरेंडर कर दिया था। उन्होंने साधारण पासपोर्ट जारी किए जाने की मांग की थी।
कोर्ट में सुनवाई के दौरान सुब्रमण्यम स्वामी ने कहा कि राहुल को केवल एक साल के लिए ही पासपोर्ट दिया जाना चाहिए और फिर इसका रिव्यू होना चाहिए। उन्होंने आगे कहा कि कुछ दिन पहले मैं ब्रिटेन गया था। वहां एक अधिकारी ने मुझे बताया कि राहुल खुद को ब्रिटिश सिटिजन घोषित कर चुके हैं। ऐसे में उनकी भारतीय नागरिकता खत्म कर देना चाहिए।
PM मोदी ने नई संसद का पहला वीडियो शेयर किया, इसमें संसद की भव्यता को दिखाया गया

PM मोदी ने नई संसद का वीडियो ट्वीट किया। लिखा- यह वीडियो संसद की भव्यता को दर्शाता है।
नई संसद का इनॉगरेशन कल होगा। इससे पहले PM मोदी ने उसका पहला वीडियो शेयर किया है। इसमें संसद की भव्यता को दिखाया गया है। यह भवन अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस है। सदन में हर सांसद की सीट के आगे मल्टीमीडिया डिस्प्ले लगा हुआ है। PM मोदी ने कहा कि नई संसद हर भारतीय को गौरवान्वित करती है।
इधर, नए संसद भवन का उद्घाटन राष्ट्रपति से करवाने की मांग वाली याचिका सुप्रीम कोर्ट ने नहीं सुनी। जैसे ही याचिकाकर्ता एडवोकेट जया सुकिन ने दलीलें देनी शुरू कीं, वैसे ही कोर्ट ने कहा- समझ में नहीं आता आप लोग ऐसी याचिका लाते ही क्यों हैं? इसके बाद याचिकाकर्ता ने पिटीशन वापस ले ली।
केजरीवाल के बंगले पर करीब 53 करोड़ खर्च हुए, पुराने को गिराकर नया बंगला बनाया गया
दिल्ली के CM केजरीवाल के बंगले के रिनोवेशन में 45 नहीं बल्कि 52.71 करोड़ रुपए खर्च हुए हैं। दिल्ली सरकार के विजिलेंस डिपार्टमेंट ने उपराज्यपाल वीके सक्सेना को यह रिपोर्ट सौंपी है। 26 अप्रैल को भाजपा ने दावा किया था कि केजरीवाल का घर और ऑफिस सजाने में 45 करोड़ रुपए खर्च किए गए हैं।
न्यूज एजेंसी PTI ने रिपोर्ट के हवाले से बताया है कि केजरीवाल के घर पर 33.49 करोड़ रुपए खर्च हुए हैं, वहीं 19.22 करोड़ रुपए उनके कैंप ऑफिस पर खर्च हुए। उनके पुराने बंगले को गिराकर नया बंगला बनाया गया था।
कोकीन का सेवन करते हैं इमरान खान, स्वास्थ्य मंत्री बोले- मेडिकल रिपोर्ट में खुलासा हुआ

3 नवंबर 2022 को इमरान खान पर फायरिंग की गई थी। इसके बाद उनके पैर में गोली लगने की बात सामने आई थी।
पाकिस्तान सरकार ने पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की मेडिकल रिपोर्ट जारी की है। स्वास्थ्य मंत्री अब्दुल कादिर पटेल ने कहा कि कस्टडी के दौरान खान का मेडिकल टेस्ट करवाया गया था। उसकी रिपोर्ट आ गई है। इसमें पता चला है कि इमरान शराब और कोकीन का सेवन करते हैं।
कादिर पटेल ने दावा किया कि इमरान मेंटली फिट नहीं हैं। साथ ही कहा कि इमरान ने बताया था कि गोली लगने के बाद उनका पैर फ्रैक्चर हो गया। वह 6 महीने तक पैर में प्लास्टर लगाकर घूमते रहे। लेकिन मेडिकल रिपोर्ट में फ्रैक्चर की बात तो दूर, खरोंच तक नहीं मिली।
बेटिकट यात्रियों से एक साल में कमाए 2200 करोड़ रुपये
रेलवे ने साल 2022-23 में गलत टिकट या बिना टिकट ट्रेन से यात्रा कर रहे 3.6 करोड़ यात्रियों को पकड़ा। बेटिकट यात्रियों की संख्या पिछले साल की तुलना में करीब एक करोड़ अधिक है। सूचना का अधिकार के तहत मिले जवाब में यह जानकारी सामने आई। आरटीआई जवाब के मुताबिक साल 2019-2020 में 1.10 करोड़ लोग बिना टिकट यात्रा करते पकड़े गए थे, जबकि 2021-22 में यह संख्या बढ़कर 2.7 करोड़ और 2022-23 में 3.6 करोड़ हो गई। साल 2022-23 में बेटिकट यात्रियों से रेलवे ने 2022-23 में 2,260.05 करोड़ रुपये का जुर्माना वसूला।
इमरान खान का मानसिक संतुलन ‘सवालों के घेरे में’ : पाकिस्तान के स्वास्थ्य मंत्री का दावा
पाकिस्तान के स्वास्थ्य मंत्री अब्दुल कादिर पटेल ने शुक्रवार को कहा कि इमरान खान का “मानसिक संतुलन संदिग्ध है” और आरोप लगाया कि पूर्व प्रधानमंत्री के मूत्र के नमूने में शराब और कोकीन जैसे विषाक्त रसायनों के सबूत मिले हैं। पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) पार्टी प्रमुख की अल-कादिर ट्रस्ट भ्रष्टाचार मामले में 9 मई को गिरफ्तारी के बाद यहां पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (पीआईएमएस) में उनके नमूनों लिए जाने के बाद जारी की गई मेडिकल रिपोर्ट पर पटेल ने एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित किया। उन्होंने कहा, “ये आपके प्रधानमंत्री हैं जिनके बारे में वरिष्ठ डॉक्टरों का पांच सदस्यीय पैनल कह रहा है कि उनकी मानसिक स्थिरता संदिग्ध है। कुछ अनुचित संकेत थे।” उन्होंने कहा कि खान की चिकित्सा रिपोर्ट राष्ट्र को दिखाई जाएगी क्योंकि यह “सार्वजनिक दस्तावेज” है।
75 रुपये का सिक्का जारी करेंगे पीएम मोदी
पीएम मोदी आजादी के अमृत काल में नई संसद भवन के उद्घाटन के मौके पर 75 रुपये का सिक्का जारी करेंगे। 75 रुपये के सिक्के पर नई संसद भवन की तस्वीर होगी। केंद्र सरकार की तरफ से देश की आजादी के 75 वर्ष पूरा होने पर अमृतकाल मनाया जा रहा है।





