आज : पीएम मोदी दो दिन के मलयेशिया दौरे पर, टी20 विश्व कप में भारत का मुकाबला अमेरिका से
आज 7 फरवरी 2026 को कृष्ण पक्ष की षष्ठी है। शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिन के मलयेशिया दौरे पर जाएंगे। वहींं, टी20 विश्व कप का अगाज होगा। भारत अपने शुरुआती मैच में अमेरिका से भिड़ेगा। इसके साथ ही ओला, उबर और रैपिडो ने हड़ताल का एलान भी किया है।
पीएम मोदी का मलयेशिया दौरा
शुरुआत पीएम मोदी के दौरे से। प्रधानमंत्री शनिवार से दो दिन के मलयेशिया दौरे पर हैं। विदेश मंत्रालय के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 7 और 8 फरवरी को मलयेशिया की राजधानी कुआलालंपुर का दौरा करेंगे। यह दौरा अगस्त 2024 में भारत-मलयेशिया संबंधों को समग्र रणनीतिक साझेदारी तक बढ़ाने के बाद हो रहा है। इस यात्रा में व्यापार, निवेश, रक्षा और सुरक्षा सहयोग के साथ-साथ सेमीकंडक्टर क्षेत्र में साझेदारी को लेकर अहम समझौतों पर हस्ताक्षर होने की संभावना है।
राष्ट्रपति का छत्तीसगढ़ दौरा
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू शनिवार को छत्तीसगढ़ के दौरे पर जाएंगी। इस दौरान वे जगदलपुर में ‘बस्तर पंडुम 2026’ महोत्सव का उद्घाटन करेंगी। (संबंधित खबर यहां पढ़ें)
गृह मंत्री का छत्तीसगढ़ दौरा
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 7 से 9 फरवरी तक छत्तीसगढ़ के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान गृह मंत्री नक्सलवाद के खिलाफ चलाए जा रहे सुरक्षा अभियानों की समीक्षा करेंगे। वे नक्सली स्थिति पर एक उच्च स्तरीय सुरक्षा समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करेंगे।
दलहन कॉन्फ्रेंस का आयोजन
शनिवार को मध्य प्रदेश के सीहोर जिले में दलहन कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया जाएगा। इसकी अध्यक्षता केंद्रीय मंत्री कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान करेंगे। यह कार्यक्रम भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद और आईकार्डा के सहयोग से देश में दलहन क्षेत्र को सशक्त बनाने के उद्देश्य से किया जा रहा है।
मोहन भागवत की मुंबई मेंं व्याख्यान श्रृंखला
आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत शनिवार और रविवार को मुंबई में विशेष व्याख्यान श्रृंखला को संबोधित करेंगे। यह कार्यक्रम आरएसएस के 100 साल पूरे होने के मौके पर आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम का नाम ‘न्यू होराइजन्स’ है। यह वर्ली स्थित नेहरू सेंटर में होगा। इसमें उद्योग, फिल्म, कला, साहित्य, विज्ञान, कानून, खेल और मीडिया से जुड़े जाने-माने लोग शामिल होंगे। आरएसएस का शताब्दी वर्ष 2025-26 में मनाया जा रहा है।
ओला, उबर और रैपिडो का हड़ताल
शनिवार को देशभर में ओला, उबर और रैपिडो से जुड़े ड्राइवरों ने काम बंद करने का एलान किया है। इस हड़ताल को ऑल इंडिया ब्रेकडाउन नाम दिया गया है, जिसके तहत ड्राइवर अपने मोबाइल एप बंद रखेंगे। इससे कैब, ऑटो और बाइक टैक्सी सेवाएं प्रभावित होने की आशंका है।
टी20 विश्व कप का अगाज
शनिवार से टी20 विश्व कप 2026 को शुरुआत होने जा रही है। यह टूर्नामेंट आठ मार्च तक खेला जाएगा। इस दौरान कुल 55 मैच खेले जाएंगे। आज भारत और अमेरिका के बीच मुकाबला है। यह मैच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में शाम सात बजे से खेला जाएगा।
देश और दुनिया में कई अहम घटनाक्रम एक साथ सामने आए हैं। भारत और अमेरिका ने अंतरिम व्यापार समझौते की रूपरेखा जारी कर व्यापक द्विपक्षीय डील की दिशा में बातचीत तेज करने का संकेत दिया है। बिहार में पूर्णिया सांसद पप्पू यादव को 1995 केस में गिरफ्तार किया गया, जिसके बाद राजनीतिक हलचल बढ़ी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज दो दिन के दौरे पर मलयेशिया जा रहे हैं, जहां 800 कलाकारों के सांस्कृतिक स्वागत की तैयारी है। मुंबई मेयर चुनाव के लिए नामांकन और वोटिंग की तारीख तय हो चुकी है और भाजपा-शिवसेना गठबंधन मजबूत स्थिति में माना जा रहा है। देशभर में ओला, उबर और रैपिडो ड्राइवरों की हड़ताल से यात्रियों की परेशानी बढ़ सकती है। मौसम विभाग ने जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में कोहरा, बारिश और बर्फबारी का अलर्ट जारी किया है। विदेश मंत्रालय ने इस्लामाबाद हमले पर पाकिस्तान के आरोपों को खारिज करते हुए कड़ा जवाब दिया। वैश्विक कमोडिटी बाजार में उतार-चढ़ाव के बीच सोना और चांदी की कीमतों में बड़ी गिरावट दर्ज हुई। अंतरराष्ट्रीय मोर्चे पर अमेरिका ने ईरान के तेल कारोबार से जुड़े नेटवर्क पर सख्त प्रतिबंध लगाए हैं, जिनमें एक भारतीय कंपनी भी शामिल है। खेल जगत में अंडर-19 खिताब सहित लगातार वैश्विक जीत से भारतीय क्रिकेट का कद और मजबूत हुआ है।
अमेरिका और भारत के बीच अंतरिम व्यापार समझौते की रूपरेखा जारी, कहा- इसे अंतिम रूप देने की दिशा में करेंगे काम
भारत और अमेरिका ने शुक्रवार को एक अंतरिम व्यापार समझौते की रूपरेखा जारी की। रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक इसके बारे में दोनों देशों ने कहा कि यह एक व्यापक द्विपक्षीय व्यापार समझौते की दिशा में बातचीत के प्रति उनकी प्रतिबद्धता की पुष्टि करता है।

Pappu Yadav Arrest: ‘पता नहीं मेरे साथ क्या होगा’, गिरफ्तारी पर बोले सांसद पप्पू यादव, सेहत पर भी जताई चिंता
1995 के एक पुराने आपराधिक मामले में पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव की गिरफ्तारी के बाद पटना में सियासी और कानूनी हलचल तेज हो गई है। पुलिस कार्रवाई के दौरान उनके आवास पर काफी देर तक हाईवोल्टेज ड्रामा जैसी स्थिति देखने को मिली। हिरासत में लिए जाने के वक्त पप्पू यादव ने अपनी सेहत को लेकर चिंता जताई और सुरक्षा पर भी सवाल उठाए। उन्होंने मीडिया से कहा कि उन्हें नहीं पता आगे उनके साथ क्या होगा। उन्होंने यह भी कहा कि वह बीमार हैं और सीधे अदालत जाना चाहते थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया।

विश्व क्रिकेट में बढ़ता भारत का कद, पुरुष टी20 विश्वकप और महिला वर्ल्ड कप के बाद U19 का खिताब जीता
भारतीय क्रिकेट टीम पिछले कुछ वर्षों से लगातार शानदार प्रदर्शन कर रही है जिससे वैश्विक क्रिकेट में भारत का कद लगातार बढ़ता ही जा रहा है। भारत ने पिछले दो वर्षों में चार विश्व खिताब और एक चैंपियंस ट्रॉफी अपने नाम की है। भारत ने अलग-अलग वर्ग में अपने इस प्रदर्शन को जारी रखा है और अब युवा खिलाड़ियों ने भी दिखा दिया है कि भारत का क्रिकेट में भविष्य कितना उज्जवल है।

फिर मौसम लेगा करवट: जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड में कोहरे की चेतावनी; पहाड़ों पर बारिश-बर्फबारी के आसार
देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। दिल्ली- एनसीआर में जहां सर्दी धीरे-धीरे विदा हो रही है गर्मी की आहट महसूस होने लगी है, वहीं जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश के ऊंचे पर्वतीय इलाकों में हल्की बारिश और बर्फबारी के आसार बने हुए हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग के ताजा अपडेट के मुताबिक आठ फरवरी की रात से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिससे पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों के मौसम में फिर बदलाव आ सकता है। मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल एक पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पूर्वी ईरान और उससे सटे अफगानिस्तान क्षेत्र में चक्रवाती परिसंचरण के रूप में सक्रिय है

Cab Strike: आज देशभर में ओला-उबर-रैपिडो की हड़ताल, लोगों की बढ़ेगी मुसीबत; जानें क्यों लिया ये फैसला
ओला, उबर और रैपिडो कंपनियों के ड्राइवर देशभर में शनिवार को हड़ताल पर रहेंगे। ड्राइवरों ने इसे ऑल इंडिया ब्रेकडाउन का नाम दिया है और वे अपना मोबाइल एप बंद रखेंगे। इसके चलते लोगों को कैब, ऑटो या बाइक टैक्सी मिलने में दिक्कत हो सकती है।

पीएम मोदी आज जाएंगे मलयेशिया: द्विपक्षीय रिश्ते होंगे मजबूत, ऐतिहासिक स्वागत से रिकॉर्ड बनाने का लक्ष्य
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 7 फरवरी को दो दिवसीय आधिकारिक दौरे पर मलयेशिया जाएंगे। इस दौरे को भारत-मलयेशिया संबंधों के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है। प्रधानमंत्री के स्वागत में मलयेशिया में भारतीय समुदाय का 800 कलाकारों की सामूहिक नृत्य प्रस्तुति के जरिये एक रिकॉर्ड बनाने का लक्ष्य है। इसके अलावा पीएम मोदी की इस यात्रा के दौरान भारत और मलयेशिया के बीच व्यापार, निवेश, रक्षा सहयोग, शिक्षा और तकनीक जैसे अहम क्षेत्रों में समझौतों पर चर्चा होने की संभावना है।

मुंबई मेयर चुनाव की तारीख तय: आज होगा नामांकन, 11 फरवरी को वोटिंग, भाजपा-शिवसेना गठबंधन मजबूत स्थिति में
मुंबई नगर निगम में मेयर पद के चुनाव की प्रक्रिया शुरू हो गई है। चुनाव कार्यक्रम घोषित होने के साथ ही राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। मेयर पद के लिए नामांकन आज दाखिल किए जाएंगे और मतदान 11 फरवरी को होगा। हाल ही में हुए बीएमसी चुनाव के नतीजों के आधार पर भाजपा और एकनाथ शिंदे की शिवसेना गठबंधन बढ़त में दिखाई दे रहा है। अभी तक किसी भी दल ने अपने उम्मीदवार के नाम का आधिकारिक एलान नहीं किया है।

‘दूसरों को दोषी ठहराकर खुद को भ्रमित कर रहा’, इस्लामाबाद आत्मघाती हमले पर भारत ने PAK को दिखाया आईना
पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में शुक्रवार को एक मस्जिद में आत्मघाती हमला हुआ। पाकिस्तान ने आदतन इस हमले के लिए भारत पर फर्जी आरोप लगाकर अपना पल्ला झाड़ने की कोशिश की है। वहीं, भारत ने पाकिस्तान को फर्जी आरोप लगाने की हरकत पर जमकर सुनाया है।

चांदी में 13000 रुपये की भारी गिरावट, सोना भी फिसला; वैश्विक बाजार में क्या चल रहा जानिए
सोने और चांदी की कीमतों में लगातार दूसरे दिन भारी मुनाफावसूली दिखी। वैश्विक तनाव में थोड़ी नरमी के संकेतों के बीच शुक्रवार को घरेलू सर्राफा बाजार में कीमती धातुओं की कीमतों में तेज गिरावट दर्ज की गई। दिल्ली में चांदी की कीमतें 13,000 रुपये तक लुढ़क गईं, जबकि सोना भी अपने रिकॉर्ड स्तर से नीचे आ गया। हालांकि, भारतीय बाजार बंद होने दौरान अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भारी उतार-चढ़ाव और रिकवरी का दौर देखा गया।

ईरान के तेल कारोबार पर अमेरिका का वार, भारतीय कंपनी समेत 15 संस्थाओं पर सख्त प्रतिबंध
ईरान के तेल और पेट्रोकेमिकल निर्यात को लेकर अमेरिका ने एक बार फिर कड़ा कदम उठाया है। नए आदेश के तहत कई कंपनियों, जहाजों और व्यक्तियों पर प्रतिबंध लगाए गए हैं। इस कार्रवाई में एक भारतीय कंपनी और उसके निदेशक का नाम भी शामिल है। अमेरिका का कहना है कि ईरान से जुड़े तेल कारोबार के जरिए नियमों को दरकिनार किया जा रहा था। इसी आधार पर यह सख्ती की गई है।
ब्रिटेन में नीरव मोदी की ट्रायल टालने वाली याचिका खारिज, यूरोप में आग से निपटने के लिए बड़ा एलान
ब्रिटेन की हाईकोर्ट ने भगोड़े हीरा कारोबारी नीरव मोदी को बड़ा झटका दिया है। अदालत ने बैंक ऑफ इंडिया से जुड़े बकाया ऋण मामले में ट्रायल टालने की उनकी याचिका खारिज कर दी। नीरव मोदी ने खराब सेहत, दृष्टि हानि और जेल की परिस्थितियों का हवाला देकर सुनवाई आगे बढ़ाने की मांग की थी। अदालत ने इन दलीलों को पर्याप्त आधार नहीं माना। जज साइमन टिंकलर ने साफ कहा कि ट्रायल से आरोपी को कोई गंभीर कानूनी नुकसान नहीं होगा और उसे पूरा मौका दिया जाएगा। अदालत ने यह भी टिप्पणी की कि यह आवेदन देरी की कोशिशों के पैटर्न जैसा दिखता है। अब 23 मार्च से शुरू होने वाला आठ दिन का ट्रायल तय कार्यक्रम के अनुसार ही चलेगा। सुनवाई में नीरव मोदी उत्तर लंदन की पेंटनविल जेल से वीडियो लिंक के जरिए पेश हुए। बचाव पक्ष ने कहा कि उनकी आंखों की रोशनी करीब 60 प्रतिशत तक घट गई है और वह क्लिनिकल अवसाद से पीड़ित हैं। साथ ही जेल में कानूनी दस्तावेजों तक समय पर पहुंच नहीं मिल रही। अदालत ने माना कि ये कारण ट्रायल टालने की ऊंची कानूनी कसौटी पूरी नहीं करते। यह मामला पंजाब नेशनल बैंक धोखाधड़ी केस से अलग है। नीरव मोदी मार्च 2019 से ब्रिटेन की जेल में बंद हैं और जमानत के कई प्रयास असफल रहे हैं।
यूरोप में जंगल की आग से निपटने के लिए नया एलान
यूरोपीय संघ ने पूरे यूरोप में बढ़ती जंगल की आग की घटनाओं से निपटने के लिए 300 दमकलकर्मियों की एक संयुक्त त्वरित प्रतिक्रिया फोर्स बनाने का ऐलान किया है। ईयू के जलवायु आयुक्त ने बताया कि यह बल 27 सदस्य देशों से चुने गए प्रशिक्षित कर्मियों का होगा। जरूरत पड़ते ही इन्हें किसी भी प्रभावित देश में तुरंत भेजा जाएगा। यह फैसला ऐसे समय लिया गया है जब वर्ष 2025 यूरोप में जंगल की आग के लिहाज से सबसे खराब साल दर्ज किया गया। एक हालिया अध्ययन में कहा गया कि जलवायु परिवर्तन ने आग की तीव्रता और फैलाव दोनों बढ़ाए हैं। अधिकारियों के मुताबिक भविष्य में इस बल में और संसाधन तथा उपकरण जोड़े जा सकते हैं। पिछले साल पूर्वी भूमध्यसागर क्षेत्र में भीषण आग लगी थी, जहां तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहा, सूखा और तेज हवाएं चलीं। इन आग की घटनाओं में 20 लोगों की मौत हुई और करीब 80 हजार लोगों को घर छोड़ना पड़ा। दस लाख हेक्टेयर से ज्यादा जमीन जल गई। अध्ययन में पाया गया कि अब लंबे सूखे और गर्म मौसम की संभावना पहले से कई गुना बढ़ चुकी है।
हिजबुल्लाह में बड़ा फेरबदल, वफीक सफा हटे
लेबनान के संगठन हिजबुल्लाह ने आंतरिक पुनर्गठन के तहत अपने वरिष्ठ सुरक्षा अधिकारी वफीक सफा को उनके पद से हटा दिया है। समूह से जुड़े सूत्रों के अनुसार सफा ने खुद पद छोड़ने की इच्छा जताई थी, जिसके बाद नेतृत्व ने इस्तीफा स्वीकार कर लिया। वह कई दशकों से संगठन की संपर्क और समन्वय इकाई के प्रमुख थे और लेबनान की सुरक्षा एजेंसियों के साथ तालमेल का काम देखते थे। उनकी जगह अब हुसैन अब्दुल्ला को जिम्मेदारी दी गई है, जो अब तक सार्वजनिक रूप से ज्यादा चर्चित चेहरा नहीं रहे हैं। बताया गया है कि हाल में इस इकाई की कुछ शक्तियां भी कम की गई हैं और दूसरे विभागों को सौंपी गई हैं। यह बदलाव इस्राइल के साथ 14 महीने चले युद्ध के बाद किया गया है, जिसमें संगठन को बड़ा नुकसान हुआ और उसके कई राजनीतिक व सैन्य नेता मारे गए। सफा पहले इस्राइल के साथ कैदी अदला-बदली वार्ताओं में भी अहम भूमिका निभा चुके हैं। उन पर बेरूत पोर्ट विस्फोट मामले के जज को धमकाने के आरोप भी लगे थे। वर्ष 2019 में अमेरिका ने उन पर प्रतिबंध लगाया था।
हांगकांग में पूर्व मीडिया दिग्गज के लिए सजा का एलान सोमवार को
स्वायत्तशासी क्षेत्र हांगकांग के लोकतंत्र समर्थक पूर्व मीडिया दिग्गज जिमी लाई (78) को चीनी राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत दोषी ठहराने के बाद सोमवार को सजा सुनाई जाएगी। बंद हो चुके एपल डेली अखबार के संस्थापक लाई को उम्रकैद तक की सजा संभव है। एजेंसी
भारत ने सागरबंधु अभियान में श्रीलंका को 10 पुल भेजे
श्रीलंका में आए दित्वाह चक्रवात के बाद पुनर्निर्माण के तहत भारतीय सेना-नौसेना ने सागरबंधु अभियान के तहत उसे दस अतिरिक्त चौड़े पुल भेजे हैं। भारतीय सेना के अतिरिक्त लोक सूचना महानिदेशालय ने कहा, सैन्य-नागरिक समन्वय का सशक्त प्रदर्शन करते हुए यह कदम उठाया है। भारतीय सेना के इंजीनियर, श्रीलंका सड़क विकास प्राधिकरण के साथ समन्वय कर मध्य, उवा व सबरागमुवा प्रांतों में सात पुल स्थलों की क्षति का आकलन कर रहे हैं।
एपस्टीन मामले को लेकर ब्रिटेन के प्रधानमंत्री की कुर्सी खतरे में
ब्रिटिश पीएम कीर स्टार्मर ने जेफ्री एपस्टीन से कभी मुलाकात नहीं की, लेकिन उसके कई वैश्विक नेताओं-शख्सियतों से संबंधों का खुलासा होने के बाद अब इसकी आंच उन तक भी पहुंच रही है। स्टार्मर की कुर्सी खतरे में है। एपस्टीन के साथ मित्रता के कारण ब्रिटेन के शाही परिवार के सदस्य पूर्व प्रिंस एंड्रयू माउंटबेटन-विंडसर पहले ही सवालों के घेरे में हैं और वाशिंगटन में ब्रिटेन के राजदूत पीटर मैंडेलसन को पद से हटना पड़ा। निवेशक एपस्टीन से संबंधों के कारण स्टार्मर ने पहले ही कुछ अफसरों बर्खास्त कर दिया है। अब नए खुलासों ने स्टार्मर की मध्यमार्गी-वामपंथी सरकार में उथल-पुथल है। स्टार्मर को सत्तारूढ़ लेबर पार्टी में दबाव झेलना करना पड़ रहा है।
स्पेन और पुर्तगाल में लियोनार्डो तूफान कई शहर जलमग्न
यूरोप के स्पेन और पुर्तगाल देशों में लियोनार्डो तूफान ने भारी कहर बरपाया है। इसके चलते कई शहर जलमग्न हो गए हैं तथा बाढ़-भूस्खलन के चलते करीब 4,000 लोगों को अपने घर खाली करने पड़े हैं।
फिलीपीन में तूफान से 4 मौतें
फिलीपीन में पेन्हा तूफान में बाढ़-भूस्खलन से 4 मौतें हुईं और 6,000 से अधिक विस्थापित हो गए।






Add comment