ग्वालियर के बहोड़ापुर में दो महिला दुकानदारों में झगड़ा हो गया। झगड़े के दौरान एक महिला दुकानदार घर से तलवार निकाल लाई और दूसरी दुकानदार पर वार कर दिया। हमले में युवती के हाथ में घाव हो गया।
उज्जैन में कॉलोनी तोड़ने का विरोध
उज्जैन के सिंहस्थ क्षेत्र में कॉलोनाइजरों द्वारा काटी गई अवैध कॉलोनियों को तोड़ने के विरोध में लोग सड़कों पर उतर आए। लोगों ने कांग्रेस के साथ रविवार को प्रदर्शन किया। कलेक्टर कार्यालय पहुंचे रहवासियों ने प्रशासन पर आरोप लगाया कि जब कॉलोनी काटी जा रही थी, तब प्रशासन कहां था? अब जबकि वहां घर बन गए हैं, उन्हें अतिक्रमण बताकर तोड़ा जा रहा है।

विरोध में लोग सड़कों पर उतर आए।
धार में हादसा, 4 की मौत
धार जिले के मनावर रोड पर रविवार सुबह ट्रक ने सवारियों से ओवरलोड पिकअप को टक्कर मार दी। हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई। पांच लोग घायल हो गए। मुख्यमंत्री ने मरने वालों के परिजनों को 4-4 लाख रुपए आर्थिक सहायता की घोषणा की है।

मारे गए लोगों के रोते-बिलखते परिजन।
रीवा NH-30 में हादसा, नाती-नातिन की मौत
रीवा जिले में खड़े ट्रक में बोलेरो घुसने से नाना और 8 साल की नातिन की मौत हो गई। घटना चाकघाट इलाके से गुजरे NH-30 की है। रविवार तड़के 3.30 बजे हुए हादसे में 9 घायल हो गए। छत्तीसगढ़ का परिवार यूपी के प्रयागराज अस्थि विसर्जन करने जा रहा था।

घटना चाकघाट इलाके से गुजरे NH-30 की है।
इंदौर में दो बसों में टक्कर, महिला की मौत
इंदौर में भैरव घाट पर दो बसों की टक्कर में एक महिला की मौत हो गई। 10 से अधिक यात्री घायल हो गए। स्वास्तिक कंपनी की बस खंडवा से इंदौर, जबकि प्रभात कंपनी की बस इंदौर से खंडवा जा रही थी।

हादसे में 10 से अधिक यात्री घायल हो गए।
होशंगाबाद-खंडवा रोड पर कार-ट्रैक्टर भिड़े
होशंगाबाद-खंडवा राजमार्ग पर सिवनी मालवा के पास कार और रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली में भिंड़त हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रैक्टर दो हिस्सों में बंट गया। कार घटनास्थल से 20 फीट दूर जाकर सड़क से नीचे उतर गई। कार के एयरबैग खुलने से ड्राइवर को मामूली चोट आई। ट्रैक्टर ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गई।

छतरपुर में मुंडन कराकर प्रदर्शन
छतरपुर के छत्रसाल चौराहे पर महाराजा महाविद्यालय बचाओ संघर्ष समिति से जुड़े लोगों ने मुंडन कराकर विरोध दर्ज कराया। समिति के प्रमुख आदित्य सिंह ने कहा कि यदि महाराजा कॉलेज का संविलियन नहीं रोका गया तो आने वाले समय में आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

लोगों ने मुंडन कराकर विरोध दर्ज कराया।
धार में गाड़ी में मिला सरपंच का शव
धार जिले में सरपंच का शव गाड़ी में मिला। घटना कुक्षी के पड़ाव गांव की है। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने तलाशी ली तो शिनाख्त उदयगड़ गांव जिला आलीराजपुर निवासी जालम सिंह (35) के रूप में हुई।

घटना कुक्षी के पड़ाव गांव की है।
रतलाम में अब अतिक्रमण हटाने की मुहिम
रतलाम जिले में शनिवार को कॉलोनाइजरों पर बड़ी कार्रवाई के बाद रविवार को प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ मुहिम शुरू की। सैलाना रोड स्थित तिरुपति नगर क्षेत्र में 35000 स्क्वायर फीट सरकारी जमीन पर बनीं दुकानें और गुमटी हटाईं। करोड़ों की जमीन को कब्जा मुक्त कराया।

35000 स्क्वायर फीट सरकारी जमीन को मुक्त कराया।
उज्जैन में ब्यूटी कॉन्टेस्ट से पहले बवाल
उज्जैन में देवास रोड स्थित श्री गंगा होटल में रविवार को ब्यूटी कॉन्टेस्ट शुरू होने से पहले बवाल मच गया। कार्यक्रम की भनक लगते ही यहां बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने हंगामा शुरू कर दिया। हंगामा बढ़ता देख होटल संचालक ने इससे किनारा करते हुए आयोजकों को होटल में कार्यक्रम की अनुमति नहीं दी। इसके बाद पुलिस ने कार्यक्रम रद्द करा दिया।

पुलिस ने कार्यक्रम रद्द करा दिया।




