आज: यूपी की मतदाता सूची में दावे-आपत्ति दर्ज कराने का आखिरी दिन, केजरीवाल की समिति के सामने पेशी
आज 6 मार्च 2026 को कृष्ण पक्ष की तृतीया है। शुक्रवार को चुनाव आयोग केरल में चुनावी तैयारियों का जायजा लेगा। वहीं, फांसी घर मामले में पूर्व सीएम केजरीवाल की पेशी है।
यूपी एसआईआर से जुड़ी दावे-आपत्तियां दर्ज करने की आखिरी तरीख
उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत मतदाता सूची से जुड़े दावे और आपत्तियां दर्ज करने की आज आखिरी तारीख है। इसमें फॉर्म 6, 7 और 8 जमा करके अपना नाम जुड़वा और सुधार करवा सकते हैं या मतदाता सूची से नाम हटवाने का अनुरोध कर सकते हैं। इससे पहले यह समय सीमा 6 फरवरी थी।
फांसी घर मामले में पूर्व सीएम केजरीवाल की पेशी
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल फांसी घर मामले में शुक्रवार को विधानसभा की विशेषाधिकार समिति के सामने पेश होंगे। केजरीवाल ने समिति को पत्र लिखकर सूचित किया है कि वह दोपहर तीन बजे समन के अनुसार स्वयं उपस्थित होंगे।
चुनाव आयोग का केरल में चुनावी जायजा
चुनाव आयोग की टीम गुरुवार को केरल पहुंच गई है। ये टीम शुक्रवार से अपना आधिकारिक दौरा शुरू करेगी। इस दौरान वे राज्य में चुनावी तैयारियों का जायजा लेगी।
अमित शाह का ओडिशा दौरा
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ओडिशा के दौरे पर हैं। इस दौरान वे शुक्रवार को कटक के मुंडाली में सीआईएसएफ के स्थापना दिवस कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके साथ ही वे राज्य की राजधानी में नए आपराधिक कानूनों पर एक प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे।
एआई इम्पैक्ट समिट मामले पर सुनवाई
भारतीय युवा कांग्रेस (आईवाईसी) के अध्यक्ष उदय भानु चिब एक मामले में शुक्रवार को दिल्ली हाईकोर्ट में सुनवाई होगी। दरअसल, इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट में युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। इसी मामले में चिब की गिरफ्तारी हुई है।
अमेरिका के उपविदेश सचिव क्रिस्टोफर का भारत दौरा
अमेरिका के उपविदेश सचिव क्रिस्टोफर लैंडो के भारत दौरे का आज आखिरी दिन है। यहां वे भारत के सबसे बड़े जियोपॉलिटिकल फोरम रायसीना डायलॉग 2026 में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि ट्रंप की अमेरिका फर्स्ट पॉलिसी प्रायोरिटीज को आगे बढ़ाएंगे।
तेलंगाना सरकार का जनसंपर्क कार्यक्रम
तेलंगाना सरकार शुक्रवार से 99 दिनों तक व्यापक जनसंपर्क कार्यक्रम चलाएगी। इस अभियान को ‘प्रजा पालन–प्रगति प्राणालिका’ (पीपुल्स गवर्नेंस–प्रोग्रेस प्लान) नाम दिया गया है। यह पांच चरणों में आयोजित होगा। इसका उद्देश्य कल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों को आम जनता के और करीब पहुंचाना है।
भारत-कनाडा के बीच यूरेनियम समझौते से पाकिस्तान बौखलाया; रूस-यूक्रेन के बीच युद्धबंदियों की अदला-बदली,पीएम मोदी कल कृषि पर वेबिनार को करेंगे संबोधित; ओडिशा में आज फोरेंसिक विवि की नींव रखेंगे अमित शाह
सूर्यकुमार यादव की अगुआई वाली भारतीय टीम टी20 विश्व कप के फाइनल में पहुंच गई है। भारत ने मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए सेमीफाइनल में इंग्लैंड को हरा दिया है। भारत ने इस तरह चौथी बार टी20 विश्व कप के खिताबी मुकाबले में प्रवेश किया है। भारतीय टीम इससे पहले 2007, 2014 और 2024 में फाइनल में जगह बना चुकी है। भारत के लिए इस मैच में संजू सैमसन ने दमदार प्रदर्शन किया, लेकिन मैच का रुख अक्षर पटेल और जसप्रीत बुमराह ने पलटा। वहीं पश्चिम एशिया में जारी तनाव आज अपने सातवें दिन में प्रवेश कर चुका है। इसके बाद भी अमेरिका-इस्राइल और ईरान के बीच संघर्ष कम होने के बजाय और बढ़ता हुआ दिख रहा है। इसी बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर इस संघर्ष को लेकर सख्त संकेत दिए हैं। उन्होंने ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड, सेना और पुलिस को हथियार डालने के लिए कड़ी चेतावनी दी है। व्हाइट हाउस में बोलते हुए ट्रंप ने ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड, सेना और पुलिस से कहा है कि वे अपने हथियार डाल दें। इसके साथ ही असम के कार्बी आंगलोंग जिले के पहाड़ी इलाके में गुरुवार शाम भारतीय वायुसेना का सुखोई-30 एमकेआई लड़ाकू विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। खबर लिखे जाने तक पायलट के लापता होने की सूचना है। पायलट की तलाश के लिए हेलीकॉप्टर की मदद से बड़े पैमाने पर खोज और बचाव अभियान चलाया जा रहा है।
चौथी बार फाइनल में भारत: अक्षर-बुमराह ने किस तरह इंग्लैंड के हाथ से छीनी बाजी?
सूर्यकुमार यादव की अगुआई वाली भारतीय टीम टी20 विश्व कप के फाइनल में पहुंच गई है। भारत ने मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए सेमीफाइनल में इंग्लैंड को हरा दिया है। भारत ने इस तरह चौथी बार टी20 विश्व कप के खिताबी मुकाबले में प्रवेश किया है। भारतीय टीम इससे पहले 2007, 2014 और 2024 में फाइनल में जगह बना चुकी है। भारत के लिए इस मैच में संजू सैमसन ने दमदार प्रदर्शन किया, लेकिन मैच का रुख अक्षर पटेल और जसप्रीत बुमराह ने पलटा
असम के कार्बी आंगलोंग में सुखोई-30 लड़ाकू विमान दुर्घटनाग्रस्त

असम के कार्बी आंगलोंग जिले के पहाड़ी इलाके में गुरुवार शाम भारतीय वायुसेना का सुखोई-30 एमकेआई लड़ाकू विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। खबर लिखे जाने तक पायलट के लापता होने की सूचना है। पायलट की तलाश के लिए हेलीकॉप्टर की मदद से बड़े पैमाने पर खोज और बचाव अभियान चलाया जा रहा है।
‘हथियार डाल दें, नहीं तो मौत तय’: ईरानी IRGC-सेना और पुलिस को ट्रंप का अल्टीमेटम

पश्चिम एशिया में जारी तनाव आज अपने सातवें दिन में प्रवेश कर चुका है। इसके बाद भी अमेरिका-इस्राइल और ईरान के बीच संघर्ष कम होने के बजाय और बढ़ता हुआ दिख रहा है। इसी बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर इस संघर्ष को लेकर सख्त संकेत दिए हैं। उन्होंने ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड, सेना और पुलिस को हथियार डालने के लिए कड़ी चेतावनी दी है। व्हाइट हाउस में बोलते हुए ट्रंप ने ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड, सेना और पुलिस से कहा है कि वे अपने हथियार डाल दें।
अमेरिकी संसद में ट्रंप की ईरान युद्ध नीति पर टकराव

अमेरिका में ईरान के खिलाफ जारी सैन्य अभियान को लेकर राजनीति तेज हो गई है। अमेरिकी प्रतिनिधि सभा ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ईरान पर हमले रोकने के प्रस्ताव को बहुत कम अंतर से खारिज कर दिया। गुरुवार को हुए मतदान में प्रस्ताव के पक्ष में 212 वोट पड़े, जबकि 219 सांसदों ने इसके खिलाफ मतदान किया। अगर यह प्रस्ताव पास हो जाता, तो ट्रंप प्रशासन को ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई रोकनी पड़ती, जब तक कि कांग्रेस इसकी अनुमति न देती। यह लगातार दूसरा दिन है जब अमेरिकी संसद में ऐसा प्रस्ताव गिरा है। इससे पहले सीनेट में भी इसी तरह का प्रस्ताव 47-53 मतों से खारिज हो चुका है।
दिल्ली मेट्रो की पहली रिंग पूरी, मैजेंटा लाइन का विस्तार

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर आठ मार्च को मेट्रो के दो काॅरिडोर चालू हो जाएंगे। इसमें से एक काॅरिडोर के शुरू होने से दिल्ली को देश की पहली रिंग मेट्रो मिलेगी। वहीं, तीन अन्य काॅरिडोर की नींव भी रखी जाएगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इन प्रोजेक्टों का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इनके पूरा होने के बाद दिल्ली की सार्वजनिक परिवहन प्रणाली को विस्तार मिलेगा। आवाजाही निर्बाध होने से सड़कों पर वाहनों की संख्या कम होगी। इससे आबोहवा भी साफ होगी।
ईरानी हथियार से पस्त हुए अमेरिका और खाड़ी देश

पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष दिन-प्रतिदिन और भयावह होता जा रहा है। अमेरिका और इस्राइल के भीषण हमलों से दहक रहे मोर्चे पर ईरान भी जोरदार पलटवार कर रहा है। मिसाइलों और ड्रोन की गरज के बीच यह संघर्ष अब सातवें दिन में प्रवेश कर चुका है और पूरे क्षेत्र में तनाव चरम पर है। इसी उग्र हालात के बीच यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि ईरानी ड्रोन के खतरे से निपटने के लिए अमेरिका और पश्चिम एशिया के कई देश यूक्रेन के अनुभव का सहारा लेना चाहते हैं।
ऑनलाइन पंजीकरण आज शुरू, ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन 17 अप्रैल से

उत्तराखंड में आगामी चारधाम यात्रा के लिए ऑनलाइन पंजीकरण शुक्रवार से शुरू होंगे। पर्यटन विभाग ने तैयारियां पूरी कर ली हैं, सुबह 7 बजे से पंजीकरण वेबसाइट तथा मोबाइल एप के माध्यम से उपलब्ध रहेगा। वहीं, 17 अप्रैल से ऑफलाइन पंजीकरण की सुविधा भी शुरू की जाएगी।.
पश्चिम एशिया संकट: बड़े पैमाने पर प्रभावित हो रही हवाई यात्रा

पश्चिम एशिया में बढ़ता संघर्ष दिन-प्रतिदिन और भयावह रूप लेता नजर आ रहा है। ऐसे में एक तरफ जहां इस संघर्ष ने खाड़ी देशों के साथ-साथ पूरे दुनिया की राजनीति में तहलका मचा दिया है। वहीं दूसरी ओर इसका व्यापाक प्रभाव हवाई यात्रा पर भी पड़ रहा है। इसी बीच गुरुवार को भारतीय एयरलाइनों ने कुल 281 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द कर दीं। नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने बताया कि वे लगातार क्षेत्र की स्थिति पर नज़र रख रहे हैं।
इस सीजन का सबसे गर्म दिन रहा बृहस्पतिवार, 6 डिग्री ऊपर जाएगा पारा

दिल्ली में गर्मी ने मार्च की शुरुआत से ही रफ्तार पकड़नी शुरू कर दी है। ऐसे में बृहस्पतिवार इस सीजन का सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया। दिनभर तेज धूप के कारण लोगों ने गर्मी का अहसास किया। हालांकि, सुबह-शाम की हल्की ठंड अभी भी धीर-धीरे खत्म हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार, इस दौरान अधिकतम तापमान 34.3 और न्यूनतम तापमान 18.2 डिग्री दर्ज हुआ। मौसम विभाग के अनुसार, रिज में 18.2 आया नगर में 18.1 और लोधी रोड में 17 और पालम में 16.1 न्यूनतम पारा दर्ज किया गया।
तलाक की खबरों के बीच फिर तृषा के साथ नजर आए विजय

पिछले दिनों दक्षिण भारतीय अभिनेता विजय थलापति की पत्नी ने तलाक की अर्जी फैमिली कोर्ट में दायर की। तलाक की खबरों के बीच विजय गुरुवार को अपनी रूमर्ड गर्लफ्रेंड तृष्णा कृष्णनन के साथ एक कार्यक्रम में नजर आए। जानिए, दोनों साथ में कहां पहुंचे? क्या इस तरह उन्होंने अपने नए रिश्ते को दुनिया के सामने कबूल कर लिया है।
भारत-कनाडा के बीच यूरेनियम समझौते से पाकिस्तान बौखलाया; रूस-यूक्रेन के बीच युद्धबंदियों की अदला-बदली
भारत और कनाडा के बीच ऊर्जा क्षेत्र में बढ़ते सहयोग और यूरेनियम आपूर्ति के दीर्घकालिक समझौते से पाकिस्तान असहज हो गया है। हाल में कनाडाई प्रधानमंत्री मार्क कार्नी की भारत यात्रा (27 फरवरी-2 मार्च) के दौरान दोनों देशों ने परमाणु ऊर्जा और महत्वपूर्ण खनिजों की आपूर्ति को लेकर अहम करार किए थे, जिसे पाकिस्तान ने दक्षिण एशिया के रणनीतिक संतुलन के लिए खतरा बताया है।
पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ताहिर अंद्राबी ने कहा कि भारत व कनाडा के बीच यूरेनियम आपूर्ति और छोटे मॉड्यूलर रिएक्टरों पर हुआ यह समझौता चिंता का विषय है। इससे भारत को घरेलू परमाणु भंडार का उपयोग सैन्य उद्देश्यों के लिए करने की छूट मिल जाएगी। पाकिस्तान ने आरोप लगाया कि यह समझौता अंतरराष्ट्रीय परमाणु अप्रसार नियमों के खिलाफ है। इससे भारत के परमाणु हथियारों के भंडार में विस्तार होगा। वहीं, कूटनीतिक जानकारों का कहना है कि भारत का परमाणु कार्यक्रम पूरी तरह शांतिपूर्ण उद्देश्यों व ऊर्जा सुरक्षा के लिए है। भारत ने हमेशा अंतरराष्ट्रीय मानकों का पालन किया है, यही कारण है कि कनाडा जैसे देश भारत के साथ नागरिक परमाणु सहयोग बढ़ा रहे हैं। पाकिस्तान ने इस वैश्विक साझेदारी को भेदभावपूर्ण करार देते हुए अंतरराष्ट्रीय समुदाय से समान मानदंडों की मांग की है।
अमेरिकी राज्य मोंटाना में महात्मा गांधी की प्रतिमा का अनावरण
अमेरिका के मोंटाना राज्य में पहली बार महात्मा गांधी की प्रतिमा का अनावरण किया गया है। भारत सरकार द्वारा भेंट की गई यह प्रतिमा मिसौला स्थित यूनिवर्सिटी ऑफ मोंटाना के प्रतिष्ठित माइक मैन्सफील्ड सेंटर में स्थापित की गई है। मोंटाना के गवर्नर ग्रेग जियानफोर्टे और सिएटल में भारत के महावाणिज्य दूत प्रकाश गुप्ता ने संयुक्त रूप से इसका अनावरण किया।
संयुक्त राष्ट्र में गूंजा पाकिस्तान की शगुफ्ता का मामला
संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार परिषद (यूएनएचआरसी) के 61वें सत्र के दौरान पाकिस्तान में ईशनिंदा के आरोप में कैद ईसाई महिला शगुफ्ता किरण का मुद्दा उठाया गया। जुबली कैंपेन की प्रतिनिधि हुल्डा फहमी ने ईशनिंदा और धर्मत्याग विरोधी कानूनों को रद्द करने की मांग की। शगुफ्ता जुलाई 2021 से रावलपिंडी की अदियाला जेल में बंद हैं। उन पर व्हाट्सएप के जरिये आपत्तिजनक सामग्री भेजने का आरोप है।
रूस में रोमानियाई नागरिक को जासूसी के लिए 15 साल की जेल
रूस की एक अदालत ने यूक्रेन के लिए जासूसी करने के दोषी पाए गए एक रोमानियाई नागरिक को 15 साल जेल की सजा सुनाई है। क्रास्नोडार क्षेत्र की अदालत ने बृहस्पतिवार को यह फैसला सुनाया। दोषी व्यक्ति की पहचान एड्रियन-डेविड चेरसियो के रूप में हुई है। अदालत के अनुसार, चेरसियो ने सोची शहर की हवाई रक्षा प्रणालियों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी जुटाई और उसे यूक्रेन को सौंप दिया। बताया गया है कि उसने नवंबर 2024 में यूक्रेन के लिए काम करने की सहमति दी थी। हालांकि, उसकी गिरफ्तारी कब हुई, इस बारे में जानकारी नहीं दी गई है।
चीन ने 35 साल में सबसे कम आर्थिक विकास लक्ष्य तय किया
चीन ने 1991 के बाद अपना सबसे कम आर्थिक विकास लक्ष्य तय किया है। बृहस्पतिवार से शुरू हुए वार्षिक राष्ट्रीय सम्मेलन के उद्घाटन के अवसर पर चीन ने नया लक्ष्य सामने रखा। प्रधानमंत्री ली कियांग ने 2026 के लिए 4.5% से 5% का आर्थिक विकास लक्ष्य घोषित किया। कई अर्थशास्त्रियों ने इसे घरेलू अर्थव्यवस्था की कमजोरी करार देते हुए चीन की इकोनॉमी को ढलता सूरज बताया है। इस सम्मेलन के दौरान चीन ने अगली पंचवर्षीय योजना का पूरा मसौदा सामने रखा। इसमें सरकार की आर्थिक व राजनीतिक नीतिगत प्राथमिकताओं की जानकारी दी गई है।
आईएस के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय समुदाय कार्रवाई करे- भारत
भारत ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से आतंकवादी संगठनों इस्लामिक स्टेट (आईएस), अल-कायदा व उनके सहयोगियों के खिलाफ मिलकर कार्रवाई करने का आह्वान किया। संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी मिशन के प्रथम सचिव रघु पुरी ने कहा, आतंकवाद अंतरराष्ट्रीय शांति व सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा है। संयुक्त राष्ट्र आतंकवाद-विरोधी कार्यालय की तरफ से सदस्य देशों के वार्षिक राजदूत स्तरीय संबोधन में पुरी ने अप्रैल 2025 में जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले का जिक्र किया। हमले को पाकिस्तान स्थित लश्कर-ए-तैयबा के सहयोगी संगठन द रेजिस्टेंस फ्रंट ने अंजाम दिया था। इस आतंकी हमले में 26 पर्यटकों की जान चली गई थी।
रूस और यूक्रेन के बीच 200-200 युद्धबंदियों की अदला-बदली
रूस और यूक्रेन के बीच युद्धबंदियों की रिहाई को लेकर बड़ा समझौता हुआ है। रूसी विदेश मंत्रालय ने बृहस्पतिवार को बताया कि दोनों देशों ने 200-200 युद्धबंदियों की अदला-बदली की है। समझौते के तहत अगले दिन यानी शुक्रवार को भी दोनों पक्ष 300-300 अतिरिक्त कैदियों को रिहा करेंगे। पिछले चार वर्षों से जारी युद्ध को समाप्त करने के लिए किसी शांति समझौते पर प्रगति नहीं हुई है।
अफगान सीमा पर पाकिस्तान के हमले जारी, 41 ठिकाने तबाह
पाकिस्तान के सुरक्षा बलों ने अफगानिस्तान सीमा के पास उग्रवादियों के ठिकानों पर जमीनी और हवाई हमले किए हैं। सेना ने बुधवार और बृहस्पतिवार की दरम्यानी रात चमन, झोब, किला सैफुल्लाह और नोशकी सेक्टरों में अफगान तालिबान और टीटीपी के 41 ठिकानों को निशाना बनाया। यह कार्रवाई ऑपरेशन गजब-उल-हक का हिस्सा है, जो पिछले हफ्ते अफगान तालिबान द्वारा सीमा पर किए गए हमलों के जवाब में शुरू किया गया था।
लैटिन अमेरिकी देशों से ड्रग कार्टेल के खिलाफ सख्त कार्रवाई की अपील
अमेरिका के रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने लैटिन अमेरिकी देशों से ड्रग कार्टेल के खिलाफ ज्यादा आक्रामक कार्रवाई करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि अगर क्षेत्र के देश इन आपराधिक संगठनों को रोकने में प्रभावी कदम नहीं उठाते हैं, तो अमेरिका को अकेले ही कार्रवाई करनी पड़ सकती है। मियामी में अमेरिकी दक्षिणी कमान के मुख्यालय में आयोजित अमेरिका काउंटर कार्टेल कॉन्फ्रेंस में बोलते हुए हेगसेथ ने कहा कि अमेरिका और लैटिन अमेरिका की साझा सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत खतरे में है। उन्होंने कहा कि अब केवल सामान्य पुलिस कार्रवाई से काम नहीं चलेगा, बल्कि संगठित अपराध और आतंकवादी नेटवर्क के खिलाफ सख्त कदम उठाने होंगे। इस सम्मेलन में अर्जेंटीना, होंडुरास और डोमिनिकन गणराज्य सहित कई देशों के प्रतिनिधि शामिल हुए। अमेरिका पहले ही मेक्सिको और वेनेजुएला के कुछ ड्रग कार्टेल को विदेशी आतंकवादी संगठन घोषित कर चुका है। ट्रंप प्रशासन ने इनके खिलाफ समुद्र में कई सैन्य कार्रवाई भी की हैं। हालांकि कुछ विशेषज्ञों का मानना है कि सेना को इस लड़ाई में आगे करने से जोखिम भी हो सकता है, क्योंकि कई देशों में सैन्य संस्थानों की निगरानी कमजोर है और मानवाधिकार उल्लंघन का इतिहास भी रहा है।
क्यूबा में बिजली संकट बरकरार
क्यूबा के पश्चिमी हिस्से में बड़ा बिजली संकट जारी है और लाखों लोग अब भी बिना बिजली के रह रहे हैं। यह संकट एक बड़े थर्मोइलेक्ट्रिक पावर प्लांट में खराबी के कारण हुआ है। अधिकारियों का कहना है कि बिजली पूरी तरह बहाल होने में तीन से चार दिन लग सकते हैं। सरकारी मीडिया के अनुसार राजधानी हवाना में लगभग 34 प्रतिशत उपभोक्ताओं को ही बिजली मिल पा रही है। हालांकि अस्पतालों और पानी की आपूर्ति जैसी जरूरी सेवाओं को प्राथमिकता दी जा रही है। कई लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। 65 वर्षीय मिगुएल लेयवा ने कहा कि गर्मी, मच्छरों और बिजली न होने के कारण हालात बहुत कठिन हो गए हैं और घर में रखा खाना भी खराब होने का खतरा है। क्यूबा लंबे समय से पुराने बिजली ढांचे और ईंधन की कमी की समस्या से जूझ रहा है। हाल ही में वेनेजुएला से तेल की आपूर्ति भी रुक गई, जिससे संकट और गहरा गया। अमेरिकी प्रतिबंधों के कारण नए उपकरण और जरूरी पुर्जे खरीदना भी मुश्किल हो गया है। पिछले तीन महीनों में यह दूसरी बड़ी बिजली कटौती है, जिससे देश की ऊर्जा व्यवस्था की कमजोरी फिर सामने आई है।
एलन मस्क पर ट्विटर शेयरधारकों को गुमराह करने का आरोप
अमेरिकी अरबपति एलन मस्क के खिलाफ चल रहे एक मुकदमे में उन्होंने अदालत में अपने बयान का बचाव किया है। यह मामला 2022 में ट्विटर को खरीदने से पहले किए गए उनके ट्वीट्स से जुड़ा है। ट्विटर के कुछ शेयरधारकों ने आरोप लगाया है कि मस्क ने जानबूझकर ऐसे बयान दिए जिनसे कंपनी के शेयर की कीमत गिर गई और निवेशकों को करोड़ों डॉलर का नुकसान हुआ। मस्क ने 44 अरब डॉलर में ट्विटर को खरीदने का समझौता किया था, जिसे बाद में उन्होंने एक्स नाम दे दिया। मुकदमे में आरोप है कि मस्क ने ट्विटर पर फर्जी और स्पैम अकाउंट की संख्या को लेकर विवाद खड़ा किया ताकि कंपनी की कीमत कम करवाई जा सके या सौदा रद्द किया जा सके। अदालत में मस्क ने दोबारा कहा कि ट्विटर पर फर्जी खातों की संख्या कंपनी के दावे से कहीं ज्यादा थी। उनके अनुसार यह आंकड़ा कम से कम 20 प्रतिशत हो सकता था, जबकि ट्विटर ने इसे लगभग 5 प्रतिशत बताया था। उन्होंने कहा कि यह बात कहना उतना ही सामान्य था जैसे कहना कि घास हरी होती है या आसमान नीला होता है। अदालत अब यह तय करेगी कि मस्क ने निवेशकों को गुमराह किया या नहीं।
एफबीआई के संवेदनशील सिस्टम में संदिग्ध साइबर गतिविधि की जांच
अमेरिका की जांच एजेंसी एफबीआई ने बताया है कि उसके एक आंतरिक कंप्यूटर सिस्टम में संदिग्ध साइबर गतिविधि का पता चला है। यह सिस्टम जांच और निगरानी से जुड़ी संवेदनशील जानकारी रखता है। एजेंसी अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह गतिविधि कितनी बड़ी है और इसका कितना असर पड़ा है। एफबीआई के अनुसार 17 फरवरी को नेटवर्क के एक सिस्टम में असामान्य लॉग डेटा मिलने के बाद जांच शुरू की गई। इस सिस्टम में कानून प्रवर्तन से जुड़ी जानकारी, निगरानी के रिकॉर्ड और जांच से जुड़े लोगों की व्यक्तिगत जानकारी मौजूद थी। इसमें “पेन रजिस्टर” जैसे उपकरणों से जुटाई गई जानकारी भी शामिल है, जो किसी फोन नंबर से किए गए कॉल का रिकॉर्ड रखने में इस्तेमाल होता है। एफबीआई का कहना है कि हमलावरों ने नेटवर्क सुरक्षा को पार करने के लिए काफी उन्नत तकनीकों का इस्तेमाल किया है और एक इंटरनेट सेवा प्रदाता के ढांचे का फायदा उठाया गया। अभी तक यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि इस साइबर गतिविधि के पीछे कौन है, लेकिन अमेरिकी एजेंसियों को लंबे समय से विदेशी हैकरों से खतरा बना हुआ है, जो संवेदनशील सरकारी जानकारी हासिल करने की कोशिश करते रहते हैं।
कैपिटल दंगे में माफी पाने वाला व्यक्ति बच्चों के शोषण मामले में उम्रकैद
अमेरिका में कैपिटल हिल दंगे के एक आरोपी को पहले राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से माफी मिल चुकी थी, लेकिन अब उसे बच्चों के यौन शोषण के मामले में उम्रकैद की सजा सुनाई गई है। फ्लोरिडा के 45 वर्षीय एंड्रयू पॉल जॉनसन को दो बच्चों के साथ अश्लील हरकतें करने और एक नाबालिग को हानिकारक सामग्री भेजने का दोषी पाया गया। अदालत ने उसे आजीवन कारावास की सजा दी है। जॉनसन उन कई लोगों में शामिल था जिन्हें 6 जनवरी 2021 के कैपिटल दंगे में शामिल होने के मामले में ट्रंप ने माफी दी थी। बताया गया कि जॉनसन ने अपने एक पीड़ित बच्चे से कहा था कि उसे दंगे के मामले में माफी मिलने के कारण सरकार से पैसा मिल सकता है और वह उस पैसे का हिस्सा बच्चे को अपनी वसीयत में देगा। जांचकर्ताओं का मानना है कि उसने ऐसा बच्चे को चुप रखने के लिए कहा था। पुलिस को उसके फोन और मैसेजिंग ऐप पर बच्चों के साथ आपत्तिजनक संदेश भी मिले। इससे पहले 2024 में कैपिटल दंगे के मामले में उसे एक साल की सजा हुई थी। यह मामला दिखाता है कि दंगे के कुछ आरोपी बाद में दूसरे गंभीर अपराधों में भी फंस गए हैं।
अमेरिका-मेक्सिको मुक्त व्यापार समझौते की समीक्षा के लिए 16 मार्च से वार्ता
अमेरिका और मेक्सिको ने घोषणा की है कि दोनों देश 16 मार्च से मुक्त व्यापार समझौते की समीक्षा से पहले बातचीत शुरू करेंगे। यह समझौता यूएस-मेक्सिको-कनाडा एग्रीमेंट (USMCA) के नाम से जाना जाता है, जिसने पिछले कई दशकों से तीनों देशों की अर्थव्यवस्थाओं को आपस में जोड़े रखा है। मेक्सिको के अर्थव्यवस्था मंत्री मार्सेलो एब्रार्ड ने बताया कि शुरुआती दौर की बातचीत में उत्पादन बढ़ाने, आपूर्ति श्रृंखला की सुरक्षा और नियमों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होगी। इस समझौते की औपचारिक समीक्षा इस साल होने वाली है। हालांकि पिछले एक साल में अमेरिका, मेक्सिको और कनाडा के संबंधों में कुछ तनाव भी देखा गया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की संरक्षणवादी व्यापार नीतियों और कई टैरिफ के कारण बाजारों में चिंता बढ़ी है। कुछ उत्पाद अभी भी ऊंचे टैरिफ के दायरे में हैं, जैसे मध्यम और भारी ट्रकों पर 25 प्रतिशत टैरिफ तथा स्टील, एल्युमीनियम और तांबे पर 50 प्रतिशत तक शुल्क। मेक्सिको और कनाडा भी आपसी सहयोग बढ़ाने के लिए बातचीत कर रहे हैं, ताकि समझौते की समीक्षा के दौरान अपने हितों की बेहतर तरीके से रक्षा कर सकें।
पीएम मोदी कृषि पर वेबिनार को करेंगे संबोधित; ओडिशा में आज फोरेंसिक विवि की नींव रखेंगे अमित शाह
पीएम नरेंद्र मोदी शनिवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कृषि और ग्रामीण रूपांतरण विषय पर वेबिनार को संबोधित करेंगे। इस विषय के तहत आठ सत्र आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें चार प्रमुख क्षेत्रों को शामिल किया गया है। इनमें कृषि, पशुपालन व डेयरी, मत्स्य पालन और ग्रामीण आजीविका शामिल हैं। वेबिनार में उच्च मूल्य वाली खेती को बढ़ावा देने पर खास जोर दिया जाएगा। इसमें काजू, नारियल, चंदन, अगरवुड, बादाम, अखरोट और चिलगोजा जैसी फसलों की संभावनाओं को कैसे बढ़ाया जाए इस पर चर्चा होगी।
ओडिशा में आज फोरेंसिक विवि की नींव रखेंगे शाह
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शुक्रवार को ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में नेशनल फोरेंसिक साइंसेज यूनिवर्सिटी (एनएफएसयू) के नए कैंपस की आधारशिला रखेंगे। इसके साथ ही वह ओडिशा पुलिस की ओर से आयोजित नए आपराधिक कानूनों पर तीन दिवसीय प्रदर्शनी का उद्घाटन भी करेंगे। अमित शाह बृहस्पतिवार शाम दो दिवसीय दौरे पर भुवनेश्वर पहुंचें। शुक्रवार को गृह मंत्री शाह केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के 57वें स्थापना दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम के दौरान शाह एनएफएसयू के ट्रांजिट कैंपस का वर्चुअल उद्घाटन करेंगे और भुवनेश्वर में बनने वाली केंद्रीय फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (सीएफएसएल) के लिए भूमि पूजन भी करेंगे। ओडिशा के डीजीपी वाईबी खुरानिया ने बताया कि गृह मंत्री शाह नए आपराधिक कानूनों पर आधारित तीन दिवसीय न्याय संहिता प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे। इस कार्यक्रम में ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी भी मौजूद रहेंगे। इस मौके पर शाह राज्य में 20 नए साइबर पुलिस स्टेशनों का वर्चुअल उद्घाटन करेंगे और एक मोबाइल फॉरेंसिक वैन को भी हरी झंडी दिखाएंगे। साथ ही कई नए पुलिस स्टेशन भवनों का उद्घाटन किया जाएगा और कुछ थानों में कमांड एंड कंट्रोल (सीसी) और ईओ सुविधाओं की शुरुआत होगी।
40 एकड़ में फैला होगा एनएफएसयू कैंपस अधिकारियों के अनुसार, कार्यक्रम के दौरान आईआईटी भुवनेश्वर और राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय के साथ समझौता ज्ञापन (एमओयू) भी हस्ताक्षरित किए जाएंगे। भुवनेश्वर में एनएफएसयू का स्थायी कैंपस ओडिशा सरकार की ओर से दी गई 40 एकड़ जमीन पर बनाया जाएगा। इसे फोरेंसिक और संबंधित विज्ञानों का उत्कृष्टता केंद्र (सेंटर ऑफ एक्सीलेंस) के रूप में विकसित किया जाएगा। एनएफएसयू का अस्थायी कैंपस तीन विशेष पाठ्यक्रमों के साथ शुरू होगा।
आंध्र प्रदेश- पटाखा फैक्टरी विस्फोट में मृतक संख्या 28 हुई
आंध्र प्रदेश के वेटलापालेम गांव स्थित पटाखा फैक्टरी में हुए धमाके में जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर 28 हो गई है। 28 फरवरी को हुए इस भीषण विस्फोट के बाद आठ और घायल दम तोड़ चुके हैं। जिला चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जे. नरसिम्हा नायक ने पुष्टि करते हुए कहा कि आज दो और व्यक्तियों की मौत हो गई। इससे कुल मृतक संख्या 28 पहुंच गई है।
मध्य कोलकाता में रैलियों और प्रदर्शनों पर पाबंदी
शहर के व्यस्त मध्य इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने और संभावित हंगामे को रोकने के लिए कोलकाता पुलिस ने सख्त कदम उठाया है। पुलिस कमिश्नर सुप्रतिम सरकार की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार मध्य कोलकाता के प्रमुख हिस्सों में रैलियों, धरने और पांच या उससे अधिक व्यक्तियों के एकत्र होने पर 60 दिनों के लिए प्रतिबंध लगा दिया गया है। भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा-163 के तहत यह आदेश 4 मार्च से 2 मई तक प्रभावी रहेगा।
भारत-म्यांमार सीमा पर 31 करोड़ की ड्रग्स के साथ चार गिरफ्तार
नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) ने मिजोरम में भारत-म्यांमार अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास 31 करोड़ रुपये के मादक पदार्थ के साथ चार लोगों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को बताया कि मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए गए एक संयुक्त अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अधिकारियों के अनुसार पिछले कुछ दिनों में सीमा के पास तीन अलग-अलग स्थानों पर छाप मारे गए। इस दौरान लगभग 36 किलोग्राम मेथामफेटामिन बरामद किया गया।
सूरत के नशामुक्ति केंद्र में मरीज की पीट-पीटकर हत्या, चार गिरफ्तार
गुजरात के सूरत शहर में एक नशामुक्ति केंद्र में इलाज करा रहे 32 वर्षीय युवक की कर्मचारियों के पिटाई करने से मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में चार कर्मचारियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार यह घटना शहर के डुमस इलाके स्थित रीवा व्यसन मुक्ति एंड रिहैब सेंटर में हुई। मृतक की पहचान धवल राठौड़ (32) के रूप में हुई है। जिन्हें 28 फरवरी को नशे की लत के इलाज के लिए केंद्र में भर्ती कराया गया था। सहायक पुलिस आयुक्त श्वेता डेनियल ने बताया कि धवल राठौड़ ने दवा लेने से इनकार कर दिया था। इसके बाद दो काउंसलर, एक वार्ड बॉय और एक ड्राइवर ने उनकी पिटाई कर दी।
कर्नाटक: 8 अधिकारियों के ठिकानों से 35 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त
भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए कर्नाटक लोकायुक्त पुलिस ने बृहस्पतिवार को राज्यभर में बड़ी कार्रवाई की। आठ सरकारी अधिकारियों के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के मामले में लोकायुक्त की टीमों ने बंगलूरू, मैसूर, मांड्या और गडग समेत 42 ठिकानों पर एक साथ छापे मारे। इस अभियान में अधिकारियों के पास से कुल 35.65 करोड़ रुपये की बेहिसाब संपत्ति का खुलासा हुआ है। लोकायुक्त के अनुसार जब्त की गई संपत्ति में 24.05 करोड़ की अचल संपत्ति और 11.59 करोड़ की चल संपत्ति (नकदी और आभूषण) शामिल हैं। मुख्य आरोपियों में बंगलूरू पीडब्ल्यूडी के मुख्य अभियंता वसंत वलप्पा नाइक (6.40 करोड़ रुपये) और येलाहंका के सीईओ शशिधर आर. (5.15 करोड़ रुपये) के नाम प्रमुखता से सामने आए हैं। इसके अलावा मांड्या, गडग और विजयपुरा के अन्य अधिकारियों के परिसरों से भी करोड़ों के दस्तावेज मिले हैं। लोकायुक्त पुलिस ने कहा कि विभिन्न जिलों में दर्ज शिकायतों के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। फिलहाल अचल संपत्तियों के दस्तावेजों की जांच की जा रही और सभी मामलों में विस्तृत जांच जारी है।
कर्नाटक में अनुसूचित जाति के अंदर आरक्षण पर फिर होगी कैबिनेट बैठक
कर्नाटक सरकार अनुसूचित जाति (SC) के भीतर आंतरिक आरक्षण को लेकर एक बार फिर कैबिनेट बैठक करेगी। गुरुवार को हुई कैबिनेट बैठक में इस मुद्दे पर लंबी चर्चा हुई, लेकिन कई मंत्रियों के बोलने बाकी रहने के कारण फैसला नहीं हो सका। राज्य के कानून और संसदीय कार्य मंत्री एच.के. पाटिल ने कहा कि सरकार आंतरिक आरक्षण देने के लिए प्रतिबद्ध है और इस विषय पर जल्द ही फिर से कैबिनेट की बैठक बुलाई जाएगी।
यह मामला राज्य में 56,432 सरकारी खाली पदों पर भर्ती से जुड़ा हुआ है। फिलहाल सरकार ने तय किया है कि इन पदों पर भर्ती पुराने आरक्षण नियमों के आधार पर की जाएगी, जिसमें अनुसूचित जाति के लिए 15 प्रतिशत और अनुसूचित जनजाति के लिए 3 प्रतिशत आरक्षण है। दरअसल, पिछली भाजपा सरकार ने SC का आरक्षण 15 से बढ़ाकर 17 प्रतिशत और ST का 3 से बढ़ाकर 7 प्रतिशत कर दिया था, जिससे कुल आरक्षण 56 प्रतिशत हो गया था। यह मामला अभी सुप्रीम कोर्ट में लंबित है। कांग्रेस सरकार 17 प्रतिशत SC आरक्षण को तीन हिस्सों में बांटकर अलग-अलग समूहों को देने पर विचार कर रही है। हालांकि मदिगा समुदाय आंतरिक आरक्षण की मांग कर रहा है, जबकि होलेया समुदाय बिना आंतरिक आरक्षण के भर्ती के पक्ष में है। इसी कारण सरकार इस मुद्दे पर अंतिम फैसला करने से पहले और चर्चा करना चाहती है।
भारतीय संस्कृति पोर्टल का नया संस्करण लॉन्च, ‘भारती’ एआई चैटबॉट करेगा मदद
केंद्र सरकार ने भारतीय संस्कृति से जुड़ी जानकारी देने वाले “इंडियन कल्चर पोर्टल” का नया और उन्नत संस्करण लॉन्च किया है। संस्कृति मंत्रालय के सचिव विवेक अग्रवाल ने इस पोर्टल को लॉन्च किया। इस नए संस्करण में कई तकनीकी सुधार किए गए हैं, जिससे यह पहले से तेज, आसान और उपयोगकर्ताओं के लिए अधिक उपयोगी बन गया है। इस पोर्टल की शुरुआत दिसंबर 2019 में की गई थी, जिसका उद्देश्य भारत की समृद्ध संस्कृति, इतिहास, साहित्य, कला और विरासत से जुड़ी जानकारी लोगों तक डिजिटल रूप में पहुंचाना है। इसमें देशभर के संग्रहालयों, पुस्तकालयों, अभिलेखागार और सांस्कृतिक संस्थानों के संसाधनों को एक ही मंच पर उपलब्ध कराया गया है।
नए पोर्टल की खास बात यह है कि इसमें ‘भारती’ नाम का एआई आधारित चैटबॉट जोड़ा गया है। यह चैटबॉट उपयोगकर्ताओं को पोर्टल पर जानकारी ढूंढने, सवालों के जवाब देने और सांस्कृतिक विषयों का सार बताने में मदद करेगा। यह सरकार के “भाषिणी” प्लेटफॉर्म से जुड़ा है, जिससे यह 22 भारतीय भाषाओं में जवाब दे सकता है। इसके अलावा पोर्टल पर 3डी और 360 डिग्री वर्चुअल टूर के जरिए कई ऐतिहासिक स्मारकों को ऑनलाइन देखा जा सकेगा। इसमें भारत की प्रसिद्ध लड़ाइयों, लोककथाओं, पारंपरिक चिकित्सा, महान व्यक्तित्वों और शास्त्रीय नृत्यों से जुड़ी नई जानकारी भी जोड़ी गई है। साथ ही इसमें क्विज, गेम और पहेलियां भी शामिल की गई हैं।
केरल हाईकोर्ट ने गिरफ्तारी से पहले की प्रक्रिया का पालन सुनिश्चित करने का दिया निर्देश
केरल हाईकोर्ट ने कहा है कि कई मामलों में पुलिस द्वारा गिरफ्तारी से पहले जरूरी कानूनी प्रक्रियाओं का पालन नहीं करने के कारण आरोपियों को जमानत मिल जाती है। इसी को देखते हुए अदालत ने राज्य की सभी आपराधिक अदालतों को निर्देश दिया है कि वे रिमांड देने से पहले यह सुनिश्चित करें कि गिरफ्तारी से जुड़ी सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी की गई हैं। न्यायमूर्ति ए. बधारुद्दीन ने कहा कि जब भी किसी आरोपी को रिमांड पर भेजने का आदेश दिया जाए, तो अदालत के रिकॉर्ड में यह दर्ज होना चाहिए कि गिरफ्तारी से पहले की सभी प्रक्रियाएं पूरी की गई हैं और आरोपी को इस पर कोई आपत्ति नहीं है। यदि ऐसा नहीं किया गया है, तो मजिस्ट्रेट या न्यायाधीश पहले जांच अधिकारी से इन प्रक्रियाओं को पूरा करवाएं और उसके बाद ही रिमांड पर फैसला करें।
अदालत ने यह भी कहा कि अगर जांच अधिकारी जानबूझकर इन नियमों का पालन नहीं करता है, तो उसके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की सिफारिश की जानी चाहिए। यह निर्देश उस मामले की सुनवाई के दौरान दिया गया, जिसमें एक वन अधिकारी पर महिला कर्मचारी से यौन उत्पीड़न का आरोप लगा था। अदालत ने आरोपी को कुछ शर्तों के साथ जमानत दे दी, लेकिन साथ ही यह भी स्पष्ट किया कि वह गवाहों को प्रभावित नहीं करेगा और जांच में सहयोग करेगा।






Add comment