ट्रंप समर्थित नासरी ने होंडुरास के राष्ट्रपति पद की शपथ ली; बिना लैंडिंग गियर के उतरा नासा का विमान
आज : बारामती में अजित पवार का अंतिम संस्कार, आर्थिक सर्वेक्षण सदन के पटल पर रखेंगी वित्त मंत्री
संसद में आर्थिक सर्वेक्षण पेश करेंगी, जिससे बजट प्रक्रिया की औपचारिक शुरुआत होगी और एक फरवरी को वित्त वर्ष 2026-27 का आम बजट पेश किया जाएगा। मौसम की बात करें तो पहाड़ों पर हिमस्खलन और मैदानों में बारिश व ओलावृष्टि से तापमान गिर गया है, जिससे दिल्ली समेत कई इलाकों में ठिठुरन बढ़ गई है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने वेनेजुएला अभियान का बचाव करते हुए ग्रीनलैंड और NATO को लेकर सफाई दी है।
अजित पवार का अंतिम संस्कार
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार का गुरुवार सुबह11 बजे बारामती में अंतिम संस्कार होगा। उनका निधन बुधवार को एक विमान हादसे में हो गया था। हादसे में विमान में सवार सभी पांच लोगों की मौत हो गई। हादसा विमान की लैंडिंग के दौरान हुआ। विमान के क्रैश होते ही एक के बाद एक कई जोरदार धमाके हुए।

बजट सत्र का दूसरा दिन
गुरुवार को बजट सत्र का दूसरा दिन है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण आज आर्थिक सर्वेक्षण सदन के पटल पर रखेंगी। इसमें चालू वित्त वर्ष का आर्थिक लेखाजोखा होता है। इसमें सरकार पिछले बजट में स्वीकृत की गई बजट राशि और प्रावधानों का कितना इस्तेमाल हुआ। इसके साथ ही बजट पेश करने की प्रक्रिया की सदन में औपचारिक शुरुआत हो जाएगी। सरकार रविवार एक फरवरी को वित्त वर्ष 2026-27 का बजट पेश करेगी।
अमेरिकी विदेश मंत्री रूबियो ने वेनेजुएला अभियान का किया बचाव
अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने सीनेट की विदेश संबंध समिति के समक्ष बयान देते हुए वेनेजुएला में राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को हटाने के लिए की गई सैन्य कार्रवाई का जोरदार बचाव किया। उन्होंने कहा कि यह कदम अमेरिका की राष्ट्रीय सुरक्षा के हित में जरूरी था और इससे पश्चिमी गोलार्ध अधिक सुरक्षित हुआ है।

सर्द हवाओं से दिल्ली में ठिठुरन
उत्तर पश्चिम भारत में मौसम खराब बना हुआ है। पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में हिमस्खलन हुआ है जिसकी जद में आने से वाहन क्षतिग्रस्त हो गए और कई मवेशियों की जान चली गई। पहाड़ों पर हिमपात भी लगातार जारी है, इससे सैलानियों के चेहरे तो खिले हैं, लेकिन स्थानीय लोगों की दुश्वारियां बढ़ गई हैं। कई सड़के बंद हैं, ट्रांसफार्मरों के खराब होने से बिजली आपूर्ति बाधित हुई है और नलों से आने वाला पानी भी बर्फ में बदल गया है। मैदानी क्षेत्रों में हल्की बारिश के साथ ओले गिरने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है और ठंड बढ़ गई है। इस महीने के आखिर में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है जिससे पहली फरवरी को उत्तर-पश्चिमी भारत में भारी बारिश और बर्फबारी की संभावना है। पहाड़ों की बर्फबारी का असर दिल्ली में सर्द हवाओं के रूप में दिख रहा है।
बीटिंग रिट्रीट सेरेमनी
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बीटिंग रिट्रीट सेरेमनी का आयोजन होगा। गणतंत्र दिवस समारोह के हिस्से के तौर पर हर साल 29 जनवरी को विजय चौक पर बीटिंग रिट्रीट सेरेमनी आयोजित होती है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने बीटिंग रिट्रीट सेरेमनी के लिए राष्ट्रपति भवन, नॉर्थ ब्लॉक, साउथ ब्लॉक और संसद भवन की रोशनी के लिए व्यापक व्यवस्था की है। साथ ही यातायात के सुचारू संचालन के लिए पर्याप्त इंतजाम किए हैं। इस दौरान कई मार्गों पर ट्रैफिक प्रतिबंध लागू रहेंगे। बीटिंग रिट्रीट सेरेमनी के साथ गणतंत्र दिवस समारोह का औपचारिक समापन हो जाएगा।
राहुल गांधी से जुड़े मामले पर वाराणसी में सुनवाई
गुरुवार को राहुल गांधी से जुड़े एक मामले में वाराणसी की अदालत में सुनवाई होगी। दरअसल, सारनाथ के वादी ने कांग्रेस सांसद के खिलाफ कानूनी कार्रवाई के लिए अदालत में अर्जी लगाई है। वादी का कहना है कि राहुल गांधी ने अमेरिका की यात्रा के दौरान भारत की छवि बिगाड़ने की कोशिश की थी। बयान दिया था कि भारत में सिख समुदाय को आजादी नहीं है। इससे गृह युद्ध छिड़ने का खतरा था।
ज्ञानवापी मामले पर सुनवाई
गुरुवार को ज्ञानवापी परिसर से जुडें मामले में सुनवाई होगी। बधुवार को उर्स आयोजित करने और मजार पर चादर चढ़ाने से जुड़े मामले में दायर निगरानी अर्जी पर सुनवाई के दौरान अदालत ने दोनों पक्षों को सुना था।
महाकुंभ भगदड़ के एक साल
महाकुंभ 2025 में हुए भगदड़ को आज एक साल हो गए हैं। 29 जनवरी 2025 को महाकुंभ के संगम क्षेत्र में मौनी अमावस्या के अवसर पर लाखों तीर्थयात्री पवित्र स्नान करने के लिए जगह पाने के लिए धक्का-मुक्की कर रहे थे। इस दौरान हुई भगदड़ में तीस लोग मारे गए थे।
डब्ल्यूपीएल में यूपी-बंगलूरू का मुकाबला
महिला प्रीमियर लीग में यूपी वॉरियर्स और रॉयल चैलेंजर्स बंगलूरू के बीच मुकाबला होगा। मुकाबला शाम साढ़े सात बजे से नागपुर में खेला जाएगा।
आज 29 जनवरी 2026 को माघ माह शुक्ल पक्ष की एकादशी है। गुरुवार को महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार का अंतिम संस्कार होगा। बजट सत्र के दूसरे दिन वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण आर्थिक सर्वेक्षण सदन के पटल पर रखेंगी।
केंद्र सरकार ने नए ठोस कचरा प्रबंधन नियमों को अधिसूचित कर दिया है, जो 1 अप्रैल से पूरे देश में लागू होंगे। केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने बुधवार को बताया कि अब कचरे का स्रोत पर चार श्रेणियों गीला, सूखा, सैनिटरी और विशेष देखभाल कचरा में अलग-अलग संग्रह अनिवार्य होगा। इन नियमों के तहत बड़े कचरा उत्पादकों जैसे सरकारी विभागों, संस्थानों, सोसायटी और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की जिम्मेदारी तय की गई है कि वे अपने कचरे का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण करें। नियमों में ‘प्रदूषक भुगतान सिद्धांत’ के तहत जुर्माने और पर्यावरण क्षतिपूर्ति का भी प्रावधान किया गया है।
आतंकवाद के खिलाफ सहयोग बढ़ाने पर भारत-सऊदी अरब सहमत
भारत और सऊदी अरब ने आतंकवाद से निपटने के लिए सुरक्षा सहयोग को और मजबूत करने पर सहमति जताई है। रियाद में हुई भारत-सऊदी सुरक्षा कार्यसमूह की बैठक में दोनों देशों ने सीमापार आतंकवाद सहित सभी प्रकार के आतंकवाद की कड़ी निंदा की। विदेश मंत्रालय के अनुसार, दोनों पक्षों ने कट्टरपंथ, आतंकवाद की फंडिंग, तकनीक के दुरुपयोग और संगठित अपराध से आतंक के संबंध जैसे मुद्दों पर सहयोग बढ़ाने की जरूरत पर जोर दिया।
केरल की रुकी रेलवे परियोजनाओं को मिली मंजूरी: भाजपा
केरल में वर्षों से अटकी अंगमाली-सबरिमाला और गुरुवायूर-तिरुनवाया रेलवे लाइनों को रेलवे बोर्ड से मंजूरी मिल गई है। राज्य भाजपा अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर ने कहा कि इन परियोजनाओं के फिर से शुरू होने से तीर्थयात्रियों और आम यात्रियों दोनों को बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकारों की लापरवाही के कारण ये योजनाएं रुकी रहीं, लेकिन अब इन्हें आगे बढ़ाने का रास्ता साफ हो गया है।
गोवा सरकार ने चिम्बेल गांव से हटाए दो प्रस्तावित प्रोजेक्ट
गोवा सरकार ने स्थानीय विरोध को देखते हुए यूनिटी मॉल और प्रशासन स्तंभ परियोजनाओं को चिम्बेल गांव के बजाय पणजी के बाहरी क्षेत्र में स्थापित करने का फैसला किया है। ग्रामीणों ने इन परियोजनाओं से पास की पारंपरिक झील को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई थी। सरकार द्वारा गठित समिति की रिपोर्ट के बाद यह निर्णय लिया गया, हालांकि सर्वे में यह पाया गया कि प्रस्तावित स्थल झील क्षेत्र से बाहर था।
अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल की दिल्ली यात्रा
अमेरिकी कांग्रेस के द्विदलीय प्रतिनिधिमंडल ने विदेश मंत्री एस जयशंकर और रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह से मुलाकात कर भारत-अमेरिका रक्षा साझेदारी को और मजबूत करने पर चर्चा की। बैठक में रक्षा तकनीक सहयोग, सह-विकास और सह-उत्पादन जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर सहमति बनी। दोनों देशों ने हिंद-प्रशांत क्षेत्र में स्थिरता बनाए रखने के लिए संयुक्त प्रयासों की आवश्यकता पर जोर दिया।
भारत दौरे पर यूएई नेशनल गार्ड कमांड, कोस्ट गार्ड प्रशिक्षण सहयोग बढ़ेगा
संयुक्त अरब अमीरात के नेशनल गार्ड कमांड का एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल भारत दौरे पर है। इस दौरान भारतीय तटरक्षक बल के प्रशिक्षण संस्थानों के साथ सहयोग और क्षमता निर्माण पर चर्चा की जा रही है। प्रतिनिधिमंडल चेन्नई स्थित प्रशिक्षण केंद्रों का दौरा करेगा और समुद्री सुरक्षा, प्रदूषण नियंत्रण और खोज-बचाव अभियानों में संयुक्त प्रशिक्षण की संभावनाओं पर बातचीत करेगा।
बंगाल चुनाव से पहले CPI(M) नेता सलीम की हमायूं कबीर से मुलाकात
पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव से पहले CPI(M) नेता मोहम्मद सलीम ने जनता उन्नयन पार्टी प्रमुख हमायूं कबीर से मुलाकात की, जिससे संभावित गठबंधन की अटकलें तेज हो गई हैं। हालांकि सलीम ने कहा कि अभी कोई गठबंधन तय नहीं हुआ है, लेकिन सीट शेयरिंग प्रस्ताव पर वाम मोर्चा के भीतर चर्चा की जाएगी। वहीं कबीर ने विपक्षी दलों को एकजुट करने की जरूरत बताई।
87 करोड़ के डाटा चोरी में कंपनी के पूर्व प्रबंधक पर केस
कर्नाटक की राजधानी बंगलूरू में एक सॉफ्टवेयर कंपनी के 87 करोड़ रुपये के डाटा की चोरी का मामला सामने आया है। इस संबंध में कंपनी के पूर्व वरिष्ठ प्रबंधक के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। आरोपी पर कंपनी के गोपनीय सोर्स कोड व संवेदनशील डाटा को अवैध रूप से ट्रांसफर करने का आरोप है। एक अधिकारी ने बताया कि प्रौद्योगिकी फर्म एमाडेस सॉफ्टवेयर लैब्स इंडिया प्रालि. की शिकायत पर व्हाइटफील्ड सीईएन थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपी की पहचान निगम के रूप में हुई है, जो पूर्व में कंपनी का वरिष्ठ प्रबंधक और अनुसंधान वैज्ञानिक था। कंपनी को आंतरिक समीक्षा के दौरान डाटा लीक की आशंका हुई और निगम से पूछताछ की गई। इस दौरान, निगम ने अनधिकृत डाटा हस्तांतरण की बात स्वीकार की।
शाह आज से असम दौरे पर, विधानसभा के नए परिसर की रखेंगे नींव
गृह मंत्री अमित शाह बृहस्पतिवार से दो दिवसीय दौरे पर असम पहुंचेंगे। इस दौरान वह डिब्रूगढ़ में असम विधानसभा के दूसरे परिसर की आधारशिला रखेंगे। मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने बताया कि अमित शाह का एक महीने के भीतर असम का यह दूसरा दौरा होगा। इससे पहले 29 दिसंबर को उन्होंने राज्य में कई सरकारी परियोजनाओं की शुरुआत की थी। सरमा ने नॉर्थ लखीमपुर जिले के रंगामाड़ी में एक सरकारी कार्यक्रम के दौरान संवाददाताओं से कहा कि अमित शाह बृहस्पतिवार शाम असम पहुंचेंगे और रात्रि विश्राम डिब्रूगढ़ में करेंगे। 30 जनवरी को वह डिब्रूगढ़ में असम विधानसभा के दूसरे परिसर की आधारशिला रखेंगे। डिब्रूगढ़ के कार्यक्रमों के बाद गृह मंत्री धेमाजी जिले के लिए रवाना होंगे, जहां वह मिषिंग समुदाय के एक सांस्कृतिक महोत्सव में शामिल होंगे। इसके बाद शाम को अमित शाह गुवाहाटी स्थित असम भाजपा के मुख्यालय पहुंचेंगे। वहां वह राज्य की राजनीतिक स्थिति को लेकर पार्टी नेताओं के साथ चर्चा करेंगे। बैठक के बाद वह शाम सात बजे पश्चिम बंगाल के लिए रवाना हो जाएंगे। गौरतलब है कि असम की 126 विधानसभा सीटों के लिए चुनाव मार्च-अप्रैल के दौरान कराए जाने की संभावना है। ऐसे में अमित शाह का यह दौरा राजनीतिक दृष्टि से भी अहम माना जा रहा है।
सबरीमला मंदिर सोना चोरी मामले की धीमी जांच से केरल हाईकोर्ट नाखुश
केरल हाईकोर्ट ने सबरीमला मंदिर में कथित सोना चोरी मामले की जांच कर रही विशेष जांच टीम (एसआईटी) की कार्यप्रणाली पर गहरी नाराजगी जताई है। अदालत ने कहा कि पुलिस की धीमी जांच के कारण मुख्य आरोपियों को डिफाल्ट बेल मिल रही है, जिससे जनता का भरोसा जांच एजेंसियों से उठ सकता है। जस्टिस ए बदरुद्दीन ने कहा कि कानून के अनुसार अगर पुलिस 90 दिन के भीतर चार्जशीट दाखिल नहीं करती है, तो आरोपियों को जमानत का अधिकार मिल जाता है। इसी वजह से मुख्य आरोपी उन्नीकृष्णन पोट्टी और त्रावणकोर देवासम बोर्ड के पूर्व अधिकारी मुरारी बाबू को डिफॉल्ट बेल मिली। अदालत यह टिप्पणी स्मार्ट क्रिएशंस कंपनी के प्रमुख पंकज भंडारी की याचिका पर सुनवाई के दौरान की, जिसमें उन्होंने अपनी गिरफ्तारी को अवैध बताया है।
पुलिस का आरोप है कि भंडारी और पोट्टी ने मिलकर सबरीमला मंदिर के गर्भगृह के द्वारपालक मूर्तियों और श्रीकोविल के दरवाजों से सोना चोरी किया और उसे भंडारी की दुकान पर उतारा गया। इससे पहले 23 जनवरी को कोल्लम विजिलेंस कोर्ट ने मुरारी बाबू को 90 दिन में चार्जशीट दाखिल न होने पर जमानत दी थी। वह इस मामले में जेल से रिहा होने वाले पहला आरोपी। एसआईटी ने अब तक दो मामलों में कुल 29 आरोपियों को नामजद किया है।
ट्रंप समर्थित नासरी ने होंडुरास के राष्ट्रपति पद की शपथ ली; बिना लैंडिंग गियर के उतरा नासा का विमान
ट्रंप समर्थित कारोबारी नासरी असफुरा ने होंडुरास के राष्ट्रपति के रूप में शपथ ली। नासरी असफुरा (67) ने रोजगार सृजन, अपराध पर कड़ा प्रहार और शिक्षा व स्वास्थ्य जैसी सामाजिक सेवाओं को मजबूत करने का वादा किया। उन्होंने कहा कि सरकार का आकार घटाकर कार्यकुशलता बढ़ाई जाएगी और संसाधन जरूरतमंदों तक पहुंचाए जाएंगे। उनका चुनाव विवादों में रहा, क्योंकि उन्हें 1% से भी कम अंतर से जीत मिली।
उत्तर कोरिया मजबूत करेगा परमाणु प्रतिरोधक क्षमता
उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन ने परमाणु प्रतिरोधक क्षमता मजबूत करने की योजना का संकेत दिया है। जोंग ने एक बयान में कहा कि आगामी सत्तारूढ़ वर्कर्स पार्टी कांग्रेस में देश के परमाणु कार्यक्रम को और मजबूत करने की योजनाओं का खुलासा किया जाएगा। सरकारी मीडिया के अनुसार, उत्तर कोरिया ने उन्नत बड़े-कैलिबर मल्टीपल रॉकेट लॉन्चर सिस्टम का लाइव-फायर अभ्यास किया, जिससे उसकी रणनीतिक प्रतिरोधक क्षमता बढ़ेगी।
ईरान ने इस्राइल के लिए जासूसी के आरोप में एक व्यक्ति को दी फांसी
ईरान ने इस्राइल के लिए जासूसी करने के आरोप में हमीदरेजा साबेत इस्माईलीपौर नामक व्यक्ति को फांसी दे दी। ईरानी न्यायपालिका की मीडिया इकाई मीजान के अनुसार, उसे 29 अप्रैल 2025 को गिरफ्तार किया गया था। उस पर मोसाद के लिए काम करते हुए गोपनीय दस्तावेज और सूचनाएं सौंपने का आरोप था। सुप्रीम कोर्ट की ओर से सजा की पुष्टि और सभी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद उसे फांसी दी गई। ईरान और इस्राइल के बीच लंबे समय से चल रहे छद्म युद्ध के दौरान ऐसे मामलों में कई लोगों को सजा दी जा चुकी है।
कैंब्रिज विश्वविद्यालय ने भारत में शुरू किया नया शोध केंद्र
ब्रिटेन के प्रतिष्ठित कैंब्रिज विश्वविद्यालय ने भारत में एक नए शोध केंद्र की शुरुआत की। विश्वविद्यालय ने मंगलवार को बताया कि कैंब्रिज-इंडिया सेंटर फॉर एडवांस्ड स्ट्डीज (सीएएस) नवाचार, शोध व शिक्षण पर केंद्रित होगा। यह ब्रिटेन के अग्रणी विश्वविद्यालय और भारत की तेजी से बढ़ती ज्ञान आधारित अर्थव्यवस्था के बीच एक सेतु का कार्य करेगा। नया केंद्र भारत में कैंब्रिज विश्वविद्यालय की गतिविधियों के लिए एक केंद्रीय मंच के रूप में काम करेगा और बौद्धिक आदान-प्रदान को बढ़ावा देगा। कुलपति डेबोरा प्रेंटिस ने कहा, कैंब्रिज-इंडिया सीएएस भारत के श्रेष्ठ शोधकर्ताओं और नवोन्मेषकों से सहयोग स्थापित करने तथा इस तेजी से बढ़ती ज्ञान अर्थव्यवस्था के साथ संबंध मजबूत करने का एक रोमांचक अवसर है। इस हफ्ते दिल्ली आए वरिष्ठ प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहीं प्रो. प्रेंटिस ने यह भी ऐलान किया कि विश्वविद्यालय कुछ स्नातक पाठ्यक्रमों के लिए अतिरिक्त आवश्यकताओं के साथ सीबीएसई की 12वीं कक्षा की योग्यता को मान्यता देगा।
चीन ने जापान से वापस मंगा लिया आखिरी पांडा जोड़ा
तनावपूर्ण संबंधों के बीच चीन ने जापान से पांडा के आखिरी जोड़े को वापस मंगवा लिया है। करीब 50 वर्षों में पहली बार जापान पांडा विहीन हो गया है। चीन ने संबंधों को सामान्य करने के उद्देश्य से 1972 में अपने पड़ोसी जापान को पहली बार पांडा भेंट किया था। चीन अक्सर पांडों का कूटनीतिक इस्तेमाल करता है। चीन व जापान के बीच आपसी बातचीत के आधार पर पांडों की वापसी फरवरी में तय थी। लेकिन, चीन ने बुधवार को ही पांडा शियाओ व लेई को वापस मंगवा लिया।
द. कोरिया- पूर्व प्रथम महिला कियॉन को 20 माह जेल की सजा
दक्षिण कोरियाई अदालत ने बुधवार को पूर्व प्रथम महिला किम कियॉन ही को भ्रष्टाचार के मामले में 20 महीने की जेल की सजा सुनाई। कियॉन पूर्व राष्ट्रपति यून सुक येओल की पत्नी हैं। सियोल सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट कोर्ट ने किम को यूनिफिकेशन चर्च से व्यापारिक सुविधाओं के बदले रिश्वत लेने के आरोप में दोषी ठहराया और 20 महीने की जेल की सजा सुनाई।
धमाके के साथ जाफर एक्सप्रेस बेपटरी हुई बलोचों ने ली जिम्मेदारी
पाकिस्तान के सिंध प्रांत में धमाके के बाद जाफर एक्सप्रेस बेपटरी हो गई। ट्रेन के चार डिब्बे पटरी से उतर गए। संबंधित रेलवे अधिकारियों ने बताया कि सोमवार को धमाका अबाद स्टेशन पर हुआ। इसकी जिम्मेदारी बलोच सशस्त्र समूह ने ली है। मालूम हो कि इससे पहले भी बीते साल मार्च में बलूचिस्तान के विद्रोहियों ने जाफर एक्सप्रेस को हाइजैक कर लिया था। इसमें 21 बंदियों की हत्या कर दी गई थी। हालांकि, सेना ने बाद में ट्रेन को छुड़ा लिया था और 33 विद्रोहियों को मारने का दावा किया था।
न्यूयॉर्क में बिखरी भारतीय संस्कृति-पर्यटन की छटा
न्यूयॉर्क में आयोजित प्रमुख प्रदर्शनी में भारत के पर्यटन व सांस्कृतिक स्थलों की छटा बिखरी। प्रदर्शनी के जरिये हजारों आगंतुकों को देश की समृद्ध विरासत व पाक कला के बारे में जानने का अवसर मिला। न्यूयॉर्क स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास ने जैकब जेविट्स सेंटर में आयोजित ट्रैवल एंड एडवेंचर शो 2026 में भाग लिया। यहां 10 हजार से अधिक आगंतुकों ने भारत के पर्यटन व सांस्कृतिक परिदृश्य की झलक देखी। इस वर्ष भारत मंडप विशाल कन्वेंशन सेंटर के मुख्य प्रवेश द्वार पर ही तैयार किया गया। भारतीय महावाणिज्य दूतावास के कांसुल जनरल बिनय प्रधान ने 24-25 जनवरी को आयोजित कार्यक्रम में भारत मंडप का उद्घाटन किया।
भारत मंडप में विशेष रूप से भारत की टूर एवं ट्रैवल कंपनियों ने भाग लिया और अपनी योजनाएं प्रदर्शित कीं। प्रधान ने बताया, हमारा प्रयास भारतीय पर्यटन को अमेरिका की मुख्यधारा में लाना है और भारतीय-अमेरिकी प्रवासियों की दूसरी, तीसरी और चौथी पीढ़ी को अपने पैतृक देश की यात्रा करने के लिए प्रोत्साहित करना है। अमेरिका में रहने वाले 52 लाख प्रवासी भारतीय सांस्कृतिक रूप से भारत से जुड़े हुए हैं।
बिना लैंडिंग गियर के उतरा नासा का विमान, निकलीं लपटें, टला हादसा
नासा का एक खोजी विमान हवा में ही खराब हो गया और बिना लैंडिंग गियर के उसे टेक्सास हवाईअड्डे पर उतरना पड़ा। विमान रनवे पर पेट के बल रगड़ खा रहा था और पीछे आग की लपटें निकल रही थीं। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। गनीमत रही कि एक बड़ा हादसा बच गया। नासा ने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि चालक दल सुरक्षित हैं।
नेपाल में नकली भारतीय मुद्रा के साथ बिहार के दो युवक गिरफ्तार
नेपाल के रौतहट जिले में नेपाली सुरक्षा बलों ने बिहार के दो निवासियों को नकली भारतीय नोटों के साथ गिरफ्तार किया है। सशस्त्र पुलिस बल (एपीएफ) के प्रवक्ता मनीष थापा के अनुसार, सीतामढ़ी जिले के बिक्रम कुमार पासवान और राहेश कुमार साह को मंगलवार रात पकड़ा गया। दोनों भारतीय पंजीकरण वाली मोटरसाइकिल से नेपाल में प्रवेश कर रहे थे। उसी समय नियमित सुरक्षा जांच के दौरान उनके पास से 2500 रुपये की जाली मुद्रा बरामद हुई। इसमें एक 500 रुपये का नोट और दस 200 रुपये के नोट शामिल थे। आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई के लिए आरोपियों को जिला पुलिस कार्यालय, रौतहट को सौंप दिया गया है।
प्रवासी समझौते को लेकर रवांडा ने ब्रिटेन पर किया मुकदमा
रवांडा ने ब्रिटेन के खिलाफ एक बड़े विवादित प्रवासी समझौते को लेकर मुकदमा दायर किया है। यह मुकदमा हेग स्थित स्थायी मध्यस्थता न्यायालय में दायर किया गया है। यह समझौता अप्रैल 2024 में लागू हुआ था, जिसके तहत ब्रिटेन अपने देश में अवैध रूप से आए शरणार्थियों को रवांडा भेजता और बदले में रवांडा को पैसे देता।
लेकिन जुलाई 2024 में ब्रिटेन के नए प्रधानमंत्री कीर स्टारमर ने इस समझौते को “खत्म और बेकार” बताते हुए रद्द कर दिया। रवांडा का कहना है कि यह फैसला बिना किसी पूर्व सूचना के लिया गया, जो दोनों देशों के बीच बनी साझेदारी की भावना के खिलाफ है। इस योजना के तहत केवल चार लोग ही स्वेच्छा से रवांडा गए थे। इससे पहले, ब्रिटेन की सुप्रीम कोर्ट ने 2023 में इस समझौते को गैरकानूनी करार दिया था और कहा था कि यह ब्रिटेन और अंतरराष्ट्रीय कानून दोनों का उल्लंघन करता है।
रवांडा का आरोप है कि ब्रिटेन ने तयशुदा भुगतान नहीं किए और समझौते की शर्तों का उल्लंघन किया। ब्रिटेन को अप्रैल 2025 और अप्रैल 2026 में 50-50 मिलियन पाउंड देने थे, लेकिन उसने भुगतान से इंकार कर दिया। रवांडा का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय कानून के अनुसार केवल घरेलू अदालत का फैसला किसी अंतरराष्ट्रीय समझौते को अपने आप खत्म नहीं करता। इसलिए वह मुआवजा और बकाया राशि की मांग कर रहा है। वहीं, ब्रिटेन साफ कर चुका है कि वह अब कोई और भुगतान नहीं करेगा। यह मामला दोनों देशों के रिश्तों में नई कानूनी टकराव की स्थिति पैदा कर सकता है।
अमेरिका में मर्डर केस में जुलाई में ट्रायल शुरू करने की मांग
अमेरिका के न्यूयॉर्क शहर में मैनहैटन के सरकारी वकीलों ने अदालत से मांग की है कि लुइगी मंगियोनी के खिलाफ राज्य स्तर पर चल रहे हत्या के मामले की सुनवाई जुलाई 2026 में शुरू की जाए। मंगियोनी पर यूनाइटेडहेल्थकेयर कंपनी के सीईओ ब्रायन थॉम्पसन की हत्या का आरोप है।
अभियोजकों का कहना है कि अगर राज्य का मुकदमा पहले शुरू नहीं हुआ और संघीय (फेडरल) मुकदमा पहले चल गया, तो न्यूयॉर्क कानून के तहत राज्य सरकार मंगियोनी पर दोबारा मुकदमा नहीं चला पाएगी। इसे “डबल जेपर्डी” कहा जाता है। फेडरल कोर्ट में इस केस की जूरी चयन प्रक्रिया सितंबर 2026 से शुरू होनी है। अगर वहां मौत की सजा का विकल्प रखा गया, तो ट्रायल का मुख्य हिस्सा जनवरी 2027 में शुरू होगा। ऐसे में राज्य सरकार चाहती है कि उसका केस पहले निपटाया जाए।
मंगियोनी की गिरफ्तारी दिसंबर 2024 में हुई थी। पुलिस के अनुसार उसने थॉम्पसन को होटल जाते समय पीछे से गोली मारी थी। घटना के दौरान इस्तेमाल की गई गोलियों पर “डिले, डिनाय और डिपोज” जैसे शब्द लिखे थे, जो बीमा कंपनियों की कार्यशैली पर कटाक्ष माने जाते हैं। मंगियोनी ने सभी आरोपों से इनकार किया है। राज्य मामले में उसे उम्रकैद हो सकती है, जबकि फेडरल मामले में मौत की सजा का भी खतरा है। इस केस को लेकर अमेरिका में काफी चर्चा और बहस चल रही है।





