तेलंगाना विधानसभा का बजट सत्र 16 मार्च से शुरू, वरिष्ठ कम्युनिस्ट नेता नल्लाकन्नू की हालत गंभीर,नेपाल मधेश में कर्फ्यू हटाया गया; पाकिस्तान में सोशल मीडिया पोस्ट पर कनाडाई नागरिक गिरफ्तार
रांची से दिल्ली आ रही एयर एम्बुलेंस झारखंड के चतरा जिले के सिमरिया में दुर्घटनाग्रस्त हो गई। विमान में मरीज सहित सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं मेरठ में कपड़ा कारोबारी के घर भीषण आग से महिला और तीन बच्चों समेत छह की जान चली गई, जबकि दो घायल हैं। एक तरफ मिलावटी कफ सिरप मामले में 850 कंपनियों को नोटिस दिए गए हैं। उधर, एपस्टीन प्रकरण में ब्रिटेन पुलिस ने पूर्व राजदूत पीटर मैंडेलसन को गिरफ्तार किया है। वहीं ट्रंप के टैरिफ विवाद से सर्राफा बाजार में जोरदार उछाल देखने को मिला है। चांदी की कीमत बढ़कर 2.72 लाख रुपये प्रति किलो के पार पहुंच गई, जबकि सोना भी 1.62 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर को लांघ गया।
आज: नेता विपक्ष राहुल गांधी का भोपाल दौरा, टी20 विश्वकप में पाकिस्तान-इंग्लैंड के बीच मुकाबला
आज 24 फरवरी 2026 को शुक्ल पक्ष की सप्तमी है। मंगलवार को लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी भोपाल के दौरे पर रहेंगे। वहीं, भारत-जापान के संयुक्त सैन्य अभ्यास ‘धर्मा गार्डियन 2026’ की शुरुआत होगा।
राहुल गांधी का भोपाल दौरा
शुरुआत कांग्रेस नेता राहुल गांधी से। भोपाल में मंगलवार को कांग्रेस की बड़ी किसान सभा होगी। इस सभा में राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे शामिल होंगे। पार्टी अमेरिका के साथ हुई ट्रेड डील का विरोध करते हुए मध्य प्रदेश से राष्ट्रव्यापी आंदोलन की शुरुआत करेगी। कांग्रेस का कहना है कि इस समझौते से सोयाबीन, कपास और मक्का उगाने वाले किसानों को नुकसान होगा।
राष्ट्रपति भवन में राजगोपालाचारी प्रदर्शनी
राष्ट्रपति भवन में मंगलवार से राजगोपालाचारी पर आधारित प्रदर्शनी लगेगी। यह प्रदर्शनी 1 मार्च तक चलेगी। सोमवार को राष्ट्रपति भवन में ‘राजाजी उत्सव’ मनाया गया। इस अवसर पर राष्ट्रपति भवन के केंद्रीय प्रांगण में सी. राजगोपालाचारी जी की प्रतिमा का अनावरण भी हुआ। राजगोपालाचारी स्वतंत्र भारत के पहले भारतीय गवर्नर जनरल थे।
राष्ट्रीय गोलमेज सम्मेलन का आयोजन
निर्वाचन आयोग और राज्य चुनाव आयुक्तों का मंगलवार को राष्ट्रीय गोलमेज सम्मेलन करेगा। यह सम्मेलन नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित होगा। इसकी अध्यक्षता मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार करेंगे। इसमें निर्वाचन आयुक्त डॉ. सुखबीर सिंह संधु और डॉ. विवेक जोशी भी उपस्थित रहेंगे। इस तरह का सम्मेलन 27 साल बाद होने जा रहा है। पिछला सम्मेलन वर्ष 1999 में हुआ था।
‘धर्मा गार्डियन 2026’ आयोजन
भारत-जापान का संयुक्त सैन्य अभ्यास ‘धर्मा गार्डियन 2026’ मंगलवार से शुरू होगा, उत्तराखंड में आयोजित हो रहा ये अभ्यास 9 मार्च तक चलेगा। इस अभ्यास का उद्देश्य संयुक्त शहरी युद्ध और आतंकवाद विरोधी अभियानों के दौरान दोनों सेनाओं के बीच समन्वय बढ़ाना है।
मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन का कन्याकुमारी दौरा
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन मंगलवार से कन्याकुमारी के दो दिन के दौरे पर रहेंगे। वे सुबह 10 बजे चेन्नई से निजी विमान से रवाना होंगे और थूथुकुडी हवाई अड्डे पर पहुंचेंगे। सीएम कन्याकुमारी में सरकारी गेस्ट हाउस के पास 1.45 करोड़ की लागत से निर्मित रजत जयंती स्मारक मेहराब का उद्घाटन करेंगे। यह स्मारक मेहराब ऐतिहासिक स्थल के पर्यटन और सांस्कृतिक महत्व को बढ़ाने के प्रयासों के अंतर्गत बनाया गया है।
बनभूलपुरा मामले पर सुनवाई
हल्द्वानी के बनभूलपुरा मामले में मंगलवार को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई होगी। यह रेलवे जमीन पर अतिक्रमण से जुड़े मामला है। इसमें 4365 लोगों को 29 एकड़ भूमि से कब्जा हटाने का नोटिस जारी किया गया है।
छत्तीसगढ़ का बजट पेश होगा
छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओपी चौधरी मंगलवार को बजट पेश करेंगे। सोमवार को विधानसभा कार्य मंत्रणा समिति की बैठक आयोजित की गई। बजट सत्र के पहले दिन राज्यपाल रमेन डेका का अभिभाषण हुआ। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में विकास की अपार संभावनाएं हैं।
झारखंड का बजट पेश होगा
झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार मंगलवार को झारखंड विधानसभा में वित्त वर्ष 2026-27 का बजट पेश करेगी। यह बजट सत्र 19 मार्च तक चलेगा।
टी20 विश्वकप में पाकिस्तान-इंग्लैंड के बीच मुकाबला
टी20 विश्वकप में पाकिस्तान और इंग्लैंड के बीच सुपर-8 का मुकाबला खेला जाएगा। यह मैच शाम 7 बजे से पल्लेकेले में खेला जाएगा। इंग्लैंड अपना पहला मैच श्रीलंका से जीत चुका है। वहीं, पाकिस्तान का न्यूजीलैंड के खिलाफ हुआ पहला मुकबला बारिश के चलते रद्द हो गया था।
रणजी ट्रॉफी का फाइनल मैच
मंगलवार को रणजी ट्रॉफी का फाइनल मैच है। यह मुकाबला कर्नाटक और जम्मू-कश्मीर के बीच खेला जाएगा। यह मैच कर्नाटक के केएससीए हुबली क्रिकेट ग्राउंड में शुरू होगा। कर्नाटक 11 साल बाद रणजी के फाइनल में पहुंचा है। वहीं, जम्मू कश्मीर ने रणजी ट्रॉफी के इतिहास में पहली बार फाइनल में जगह बनाई है।
भारतीय महिला टीम का ऑस्ट्रेलिया से मैच
भारतीय महिला टीम मंगलवार को ब्रिसबेन में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन वनडे मैचों की सीरीज का पहला मैच खेलेगी। इससे पहले तीन टी20 मैचों की सीरीज भारत ने 2-1 से अपने नाम की थी।
रांची में एयर एम्बुलेंस क्रैश
झारखंड के चतरा में सोमवार शाम एयर एंबुलेंस दुर्घटनाग्रस्त होने से उसमें सवार मरीज और डॉक्टर समेत सभी सात लोगों की मौत हो गई। एंबुलेंस ने रांची से मरीज को लेकर दिल्ली के लिए उड़ान भरी थी। तकनीकी खामी की वजह से हादसा होने की आशंका जताई जा रही है। उड्डयन नियामक डीजीसीए ने विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (एएआईबी) को हादसे की जांच करने के आदेश दिए हैं।

उत्तर भारत में गर्मी का अहसास
उत्तर-पश्चिम भारत समेत देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम तेजी से बदल रहा है। पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में जहां चोटियों पर बर्फबारी से सफेद चादर बिछ गई है, वहीं मैदानी इलाकों में हल्की बूंदाबादी के बावजूद तापमान लगातार बढ़ रहा है। यहां तक जम्मू-कश्मीर में भी अधिकतम तापमान आसमान छूता नजर आ रहा है और गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया है। दूसरी ओर पूर्वोत्तर, पूर्वी और दक्षिण भारत के राज्यों में गरज-चमक के साथ बारिश तथा समुद्री क्षेत्रों में तेज हवाओं का असर देखने को मिल रहा है।

कपड़ा कारोबारी के मकान में लगी भीषण आग, तीन बच्चों समेत छह की जलकर मौत
यूपी के मेरठ स्थित थाना लिसाड़ीगेट थाना क्षेत्र के किदवई नगर इस्लामाबाद में सोमवार रात एक कपड़ा कारोबारी के घर में भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आने से झुलसने और दम घुटने के कारण एक ही परिवार के पांच बच्चों और एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। किदवई नगर इस्लामाबाद की गली नंबर-3 में स्थित यह तीन मंजिला मकान कपड़ा कारोबारी इकबाल अहमद का है। इस मकान में उनके दो बेटों, आसिम और फारूक के परिवार भी साथ रहते हैं। मकान के प्रथम तल पर आई संस एम्ब्रॉयडरी का कारखाना संचालित होता है, जहां पावरलूम के जरिए धागों से कपड़ा तैयार किया जाता है जबकि दूसरी मंजिल पर परिवार निवास करता है।

मिलावटी कफ सिरप पर सख्ती, 850 कंपनियों को दिए नोटिस
देश में कफ सिरप की गुणवत्ता को लेकर सरकार ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 90 फीसदी घरेलू कंपनियों के खिलाफ जांच की है। केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन ने दस महीनों तक चली जांच पूरी कर ली है। इस दौरान करीब 850 कंपनियों को सुधारात्मक एवं निवारक कार्रवाई (सीएपीए) के नोटिस जारी किए गए हैं। हालांकि, अब तक किसी से संतोषजनक जवाब नहीं मिला है।

एपस्टीन मामले में ब्रिटेन पुलिस की दूसरी कार्रवाई, पूर्व राजदूत पीटर मैंडेलसन गिरफ्तार
एपस्टीन मामले में ब्रिटिश शाही परिवार से जुड़ी पहली गिरफ्तारी के बाद ब्रिटेन पुलिस ने दूसरी बड़ी कार्रवाई की है। ब्रिटेन की पुलिस ने एपस्टीन फाइल के खुलासों के बाद कदाचार के संदेह में अमेरिका में ब्रिटेन के पूर्व राजदूत पीटर मैंडेलसन को गिरफ्तार किया है। ब्रिटिश पुलिस ने यह गिरफ्तारी दोषी यौन अपराधी एपस्टीन से उनके संबंधों के खुलासे के बाद की गई।

जल्द लौटाई जाएगी 7.11 लाख निष्क्रिय पीएफ खातों में पड़ी राशि
कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) के 7.11 लाख निष्क्रिय खातों में फंसे 30.52 करोड़ रुपये जल्द संबंधित खाताधारकों या उनके कानूनी वारिसों को लौटाए जाएंगे। श्रम मंत्रालय का यह फैसला ऐसे 31.86 लाख खातों को बंद करने की पहल का हिस्सा है, जो मौजूदा समय में निष्क्रिय पड़े हैं। मंत्रालय के मुताबिक इनमें कुछ खाते 20 साल तक पुराने हैं, जिनमें तीन साल से कोई लेनदेन नहीं हुआ।

लेबनान से गैर-जरूरी राजनयिकों को लौटने का आदेश
ईरान के साथ बढ़ते तनाव और संभावित सैन्य कार्रवाई की आशंकाओं के बीच अमेरिका ने बड़ा कदम उठाया है। यूनाइटेड स्टेट्स डिपार्टमेंट ऑफ स्टेट ने सोमवार को आदेश जारी कर बेरूत स्थित अमेरिकी दूतावास से गैर-जरूरी राजनयिकों और उनके परिवारों को लेबनान छोड़ने के निर्देश दिए हैं।

ट्रंप के टैरिफ विवाद से सर्राफा बाजार में उछाल
अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट की ओर से राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के टैरिफ को खारिज किए जाने और उसके बाद पैदा हुई वैश्विक व्यापारिक अनिश्चितता का सीधा असर कीमती धातुओं के बाजार पर दिखा है। सुरक्षित निवेश की मांग तेजी से बढ़ने के कारण सोमवार को राष्ट्रीय राजधानी के सराफा बाजार में सोने और चांदी की कीमतों में 3 प्रतिशत तक का भारी उछाल दर्ज किया गया है।

टी20 में रनों के लिहाज से वेस्टइंडीज की दूसरी बड़ी जीत, जिम्बाब्वे को हराया
शिमरॉन हेटमायर की शानदार बल्लेबाजी के बाद गुडाकेश मोती की अगुआई में गेंदबाजों के दमदार प्रदर्शन से वेस्टइंडीज ने टी20 विश्व कप के सुपर आठ मुकाबले में जिम्बाब्वे को 107 रनों से हराया। वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में छह विकेट पर 254 रन बनाए। जवाब में जिम्बाब्वे की टीम 17.4 ओवर में 147 रन पर ऑलआउट हो गई। जिम्बाब्वे के लिए ब्रैड इवांस ने अंत में विस्फोटक बल्लेबाजी की, लेकिन वह भी टीम को जीत नहीं दिला सके। यह टी20 में वेस्टइंडीज की रनों के लिहाज से दूसरी बड़ी जीत है। इससे पहले उसने 2024 में युगांडा को 134 रनों से हराया था।
दूसरे मंडे टेस्ट में पास या फेल ‘ओ रोमियो’, जानें फिल्म का कलेक्शन
‘ओ रोमियो’ की रिलीज को आज पूरे ग्यारह दिन हो चुके हैं। ‘ओ रोमियो’ ने वीकएंड पर जरूर कमाल दिखाया, लेकिन सोमवार का कलेक्शन पहले से कम रहा है।
तेलंगाना विधानसभा का बजट सत्र 16 मार्च से शुरू, वरिष्ठ कम्युनिस्ट नेता नल्लाकन्नू की हालत गंभीर
तेलंगाना कैबिनेट ने सोमवार को निर्णय लिया कि विधानसभा का बजट सत्र 16 मार्च से शुरू होगा। सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री पी श्रीनिवास रेड्डी ने बताया कि सत्र की शुरुआत राज्यपाल के संबोधन से होगी और बजट 20 मार्च को पेश किया जाएगा। कैबिनेट ने कई फैसले लिए हैं, जिनमें एल एंड टी से हैदराबाद मेट्रो रेल परियोजना पूरी तरह से अपने नियंत्रण में लेना, सरकारी कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के लिए दुर्घटना बीमा योजना लागू करना (अकस्मिक मृत्यु पर 1.2 करोड़ रुपये का लाभ), और 528 करोड़ रुपये के ट्रस्ट के माध्यम से कैशलेस स्वास्थ्य योजना लागू करना शामिल है।
मानसिक रूप से विकलांग व्यक्ति को बच्चा चुराने के शक में पीट-पीटकर मौत
ओडिशा के मायूरभंज जिले में सोमवार को मानसिक रूप से विकलांग व्यक्ति को गांववालों ने बच्चा चुराने के संदेह में पीट-पीटकर मार दिया। यह घटना मोराड़ा पुलिस थाना क्षेत्र के लोढासाही गांव में हुई। पुलिस के अनुसार, कुछ लोगों ने देखा कि गांव में चार संदिग्ध व्यक्ति घूम रहे हैं। उन्हें शक होने पर पकड़ लिया गया, लेकिन तीन भागने में सफल रहे। भीड़ ने मानसिक रूप से विकलांग व्यक्ति पर हमला किया। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल व्यक्ति को स्थानीय अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित किया। मोराड़ा पुलिस थाना प्रभारी सुमित कुमार सोरेन ने कहा कि मृतक मानसिक रूप से विकलांग था और इस पर सुवो मोटु हत्या मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
बंगाल: भांगड़ में TMC और ISF कार्यकर्ताओं में झड़प
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले दक्षिण 24 परगना जिले के भांगड़ इलाके में सोमवार शाम टीएमसी और इस्लामिक स्टूडेंट्स फोरम (ISF) कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हुई। पुलिस के अनुसार, दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मोटरसाइकिल और गाड़ियों को तोड़फोड़ करने का आरोप लगाया। झड़प तब हुई जब ISF कार्यकर्ता 24 फरवरी को होने वाली बैठक की तैयारी कर रहे थे, जिसमें उनके विधायक नौशाद सिद्दीक़ी शामिल होने वाले थे।
पुलिस ने रैपिड एक्शन फोर्स और अतिरिक्त बल तैनात कर स्थिति को नियंत्रण में लिया। ISF ने आरोप लगाया कि टीएमसी कार्यकर्ताओं ने कई बाइक तोड़ी और विरोधी कार्यकर्ताओं को धमकाया। टीएमसी ने इस दावे का खंडन करते हुए कहा कि सिद्दीक़ी और उनके लोग पार्टी के कार्यकर्ताओं पर हमला और धमकी दे रहे थे।
वरिष्ठ कम्युनिस्ट नेता नल्लाकन्नू की हालत गंभीर
चेन्नई। सैकड़ों साल के सीपीआई वरिष्ठ नेता आर. नल्लाकन्नू का स्वास्थ्य गंभीर बना हुआ है। वे राजीव गांधी सरकारी अस्पताल में इलाजरत हैं। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन ने अस्पताल जाकर डॉक्टरों से उनकी हालत के बारे में जानकारी ली। सीपीआई राज्य सचिव एम. वीरपांडियन ने कहा कि पिछले 20 दिनों से इलाज चल रहा है और स्वास्थ्य में गिरावट आई है। नल्लाकन्नू ने 26 दिसंबर 2025 को अपना 101वां जन्मदिन मनाया था।
आंध्र में मिलावटी दूध पीने से चार लोगों की मौत, विक्रेता हिरासत में
आंध्र प्रदेश के पूर्वी गोदावरी जिले में मिलावटी दूध पीने से पिछले 48 घंटों में चार लोगों की मौत हो गई। इनमें से दो की मौत रविवार को हुई जबकि दो लोगों ने सोमवार को दम तोड़ा। इनके अलावा, 12 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी डायलिसिस कराई जा रही है। पुलिस ने मिलावट करने के आरोप में दूध की आपूर्ति करने वाले विक्रेता को हिरासत में ले लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है। उधर, प्रदेश सरकार ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं और मृतकों के परिवारों के लिए 10-10 लाख रुपये की अनुग्रह राशि की घोषणा की है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि दूषित दूध के कारण लोगों की किडनी खराब हो गई। अचानक मूत्र संबंधी अवरोध पैदा होने से उनकी मौत हो गई। राजामहेंद्रवरम उत्तर जोन के डीएसपी वाई श्रीकांत ने बताया कि चारों पीड़ित एक ही विक्रेता से दूध खरीदते थे। वह लगभग 40 मवेशियों का और राजामहेंद्रवरम के किसानों से मिले दूध को लाकर घरों में वितरित करता था। जिला कलेक्टर ने बताया कि उन 106 घरों में रक्त परीक्षण किए जा रहे हैं, जहां विक्रेता ने दूध की आपूर्ति की थी।
नेपाल मधेश में कर्फ्यू हटाया गया; पाकिस्तान में सोशल मीडिया पोस्ट पर कनाडाई नागरिक गिरफ्तार
नेपाल के दक्षिणी मधेश प्रदेश में तनाव के चलते लगाए गए कर्फ्यू को सोमवार को हटा दिया गया। रौतहट जिले में गोर नगरपालिका में शादी की झगड़े के बाद उत्पन्न तनाव के कारण शनिवार से लागू कर्फ्यू सोमवार सुबह 10 बजे हटाया गया।
कर्फ्यू हटने के बाद बाजार, यातायात और शैक्षणिक संस्थान सामान्य रूप से खुल गए। राजनीतिक दलों ने शांति बनाए रखने और आपसी सम्मान के लिए जनता से अपील की। गोर में सोमवार सुबह शांति रैली आयोजित की गई। बीते घटनाओं में कम से कम आठ लोग घायल हुए थे, जिनमें दो पुलिसकर्मी भी शामिल थे। बिरगंज महानगर क्षेत्र के श्रीपुर इलाके में भी पार्किंग विवाद के चलते कर्फ्यू लगाया गया था, जिसे सोमवार शाम 4:30 बजे हटाया गया। हालांकि, मंगलवार सुबह 8 बजे तक अतिरिक्त प्रतिबंध जारी रहेंगे।
26 को भारत आएंगे कनाडाई पीएम कार्नी
कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी 26 फरवरी को भारत दौरे पर आएंगे। इस दौरे का मुख्य उद्देश्य व्यापार, ऊर्जा, तकनीक और रक्षा क्षेत्रों में नए अवसर तलाशना है। भारत के अलावा कनाडा के पीएम कार्नी ऑस्ट्रेलिया और जापान की भी यात्रा करेंगे। पीएम कार्नी के कार्यालय ने सोमवार को एक बयान जारी कर भारत यात्रा की जानकारी दी। कार्नी की भारत दौरे की शुरुआत आर्थिक राजधानी मुंबई से होगी। इसके बाद वह दिल्ली की यात्रा करेंगे, जहां उनकी मुलाकात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से होनी है। इस दौरान दोनों नेता कनाडा-भारत संबंधों को मजबूत और विस्तार देने पर चर्चा करेंगे। बातचीत में व्यापार, ऊर्जा, तकनीक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), प्रतिभा, संस्कृति और रक्षा जैसे क्षेत्रों में नई साझेदारियों पर जोर रहेगा। कार्नी भारतीय उद्योगपतियों से मिलकर निवेश के नए अवसरों पर चर्चा करेंगे। उनका उद्देश्य दोनों देशों के व्यवसायों के बीच नई साझेदारियां बनाना है। यह कार्नी का पीएम बनने के बाद पहला भारत दौरा होगा।
पाकिस्तान: सोशल मीडिया पोस्ट के आरोप में कनाडाई नागरिक गिरफ्तार
पाकिस्तान की राष्ट्रीय साइबर क्राइम जांच एजेंसी (NCCIA) ने कनाडाई नागरिक हमजा अहमद खान को गिरफ्तार किया है, जो राज्य संस्थाओं और सुरक्षा बलों के खिलाफ सोशल मीडिया पर पोस्ट डाल रहा था। खान, जो फरवरी 13 को पीएचडी शोध के लिए पाकिस्तान आए थे, को फरवरी 19 से लापता बताया जा रहा था। NCCIA ने अदालत में प्रस्तुत करते हुए उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा। एजेंसी के अनुसार, उनके सोशल मीडिया अकाउंट से गलत जानकारी और अशांति फैलाने वाले संदेश प्रसारित किए जा रहे थे, जिससे पाकिस्तान की आंतरिक और अंतरराष्ट्रीय प्रतिष्ठा को नुकसान पहुँचने का खतरा था।
बलूचिस्तान में बिगड़ते हालात, 82 लापता 12 नागरिकों की हत्या
बलोच नेशनल मूवमेंट के मानवाधिकार विभाग ने आरोप लगाया गया है कि नए साल की शुरुआत बलूचिस्तान में लगातार गंभीर मानवाधिकार उल्लंघन के साथ हुई। जनवरी में जबरन गायब होने के 82 मामले व 12 हत्याएं दर्ज हुईं। बलूचिस्तान के अलग-अलग जिलों के साथ कराची, सिंध में भी जबरन गायब होने और सरकारी संरक्षण में हत्या की कई घटनाएं हुई। इससे सुरक्षा और मानवाधिकार का माहौल बिगड़ रहा है।
पाकिस्तान : अर्धसैनिक बल पर क्वाडकॉप्टर से हमले, 5 सैनिक घायल
पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में अर्द्धसैनिक बल फेडरल कांस्टेबुलरी (एफसी) के मुख्यालय पर क्वाडकॉप्टर ड्रोन से किए गए हमले में एफसी के पांच जवान घायल हो गए। पुलिस ने कहा, करक जिले में स्थित एफसी मुख्यालय को निशाना बनाकर हमला किया गया। इमारत पर हमला करने के लिए क्वाडकॉप्टर का इस्तेमाल किया गया। घायलों को अस्पताल ले जा रही एम्बुलेंस पर भी चरमपंथियों ने गोलियां चलाईं, जिसमें दो बचाव अधिकारी घायल हो गए।
मेक्सिको: ‘एल मेंचो’ कार्टेल बॉस की हत्या के बाद 25 सुरक्षा कर्मी मारे गए
मेक्सिको की विशेष सुरक्षा बलों ने कुख्यात जालिस्को न्यू जनरेशन कार्टेल के नेता नेमोसियो रुबेन ओसेगुएरा सर्वेंटेंस को मार गिराया। इसके बाद छह अलग-अलग हमलों में राष्ट्रीय गार्ड के 25 सदस्य मारे गए। एल मेंचो कार्टेल अमेरिका में फेंटेनिल, मेथ और कोकीन तस्करी के लिए जाना जाता था। कार्टेल के नेता की हत्या के बाद स्थानीय गिरोह ने सड़कों को ब्लॉक किया और वाहनों में आग लगा दी। इस कार्रवाई में अन्य वरिष्ठ कार्टेल सदस्य और लगभग 73 लोग मारे गए, जिनमें सुरक्षा बल और संदिग्ध कार्टेल सदस्य शामिल हैं। अमेरिकी खुफिया एजेंसियों ने मेक्सिको की सेना को इस ऑपरेशन में सहयोग प्रदान किया।
पाकिस्तान में सुरक्षा बलों ने KPK और बलूचिस्तान में नौ आतंकवादियों को ढेर किया
पाकिस्तान की सेना ने सोमवार को खैबर पख्तूनख्वा (KPK) और बलूचिस्तान प्रांतों में दो अलग-अलग अभियान में नौ आतंकवादियों को मार गिराया। खैबर पख्तूनख्वा के डेरे इस्माइल खान जिले में तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) आतंकवादियों की मौजूदगी की जानकारी मिलने के बाद यह खुफिया आधारित ऑपरेशन किया गया। सेना के अनुसार ऑपरेशन में आतंकियों के ठिकानों पर भारी गोलीबारी हुई और चार आतंकवादी ढेर कर दिए गए। इनके कब्जे से हथियार और गोला-बारूद भी जब्त किया गया। बलूचिस्तान के पीशिन जिले में भी एक अलग अभियान में आतंकवादियों के ठिकानों पर छापा मारा गया, जिसमें एक आत्मघाती हमलावर ने खुद को उड़ाया और चार अन्य आतंकवादी मारे गए। ऑपरेशन के बाद दोनों क्षेत्रों में शेष आतंकियों को खत्म करने के लिए सैनिटाइजेशन अभियान चलाया गया।
नीदरलैंड : जेटेन के नेतृत्व वाली नई गठबंधन सरकार ने ली शपथ
नीदरलैंड के राजा विलेम एलेक्जेंडर ने रॉब जेटेन के नेतृत्व वाली नई अल्पमत गठबंधन सरकार को शपथ दिलाई। जेटेन (38) नीदरलैंड के सबसे कम उम्र के प्रधानमंत्री हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि अल्पमत की वजह से उन्हें चार साल का कार्यकाल पूरा करने और विभिन्न विधेयकों को पारित कराने के लिए कई मोर्चों पर समझौता करना पड़ सकता है। जेटेन तीन दलों के गठबंधन का नेतृत्व करते हैं। गठबंधन में उनकी मध्यमार्गी डी-66 पार्टी, मध्य-दक्षिणपंथी व उदारवादी पार्टी शामिल हैं।
बर्फीले तूफान की चपेट में न्यूयॉर्क, यात्रा पर प्रतिबंध
अमेरिका के पूर्वोत्तर हिस्से में भीषण बर्फीले तूफान के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। न्यूयॉर्क शहर के मेयर जोहरान ममदानी ने आपातकाल की घोषणा करते हुए सोमवार दोपहर तक गैर-जरूरी यात्रा पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया था। न्यू जर्सी और रोड आइलैंड में भी इसी तरह की पाबंदियां लागू हैं। मौसम विभाग (एनडब्ल्यूएस) के अनुसार, क्षेत्र में 1 से 2 फीट तक बर्फबारी हो सकती है। हवाओं की रफ्तार और भारी बर्फबारी के कारण इसे बम साइक्लोन में बदलने की आशंका जताई गई है।
जाफना अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे के विस्तार की तैयारी में श्रीलंका
श्रीलंका सरकार जाफना अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के विस्तार की योजना बना रही है। ऐसा इसलिए ताकि विदेशी पर्यटकों की बढ़ती संख्या को समायोजित किया जा सके और उत्तरी प्रांत में पर्यटन को बढ़ावा मिले। नागरिक उड्डयन मंत्री अनुर करुणाथिलका ने कहा कि पलाली स्थित हवाईअड्डे के रनवे को उन्नत कर बड़े यात्री विमानों की लैंडिंग संभव बनाई जाएगी। वर्तमान में यहां चेन्नई और त्रिची से प्रति सप्ताह 10 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें संचालित होती हैं, जो 70 सीटों वाले एटीआर-72 विमान हैं।
तिब्बत पर अमेरिकी नियुक्ति से भड़का चीन, हस्तक्षेप का आरोप
अमेरिका की ओर से तिब्बती मुद्दों के लिए नया विशेष समन्वयक नियुक्त किए जाने पर चीन ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने लोसार (तिब्बती नव वर्ष) पर रायली एम. बार्न्स को इस पद के लिए नामित किया। इस भूमिका का मुख्य उद्देश्य तिब्बती लोगों के मानवाधिकारों, धार्मिक स्वतंत्रता और सांस्कृतिक विरासत की रक्षा करना है। चीन के विदेश मंत्रालय ने इसे आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप बताते हुए खारिज कर दिया। बीजिंग का तर्क है कि वह इस पद की वैधता को स्वीकार नहीं करता।






Add comment