जापान के PM ने दिया इस्तीफा, बहुमत खोने के बाद फैसला
जापान के प्रधानमंत्री इशिबा शिगेरु ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। जापानी ब्रॉडकास्टर एनएचके ने रविवार सुबह इशिबा शिगेरु के पीएम पद छोड़ने का विचार करने के बारे में जानकारी दी थी। इसके कुछ घंटे बाद उन्होंने इस्तीफे का ऐलान कर दिया है। इशिबा का इस्तीफा ऐसे समय आया है, जब वह घरेलू राजनीति में कई मुद्दों पर घिरे हुए हैं।
टोक्यो: जापान के प्रधानमंत्री इशिबा शिगेरु ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। जापानी ब्रॉडकास्टर एनएचके ने रविवार सुबह इशिबा शिगेरु के पीएम पद छोड़ने का विचार करने के बारे में जानकारी दी थी। इसके कुछ घंटे बाद उन्होंने इस्तीफे का ऐलान कर दिया है। इशिबा का इस्तीफा ऐसे समय आया है, जब वह घरेलू राजनीति में कई मुद्दों पर घिरे हुए हैं। खासतौर से जुलाई में उच्च सदन के लिए हुए चुनाव में हार के बाद से इशिबा को सत्तारूढ़ लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी (एलडीपी) के भीतर आलोचना का सामना करना पड़ा है। ऐसे में पार्टी में विभाजन रोकने के लिए इशिबा ने इस्तीफे का रास्ता चुना है।
इशिबा ने पिछले साल अक्टूबर में जापान के प्रधानमंत्री का पदभार संभाला था। पद संभालने के वक्त उन्होंने मंहगाई से निपटने, पार्टी में सुधार और कई बड़े वादे किए थे। हालांकि सत्ता में आने के बाद उनको लगातार कई तरह की चुनौतियों का सामना करना पड़ा। एलडीपी पर राजनीतिक धन उगाही घोटालों के आरोप ने उनकी मुश्किल को बढ़ाया।
दोनों सदनों में खोया बहुमत
इशिबा के सत्ता में आने के कुछ ही समय बाद एलडीपी और उसके गठबंधन सहयोगी कोमेइतो ने निचले सदन के चुनाव में अपना बहुमत खो दिया था। इसके बाद जुलाई में उच्च सदन के चुनाव में भी सत्तारूढ़ गठबंधन बहुमत से दूर रह गया। इससे इशिबा पर चुनाव परिणामों की जिम्मेदारी लेकर पद छोड़ने की मांग बढ़ गई। इसके बाद इशिबा के इस्तीफे की बात सामने आई है।
जापान की एलडीपी पार्टी सोमवार को अपना नया नेता चुनने के लिए वोटिंग कर सकती है। जापान की स्थानीय मीडिया ने हाल ही में बताया था कि जापान की सत्तारूढ़ LDP नेतृत्व बदलाव के लिए चुनाव कराएगी। मतदान में भाग लेने के लिए पात्र 342 पार्टी सांसदों और क्षेत्रीय प्रतिनिधियों में से 149 ने चुनाव के पक्ष में और 48 ने विरोध में अपनी बात कही थी।
जापान के बड़े राजनेता हैं इशिबा
68 साल के शिगेरु इशिबा बड़े राजनीतिक पकिवार से ताल्लुक रखते हैं। वह साल 1986 से प्रतिनिधि सभा के सदस्य हैं। वह साल 2007 से 2008 तक रक्षा मंत्री, 2008 से 2009 तक कृषि और मत्स्य पालन मंत्री रहे हैं। वह साल 2012 से 2014 तक LDP के महासचिव रहे हैं।
इशिबा के पिता 1958 से 1974 तक तोतोरी प्रान्त के गवर्नर रहे और जापान के गृह मंत्री रहे थे। पिता की मौत के बाद राजनीति में आने वाले इशिबा 1986 में सिर्फ 29 वर्ष की उम्र में एलडीपी से प्रतिनिधि सभा के लिए चुने गए। साल 2024 में वह पीएम पद तक पहुंचे। हालांकि वह एक साल भी इस पद पर नहीं रह सके।





