देवास। विधानसभा बागली के पूर्व विधायक श्याम होलानी का रविवार को इंदौर में हृदयघात से 76 वर्ष की उम्र में आकस्मिक निधन हो गया। होलानी के अचानक चले जाने से क्षेत्रवासी स्तब्ध है और उन्हें विश्वास नहीं हो रहा है कि सहज-सरल व्यक्तित्व के धनी आज उनके बीच में नहीं है।
श्याम होलानी ने राजनीति के साथ-साथ सामाजिक तथा धार्मिक क्षेत्र में भी सेवाएं प्रदान की। वे एकमात्र गैर भाजपाई विधायक थे, जिन्होंने कैलाश जोशी को वर्ष 1998 के विधानसभा चुनाव में शिकस्त दी और पांच वर्ष का अपना कार्यकाल पूरी निष्ठा से पूर्ण किया।
होलानी ने कांग्रेस पार्टी में जिलाध्यक्ष, प्रदेश उपाध्यक्ष सहित कई महत्वपूर्ण पदों पर रहकर अपने दायित्वों का निर्वाह ईमानदारी के साथ किया। वे सहज, सरल, सौम्य स्वभाव के धनी थे। उनके निधन को कार्यकर्ताओं के साथ वरिष्ठ नेताओं और क्षेत्र की जनता ने अपूरणीय क्षति बताया। अंतिम संस्कार कांटाफोड़ के मुक्तिधाम पर किया गया। जहां बड़ी संख्या में क्षेत्र की जनता एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने उपस्थित रहकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।





