कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो और उनका प्रतिनिधिमंडल दिल्ली में फंसा हुआ है। उनकी रवानगी मंगलवार दोपहर तक संभव है। कनाडा ने एक बयान में कहा कि ‘सशस्त्र बल उन्हें घर वापस लाने के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रयास जारी रखे हुए हैं।’ जी20 शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने आए ट्रूडो को रविवार को लौटना था, लेकिन उनके विमान में तकनीकी खराबी आने के कारण इसमें देरी हो गई। उधर, कौशल विकास घोटाले में न्यायिक हिरासत में बंद आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू की ‘हाउस कस्टडी’ याचिका पर विजयवाड़ा एसीबी कोर्ट मंगलवार को आदेश देगा। गौतमबुद्ध नगर जिले में आज द्रोणाचार्य मेला लगेगा। नोएडा और ग्रेटर नोएडा के पहले से लेकर 12वीं तक सभी स्कूल बंद रहेंगे।
आज के प्रमुख इवेंट्स, जिन पर रहेगी नजर…
- 152 साल पुराने राजद्रोह कानून को चुनौती देने वाली याचिका पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई होगी। हालांकि केंद्र सरकार इस कानून को बदलने के लिए संसद के मानसून सेशन में बिल ला चुकी है।
- भारत और श्रीलंका के बीच एशिया कप में सुपर-4 का मुकाबला खेला जाएगा। भारत जीता तो फाइनल में लगभग क्वालिफाई कर जाएगा। टीम के 4 पॉइंट्स हो जाएंगे।
. भारत की पाकिस्तान पर सबसे बड़ी जीत, 228 रन से हराया, कुलदीप ने झटके 5 विकेट

1. शतक जमाने के बाद सेलिब्रेट करते विराट कोहली। उन्होंने अपने वनडे करियर का 47वां शतक लगाया। 2. कुलदीप यादव ने शादाब खान, आगा सलमान, फखर जमान, इफ्तिखार अहमद और फहीम अशरफ के विकेट लिए।
भारत ने एशिया कप के सुपर-4 मुकाबले में पाकिस्तान पर अपनी सबसे बड़ी जीत हासिल की। टीम इंडिया ने पाकिस्तान को रिकॉर्ड 228 रन से हराया। भारत के 356 रन के जवाब में पाकिस्तान 128 रन ही बना सका। विराट कोहली और केएल राहुल ने शतक जमाए। वहीं कुलदीप यादव ने 5 विकेट लिए।
कोहली वनडे करियर में सबसे तेजी से 13 हजार रन बनाने वाले खिलाड़ी बने। उन्होंने महज 267 पारियों में यह कारनामा किया। इससे पहले सचिन तेंदुलकर ने 321 पारियों में 13 हजार वनडे रन पूरे किए थे। कोहली ने सचिन का रिकॉर्ड तोड़ा है, उन्होंने सचिन से 54 कम पारियों में ये मुकाम हासिल किया।
ये एशिया कप में भी पाकिस्तान की सबसे बड़ी हार है। इससे पहले साल 2008 में भारत ने पाकिस्तान को 140 रन से मीरपुर के मैदान पर हराया था। विराट कोहली और केएल राहुल ने एशिया कप की सबसे बड़ी साझेदारी का रिकॉर्ड बनाया। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 194 बॉल पर नाबाद 233 रन की साझेदारी की। कोहली वनडे क्रिकेट में सबसे तेज 8 हजार, 9 हजार, 10 हजार, 11 हजार और 12 हजार रन बनाने वाले खिलाड़ी भी हैं।
भारत ने पाकिस्तान पर अपनी सबसे बड़ी जीत हासिल की। टीम ने वनडे एशिया कप के सुपर-4 मुकाबले में पाकिस्तान को रिकॉर्ड 228 रन से हराया। इससे पहले 2008 में भारत ने पाकिस्तान को 140 रन से मीरपुर के मैदान पर हराया था।
कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 50 ओवर में दो विकेट पर 356 रन बनाए। जवाब में पाकिस्तान 32 ओवर में 128 रन ही बना सका। टीम से नसीम शाह और हारिस रऊफ इंजरी के कारण खेलने नहीं उतरे।
टॉप-3 रिकॉर्ड्स
- पहला: कोहली की सचिन से तेज 47वीं सेंचुरी- विराट कोहली ने सबसे तेज 47वां वनडे शतक लगाया। उन्होंने सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़ा। सचिन ने 47वां शतक 435वीं पारी में जमाया था, जबकि कोहली ने 267वीं पारी में ही ये कर दिखाया।
- दूसरा: एशिया कप में पाकिस्तान की सबसे बड़ी हार- 228 रन की हार एशिया कप में पाकिस्तान की सबसे बड़ी हार रही। इससे पहले टीम को श्रीलंका ने 2008 में कराची के मैदान पर 64 रन से हराया था। एशिया कप में भारत की पाकिस्तान पर सबसे बड़ी जीत 1984 में आई थी। तब शारजाह के मैदान पर टीम ने 54 रन से मैच जीता था।
- तीसरा: कोहली-राहुल ने की एशिया कप की सबसे बड़ी साझेदारी- विराट कोहली और केएल राहुल ने एशिया कप की सबसे बड़ी साझेदारी का रिकॉर्ड बनाया। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 194 बॉल पर नाबाद 233 रन की साझेदारी की। इनसे पहले पाकिस्तान के मोहम्मद हफीज और नसिर जमशेद ने 2012 में भारत के खिलाफ 224 रनों की ओपनिंग पार्टनरशिप की थी।
एनालिसिस: कोहली-राहुल की पार्टनरशिप नहीं तोड़ पाए; चेज में बिखरे
टॉस जीतकर पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम ने फील्डिंग चुनी। कोलंबो की पिच पर बाबर का फैसला उनके खिलाफ चले गया। भारत से रोहित शर्मा और शुभमन गिल ने 121 रन की ओपनिंग पार्टनरशिप की। दोनों ने फिफ्टी भी लगाई। इनके बाद विराट कोहली और केएल राहुल ने 233 रन की पार्टनरशिप कर टीम का स्कोर 356 तक पहुंचा दिया। विराट और राहुल दोनों ने सेंचुरी भी लगाई।
357 रन के बड़े टारगेट का पीछा करने उतरी पाकिस्तान टीम ने 47 रन पर ही 3 विकेट गंवा दिए। कप्तान बाबर और ओपनर्स कुछ खास नहीं कर सके। पारी के 18वें ओवर में बॉलिंग करने आए कुलदीप यादव ने बाकी बैटर्स को अपने जाल में फंसाया। कुलदीप ने महज 25 रन देकर 5 विकेट ले लिए। पाकिस्तान 128 रन ही बना सका और 228 रन के रिकॉर्ड अंतर से मुकाबला गंवा दिया।
शुभमन-रोहित ने सेंचुरी पार्टनरशिप की
टॉस हारकर पहले बैटिंग करने उतरी टीम इंडिया से कप्तान रोहित शर्मा और शुभमन गिल ने फिफ्टी लगाई। दोनों ने 121 रन की पार्टनरशिप भी की। रोहित 56 और गिल 58 रन बनाकर आउट हो गए।
कोहली ने 84 गेंद पर सेंचुरी जमाई
विराट कोहली ने पाकिस्तान के खिलाफ 84 बॉल पर सेंचुरी लगाई। उन्होंने शाहीन अफरीदी की बॉल पर सिंगल लेने के साथ अपने वनडे करियर का 47वां शतक लगाया। यह उनका तीनों फॉर्मेट मिलाकर 77वां शतक रहा, टेस्ट में उनके नाम 29 और टी-20 में भी एक सेंचुरी है।
कोहली ने पारी में 98वां रन लेते ही वनडे करियर में 13 हजार रन भी पूरी कर लिए। वे भारत की ओर से 13 हजार रन बनाने वाले दूसरे ही भारतीय बने। उनसे ज्यादा रन सचिन तेंदुलकर ही बना सके हैं। सचिन के नाम वनडे में 18426 रन हैं।
असम CM बोले- राहुल जी गांधी सरनेम छोड़ दीजिए, टाइटल लगाने से डकैत साधु नहीं बनता
असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने कांग्रेस के गांधी परिवार पर सरनेम हड़पने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा- गांधी जी ने देश को आजाद कराया और आप लोगों ने गांधी टाइटल हड़प लिया। भारत का पहला स्कैम टाइटल से शुरू हुआ। आप लोग डुप्लीकेट गांधी हैं। कल कोई डकैत अपना नाम गांधी रख लेगा तो क्या वह साधु बन जाएगा।
इससे पहले PM मोदी भी गांधी परिवार पर तंज कस चुके हैं। उन्होंने 9 फरवरी को राज्यसभा में कहा, ‘अगर नेहरू महान थे, तो उनके परिवार का कोई व्यक्ति नेहरू सरनेम क्यों नहीं रखता? क्या शर्मिंदगी है नेहरू सरनेम रखने में।’ इसके जवाब में 13 फरवरी को राहुल ने कहा, ‘आम तौर पर भारत में हमारा उपनाम हमारे पिता का उपनाम होता है। शायद ये बात मोदी जी नहीं समझते।’
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, राहुल गांधी के नाम में ‘गांधी’ उनके दादा, स्वतंत्रता सेनानी और रायबरेली से सांसद रहे फिरोज गांधी से आया है। 2 सितंबर 1912 को बॉम्बे में जन्मे फिरोज गांधी का नाम फिरोज जहांगीर घांडी था। उनके पिता जहांगीर फरीदून घांडी पारसी थे। फिरोज ने स्वतंत्रता आंदोलन के समय महात्मा गांधी के सम्मान में अपना सरनेम घांडी की जगह ‘गांधी’ कर लिया।
हिमंता के बयान पर कांग्रेस ने पलटवार किया है। कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने कहा- जिस तरह आपका नाम आपके पिता कैलाश नाथ सरमा से ही पड़ा, वैसे ही राजीव गांधी का अपने पिता फिरोज गांधी से पड़ा।BJP महिला मोर्चा कार्यक्रम में हिमंता ने कांग्रेस पर गांधी सरनेम हड़पने का आरोप लगाया।
हिमंता बोले- कांग्रेस ने महात्मा गांधी का सरनेम हड़प लिया
भाजपा महिला मोर्चा कार्यक्रम के दौरान हिमंता ने कहा- जब वोट लेने का टाइम होता है, तब कांग्रेस भारत जोड़ो यात्रा करती है। चुनाव खत्म हो गया तो उन्होंने अपना नाम I.N.D.I.A कर लिया। आप लोग इंडिया कैसे हैं।
उन्होंने कहा- गांधी जी ने देश को आजाद कराया और आप लोगों ने गांधी टाइटल हड़प लिया। भारत का पहला स्कैम टाइटल से शुरू हुआ। आप लोग डुप्लीकेट गांधी हैं। टाइटल की तरह कांग्रेस ने हमारे देश का नाम हड़पकर I.N.D.I.A बन गया।
समुद्रयान ‘मत्स्य 6000’ की टेस्टिंग अगले साल, समुद्र की गहराई में खनिजों का पता लगाएगा

‘मत्स्य 6000’ सबमर्सिबल 80mm के टाइटेनियम एलॉय से बनी है। फिलहाल ट्रायल में इसे समुद्र की 500 मीटर गहराई में भेजा जाएगा।
मून मिशन की सफलता के बाद भारतीय साइंटिस्ट समुद्रयान प्रोजेक्ट लॉन्च करने वाले हैं। इसके तहत मानवयुक्त सबमर्सिबल को 2024 की शुरुआत में गहरे समुद्र में भेजा जाएगा। ‘मत्स्य 6000’ नाम की इस सबमर्सिबल की टेस्टिंग बंगाल की खाड़ी में होगी। इस मिशन के जरिए समुद्र तल से कोबाल्ट, निकल और सल्फाइड जैसी धातुएं और खनिज निकालने का प्रयास होगा।
ये सबमर्सिबल 2026 तक 3 भारतीयों को महासागर में 6000 मीटर की गहराई में ले जाएगा। भारत छठवां देश है, जिसने मानव सबमर्सिबल बनाई है। इससे पहले US, रूस, जापान, फ्रांस और चीन ऐसा कर चुके हैं। सबमर्सिबल एक छोटा वॉटरक्राफ्ट है, जिसे सिर्फ पानी के नीचे काम करने के लिए डिजाइन किया गया है। इसे पानी के अंदर ले जाने के लिए जहाज या प्लेटफॉर्म की जरूरत होती है।
NIOT ‘मत्स्य 6000’ की डिजाइन को रिव्यू कर रहा
इसे नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ ओशन टेक्नोलॉजी (NIOT) के साइंटिस्ट्स ने 2 साल में तैयार किया है। वो अभी इसे रिव्यू कर रहे हैं। जून 2023 में अटलांटिक ओशन में टाइटन नाम की सबमर्सिबल डूब गई थी। पांच अरबपतियों की मौत हो गई थी। इस घटना को ध्यान में रखते हुए NIOT ने ‘मत्स्य 6000’ की डिजाइन को रिव्यू करने का फैसला किया।
सबमर्सिबल क्या है, ये पनडुब्बी से कैसे अलग है
पनडुब्बी और सबमर्सिबल दोनों पानी के अंदर चलते हैं, लेकिन उनके डिजाइन, काम और उद्देश्य अलग-अलग हैं। पनडुब्बी एक प्रकार का जलयान है जो सतह और पानी के नीचे दोनों पर काम कर सकता है। यह बिजली या डीजल इंजन से चलता है। पनडुब्बियां आमतौर पर आकार में बड़ी होती हैं और कई लोगों को ले जा सकती हैं। इनका उपयोग मुख्य रूप से टोही, निगरानी और सैन्य उद्देश्यों के लिए किया जाता है।
वहीं, सबमर्सिबल एक प्रकार का वॉटरक्राफ्ट है जिसे सिर्फ पानी के नीचे संचालित करने के लिए डिजाइन किया गया है। यह आमतौर पर आकार में छोटा होता है और सीमित संख्या में लोगों को ले जा सकता है। सबमर्सिबल का उपयोग आमतौर पर रिसर्च के लिए किया जाता है। ये मिलिट्री ऑपरेशन्स के लिए नहीं बने होते। सबमर्सिबल को पानी के अंदर जाने के लिए जहाज या प्लेटफॉर्म की जरूरत होती है। ये बात सबमर्सिबल को पनडुब्बियों से अलग करती है क्योंकि पनडुब्बियां स्वतंत्र रूप से ऑपरेट कर सकती हैं।
समुद्र तल से धातुएं निकालने की कवायद
दरअसल, ग्लोबल वार्मिंग से लड़ने के लिए ई-वाहनों और उनके लिए बैटरियों की मांग में तेजी हो रही है। वहीं, इनको बनाने में इस्तेमाल होने वाले संसाधन दुनियाभर में कम होते जा रहे हैं।
समुद्र की गहराई में पाया जाने वाला लीथियम, तांबा और निकल बैटरी में इस्तेमाल होते हैं। वहीं, इलेक्ट्रिक कारों के लिए जरूरी कोबाल्ट और स्टील इंडस्ट्री के लिए जरूरी मैगनीज भी समुद्र की गहराई में उपलब्ध है।
अनुमानों के मुताबिक, तीन साल में दुनिया को दोगुना लीथियम और 70% ज्यादा कोबाल्ट की जरूरत होगी। वहीं, अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा एजेंसी का अनुमान है कि 2030 तक करीब पांच गुना ज्यादा लीथियम और चार गुना ज्यादा कोबाल्ट की जरूरत होगी। इन रॉ-मटेरियल का उत्पादन मांग से काफी कम हो रहा है। इस अंतर को बैलेंस करने के लिए समुद्र की गहराई में खुदाई को विकल्प के तौर पर देखा जा रहा है।
MP बीजेपी के नेताओं ने दिल्ली में मीटिंग की, 13 सितंबर को आ सकती है कैंडिडेट्स की दूसरी लिस्ट
गह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में दिल्ली में भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा के घर बैठक हुई। इसमें MP के CM शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री नरेन्द्र तोमर, महासचिव कैलाश विजयवर्गीय, प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा और प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा मौजूद रहे। बताया जा रहा है कि 13 सितंबर को विधानसभा कैंडिडेट्स की दूसरी लिस्ट आ सकती है।
दूसरी लिस्ट में भाजपा हारी हुई 64 सीटों पर कैंडिडेट्स का ऐलान कर सकती है। इससे पहले 17 अगस्त को हारी हुई 39 सीटों के कैंडिडेट्स की लिस्ट जारी हुई थी। भाजपा ने पहली बार विधानसभा चुनाव के तीन महीने पहले उम्मीदवार घोषित किए हैं।
24 दिन पहले घोषित हुए थे 39 उम्मीदवार
बीजेपी ने पहली बार विधानसभा चुनाव के तीन महीने पहले उम्मीदवार घोषित किए हैं। बीजेपी ने 17 अगस्त को हारी हुई 39 सीटों के उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की थी। इनमें सभी हारी हुई सीटों पर उम्मीदवार घोषित किए गए थे। हालांकि, इनमें कई सीटों पर बीजेपी के घोषित प्रत्याशियों का भारी विरोध हो रहा है।
कुल 103 सीटों पर है बीजेपी का खास टारगेट
विधानसभा चुनाव को लेकर बीजेपी ने इस बार 103 हारी हुई सीटों पर पूरा फोकस कर रखा है। हालांकि, पिछले 2018 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी को 121 सीटों पर हार मिली थी, लेकिन 2020 और 2021 में हुए उपचुनावों में 18 सीटों पर बीजेपी के प्रत्याशी जीत गए। अब बीजेपी इन हारी हुई 103 सीटों को जीतने के लिए पहले से उम्मीदवार घोषित कर जीत की रणनीति बनाने में जुटी हुई है।
पीएम के दौरों को लेकर भी होगी चर्चा
सीएम शिवराज और वीडी शर्मा के दिल्ली दौरे के दौरान पीएम मोदी के इस महीने होने वाले मप्र के दौरों को लेकर भी चर्चा होगी। पीएम मोदी 14 सितंबर को सागर जिले के बीना रिफाइनरी में 50 हजार करोड़ के इन्वेस्टमेंट प्रोजेक्ट्स की आधारशिला रखेंगे। वहीं 18 सितंबर को पीएम ओंकारेश्वर में आदिगुरु शंकराचार्य की 108 फीट ऊंची प्रतिमा के अनावरण कार्यक्रम में भी आ सकते हैं। इसके बाद 25 सितंबर को पीएम भोपाल के जम्बूरी मैदान पर आयोजित होने वाले कार्यकर्ता महाकुंभ में शामिल होंगे।
UP में बारिश से 24 घंटे में 19 लोगों की मौत, लखनऊ में 18 घंटे बारिश, बाराबंकी में ट्रैक डूबे

तस्वीरें यूपी की राजधानी लखनऊ के अलग-अलग इलाकों की है।
उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बारिश की अलग-अलग घटनाओं में 19 लोगों की मौत हो गई। राजधानी लखनऊ में 18 घंटे तक लगातार बारिश हुई। शहर के पॉश इलाकों में 2-3 फीट तक पानी भर गया। इसके अलावा, कानपुर, बाराबंकी, मुरादाबाद, हरदोई में भी तेज बारिश हुई। बाराबंकी में बारिश के चलते रेलवे ट्रैक पर भी पानी भर गया।
मौसम विभाग ने राजस्थान, छत्तीसगढ़, ओडिशा, उत्तर प्रदेश, बिहार समेत 14 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। UP के लखनऊ, कानपुर, अयोध्या, गोरखपुर समेत 31 जिलों में बारिश का अलर्ट है। यहां 7 दिन मौसम ऐसा ही रहेगा। वहीं, मध्य प्रदेश में भोपाल, नर्मदापुरम, रीवा समेत 22 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी है।
गजेंद्र शेखावत का धारीवाल पर हमला, कहा- ऐसे व्यक्ति को अरब सागर में फेंक देना चाहिए
केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने भाजपा की परिवर्तन संकल्प यात्रा के दौरान राजस्थान सरकार के मंत्री शांति धारीवाल पर हमला बोला। उन्होंने कहा- जिस व्यक्ति ने राजस्थान के मर्दों पर कालिख पोतने का काम किया गया है, वो आज भी मंत्रिमंडल का हिस्सा है। ऐसे व्यक्ति को अरब सागर में फेंक देना चाहिए।
मार्च-2022 में विधानसभा में रेप के आंकड़ों से जुड़े सवाल का जवाब देते हुए नगरीय विकास मंत्री शांति धारीवाल ने आपत्तिजनक बयान दिया था। धारीवाल ने कहा था- ‘रेप के मामले में हम नंबर एक पर हैं, अब ये रेप के मामले क्यों हैं? कहीं न कहीं गलती है…हंसते हुए आगे कहा- वैसे भी यह राजस्थान तो मर्दों का प्रदेश रहा है यार, उसका क्या करें’? यह कहकर धारीवाल फिर हंसे।
उठाकर बाहर फेंक देना चाहिए: शेखावत
रविवार देर रात हुई सभा में केंद्रीय मंत्री शेखावत ने नगरीय विकास मंत्री का नाम लिए बगैर कहा- राजस्थान मर्दों का प्रदेश है, लेकिन राजस्थान के मर्दों पर कालिख पोतने का काम किया गया है। शर्म की बात है कि वो आज भी मंत्रिमंडल का हिस्सा हैं। आज भी मंत्री पद पर हैं। ऐसा व्यक्ति, जिसको उठाकर बाहर फेंक देना चाहिए। अरब सागर में फेंक देना चाहिए। उन्होंने कहा कि ये राजस्थान की मर्दानगी का अपमान है। उन्होंने कहा कि राजस्थान की मर्दानगी महाराणा प्रताप से है, वीर दुर्गादास से है।बता दें कि मार्च-2022 में विधानसभा में रेप के आंकड़ों से जुड़े सवाल का जवाब देते हुए नगरीय विकास मंत्री शांति धारीवाल ने दौरान कहा था कि वैसे भी राजस्थान मर्दों का प्रदेश है।
मंत्री ने कहा- ये जनता फ्री बिजली में नहीं बिकने वाली
गजेंद्र सिंह ने कहा कि यह सरकार फेल हो गई है और इसकी फाइल निपटने वाली है। इसी कारण ये फ्री का सामान लेकर आए हैं। उन्होंने 100 यूनिट बिजली फ्री देने के सरकार के निर्णय पर सवाल करते हुए कहा कि हर महीने राजस्थान की जनता की जेब से हजारों करोड़ रुपए निकाले जा रहे हैं। 100 यूनिट बिजली के नाम पर राजस्थान की जनता का जमीर खरीदा नहीं जा सकता। क्या सौ यूनिट बिजली के पीछे आप बिक जाएंगे?

बीकानेर में रविवार रात को भाजपा की परिवर्तन यात्रा के तहत जनसभा हुई थी।
राज्य सरकार ने जनता को लाइनों में लगाया: शेखावत
केंद्रीय मंत्री शेखावत ने कहा कि मोदी सरकार ने जनता को बहुत सी योजनाएं दी हैं, लेकिन लोगों को लाइन में खड़ा नहीं किया। शेखावत ने आरोप लगाया कि सुविधा देने के नाम पर राज्य की गहलोत सरकार लोगों को लाइन में खड़ा कर रही है। गैस सिलेंडर पर 500 रुपए कम करने के सरकारी वादे को पूरा करने में वक्त लगा दिया। पीएम नरेंद्र मोदी ने उज्ज्वला योजना पर 200 रुपए कम कर दिए। लेकिन, किसी को लाइन में खड़ा नहीं होने दिया।

बीकानेर पहुंची परिवर्तन संकल्प यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में महिलाएं भी मौजूद रहीं। भाजपा इस यात्रा में महिलाओं के खिलाफ हो रहे अपराध को प्रमुख मुद्दा बना रही है।
हर मोर्चे पर विफल राज्य सरकार: मेघवाल
केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने सभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि राजस्थान सरकार हर मोर्चे पर विफल रही है। उन्होंने आने वाले विधानसभा चुनाव में भाजपा का साथ देने की अपील करते हुए कहा कि राजस्थान की जनता अब कांग्रेस को सहन नहीं करेगी।

साले की होली में सभा से पहले बीकानेर पूर्व में टिकट मांग रहे दावेदारों ने शक्ति प्रदर्शन भी किया।
दावेदारों ने किया शक्ति प्रदर्शन
इससे पहले बीकानेर पूर्व में भी भाजपा परिवर्तन यात्रा की सभा हुई। इस दौरान टिकट की मांग कर रहे नेताओं ने अपना शक्ति प्रदर्शन करते हुए भीड़ जमा की थी। इन नेताओं को पहले से ही पार्टी की तरफ से पॉइंट आवंटित किए गए थे।
चीनी रक्षा मंत्री शांगफू के लापता होने की आशंका, 29 अगस्त को आखिरी बार दिखे थे

ली शांगफू मार्च 2023 में चीन के रक्षा मंत्री नियुक्त किए गए थे।। (फाइल फोटो)
चीन के रक्षा मंत्री ली शांगफू के लापता होने की खबर है। ये दावा जापान में अमेरिका के राजदूत रेहम इमैनुअल ने किया है। उनका कहना है कि दो हफ्ते से चीन के रक्षा मंत्री को नहीं देखा गया है। रक्षा मंत्री ली शांगफू ने आखिरी बार 29 अगस्त को चीन-अफ्रीका शांति और सुरक्षा फोरम को संबोधित किया था।
चीन के रक्षा मंत्री जिस दिन से गायब हैं, उसी दिन चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने देश की सेना से एकता रखने और स्थिर रहने की बात कही है। यही नहीं उन्होंने सेना को जंग के लिए तैयार रहने को भी कहा है। इससे पहले चीन के विदेश मंत्री क्विन गेंग भी लापता हो चुके हैं।
रिपोर्ट्स के मुताबिक चीनी रक्षामंत्री ली शांगफू को 29 अगस्त 2023 के बाद से ही नहीं देखा गया है। उन पर 2017 में हुए भ्रष्टाचार के मामले में जांच चल रही थी। उन्होंने आखिरी बार चीन-अफ्रीका शांति और सुरक्षा फोरम को संबोधित किया था। इससे पहले वो सिक्योरिटी फोरम में शामिल होने के लिए रूस के दौरे पर गए थे। इस दौरान शांगफू ने चीन को घेरने के लिए ताइवान के इस्तेमाल करने पर अमेरिका पर निशाना साधा था। उन्होंने कहा था कि अमेरिका ऐसा कर आग से खेलने का काम कर रहा है।

जापान में अमेरिका के राजदूत रेहम इमैनुअल की सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर किया गया पोस्ट
शी जिनपिंग ने सेना में एकता रखने को कहा
चीन के रक्षा मंत्री जिस दिन से गायब हैं, उसी समय चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने देश की सेना में एकता रखने और स्थिर रहने की बात कही है। यही नहीं उन्होंने सेना को जंग के लिए तैयार रहने को भी कहा है। चीनी मंत्री ली को मार्च 2023 में रक्षा मंत्री नियुक्त किया गया था।
चीनी रक्षा ली एक सैन्य परिवार से आते हैं। ली के पिता, ली शाओज़ू, एक रेड आर्मी के अफसर रह चुके थे। उन्होंने 1930 और 1940 के दशक के अंत में जापान के खिलाफ जंग लड़ी थी। उन्हें गृहयुद्ध और उसके बाद हुए कोरियाई युद्ध के दौरान लॉजिस्टिक रेलवे के पुनर्निर्माण में अहम भूमिका के लिए भी जाना जाता था। ली को बाद में 1950 से 1970 के दशक तक तिब्बत और युन्नान के सीमावर्ती क्षेत्रों में PLA यानी पीपल्स लिबरेशन आर्मी का रणनीतिक रेलवे बल का प्रभारी बनाया गया।
इससे पहले चीन के विदेश मंत्री क्विन गेंग भी लापता हो चुके हैं। 4 जुलाई को यूरोपीय यूनियन के फॉरेन पॉलिसी चीफ जोसेफ बोरेल से मिलना था, लेकिन ये मीटिंग अचानक आगे खिसका दी गई। बोरेल को दो दिन पहले इसकी जानकारी दी गई। इसमें मीटिंग आगे बढ़ाने का कोई कारण नहीं बताया गया।7 जुलाई को पहली बार पत्रकारों ने चीनी विदेश मंत्री गेंग के बारे पूछा।

चीन के विदेश मंत्री क्विन गेंग के साथ टीवी एंकर फू जियोतियान।
चीनी विदेश मंत्रालय ने जवाब दिया- हमें कोई जानकारी नहीं है। 10 और 11 जुलाई को गेंग को इंडोनेशिया में एक समिट में हिस्सा लेना था। कहा गया- तबीयत खराब होने की वजह से गेंग नहीं जा पाएंगे। इसकी ट्रांसस्क्रिप्ट चीनी विदेश मंत्रालय के ऑफिशियल वेबसाइट पर छपी। इसमें तबीयत वाला हिस्सा गायब था। चीन के विदेश मंत्री गेंग अंतिम बार 25 जून को रूसी, श्रीलंका और वियतनामी अधिकारियों के साथ एक बैठक में देखे गए थे। इसके बाद से सार्वजनिक कार्यक्रमों में नहीं दिखे थे।
अमेरिकी नागरिक और कैंब्रिज से पढ़ी रिपोर्टर और टीवी एंकर फू जियोतियान के साथ अफेयर की अफवाहों के बीच गेंग के लापता होने की खबरें सामने आई थीं। क्विन गेंग की गैरमौजूदगी की चर्चा चीन के सोशल मीडिया वीबो के साथ चीन के सबसे बड़े सर्च इंजन बाइडू पर भी हुई थी।
चीन में ताकतवर लोगों का लापता होना नई बात नहीं है
चीन में ताकतवर लोगों का गायब होना कोई नई बात नहीं है। यह मॉडर्न चीन के संस्थापक माओ के समय से चला आ रहा है। माओ के वक्त में हंड्रेड फ्लावर्स कैंपेन चलाया गया था। इसके तहत लोगों को आलोचना करने की छूट दी गई।साथ ही सिस्टम की खामियों को बताने के लिए कहा गया। इसके बाद कई लोगों ने ऐसा किया, लेकिन जिसने भी यह किया, उसका फिर पता नहीं चला।
यानी उन लोगों को ठिकाने लगा दिया गया।ये माओ की चाल थी। दरअसल, वो अंदरखाने मौजूद अपने विरोधियों की पहचान करना चाहते थे। कहा जा रहा है कि यही चाल शी जिनपिंग भी अपना रहे हैं।चीन में गायब होने वाले लोगों की लिस्ट में एक्टर, एक्टिविस्ट से लेकर स्पोर्ट्सपर्सन तक के नाम शामिल हैं।
फरवरी में चीन के IT सेक्टर में बड़ा नाम माने जाने वाले बाओ फान भी गायब हो गए थे। उनके इन्वेस्टमेंट बैंक चाइना रेनेसां के मुताबिक उन्हें एक सरकारी पड़ताल के सिलसिले में बुलाया गया था, जिसके बाद से उनसे संपर्क नहीं हो पाया था। बाओ फान को चीनी टेक इंडस्ट्री के लिए रेनमेकर माना जाता है।
वे न सिर्फ इंडस्ट्री की सबसे बड़ी कंपनियों के बीच डील कराने के लिए, बल्कि उनके इन्वेस्टमेंट बैंक ने कई स्टार्ट-अप्स में निवेश भी किया था।बाओ फान के माता-पिता डिप्लोमैट थे। उन्होंने नॉर्वे में पढ़ाई की और मॉर्गन स्टैनली तथा क्रेडिट स्युइस जैसे संस्थानों में काम भी किया है। 2015 में उन्होंने अलीबाबा और टेनसेंट के कैब हेलिंग प्लेटफॉर्म्स का मर्जर करवाया था।
- मालदीव राष्ट्रपति चुनाव में भारतीय पर्यवेक्षक
- मालदीव के राष्ट्रपति चुनावों का निरीक्षण करने के लिए भारतीय चुनाव आयोग से चुनाव आयुक्त अरुण गोयल की अगुआई में तीन सदस्यों का प्रतिनिधिमंडल वहां गया है। चुनाव आयोग ने बताया कि चुनाव आयुक्त गोयल मालदीव चुनाव आयोग के न्योते पर वहां पहुंचे हैं। प्रतिनिधिमंडल में चुनाव आयुक्त गोयल के अलावा उप चुनाव आयुक्त अजय भादू और प्रमुख सचिव प्रमोद कुमार शर्मा भी हैं। मालदीव में चुनाव का पहला चरण 9 सितंबर से शुरू हुआ है।
- एडिटर्स गिल्ड के सदस्यों को 15 तक राहत
- सुप्रीम कोर्ट ने मणिपुर मामले में एडिटर्स गिल्ड ऑफ इंडिया के सदस्यों को दिए गए प्रोटेक्शन को 15 सितंबर तक के लिए बढ़ा दी है। अदालत ने मणिपुर पुलिस से कहा है कि एडिटर्स गिल्ड ऑफ इंडिया के चार सदस्यों के खिलाफ मणिपुर में दर्ज दोनों केस में 15 सितंबर तक कोई दंडात्मक कार्रवाई न करे। मणिपुर में दर्ज केस में इन चारों सदस्यों पर दो समुदाय में नफरत फैलाने का आरोप है। मामले में अगली सुनवाई शुक्रवार को होगी।
- पीएम के बर्थडे पर आयुष्मान भव: स्कीम
- केंद्र सरकार इस साल 17 सितंबर को PM नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर आयुष्मान भव: कार्यक्रम शुरू करेगी। इसके जरिये अंतिम छोर तक के लोगों और हर लाभार्थी तक सरकार की चलाई जा रही सभी स्वास्थ्य योजनाओं की डिलिवरी सुनिश्चित की जा जाएगी। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने कहा कि इस कार्यक्रम के दौरान कैंप लगाए जाएंगे। 60,000 लोगों को आयुष्मान भारत कार्ड दिए जाएंगे।
- नरेश गोयल की ईडी हिरासत 14 तक बढ़ी
- मुंबई की विशेष अदालत ने जेट एयरवेज के संस्थापक नरेश गोयल की हिरासत को 14 सितंबर तक के लिए बढ़ा दिया है। उन पर केनरा बैंक के 538 करोड़ रुपये के कथित घोटाले का आरोप है। ईडी ने गोयल को 1 सितंबर को गिरफ्तार किया था।
- यूपी में बारिश से जुड़ी घटनाओं में 19 मौतें
- यूपी में बारिश से जुड़ी घटनाओं में 19 लोगों की मौत हो गई। 13 लोगों की मौत अतिवृष्टि के कारण हुई है, जबकि चार की मौत बिजली गिरने से और दो की डूबने से हुई। प्रदेश के 22 जिलों में 40 MM से अधिक बारिश हुई है।






