नई दिल्ली
मानसून को आए हुए 15 दिन हो चुके हैं। अब तक यह आधे राज्यों में भी ठीक से नहीं पहुंचा है। मौसम विभाग (IMD) ने बताया है कि आज और कल मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और झारखंड समेत 8 राज्यों में भारी बारिश हो सकती है।
इधर, पूर्वोत्तर राज्यों में बारिश से बाढ़ जैसे हालात हो गए हैं। असम में ब्रह्मपुत्र नदी उफान पर है। असम स्टेट डिजास्टर के मुताबिक, राज्य के 20 जिलों में बाढ़ से हालात खराब हैं। 108 गांवों में 1 लाख 20 हजार लोग प्रभावित हुए हैं। सबसे ज्यादा नलबाड़ी जिले में बाढ़ से 45 हजार लोग प्रभावित हैं।
मौसम विभाग ने अगले 4 दिन यानी 22 से 26 जून तक पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम और मेघालय में भारी बारिश का अनुमान जताया है।
पश्चिम बंगाल के मालदा और बिहार के जमुई जिले में बुधवार को बिजली गिरने से 11 लोगों की मौत हो गई। मालदा में 12 बच्चे भी बिजली गिरने से घायल हुए हैं।
मानसून की 5 तस्वीरें…

दिल्ली में गुरुवार तड़के हल्की बारिश हुई।

गुरुग्राम में बारिश के कारण सड़कों पर पानी भर गया।

असम के बक्सा, बारपेटा समेत 10 जिलों में लगातार बारिश से बाढ़ आई हुई है।
अगले 4 दिन 4 राज्यों में लू का अलर्ट
IMD ने अगले 4 दिन 4 राज्यों में लू का अलर्ट जारी किया है। ओडिशा, बिहार, झारखंड और तेलंगाना में लू चलने की आशंका है। वहीं, इन्हीं 4 दिनों में मध्य प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश और कर्नाटक में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
पिछले 24 घंटों के दौरान 6 राज्यों में लू चली, 11 में बारिश हुई
पिछले 24 घंटों के दौरान 6 राज्य महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, ओडिशा, बिहार और झारखंड में लू चली। वहीं, सिक्किम, असम और अरुणाचल प्रदेश में भारी बारिश हुई है। मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा, राजस्थान, कर्नाटक, केरल और तमिलनाडु में हल्की से मध्यम बारिश हुई।
राज्यों के मौसम का हाल…
मध्य प्रदेश: टीकमगढ़ और निवाड़ी में भारी बारिश से हालात बिगड़े, पूर्व मंत्री के घर में घुसा पानी
भारी बारिश से टीकमगढ़-झांसी हाईवे पर पानी भर गया।मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ और निवाड़ी जिले में भारी बारिश से हालात बिगड़ गए हैं। टीकमगढ़-झांसी हाईवे पर पानी भर गया। पृथ्वीपुर (निवाड़ी) में पूर्व मंत्री स्वर्गीय बृजेंद्र सिंह राठौर के घर में पानी घुस गया।
टीकमगढ़ और निवाड़ी जिले में भारी बारिश से हालात बिगड़ गए हैं। बारिश के कारण छोटी नदियां और नाले उफना गए। जेवरा गांव में नाला उफनाने से टीकमगढ़-झांसी हाईवे डूब गया। चंदेरा से टीकमगढ़ जा रही यात्री बस उफनते नाले में फंस गई। बस में 60 से ज्यादा यात्री सवार थे। खिड़कियों से उन्होंने कूदकर अपनी जान बचाई। भोपाल में गुरुवार सुबह हल्की बूंदाबांदी हुई। इंदौर में तेज बारिश से जगह-जगह सड़कों पर पानी जमा हो गया।
निवाड़ी में 8 इंच बारिश दर्ज
निवाड़ी में सुबह 5.30 बजे से सुबह 8.30 बजे तक कुल 195 एमएम यानी करीब 8 इंच पानी गिरा है। इतनी बारिश होने से जुलाई का कोटा पूरा हो गया। हरदा में 3 इंच पानी गिरा। वहीं बालाघाट में एक इंच के करीब बारिश हुई। पिछले 24 घंटे में दतिया में 2 इंच से ज्यादा पानी गिर गया। इसके अलावा छतरपुर के लवकुश नगर में डेढ़ इंच, इंदौर के महू में 3 इंच, पन्ना के अमानगंज में 1 इंच से ज्यादा बारिश हुई। टीकमगढ़ में आधा इंच पानी गिरा।
मानसून आने में अभी तीन दिन है, लेकिन प्री मानसून एक्टिविटी बारिश करा रही है। ‘बिपरजॉय’ तूफान की एक्टिविटी के बीच मध्यप्रदेश में मानसून की एंट्री पूर्वी हिस्से से पहले होगी।बस में 60 से ज्यादा यात्री सवार थे। दो यात्री बह गए थे। उन्हें लोगों ने सुरक्षित बचाया।
उफनते नाले में बहे दो यात्रियों को बचाया
सुबह से हो रही बारिश के चलते चंदेरा थाना क्षेत्र का सूखा नाला आज उफान पर था। यादव कंपनी की यात्री बस के ड्राइवर ने लापरवाही दिखाते हुए बस निकालने का प्रयास किया, लेकिन पुल के आधे रास्ते में ही बस पानी में बहने लगी। इस दौरान यात्री घबरा गए और बस से कूदकर किसी तरह उन्होंने जान बचाई। स्थानीय लोगों ने बताया कि 2 लोग पानी में बह गए थे। जिन्हें सुरक्षित बचा लिया गया। जानकारी लगते ही चंदेरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बस में सवार सभी लोगों को स्थानीय लोगों की मदद से बाहर निकाला गया। निवाड़ी में नाला पार करते समय बाइक बह गई। युवक सुरक्षित है।
निवाड़ी में कुआं धंसा, पानी मोटर निकानले गया किसान दबा
निवाड़ी जिले के पृथ्वीपुर क्षेत्र में बरुआ बछौडा गांव में कुआं धंस गया। जिसमें एक किसान दब गया। राजू कुशवाहा नाम का ये किसान पानी की मोटर निकालने के लिए कुएं में उतरा था। घटना की जानकारी मिलते ही पृथ्वीपुर विधायक डॉक्टर शिशुपाल यादव प्रशासनिक अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे। किसान को निकालने की कोशिशें जारी है।

निवाड़ी के बरुआ बछौडा गांव में कुआं धंसने से एक किसान उसमें दब गया। जिसके रेस्क्यू की कोशिश की जा रही है।
बिजली गिरने से 3 की मौत
अनूपपुर जिले के पुष्पराजगढ़ में बहपुर गांव में आकाशीय बिजली की चपेट में आने से 3 लोगों की मौत हो गई। वहीं 5 लोग गंभीर रूप से घायल है। ये सभी किरगाही गांव से सब्जी लेने के लिए जा रहे थे। मरने वालों में तेज प्रताप यादव (6), खेमवती यादव (11) और दीपक महरा (24) शामिल है।
निवाड़ी में भारी बारिश से नाले उफनाए, बाइक बही
इधर, पृथ्वीपुर (निवाड़ी) में पूर्व मंत्री स्वर्गीय बृजेंद्र सिंह राठौर के बंगले में पानी घुस गया। निवाड़ी और झांसी बॉर्डर के उरदौरा गांव में कई घरों में बारिश का पानी भर गया। निवाड़ी के थौना गांव में दो से तीन मकानों के गिरने की खबर है। कई घरों में पानी भर गया। आज 5वीं और 8वीं क्लास में फेल हो गए बच्चों का दोबारा एग्जाम थे। कई बच्चे एग्जाम सेंटर तक नहीं पहुंच पाए। गुरुवार सुबह नाला पार करते समय एक बाइक बह गई। चालक सुरक्षित है। टहरौली का रहने वाला पवन कुशवाहा कुंवरपुरा गांव से टहरौली लौट रहा था। कुंवरपुर-टहरौली रोड पर नाला उफान पर है। लोगों के मना करने के बाद भी उसने अपनी बाइक तेज बहाव में उतार दी थी।
जामनी नदी के पुल की एप्रोच रोड में दरार
निवाड़ी जिले में झांसी-टीकमगढ़ रोड़ पर जामनी नदी के पुल की एप्रोच रोड में पहली बारिश में ही दरार आ गई है। यह पुल ओरछा और पृथ्वीपुर के बीच में है। रोड में दरार आने के बाद पुल से भारी वाहनों के आवागमन पर रोक लगा दी है।जामनी नदी के पुल की एप्रोच रोड में दरार के बाद भारी वाहनों की आवाजाही रोक दी है।
25 जून तक MP में आ सकता है मानसून
मौसम केंद्र, भोपाल के सीनियर वैज्ञानिक एचएस पांडे की मानें तो मानसून जबलपुर, शहडोल, बैतूल, बुरहानपुर, खंडवा, बैतूल, सिवनी, मंडला, छिंदवाड़ा, डिंडोरी, बालाघाट, नरसिंहपुर और अनूपपुर में पहले आ सकता है। 3 दिन के भीतर यानी 25 जून या इससे पहले मानसून दस्तक दे सकता है। इसके बाद अरब सागर की ओर से आ रहे मानसून की एक्टिविटी शुरू होगी। सीनियर मौसम वैज्ञानिक पांडे ने बताया कि पूर्वी क्षेत्र की ओर से मानसून तेजी से बढ़ रहा है। 2 से 3 दिन में यह मध्यप्रदेश में एंटर हो सकता है। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर समेत प्रदेशभर में अगले 72 घंटे में मानसून पहुंच जाएगा।
निवाड़ी के पृथ्वीपुर में पूर्व मंत्री स्वर्गीय बृजेंद्र सिंह राठौर के बंगले में पानी घुस गया।
निवाड़ी और झांसी बॉर्डर का उरदौरा गांव में कई घरों में बारिश का पानी भर गया।
इंदौर के मोती तबेला इलाके में गुरुवार को हुई तेज बारिश से सड़क पर पानी भर गया।
राजस्थान से सटे जिलों में तेज बारिश का अनुमान
गुजरात और राजस्थान में भारी तबाही मचाने वाले ‘बिपरजॉय’ तूफान की वजह से गुरुवार को प्रदेश के कई शहरों में तेज और हल्की बारिश होने का अनुमान है। राजस्थान से सटे जिलों में तेज बारिश हो सकती है। अगले 3 दिन में कई जिलों में तेज बारिश होने की संभावना जताई गई है। यहां 40 से 60Km प्रतिघंटा तक की रफ्तार से हवा भी चल सकती है।
गुना में तेज बारिश से खेजरा के अंडर पास में पानी भर गया। पिछले तीन दिन से गुना में मौसम बदला हुआ है। 24 घंटे की बात करें तो 0.2 मिमी पानी गिर गया।
24 घंटे में दतिया में 2.40 इंच बारिश
पिछले 24 घंटे में दतिया में 2.40 इंच पानी गिरा है। दमोह में 1, मंडला में 0.44, सतना में 0.43, नौगांव में 0.31, रायसेन में 0.28, खजुराहो में 0.21, ग्वालियर में 0.14, सिवनी 0.06, उज्जैन में 0.02, गुना में 0.007 इंच बारिश हुई है।
अगले 3 दिन इन जिलों में तेज बारिश का अलर्ट
- 22 जून को भोपाल, विदिशा, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, बैतूल, हरदा, देवास, शाजापुर, आगर-मालवा, रीवा, सतना, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, डिंडोरी, कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा और पन्ना।
- 23 जून को नर्मदापुरम, बैतूल, देवास, शाजापुर और आगर-मालवा।
- 24 जून को उज्जैन, देवास, शाजापुर, आगर-मालवा, गुना और अशोकनगर।
भोपाल में आज बारिश
राजधानी भोपाल में अगले चार से पांच दिन तक लगातार बारिश का सिस्टम बन रहा है। मौसम विभाग की माने तो 22 जून को बारिश हो सकती है। 23 जून को बादल छाए रहेंगे, जबकि 23 और 25 जून को तेज बारिश होने का अनुमान है। इससे पहले बुधवार को शहर के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हुई। बादल भी छाए रहे।
सतना, दमोह, रायसेन, सिवनी समेत 9 जिलों में बारिश, पारा लुढ़का
इससे पहले बुधवार को प्रदेश में मौसम का मिजाज बदला सा रहा। शाम तक सतना में करीब आधा इंच बारिश हुई। वहीं, दमोह, रायसेन, सिवनी, आगर, शाजापुर, नर्मदापुरम और सागर में भी बारिश का दौर चला। भोपाल में शाम को कुछ इलाकों में बूंदाबांदी हुई। वहीं बादल भी छाए रहे। इधर, बारिश और बादल छाने की वजह से माहौल में ठंडक घुल गई। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर और जबलपुर में तापमान 40 डिग्री से कम ही रहा। सीधी में तापमान सबसे ज्यादा 41.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, शिवपुरी सबसे ठंडा रहा। यहां तापमान 28.2 डिग्री रहा।
राजस्थान: बिपरजॉय के बाद राज्य में एक्टिव होगा मानसून, पूर्वी राजस्थान में प्री-मानसून से हो सकती है बारिश
राजस्थान के बाड़मेर में हुई बारिश के बाद कॉलोनियों में पानी भर गया था।राजस्थान में बिपरजॉय ने 16 से 20 जून तक जमकर तबाही मचाई। पिछले दो दिन से बारिश का दौर थम चुका है, लेकिन अब प्रदेश में फिर से प्री-मानसून एक्टिव हो रहा है। इसका असर गुरुवार देर शाम या शुक्रवार से शुरू हो जाएगा।
उत्तर प्रदेश: लखनऊ में बारिश, 72 घंटे तक रहेगा बिपरजॉय का असर; 42 जिलों में बारिश का अलर्ट

लखनऊ में गुरुवार सुबह हल्की बारिश हुई।
UP में बिपरजॉय के असर से बारिश का दौर जारी है। गुरुवार को 42 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया। मौसम विभाग ने बताया कि अभी 72 घंटे तक साइक्लोन का असर जारी रहेगा। वहीं, तेज हवाएं भी चलेंगी। साइक्लोन के असर से मैनपुरी में 105 और कानपुर में 52 मिमी. बारिश दर्ज की गई। पूरी खबर पढ़ें…
झारखंड: राज्य में बारिश को लेकर अलर्ट जारी, अगले पांच दिनों तक कई जिलों में बारिश होगी

झारखंड में अब मानसून पूरी तरह फैल रहा है। राज्य के कई हिस्सों में बादल छाए हैं । मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक राज्य में अच्छी बारिश की संभावना जाहिर की है। मौसम विभाग के अनुसार 22 और 23 जून को राज्य के कई जिलों में अच्छी बारिश होने की संभावना है।
बिहार: राज्य में आज हो सकती है बारिश, जमुई में आकाशीय बिजली से 4 की मौत
बुधवार रात पटना में बारिश हुई।बिहार में लोगों को गर्मी से अब राहत मिलने लगी है। 21 दिनों के बाद पटना का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के नीचे दर्ज किया गया। मौसम विज्ञान केंद्र पटना ने आज सुपौल और अररिया में भारी बारिश की संभावना जताई है
हरियाणा: राज्य के 7 जिलों में बारिश, कुरुक्षेत्र में 24 तो सोनीपत में 14.5MM पानी गिरा

अंबाला में गुरुवार सुबह हल्की बारिश हुई।
हरियाणा में गुरुवार को जीटी रोड बेल्ट के जिलों में बारिश हुई। वहीं कई जिलों में अभी बारिश के आसार हैं। राजस्थान के साथ लगते प्रदेश के जिलों में फिलहाल मौसम साफ है और धूप निकली हुई है। मौसम विभाग की ओर से अभी कुछ घंटे के लिए किसी प्रकार की चेतावनी नहीं है।





