इंदौर
इंडिया और ऑस्ट्रेलिया के बीच 1 मार्च से होने वाले टेस्ट मैच को लेकर इंदौरियों में जबरदस्त उत्साह है। इंदौर के होलकर स्टेडियम की क्षमता 27 हजार दर्शकों की है। मैच के 99 प्रतिशत टिकट बिक चुके हैं, बचे टिकट भी आने वाले दो दिनों में बिकने का अनुमान है।
टीम इंडिया मौजूदा टेस्ट सीरीज में 2-0 की निर्णायक बढ़त हासिल कर चुकी है। दोनों टीमें मैच के लिए इंदौर पहुंच चुकी हैं। रविवार को टीम इंडिया ने ग्राउंड पर प्रैक्टिस की। विराट कोहली सहित अन्य खिलाड़ी चिलचिलाती धूप में अपने विजय रथ को बरकरार रखने के लिए पसीना बहाते नजर आए। टीम के कोच राहुल द्रविड़ प्रैक्टिस सत्र में हिस्सा लेने के साथ ही मैदान पर पिच का जायजा लेते भी दिखे। ऑस्ट्रेलिया की टीम रविवार दोपहर को इंदौर पहुंची। सोमवार से ऑस्ट्रेलिया के खिलाड़ी भी प्रैक्टिस करेंगे।
इंडिया-बांग्लादेश मैच में बिके थे 16 हजार टिकट
एमपीसीए के रोहित पंडित ने बताया कि 2019 में इंडिया-बांग्लादेश के बीच हुए टेस्ट मैच में 16 हजार टिकट बिके थे, लेकिन इस बार मुकाबला ऑस्ट्रेलिया के साथ है, इसलिए लोग काफी एक्साइटेड हैं। इंदौरियों में क्रिकेट मैच को लेकर हमेशा ही दीवानगी रहती है, चाहे टी-20, वनडे या टेस्ट मैच हो। यही वजह है कि इस बार मैच के 99 प्रतिशत टिकट बिक चुके हैं।
स्पिन के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया प्लेयर कर रहे संघर्ष
इस दौरे में ऑस्ट्रेलिया टीम के बल्लेबाजों में इंडिया के स्पिन अटैक का खौफ साफ नजर आ रहा है। वे स्पिनर्स के सामने फेल साबित हुए हैं। बीते दो टेस्ट मैच में इंडिया के स्पिन गेंदबाजों ने 42 विकेट अपने नाम किए हैं। इसमें 17 विकेट रवींद्र जडेजा, 14 विकेट रविचंद्रन अश्विन और 1 विकेट अक्षर पटेल ने लिया है। अब देखना ये होगा कि होलकर स्टेडियम में ऑस्ट्रेलिया के प्लेयर स्पिन अटैक का सामना कैसे करते हैं।
यहां अश्विन और भी खतरनाक
ऑस्ट्रेलिया टीम के दिमाग में टीम इंडिया के स्पिनर आर अश्विन का डर पहले से ही घर किए हुए हैं। अब तक हुए दो मैच में अश्विन 14 विकेट हासिल कर चुके हैं, लेकिन होलकर की पिच पर उनके आंकड़े और भी डराने वाले हैं। इस मैदान पर रविचंद्रन अश्विन ने 2 मैच की 4 इनिंग में 12.50 की औसत और 3.14 की बेजोड़ इकोनॉमी से 18 विकेट झटके हैं। उन्होंने इस मैदान पर 2 बार 5-5 विकेट जबकि एक बार 10 विकेट हासिल किए हैं।
ऑस्ट्रेलिया टीम ‘डुप्लीकेट’ अश्विन की ले चुकी है मदद
ऑस्ट्रेलिया टीम स्पिनर आर अश्विन से निपटने के लिए गुजरात के जूनागढ़ के रहने वाले 21 साल के महीश पीठिया की मदद ले चुकी है। महीश ने ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों को सीरीज के पहले बेंगलुरु में ट्रेनिंग कैंप में नेट प्रैक्टिस करवाई है। महीश को आर अश्विन का ‘डुप्लीकेट’ कहा जा रहा है, क्योंकि वे अश्विन की तरह गेंदबाजी करते हैं। जिस तरह अश्विन की गेंद बाएं हाथ के बल्लेबाजों को काफी परेशान करती है, उसी तरह महीश की गेंद को भी बाएं हाथ के बल्लेबाज जल्दी पढ़ नहीं पाते हैं।
कोहली का बल्ला भी खूब चला है…
पूर्व भारतीय कप्तान विराट कोहली ने इंदौर के होलकर स्टेडियम में 2 टेस्ट की 3 पारियों में 76 की औसत से 228 रन बनाए हैं। एक अर्धशतक लगाया है। 211 रन की बड़ी पारी खेली है। मौजूदा भारतीय टीम की बात करें तो इस मैदान पर उनसे अधिक रन कोई नहीं बना सका है। चेतेश्वर पुजारा ने भी 196 रन बनाए हैं। एक शतक और एक अर्धशतक ठोका है। हालांकि, विराट कोहली का मौजूदा सीरीज की 3 पारियों में अब तक कुछ खास प्रदर्शन नहीं रहा है। नागपुर में उन्होंने 12 जबकि दिल्ली में 44 और 20 रन बनाए। टेस्ट में वे 27 शतक जड़ चुके हैं और इंटरनेशनल क्रिकेट में 25 हजार रन भी पूरे हो गए हैं।

मैच के लिए होलकर स्टेडियम की पिच को तैयार कर लिया गया है।
लाल मिट्टी पर खेला जाएगा मैच
टीम इंडिया का इंदौर में रिकॉर्ड अच्छा है। यहां मैच लाल मिट्टी वाली पिच पर कराए जाने की बात सामने आई है। ऐसे में होलकर स्टेडियम में स्पिन और बाउंस दोनों देखने को मिल सकता है। पिच को लेकर संजय जगदाले कह चुके हैं कि इंदौर में दो तरह के विकेट हैं। लाल मिट्टी और काली मिट्टी। काली मिट्टी के विकेट की तुलना में लाल मिट्टी के विकेट पर बाउंस ज्यादा होता है, विकेट तेज रहता है और बाद में जाकर स्पिन भी होता है। स्पिन तो काली मिट्टी पर भी होता है, लेकिन धीरे होता है, बॉल कम बाउंस होती है और बॉल बैट-पैड होकर कैरी कम होता है। लाल मिट्टी के विकेट पेस बॉलर को भी मदद करते हैं। बेट्समैन के लिए ही अच्छे होते हैं और चौथे-पांचवें दिन स्पिन भी होती है, जो कि एक टिपिकल अच्छे विकेट की साइन होती है।’

होलकर स्टेडियम पर प्रैक्टिस के दौरान भारतीय खिलाड़ी।
इंडिया ने मैच जीता तो बनेगा एक वर्ल्ड रिकॉर्ड
तीसरे मैच को टीम इंडिया जीत लेती है तो वह एक वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम दर्ज कर लेगी। इस जीत के साथ ही टीम इंडिया WTC (आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप) के फाइनल में लगातार दूसरी बार जगह बनाने वाली दुनिया की पहली टीम बन जाएगी। साल 2021 में भी टीम इंडिया ने डब्ल्यूटीसी के फाइनल में अपनी जगह बनाई थी। तब टीम इंडिया और न्यूजीलैंड के बीच फाइनल मुकाबला खेला गया था, जिसमें टीम इंडिया को हार का सामना करना पड़ा था। न्यूजीलैंड की टीम सीरीज से बाहर हो चुकी है। WTC फाइनल के लिए ऑस्ट्रेलिया, टीम इंडिया और श्रीलंका के बीच मुकाबला है। 7 जून को इंग्लैंड के द ओवल में टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल मुकाबला खेला जाएगा।

होलकर मैदान पर धाकड़ बल्लेबाज विराट कोहली ने जमकर बहाया पसीना।
होलकर में इंडिया-ऑस्ट्रेलिया टेस्ट मैच की टिकट दर
दक्षिण पवेलियन (लोअर) – 1476
दक्षिण पवेलियन (पहली मंजिल) – 1986
दक्षिण पवेलियन (दूसरी मंजिल) – 1722
दक्षिण पवेलियन (तीसरी मंजिल) – 1230
पूर्वी गैलरी (लोअर) – 315
पूर्वी गैलरी (पहली मंजिल, प्रीमियम) – 738
पूर्वी गैलरी (पहली मंजिल, सामान्य) – 677
पूर्वी गैलरी (दूसरी मंजिल) – 525
पश्चिमी गैलरी (लोअर) – 420
पश्चिमी गैलरी (पहली मंजिल, प्रीमियम) – 861
पश्चिमी गैलरी (पहली मंजिल, सामान्य) – 800
पश्चिमी गैलरी (दूसरी मंजिल) – 738





