मोरक्को में तूफान मार्टा से कम से कम 4 लोगों की मौत; थाईलैंड में अनुतिन की पार्टी बहुमत से दूर
देश और दुनिया से जुड़ी कई बड़ी घटनाओं ने एक साथ राजनीतिक, आर्थिक, सुरक्षा, कूटनीतिक और जलवायु बहस को तेज कर दिया है। संसद में भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को लेकर टकराव के आसार हैं और विपक्ष कार्यस्थगन प्रस्ताव लाने की तैयारी में है। वहीं रूस से कच्चे तेल की आपूर्ति फिलहाल जारी रहने, लेकिन धीरे-धीरे कटौती की संभावना जताई गई है। अमेरिका में एफबीआई जांच रिकॉर्ड के अनुसार जेफ्री एपस्टीन के मामले में यौन शोषण के सबूत तो मिले, लेकिन ताकतवर लोगों के लिए बड़े यौन तस्करी नेटवर्क के पर्याप्त प्रमाण नहीं मिले। उधर ग्रीनलैंड में फ्रांस और कनाडा ने वाणिज्य दूतावास खोलकर आर्कटिक क्षेत्र में कूटनीतिक सक्रियता बढ़ा दी है, जिसे ट्रंप के बयानों के बाद बढ़े तनाव से जोड़कर देखा जा रहा है। जापान में सनाए ताकाइची के नेतृत्व वाले गठबंधन ने दो-तिहाई बहुमत हासिल किया, जिस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ट्रंप ने बधाई दी। भारत में अमर उजाला शब्द सम्मान-2025 का आयोजन 11 फरवरी को होगा, जिसमें उस्ताद शुजात हुसैन खान की प्रस्तुति भी होगी। आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत ने जरूरत रहने तक जाति आधारित आरक्षण जारी रखने की बात कही। फिक्की-ईवाई सर्वे में साइबर हमले भारतीय कंपनियों के लिए सबसे बड़ा खतरा बताए गए। जलवायु परिवर्तन से पर्वतीय क्षेत्रों में तेजी से गर्मी और ग्लेशियर पिघलने की चेतावनी दी गई है। वहीं टी20 विश्व कप 2026 में भारत-पाक मुकाबले पर पाकिस्तान के रुख को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है।
मोरक्को में तूफान मार्टा से कम से कम 4 लोगों की मौत; थाईलैंड में अनुतिन की पार्टी बहुमत से दूर
मोरक्को में तूफान मार्टा से कम से कम 4 लोगों की मौत हो गई है। गौरतलब है कि देश बाढ़ से जूझ रहा है। स्थानीय अधिकारियों ने रविवार को बताया कि उत्तरी मोरक्को में तूफान के कारण आई अचानक बाढ़ में कम से कम चार लोगों की मौत हो गई। देश में कई दिनों से हो रही भारी बारिश और ओवरफ्लो हो चुके बांधों से पानी छोड़े जाने के कारण बड़े पैमाने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है।
राजधानी रबात से लगभग 270 किलोमीटर उत्तर में स्थित टेटुआन के पास एक गांव में कार के बह जाने से तीन बच्चों (2 से 14 वर्ष की आयु की एक लड़की और दो लड़के) और 30 वर्ष की आयु के एक व्यक्ति की मौत हो गई। गृह मंत्रालय ने स्थानीय अधिकारियों के हवाले से एक बयान में यह जानकारी दी है। एक अन्य व्यक्ति अभी भी लापता है। स्थानीय अधिकारियों ने कहा कि वे इस घटना की जांच शुरू करेंगे। मोरक्को के मौसम विज्ञान महानिदेशालय के हुसैन युआबेद ने एसोसिएटेड प्रेस को बताया कि मार्टा नामक तूफान के कारण अचानक बाढ़ आई, जो सप्ताहांत में मोरक्को में पहुंचा और उत्तरी शहरों में 92 मिमी तक बारिश हुई। तूफान मार्टा पड़ोसी देशों स्पेन और पुर्तगाल तक भी पहुंचा।
थाईलैंड : अनुतिन की पार्टी सबसे आगे लेकिन बहुमत से दूर
थाईलैंड के आम चुनाव में प्रधानमंत्री अनुतिन चार्नवीराकुल की अगुवाई वाली भुमजैथाई पार्टी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है, लेकिन अपने दम पर सरकार बनाना उसके लिए मुश्किल दिख रहा है। शुरुआती नतीजों के मुताबिक, करीब 90 फीसदी मतगणना पूरी होने तक पार्टी को 500 सदस्यीय प्रतिनिधि सभा में 195 सीटें मिली हैं।
ओलंपिक विरोध के दौरान हिंसा मेलनी बोलीं-ये इटली के दुश्मन
मिलान। इटली की प्रधानमंत्री जियोर्जिया मेलनी ने मिलान विंटर ओलंपिक के विरोध में हुई हिंसा की कड़ी निंदा की है। उन्होंने प्रदर्शनकारियों को इटली का दुश्मन करार दिया। शनिवार रात मिलान में लगभग 10,000 लोग आवास और पर्यावरण के मुद्दों पर प्रदर्शन कर रहे थे। इसी दौरान कुछ उपद्रवियों ने पुलिस पर हमला किया स को वाटर कैनन का इस्तेमाल करना पड़ा।
वेनेजुएला : राजनीतिक बंदियों की रिहाई के लिए जेल पर प्रदर्शन
वेनेजुएला की राजधानी काराकस में शनिवार को दर्जनों लोगों ने कुख्यात हेलिकॉइड जेल के बाहर प्रदर्शन कर अपने प्रियजनों की रिहाई की मांग की। प्रदर्शनकारियों में विपक्षी नेताओं और मानवाधिकार कार्यकर्ताओं के परिजन शामिल थे। हालांकि, सरकार ने पिछले महीने कैदियों को मुक्त करने का वादा किया था, लेकिन परिवारों ने रिहाई की धीमी गति को लेकर जेल के बाहर प्रदर्शन किया। कार्यकारी राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिग्ज ने इस जेल को बंद कर सांस्कृतिक केंद्र में बदलने का भी वादा किया है।
कैलिफोर्निया : लोगों पर चढ़ाई कार, बच्चों समेत चार घायल
कैलिफोर्निया के पहाड़ी शहर ट्रकी में शनिवार दोपहर एक 49 वर्षीय व्यक्ति ने अपनी कार एक किराना भंडार के बाहर खड़े लोगों पर चढ़ा दी। इस घटना में बच्चों सहित चार लोग घायल हो गए, हालांकि उनकी चोटें जानलेवा नहीं हैं। पुलिस का मानना है कि आरोपी ने जानबूझकर पैदल यात्रियों और स्टोर को निशाना बनाया। पुलिस ने हमलावर को गिरफ्तार कर लिया है, जो सैन जोकिन वैली का निवासी बताया जा रहा है।
सैनिकों को कांगो से वापस बुलाएगा दक्षिण अफ्रीका
दक्षिण अफ्रीका ने कांगो लोकतांत्रिक गणराज्य में संयुक्त राष्ट्र के शांति मिशन से अपने सैनिकों को वापस बुलाने का फैसला किया है। राष्ट्रपति सिरिल रामाफोसा के कार्यालय ने बताया कि संसाधनों के पुनर्गठन की आवश्यकता के चलते यह कदम उठाया गया है। दक्षिण अफ्रीका पिछले 27 वर्षों से कांगो में शांति प्रयासों का समर्थन कर रहा है और वर्तमान में उसके 700 से अधिक सैनिक कांगो में तैनात हैं।
बांग्लादेश ने हादी हत्याकांड की जांच में यूएन से मांगी मदद
बांग्लादेश की अंतरिम सरकार ने छात्र नेता शरीफ उस्मान हादी की हत्या की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच के लिए संयुक्त राष्ट्र के मानवाधिकार कार्यालय से मदद मांगी है। इंकलाब मोर्चा के प्रवक्ता हादी (32) को चुनाव प्रचार के दौरान गोली मार दी गई थी। सिंगापुर में इलाज के दौरान हादी की 18 दिसंबर को मौत हो गई थी।
रूस : चाकू हमले में घायल भारतीयों से मिले दूतावास अधिकारी
रूस के एक विश्वविद्यालय में हुए हमले में घायल हुए चार भारतीय मेडिकल छात्रों की हालत स्थिर है। वे तेजी से ठीक हो रहे हैं। कजान के भारतीय वाणिज्य दूतावास के अधिकारियों ने रविवार को चारों छात्रों से अस्पताल में मुलाकात की व उनका हालचाल जाना।
आज: यूपी विधानसभा में बजट सत्र का आगाज, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का दो दिन का बिहार दौरा
आज 9 फरवरी 2026 कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि है। आज उत्तर प्रदेश विधानसभा में बजट सत्र की शुरुआत होने वाली है। आज भाजपा के नितिन नवीन राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार बिहार जाएंगे।
यूपी विधानसभा में बजट सत्र की शुरुआत
आज उत्तर प्रदेश विधानसभा का बजट सत्र शुरू हो रहा है। बजट सत्र 9 से 20 फरवरी तक चलेगा। सत्र के दौरान 11 फरवरी को प्रदेश सरकार वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट पेश करेगी। कार्यक्रम के मुताबिक 9 फरवरी को राज्यपाल आनंदीबेन पटेल द्वारा अभिभाषण पढ़ा जाएगा, जिसमें दोनों सदनों के सदस्य मौजूद रहेंगे। साथ ही राज्य सरकार द्वारा कुछ अध्यादेश और विधेयक सदन के पटल पर रखे जाएंगे।
संभल मस्जिद हिंसा मामले में सुनवाई
इलाहाबाद हाईकोर्ट में आज संभल में मस्जिद के सर्वे के दौरान हिंसा मामले में ट्रायल कोर्ट की ओर से तत्कालीन सीओ अनुज चौधरी पर एफआईआर दर्ज करने के आदेश को चुनौती देने वाली याचिका पर सुनवाई होगी। इससे पहले बीते मंगलवार को यह सुनवाई टल गई थी।
सोमन वंगचुक की गिरफ्तारी से जुड़ी याचिका पर सुनवाई
आज सुप्रीम कोर्ट में जेल में बंद जलवायु कार्यकर्ता सोमन वंगचुक की गिरफ्तारी को चुनौती देने वाली याचिका पर सुनवाई होनी है। यह याचिक उनकी पत्नी गीतांजलि जे आंगमो के द्वारा दायर की गई है। बुधवार को न्यायमूर्ति अरविंद कुमार और न्यायमूर्ति पी.बी. वराले की पीठ ने सुनवाई को स्थगित कर दिया था।
सोफिया कुरैशी मामले में सुनवाई
आज ऑपरेनशन सिंदूर के दौरान चर्चा में आईं कर्नल सोफिया कुरैशी के मामले में आज सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई होनी है। भारतीय सेना और कर्नल सोफिया कुरैशी पर मध्य प्रदेश के मंत्री विजय शाह ने विवादित बयान दिया था। इसे लेकर उन पर एफआईआर दर्ज हुई थी। इस विवाद के बाद मंत्री ने क्षमा याचना की है। आज सुनवाई के दौरान राज्य सरकार को अपना जवाब पेश करना है।
व्हाट्सएप मामले में सुनवाई करेगी सुप्रीम कोर्ट
आज सुप्रीम कोर्ट में अदालत Meta और WhatsApp की अपील पर सुनवाई होनी है। इसमें 2021 की व्हाट्सएप प्राइवेसी पॉलिसी पर लगाए गए जुर्माने को चुनौती दी गई है। बेंच ने कहा कि इस मामले में आज अंतरिम आदेश पारित करेगा।
साउदी में डिफेंस शो
सऊदी अरब में आयोजित तीसरे विश्व रक्षा प्रदर्शनी (डब्ल्यूडीएस) 2026 का दूसरा दिन है। इसमें 700 से अधिक प्रदर्शकों और लगभग 400 आधिकारिक प्रतिनिधिमंडल भाग लेंगे। भारतीय प्रतिनिधिमंडल में रक्षा उत्पादन विभाग और सशस्त्र बलों के वरिष्ठ अधिकारी भी इसमें शामिल हैं।
नितिन नवीन पटना आएंगे
भाजपा के नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 9 और 10 फरवरी को बिहार में रहेंगे। यह उनका राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद पहला बिहार दौरा है। 9 फरवरी को बापू सभागार में होने वाले अभिनंदन समारोह में नितिन नवीन शामिल होंगे। इस कार्यक्रम में पार्टी के नेता और कार्यकर्ता सभी शामिल होंगे।
भारत-यूएस व्यापार समझौते पर कार्यस्थगन प्रस्ताव लाने की तैयारी में विपक्ष, सदन में टकराव के आसार
भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को लेकर संसद में नए सिरे से राजनीतिक घमासान के संकेत मिल रहे हैं। बजट सत्र के पहले चरण का आखिरी सप्ताह शुरू होने से पहले ही विपक्ष ने सरकार को घेरने की तैयारी कर ली है। समझौते के प्रावधान सार्वजनिक होने के बाद विपक्षी दलों ने कृषि और ऊर्जा हितों को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं। इससे शेष कार्य दिवस की कार्यवाही प्रभावित होने की आशंका है।

रूस से फिलहाल जारी रहेगी कच्चे तेल की आपूर्ति, कटौती की कवायद भी शुरू; जानें क्या बोले जानकार
अमेरिका की तरफ से दंडात्मक टैरिफ हटने के बाद भारत की तरफ से रूस से कच्चे तेल की खरीद धीरे-धीरे कम किए जाने की संभावना है। हालांकि, नायरा एनर्जी जैसी तेल रिफाइनरियों के पास सीमित विकल्प होने के कारण ये आयात फिलहाल पूरी तरह बंद नहीं होंगे।

FBI: क्या ताकतवर लोगों के लिए यौन तस्करी का रैकेट नहीं चला रहा था एपस्टीन? एफबीआई के खुलासे ने सबको चौंका दिया
एफबीआई ने जेफ्री एपस्टीन के बैंक रिकॉर्ड, ईमेल, संपत्तियों और संपर्कों की लंबे समय तक जांच की। एजेंसी ने पीड़ितों से पूछताछ की और प्रभावशाली लोगों से जुड़े लिंक भी खंगाले। जांच में यह साफ साबित हुआ कि एपस्टीन ने नाबालिग लड़कियों का यौन शोषण किया। लेकिन यह साबित करने लायक ठोस सबूत नहीं मिले कि वह ताकतवर लोगों के लिए संगठित यौन तस्करी का रैकेट चला रहा था। न्याय विभाग के आंतरिक रिकॉर्ड की समीक्षा में भी यही निष्कर्ष दर्ज मिला कि बड़े नेटवर्क वाली साजिश का दावा जांच में टिक नहीं पाया।
एफबीआई की आंतरिक जांच फाइलों से खुलासा हुआ है कि जेफ्री एपस्टीन ने नाबालिग लड़कियों का यौन शोषण किया, लेकिन शक्तिशाली लोगों के लिए संगठित यौन तस्करी रैकेट चलाने के पर्याप्त सबूत नहीं मिले। बैंक रिकॉर्ड, फोटो, वीडियो और गवाहियों की लंबी जांच के बाद एजेंसी ने बड़े नेटवर्क के दावों की पुष्टि नहीं की। ऐसे में आइए जानते हैं कि रिपोर्ट में एफबीआई ने क्या-क्या खुलासे किए हैं। साथ ही मामले को शुरुआती जांच से अबतक मामले में एफबीआई ने क्या किया है, इसे भी समझने की कोशिश करेंगे।
जांच एजेंसियों ने न्यूयॉर्क, फ्लोरिडा और वर्जिन आइलैंड्स स्थित ठिकानों से फोटो और वीडियो जब्त किए। अभियोजकों के मेमो के अनुसार इन सामग्रियों में पीड़ितों के साथ यौन शोषण करते अन्य प्रभावशाली लोगों का कोई स्पष्ट दृश्य नहीं मिला। डिजिटल रिकॉर्ड में आपत्तिजनक सामग्री जरूर थी, लेकिन सह-अपराधियों का प्रमाण नहीं मिला। बैंक रिकॉर्ड और भुगतान लेनदेन भी खंगाले गए। कई संस्थाओं और प्रभावशाली नामों से जुड़े भुगतान दिखे, लेकिन उन्हें सीधे आपराधिक गतिविधि से जोड़ने वाला सबूत नहीं मिला। इसलिए वित्तीय कड़ी भी कानूनी आरोप तय करने लायक नहीं बनी।
पीड़िता के दावे की पुष्टि नहीं
एक पीड़िता ने सार्वजनिक रूप से आरोप लगाया था कि एपस्टीन उसे अपने अमीर दोस्तों के पास भेजता था। लेकिन एफबीआई एजेंट इस दावे की पुष्टि नहीं कर सके। जांच रिकॉर्ड के अनुसार अन्य पीड़ितों ने ऐसी समान कहानी नहीं बताई। एजेंटों ने लिखा कि कुछ पीड़ितों ने अन्य लोगों द्वारा शोषण का आरोप लगाया, लेकिन संघीय केस चलाने के लिए पर्याप्त सबूत नहीं थे। इसलिए ऐसे मामलों को स्थानीय कानून प्रवर्तन एजेंसियों को भेजा गया। यानी आरोप सामने आए, पर कानूनी स्तर पर टिकने वाला प्रमाण सीमित रहा।
सभी दस्तावेजों की समीक्षा जारी
न्याय विभाग ने पारदर्शिता कानून के तहत लाखों पन्नों के दस्तावेज जारी किए। इनमें पुलिस रिपोर्ट, एफबीआई इंटरव्यू नोट्स और अभियोजकों के ईमेल शामिल हैं। मीडिया संस्थान अभी भी इन रिकॉर्ड की समीक्षा कर रहे हैं। संभव है कि कुछ नई बातें आगे आएं। लेकिन उपलब्ध रिकॉर्ड के आधार पर अमेरिकी अधिकारियों ने फैसला किया कि अतिरिक्त बड़े आरोप जोड़ने लायक सबूत नहीं हैं। यही वजह रही कि मुख्य केस को आगे नहीं बढ़ाया गया। दस्तावेज अब तक की जांच की सबसे स्पष्ट तस्वीर पेश करते हैं।
जांच की शुरुआत कैसे हुई?
एपस्टीन जांच 2005 में शुरू हुई जब 14 साल की लड़की के परिवार ने शिकायत दी। आरोप था कि उसके घर पर यौन शोषण हुआ। पुलिस जांच में कम से कम 35 लड़कियां सामने आईं। आरोप था कि एपस्टीन हाईस्कूल उम्र की लड़कियों को पैसे देकर यौन मसाज के लिए बुलाता था। बाद में एफबीआई जांच में शामिल हुई। संघीय अभियोजकों ने एपस्टीन और उसके सहायकों पर आरोप तय करने का मसौदा भी तैयार किया। मामला गंभीर था और कई पीड़ितों के बयान दर्ज हुए।

फ्रांस-कनाडा ने ग्रीनलैंड में खोले अपने वाणिज्य दूतावास, ट्रंप के बयान से बढ़ा था विवाद
आर्कटिक क्षेत्र में बढ़ती रणनीतिक हलचल के बीच ग्रीनलैंड अब बड़े देशों की कूटनीतिक सक्रियता का केंद्र बन गया है। फ्रांस और कनाडा ने ग्रीनलैंड की राजधानी नूक में औपचारिक रूप से अपने वाणिज्य दूतावास खोल दिए हैं। यह कदम ऐसे समय उठाया गया है जब अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रंप ने ग्रीनलैंड को राष्ट्रीय सुरक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण बताया है। इससे क्षेत्र की भू-राजनीतिक अहमियत और बढ़ गई है।

जापान में फिर ताकाइची सरकार: PM सनाए की पार्टी ने दर्ज की ऐतिहासिक जीत, पीएम मोदी और ट्रंप ने दी बधाई
जापान में फिर से प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची की सरकार बनने जा रही है। प्रधानमंत्री ताकाइची के नेतृत्व वाले सत्तारूढ़ गठबंधन को रविवार के हुए अहम संसदीय चुनाव में दो-तिहाई बहुमत मिल गया है। सत्तारूढ़ गठबंधन को निचले सदन की 465 में से 354 सीटें मिली हैं। जो बहुमत के आंकड़े 233 से काफी अधिक है। सनाए ताकाइची की इस शानदार जीत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बधाई दी है।
उस्ताद शुजात खान के सान्निध्य में 11 फरवरी को होगा शब्द साधकों का सम्मान
साहित्य और संगीत के संगम का एक विशेष आयोजन 11 फरवरी को नई दिल्ली में होने जा रहा है। अमर उजाला शब्द सम्मान-2025 समारोह में देश की प्रमुख साहित्यिक हस्तियों को सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम की खास बात यह है कि विख्यात सितार वादक उस्ताद शुजात हुसैन खान की मौजूदगी में शब्द साधकों का अलंकरण होगा और उनकी विशेष संगीत प्रस्तुति से समारोह की गरिमा और बढ़ेगी।

RSS: ‘जरूरत रहने तक जारी रहना चाहिए जाति आधारित आरक्षण’, आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत बोले- राजनेता वोटवादी हैं
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) प्रमुख मोहन भागवत ने जाति आधारित आरक्षण का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि जाति आधारित आरक्षण तब तक जारी रहना चाहिए जब तक जरूरत हो। संघ की स्थापना के 100 वर्ष पूरे होने के अवसर पर मुंबई में एक कार्यक्रम में संघ प्रमुख ने कहा कि जाति आधारित आरक्षण के मसले को गुडविल से सुलझाया जाना चाहिए।

भारतीय कंपनियों पर साइबर हमला सबसे बड़ा खतरा, हो रहा बड़ा नुकसान; इस रिपोर्ट में दावा
भारतीय कंपनियों के सामने इस समय साइबर सुरक्षा से जुड़ा खतरा सबसे बड़ी चुनौती बनकर उभरा है। 51 फीसदी वरिष्ठ अधिकारियों ने माना है कि साइबर हमले और डाटा चोरी उनके संस्थानों के प्रदर्शन को सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचा रहे। यह बात फिक्की-ईवाई जोखिम सर्वे 2026 में सामने आई है, जिसे रविवार को जारी किया गया।

Climate Change: गर्मी बढ़ी, बर्फ घटी और बिगड़ा बारिश का चक्र; ग्लेशियर पिघलने से उभर रहा नया जलवायु खतरा
जलवायु परिवर्तन का असर अब सबसे साफ और तेज रूप में दुनिया के पर्वतीय इलाकों में दिखाई दे रहा है। पहाड़, जिन्हें हमेशा ठंडा और स्थिर माना जाता था, अब तेजी से गर्म हो रहे हैं। तापमान बढ़ने, बर्फबारी घटने और बारिश के पैटर्न बदलने से नया जल संकट ख

T20 WC 2026: पाकिस्तान लेगा यूटर्न या रहेगा जिद पर अडिग, कब होगा फैसला? ICC के साथ लाहौर में हुई नकवी की बैठक
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के उपाध्यक्ष इमरान ख्वाजा रविवार को लाहौर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के चेयरमैन मोहसिन नकवी और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) के अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम के साथ बैठक की। इस बैठक में भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबले को लेकर चर्चा हुई। पाकिस्तानी न्यूज वेबसाइट डॉन ने सूत्रों के हवाले से बताया कि पाकिस्तान सरकार से मंजूरी मिलने के बाद दोनों पक्ष बैठक के नतीजे का एलान करेंगे।
तेजस्वी सूर्या को पुलिस ने नहीं दी प्रदर्शन की इजाजत; मणिपुर में चार उग्रवादी गिरफ्तार
कर्नाटक पुलिस विभाग ने भाजपा सांसद तेजस्वी सूर्या को हाल ही में मेट्रो किराए में हुई बढ़ोतरी के विरोध में प्रदर्शन करने की अनुमति देने से इनकार कर दिया है। भाजपा सांसद तेजस्वी सूर्या और जयनगर निर्वाचन क्षेत्र के विधायक राममूर्ति सोमवार को सुबह 6 बजे आरवी मेट्रो स्टेशन के पास मेट्रो किराए में संशोधन के विरोध में खाली संदूक के साथ प्रदर्शन और हड़ताल करने वाले थे। पुलिस ने कर्नाटक उच्च न्यायालय की 2022 की एक रिट याचिका का हवाला दिया है, जिसमें जनता को हो रही असुविधा पर गंभीर आपत्ति जताई गई है। इसमें सरकार को निर्देश दिया गया है कि अगर इस आदेश का उल्लंघन करते हुए कोई भी प्रदर्शन किया जाता है तो संबंधित पुलिस विभाग के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाए। पुलिस विभाग ने विरोध प्रदर्शन के लिए कोई अनुमति नहीं दी है।
मणिपुर : चार उग्रवादी गिरफ्तार, हथियार और गोला-बारूद बरामद
सुरक्षा बलों ने मणिपुर घाटी के अलग-अलग जिलों में चलाए गए तलाशी अभियान में हथियार और गोला-बारूद जब्त करने के साथ ही अलग-अलग प्रतिबंधित संगठनों के चार उग्रवादियों को गिरफ्तार किया। ये उग्रवादी जबरन वसूली में लिप्त थे। राज्य पुलिस के बयान के मुताबिक, सुरक्षा बलों ने शनिवार को टेंग्नौपाल जिले में इंडो-म्यांमार सीमा पर यांगौबंग इलाके से एक मोर्टार और दो आईईडी बरामद किए। शनिवार को इंफाल पूर्व और पश्चिम जिलों से पीआरईपीएके के दो कैडर जबरन वसूली के आरोप में पकड़े गए। पुलिस ने प्रतिबंधित केवाईकेएल के एक कैडर को शनिवार को काकचिंग जिले के काकचिंग लमखाई इलाके से गिरफ्तार किया गया।
जेन-जी को राहुल ने दिया संदेश, जिंदगी सीधी रेखा में नहीं चलती, लचीले बनें और डटे रहें
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने जेन-जी पीढ़ी को संदेश देते हुए कहा कि जिंदगी कभी सीधी रेखा में नहीं चलती, इसलिए लचीला बनना और लगातार प्रयास करते रहना बेहद जरूरी है। उन्होंने यह बात यूएई के युवा एनआरआई छात्रों से बातचीत के एक वीडियो के साथ यूट्यूब पर साझा की।
राहुल ने कहा कि युवाओं ने पेशा और पसंद के बीच संतुलन, सोचने और अपनी बात रखने की आजादी, चिंता और लोगों के फैसले से निपटने जैसी समस्याएं सामने रखीं। उन्होंने कहा कि कई युवाओं ने आत्मविश्वास की कमी, असुरक्षा और बोलने में झिझक को लेकर अपनी चिंता जताई। बातचीत का एक अहम मुद्दा यह भी रहा कि समाज अक्सर लोगों को अलग-अलग लेबल में बांधने की कोशिश करता है। राहुल गांधी ने कहा कि दुनिया आपको जो भी बताए, सबसे अहम है खुद के प्रति सच्चा रहना।
सरकार का पक्ष रखने वाले वकीलों का शुल्क 60% बढ़ा
केंद्र ने देशभर की विभिन्न अदालतों में सरकार का पक्ष रखने वाले अधिवक्ताओं के शुल्क में 60 फीसदी तक की बढ़ोतरी कर दी है। विधि मंत्रालय के विधि मामलों के विभाग ने पांच फरवरी को जारी एक अधिसूचना में कहा कि अब नियमित अपीलों और अंतिम सुनवाई के लिए दायर याचिकाओं में पेश होने वाले ग्रुप ए के अधिवक्ताओं को हर मामले के लिए प्रति दिन 21,600 रुपये मिलेंगे, जबकि ग्रुप बी और सी के अधिवक्ताओं को 14,400 रुपये का भुगतान किया जाएगा। इससे पहले, ग्रुप ए के अधिवक्ताओं के लिए 13,500 रुपये और ग्रुप बी और सी के वकीलों के लिए 9,000 रुपये का शुल्क निर्धारित था। सरकारी वकीलों को देय शुल्क में अंतिम संशोधन अक्तूबर 2015 में किया गया था। अन्य श्रेणियों के मामलों और विभिन्न केंद्रीय मंत्रालयों के साथ सम्मेलन आयोजित करने के शुल्क में भी संशोधन किया गया है। अपने मुख्यालयों के बाहर की अदालतों में पेश होने वाले वकीलों को देय शुल्क में भी वृद्धि की गई है।
तनाव मुक्त परीक्षा पर चर्चा जारी दूसरा एपिसोड जरूर देखें : पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि तनाव मुक्त परीक्षाओं पर चर्चा जारी है। 1.19 मिनट का एक वीडियो एक्स पर साझा करते हुए पीएम ने कहा कि परीक्षा पे चर्चा का दूसरा एपिसोड अवश्य देखें। इस एपिसोड में गुजरात के देवमोगरा, तमिलनाडु के कोयंबटूर, छत्तीसगढ़ के रायपुर और असम के गुवाहाटी के परीक्षार्थी शामिल हैं। पीएम ने कहा कि उनके सवाल और नजरिये इस एपिसोड को देखने लायक बनाते हैं। परीक्षा पे चर्चा के 9वें संस्करण का दूसरा एपिसोड सोमवार को सुबह 10 बजे से प्रसारित होगा। इस साल के परीक्षा पे चर्चा के पहले एपिसोड में गुजरात, सिक्किम, लद्दाख, मणिपुर के परीक्षार्थी शामिल हुए थे। इस बार 4.5 करोड़ से ज्यादा पंजीकरण के साथ पिछले रिकॉर्ड टूटे। 2023 में 38.8 लाख ने पंजीकरण कराया था। वहीं 2024 में यह संख्या 2.26 करोड़ और 2025 में 3.53 करोड़ थी। पीएम मोदी के साझा किए गए वीडियो के अनुसार, इस बार परीक्षा पे चर्चा का होगा नया रूप। कुछ नई जगहें और एक नया सफर। इसमें पीएम को यह कहते हुए सुना जा सकता है कि मुझे देशभर से कई छात्रों ने सुझाव भेजा था कि देश के अलग-अलग हिस्सों में भी परीक्षा पे चर्चा होनी चाहिए।
पाकिस्तान की जेल में मृत भारतीय मछुआरे का शव वापस लाया गया
पाकिस्तान की जेल में पिछले महीने मृत मिले एक भारतीय मछुआरे का शव लंबे इंतजार के बाद आखिरकार वापस लाया और गुजरात स्थित उनके पैतृक गांव पहुंचाया गया। एक अधिकारी ने बताया भगभाई बंभानिया की 16 जनवरी को कराची की एक जेल में दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई थी। जाफराबाद के मत्स्य अधिकारी ओए मकरानी ने बताया कि बंभानिया का शव वाघा सीमा पर मत्स्य विभाग की एक टीम को सौंपा गया था।
आंध्र प्रदेश: स्कूल में नाश्ते के बाद 74 बच्चों की तबीयत बिगड़ी, अस्पताल में भर्ती
आंध्र प्रदेश के एक सरकारी आदिवासी कल्याण विद्यालय में नाश्ता करने के बाद 74 बच्चों की तबीयत बिगड़ गई और उन्हें अस्पतालों में भर्ती करना पड़ा। पुलिस ने बताया कि रविवार सुबह देवरापल्ली स्थित स्कूल में 255 छात्रों को इडली और चटनी परोसी गई थी। इसे खाने के बाद कई छात्रों ने उल्टी और पेट दर्द की शिकायत की तो उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बंगाल : पिटाई के बाद बुजुर्ग की मौत, तृणमूल पार्षद गिरफ्तार
पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में अवैध निर्माण का विरोध करने पर 80 साल के एक बुजुर्ग की कथित पिटाई के बाद मौत हो गई। मृतक के परिवार ने टीएमसी पार्षद पर मारपीट का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने आरोपी पार्षद को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, परिवार के सदस्यों की शिकायत पर इस मामले में अस्वाभाविक मौत का केस दर्ज किया गया है। उत्तरी बैरकपुर नगरपालिका के वार्ड-23 के पार्षद रबींद्र नाथ भट्टाचार्य को पूछताछ की गई, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। दरअसल, तुलसी अधिकारी अपने घर के सामने चल रहे अवैध निर्माण का विरोध कर रहे थे। शनिवार को पार्षद भट्टाचार्य मौके पर पहुंचे, जहां दोनों के बीच कहासुनी हुई। परिवार का आरोप है कि विवाद बढ़ने पर पार्षद ने तुलसी अधिकारी और उनके बेटे हेमंत के साथ मारपीट की। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।






Add comment