अग्नि आलोक
script async src="https://pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js?client=ca-pub-1446391598414083" crossorigin="anonymous">

बैलपूजा

Share

साल में
एक दिन पूजे जाते हैं बैल
नहला धुला कर
औक़ात भर
सजाए जाते हैं बैल

आरती उतारी जाती है
पकवान खिलाए जाते हैं
निकाली जाती हैं झांँकियां
पूरे उत्सव के साथ

पूरा परिवार
पूरा गांँव जवार
हर्षोल्लास से भरा

बरस भर की ममता
एक दिन में लुटा दी जाती है
बैल भी अचरज में पड़ा
जब तक समझ पाता
कि शाम हो जाती है

थके-हारे लोग
करते हैं चर्चा रात भर
ट्रैक्टर के ज़माने में
किसी काम के नहीं रहे
न घर के न घाट के
फिर भी एक दिन के लिए
पूजे ही जाते हैं बैल

जिनके अपने नहीं
वे दूसरों के ही पूज लेते हैं
उसके बाद
आवारा निठल्ले बेसहारा
गली मुहल्ले सड़कों पर
मारे मारे फिरते हैं

दुर्गंध भरे गोबर से
जीना मुहाल
झुंड के झुंड भटकते हैं

सांड तो पूजे जाते हैं
साल भर मारे डर के
पर बैल
जो कभी गाढ़े के साथी थे
शक्ति थे सामर्थ्य थे संबल थे

अब सिर्फ बोझ हैं
जिन्हें ढोना भर है
जिनके लिए रोना भर है
वह भी सिर्फ़ एक दिन

बाकी साल भर के लिए तो
ट्रैक्टर है, थ्रेशर है, मशीन है
सबके पास वह भी कहांँ
कुछ लोगों के लिए आज भी
बैल ही सब कुछ है

वे ही बचाए हुए हैं परंपरा
परंपराएंँ हमेशा
कमज़ोर कंधों
असहाय हाथों के भरोसे ही
बची रहती हैं

वरना क़त्लगाहों में
जनावरों की भीड़
कोई कम तो नहीं

डॉक्टर हूबनाथ,संपर्क-91 98195 01044

संकलन-निर्मल कुमार शर्मा, गाजियाबाद, उप्र.

Ramswaroop Mantri

Recent posts

script async src="https://pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js?client=ca-pub-1446391598414083" crossorigin="anonymous">

प्रमुख खबरें

चर्चित खबरें