राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या के बाद जयपुर में तनाव है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों को पकड़ने के लिए सख्त नाकेबंदी की गई है। हमले की जिम्मेदारी रोहित गोदारा गैंग ने ली है। बडी संख्या में गोगामेड़ी के समर्थक अस्पताल के बाहर धरने पर बैठ गए। समर्थकों ने बुधवार को जयपुर बंद का आह्वान किया है। समर्थकों ने प्रदेश व्यापी बंद करने की चेतावनी भी दी है। इधर, विपक्षी दलों के गठबंधन I.N.D.I.A. की बैठक तय कार्यक्रम के मुताबिक बुधवार को होगी, हालांकि यह अनौपचारिक होगी। इसमें तृणमूल की ममता बनर्जी, JDU के नीतीश कुमार, समाजवादी पार्टी से अखिलेश यादव और JMM के हेमंत सोरेन जैसे नेता नहीं होंगे। इन नेताओं ने कहा कि बैठक की तारीख तय करने से पहले उनसे संपर्क नहीं किया गया था। बुधवार की बैठक शाम 6 बजे कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर होनी है। वहीं, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन बुधवार को संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) और सऊदी अरब की यात्रा पर रहेंगे। उनकी यह यात्रा द्विपक्षीय संबंधों, इजरायल-हमास युद्ध और अन्य अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर केंद्रित होगी। उधर, भारतीय महिला क्रिकेट टीम बुधवार को इंग्लैंड के खिलाफ तीन मैचों की T20 सीरीज का पहला मैच खेलेगी।
टिप्पणी के बाद सीएम स्टालिन ने सेंथिल को लगाई फटकार, सार्वजनिक बयान को लेकर दी यह सलाह

डीएमके के वरिष्ठ नेता आरएस भारती ने कहा कि जैसे ही यह बयान मुख्यमंत्री को पता चला वैसे ही उन्होंने सेंथिल को कड़ी फटकार लगाई। भारती के अनुसार, सांसद ने एक बयान जारी किया है और अपने बयान पर सार्वजनिक माफी मांगी है।
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने डीएमके सांसद सेंथिल कुमार को फटकार लगाई है। पार्टी ने मंगलवार को एक बयान जारी कर यह जानकारी दी। बयान में पार्टी ने कहा कि हमने हमेशा सार्वजनिक टिप्पणी करते वक्त सम्मानजनक दृष्टिकोण की आवश्यकता पर जोर दिया है। बता दें, डीएमके सांसद ने हिंदी पट्टी राज्यों को गौमूत्र राज्य बताया है। भाजपा के साथ-साथ कांग्रेस ने भी डीएमकी सांसद की टिप्पणी का विरोध किया है।
व्यक्तिगत राय बनाने से बचना चाहिए
डीएमके के वरिष्ठ नेता आरएस भारती ने कहा कि जैसे ही यह बयान मुख्यमंत्री को पता चला वैसे ही उन्होंने सेंथिल को कड़ी फटकार लगाई। भारती के अनुसार, सांसद ने एक बयान जारी किया है और अपने बयान पर सार्वजनिक माफी मांगी है। उन्होंने जानबूझकर टिप्पणी नहीं की थी। हमें द्रमुक संस्थापक सीएन अन्नादुरई के कर्तव्य-गरिमा-अनुशासन के सिद्धांतों का पालन करना चाहिए। हमें व्यक्तिगत राय बनाने से बचना चाहिए। उन्होंने कहा कि पांच विधानसभा चुनावों के नतीजों पर टिप्पणी की
अब जानिए, क्या है पूरा मामला
दरअसल, DMK सांसद डीएनवी सेंथिलकुमार एस. ने लोकसभा में मंगलवार को हिंदी भाषी राज्यों का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा केवल हिंदी पट्टी वाले राज्यों में ही जीत दर्ज कर सकती है। इस देश के लोगों को यह सोचना चाहिए कि भाजपा की ताकत केवल हिंदी राज्यों में चुनाव जीतना है, जिन्हें हम आम तौर पर ‘गौमूत्र’ राज्य कहते हैं। सेंथिल कुमार मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ के विधानसभा चुनावों में भाजपा की भारी जीत पर प्रतिक्रिया दे रहे थे। अपने भाषण के दौरान वे दक्षिण भारतीय राज्यों तमिलनाडु, केरल, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में भाजपा के प्रदर्शन पर भी बोले।
हालांकि, बाद में सेंथिल कुमार एस. ने अपने बयान पर सफाई दी। उन्होंने कहा कि जब मैंने सदन के अंदर बयान दिया तो उस समय गृह मंत्री और भाजपा सदस्य वहां मौजूद थे। यह कोई विवादास्पद बयान नहीं है। मैं अगली बार कुछ अन्य शब्दों का उपयोग करने का प्रयास करूंगा। मैं माफी मांगता हूं।
बोरवेल में गिरी बच्ची को देर रात सुरक्षित निकाला गया, करीब 10 घंटे तक चला रेस्क्यू ऑपरेशन
: मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले में बोरवेल में गिरी पांच साल की बच्ची को देर रात सुरक्षित निकाल लिया गया। एनडीआरएफ और एसडीआरएफ ने जिला प्रशासन के साथ मिलकर सकुशल रेस्क्यू ऑपरेशन किया।

राजगढ़ में बोरवेल में गिरी पांच साल की बच्ची को करीब 10 घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद देर रात सुरक्षित निकाल लिया गया। एनडीआरएफ और एसडीआरएफ ने जिला प्रशासन के साथ मिलकर रेस्क्यू ऑपरेशन को अंजाम दिया। यह मामला बोड़ा थाना क्षेत्र के पिपलिया रसोड़ा गांव का है। मंगलवार शाम बच्ची खेलते-खेलते बोरवेल में गिर गई थी। सूचना मिलने के बाद रेस्क्यू के लिए टीम मौके पर पहुंची। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बोरवेल में बच्ची के गिरने के मामले को संज्ञान लिया था। मुख्यमंत्री कार्यालय राजगढ़ जिला प्रशासन से निरंतर संपर्क में था।
इससे पहले भी राज्य में बच्चों के बोरवेल में गिरने के मामले सामने आए हैं। इस साल मध्यप्रदेश के विदिशा में जुलाई में ढाई साल की बच्ची अस्मिता अहिरवार बोरवेल में गिर गई थी। उसे बोरवेल से बाहर तो निकाल लिया, लेकिन उसकी मौत हो गई थी। जानकारी के मुताबिक, मासूम माही पिता रवि भिलाला निवासी पटाड़िया धाकड़ तहसील सारंगपुर अपने मामा के यह पिपलिया रसोड़ा गांव आई हुई थी और बच्चों के साथ खेल रही थी। खेलते-खेलते वह पुराने खुदे हुए बोरवेल के गड्डे में गिर गई, जिसकी गहराई 25 से 30 फीट बताई जा रही है। घटना की सूचना पर बचाव दल, राजगढ़ कलेक्टर हर्ष दीक्षित और राजगढ़ एसपी धर्मराज मीणा मौके पर पहुंचे और मासूम को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू किया जा रहा है।

बोड़ा थाने से मिली जानकारी के अनुसार, मासूम अपने नाना इंदर सिंह भील के खेत में खेल रही थी और वह पुराने बोरवेल के खुले हुए गड्डे में गिर गई, जिसकी गहराई 25 से 30 फीट है। मासूम को सुरक्षित बाहर निकालने का प्रयास किया जा रहा है, जिसके लिए जेसीबी सहित अन्य उपकरण मौके पर मंगवाए गए हैं। मासूम के बोरवेल में गिरने की सूचना के पश्चात से ही राजगढ़ जिले में दुआओं का दौर जारी है और हर कोई मासूम के सुरक्षित बाहर निकलने की प्रार्थना कर रहा है।
शिवराज ने किया ट्वीट
सीएम शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट करते हुए लिखा, राजगढ़ जिले के पिपलिया रसोड़ा गांव में मासूम बच्ची के बोरवेल में गिरने का समाचार प्राप्त हुआ है। एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और जिला प्रशासन की टीम बच्ची को सकुशल बाहर निकालने के लिए प्रयासरत है। मैं भी स्थानीय प्रशासन के निरंतर संपर्क में हूं। बच्ची को सकुशल बाहर निकालने में हम कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।
कमजोर पड़ा चक्रवात मिचौंग, मध्य तटीय आंध्र के ऊपर गहरे दबाव से हुआ परिवर्तित

कनिमोझी ने मंगलवार को बताया ‘पिछले दो दिनों में, हमारे यहां 33 सेमी से अधिक बारिश हुई, जो कि 2015 की तुलना में बहुत अधिक है। हालांकि, सरकार इस बार स्थिति से निपटने के लिए बेहतर ढंग से सुसज्जित थी।भारत मौसम विज्ञान विभाग ने बुधवार को बताया कि चक्रवात मिचौंग मध्य तटीय आंध्र प्रदेश के ऊपर गहरे दबाव के क्षेत्र में कमजोर हो गया है। चक्रवाती तूफान मिचौंग कमजोर होकर मध्य तटीय एपी पर गहरे दबाव में बदल गया। सेंट्रल कोस्टल एपी. बापटला से लगभग 100 किमी उत्तर-उत्तरपश्चिम और खम्मम से 50 किमी दक्षिणपूर्व में। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर आधिकारिक आईएमडी हैंडल की एक पोस्ट के मुताबिक अगले 06 घंटों में और कमजोर हो जाएगा और उसके अगले छह घंटों के दौरान एक WML में बदल जाएगा।
जैसे ही चक्रवात मिचौंग ने मंगलवार को दस्तक दी, चेन्नई में लगातार बारिश हुई, जबकि सोमवार से इसका प्रकोप काफी कम हो गया। मंगलवार, पांच दिसंबर को जारी एक विज्ञप्ति में, ग्रेटर चेन्नई पुलिस ने कहा कि शहर में चक्रवात के कारण आई बाढ़ के कारण विभिन्न घटनाओं में 17 लोगों की मौत की सूचना है।
पुलिस के अनुसार, डूबने और बिजली का झटका लगने की कम से कम 10 घटनाएं सामने आई हैं, जिनके लिए चिकित्सा सहायता प्रदान की गई। इससे पहले, मंगलवार को डीएमके सांसद कनिमोझी ने कहा था कि तमिलनाडु सरकार 2015 की तुलना में स्थिति से निपटने के लिए कहीं अधिक तैयार है, जब लगातार बारिश के कारण चेन्नई में बाढ़ आ गई थी, जिससे जानमाल का नुकसान हुआ था।
पिछले दो दिनों में 33 सेमी से अधिक बारिश
कनिमोझी ने मंगलवार को बताया ‘पिछले दो दिनों में, हमारे यहां 33 सेमी से अधिक बारिश हुई, जो कि 2015 की तुलना में बहुत अधिक है। हालांकि, सरकार इस बार स्थिति से निपटने के लिए बेहतर ढंग से सुसज्जित थी। कई लोगों को निचले इलाकों से निकाला गया है -झूठे इलाकों) और (राहत) आश्रयों में चले गए,’।
डीएमके सांसद ने कहा, 411 राहत आश्रयों की व्यवस्था पहले ही की जा चुकी है। अधिकांश इलाकों से पानी भी बाहर निकाल दिया गया है और 60-70 प्रतिशत से अधिक घरों में बिजली बहाल कर दी गई है।’
दक्षिणी गाजा में इस्राइली सेना का हमला, 45 फलस्तीनी लोगों ने तोड़ा दम

इस्राइली सेना के दक्षिणी कमान के कमांडर जनरल यारोन फिंकेलमैन ने बताया कि दक्षिणी गाजा में जमीनी अभियान की शुरुआत के बाद से यह सबसे तीव्र हमला था। उन्होंने कहा कि इस्राइली सेनाएं दक्षिणी गाजा के जबालिया, पूर्व शुजैय्या और खान यूनिस में घुस चुके हैं।
इस्राइल-हमास के बीच विराम के बाद एक बार फिर युद्ध शुरू हो गया है। युद्ध में अब तक दोनों पक्षों के 16 हजार से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। इस बीच इस्राइली सेना ने एक बार फिर दक्षिणी गाजा के प्रमुख शहर पर हमला किया, जिसमें 45 लोगों की मौत हो गई। हमले के कारण कई लोग घायल हो गए।
इस्राइल ने 24 आतंकी को मारा तो हमास ने भी दिया मुंह तोड़ जवाब
इस्राइली सेना के दक्षिणी कमान के कमांडर जनरल यारोन फिंकेलमैन ने बताया कि दक्षिणी गाजा में जमीनी अभियान की शुरुआत के बाद से यह सबसे तीव्र हमला था। उन्होंने कहा कि इस्राइली सेनाएं दक्षिणी गाजा के जबालिया, पूर्व शुजैय्या और खान यूनिस में घुस चुके हैं। वहीं, हमास की अल-कासिम ब्रिगेड ने कहा कि हमारे लड़ाकों ने 24 इस्राइली सैन्य वाहनों को नष्ट कर दिया है। खान यूनिस में स्नाइपर्स ने इस्राइली सैनिकों को निशाना बनाया है, जिसमें से कई सैनिकों की मौत हो गई।
अब तक 16,248 लोगों की मौत
खान यूनिस के दीर अल-बलाह में स्थित शुहादा अल-अक्सा के प्रमुख इयाद अल-जबरी ने बताया कि इस्राइली सेना ने घरों पर हमले किए। हमले में करीब 45 लोगों की मौत हो गई है। कई लोग घायल हो गए, जो अस्पताल में भर्ती हैं। हमास के मीडिया कार्यालय ने मंगलवार को बताया कि युद्ध में अब तक 7,112 बच्चों और 4,885 महिलाओं की मौत हो गई है। इस्राइली हमलों में अब तक कुल 16,248 लोगों मारे जा चुके हैं। हजारों लोग लापता हैं, आशंका है कि वे सभी मलबे में दबे हुए हैं।
नए निर्देशों के साथ बंटवाई पर्चियां
इस्राइली रक्षा बलों ने अस्पतालों, शरणार्थी कैंपों और शहर में दोबारा नए निर्देशों के साथ पर्चे गिराए। पर्चे में लिखा था कि बाहर मत निकलें। बाहर जाना खतरनाक है। इस्राइल आर्मी प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल हर्जी हलेवी ने बताया कि हमने उत्तरी गाजा के कई गढ़ों को आंतकी विहीन कर दिया है। हमास के खिलाफ हम अब दक्षिण में कार्रवाई कर रहे हैं। हमारा लक्ष्य हमास के बड़े कमांडरों को खत्म करना है लेकिन वे सभी किसी सुरंग में छिपे हुए हैं।
आईएसकेपी के पांच आंतकियों के खिलाफ एनआईए ने दर्ज किया आरोप पत्र, अफगानिस्तान में आंतक फैलाने की थी साजिश

आईएसकेपी आतंकी संगठन आईएसआईएस का ही एक संगठन है। आईएसकेपी अफगानिस्तान के खुरासान प्रांत में सक्रिय है। संगठन क्षेत्र में आतंक और हिंसा को बढ़ावा देने की साजिश रचता है। आरोपियों की पहचान उबैद नासिर मीर, हनान हयात शॉल, मोहम्मद, हाजिम शाह सुमेरा बानू और जुबैर के रूप में हुई है।राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआई) ने इस्लामिक स्टेट ऑफ खुरासान प्रांत (आईएसकेपी) से जुड़े पांच लोगों के खिलाफ आरोप पत्र दायर किया है। आरोप पत्र से प्रतिबंधित अफगान आतंकवादी संगठन द्वारा आतंक और हिंसक कृत्यों को अंजाम देने की साजिश का बड़ा खुलासा हुआ है।
एनआईए के आरोप पत्र में हुआ खुलासा
एनआईए के अनुसार, आईएसकेपी आतंकी संगठन आईएसआईएस का ही एक संगठन है। आईएसकेपी अफगानिस्तान के खुरासान प्रांत में सक्रिय है। संगठन क्षेत्र में आतंक और हिंसा को बढ़ावा देने की साजिश रचता है। आरोपियों की पहचान उबैद नासिर मीर, हनान हयात शॉल, मोहम्मद, हाजिम शाह सुमेरा बानू और जुबैर के रूप में हुई है। आरोपी गुजरात के पोरबंदर से अवैध रूप से ईरान के रास्ते अफगानिस्तान जाने की योजना बना रहे थे। लेकिन मुखबिरों के माध्यम से एटीएस गुजरात ने उन्हें देश छोड़ने से पहले ही गिरफ्तार कर लिया। जांच के दौरान सामने आया कि पांचों आईएसकेपी के साथ सक्रिय हैं। आरोपी संगठन के लिए मुस्लिम युवाओं की भर्ती करने सहित अन्य गतिविधियों में शामिल थे।
युवाओं को चरमपंथ से जोड़ने का काम भी करते थे
आरोप पत्र से सामने आया कि आरोपी सोशल मीडिया पर न सिर्फ आईएसकेपी के एजेंडे और विचारधारा का प्रचार करते थे बल्कि कमजोर मुस्लिम युवाओं को आईएसकेपी की चरमपंथी विचारधारा के लिए प्रेरित करते थे। आरोपी साथ ही आंतकवादियों के लिए धन भी इकट्ठा करते थे। मामले में दो अन्य आरोपी फरार हैं, आशंका है कि दोनों प्रमुख संचालक हैं। गृह मंत्रालय ने 28 जून 2023 को मामला एनआईए को स्थानांतरित कर दिया था। एटीएस अहमदाबाद द्वारा दर्ज की गई एफआईआर के आधार पर एनआईए ने भी मामले में अपनी जांच शुरू कर दी है।
होंडुरास में बस दुर्घटना में 12 लोगों की मौत, दर्जनों घायल

फायर ब्रिगेड के अधिकारी ने कहा कि हादसे के बाद मौके पर ही 10 यात्रियों की मौत हो गई और दो की तेगुसिगाल्पा के अस्पताल में मौत हो गई। मध्य अमेरिकी देश होंडुरास में मंगलवार को एक बस हाईवे से फिसलकर खड्ड में गिर गई। इस हादसे में 12 लोगों की मौत हो गई और दो दर्जन अन्य घायल हो गए। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बस में लगभग 60 लोग सवार थे। देश की राजधानी तेगुसिगल्पा से लगभग 41 किलोमीटर (25 मील) दूर हाईवे पर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। फायर ब्रिगेड के अधिकारी ने कहा कि हादसे के बाद मौके पर ही 10 यात्रियों की मौत हो गई और दो की तेगुसिगाल्पा के अस्पताल में मौत हो गई।
आरोप : जुकरबर्ग के दान के बाद हार्वर्ड ने शोध टीम को दबाया
भ्रामक एवं गलत सूचनाओं पर काम करने वाली शोधार्थी जोआन डोनोवन ने हार्वर्ड विवि पर उनके भाषण व शोध टीम को दबाने का आरोप लगाया है। डोनोवन ने इस अनुचित दखल की जांच की मांग की है। डोनोवन ने 2021 के अंत में फेसबुक फाइलों को लेकर शोध शुरू किया, लेकिन मार्क जुकरबर्ग एवं पत्नी प्रिसिला चान द्वारा संचालिक संस्था से हार्वर्ड को 50 करोड़ अमेरिकी डॉलर का दान मिलने के कारण उनके कार्य पर असर पड़ा। फेसबुक ने इस पर कोई जवाब नहीं दिया।
कंबोज ने की सामाजिक विकास आयोग बैठक की अध्यक्षता
संयुक्त राष्ट्र में भारत की स्थायी प्रतिनिधि रुचिरा कंबोज ने फरवरी 2024 में होने वाले 62वें संयुक्त राष्ट्र सामाजिक विकास आयोग की तैयारी के लिए आयोजित बैठक की अध्यक्षता की। आयोग का यह सत्र 5-14 फरवरी, 2024 तक न्यूयॉर्क में होगा। आयोग अंतरराष्ट्रीय परिवार वर्ष की तीसवीं वर्षगांठ भी मनाएगा। 62वें सत्र का केंद्रीय विषय सतत विकास के लिए 2030 एजेंडा के कार्यान्वयन पर होगा।
पाकिस्तान में दाऊदी बोहरा समुदाय के प्रमुख को सर्वोच्च नागरिक सम्मान
इस्लाम के दाऊदी बोहरा समुदाय के प्रमुख डॉ. सैयदना मुफद्दल सैफुद्दीन (77) को मंगलवार को पाकिस्तान के सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार निशान-ए-पाकिस्तान से सम्मानित किया गया। उन्हें यह सम्मान आध्यात्मिक मार्गदर्शन और सामाजिक सेवाओं के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य के लिए प्रदान किया है। इस समुदाय के लोग दुनिया के 40 देशों में रहते हैं। पाकिस्तान में इनकी बड़ी आबादी है।
बाइडन के शीर्ष सहयोगी द्विपक्षीय मुद्दों पर चर्चा के लिए भारत में
अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन के एक शीर्ष राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार एक सिख अलगाववादी नेता की हत्या के प्रयास से संबंधित आरोपों सहित विभिन्न द्विपक्षीय मामलों पर बातचीत के लिए नई दिल्ली में हैं। व्हाइट हाउस ने कहा, जॉन फाइनर ने भारत के उप राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार विक्रम मिस्री विदेश मंत्री एस जयशंकर, एनएसए अजीत डोभाल और विदेश सचिव विनय क्वात्रा से चर्चा की।
विकिपीडिया पर सबसे ज्यादा पढ़े गए विश्वकप, पठान और जवान
विकिपीडिया को संचालित करने वाले विकिमीडिया फाउंडेशन की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, अंग्रेजी विकिपीडिया को अकेले इस वर्ष 84 अरब से अधिक बार देखा गया। इस वर्ष के शीर्ष पांच लेख चैटजीपीटी (49,490,406 पेजव्यू), इसके बाद 2023 में मृत्यु (42,666,860) रहे। तीसरे स्थान पर 2023 क्रिकेट विश्वकप (38,171,653), चौथे स्थान पर इंडियन प्रीमियर लीग (32,012,810) और फिल्म ओपेनहाइमर (28,348,248) है। फाउंडेशन ने विकिपीडिया के 2023 के शीर्ष 25 सबसे लोकप्रिय लेखों की जानकारी दी। फाउंडेशन के अनुसार, भारत के शीर्ष पसंदीदा विषय क्रिकेट और बॉलीवुड से रहे। फाउंडेशन के अनुसार, क्रिकेट विश्वकप (25,961,417) छठे नंबर पर, फिल्म जवान (21,791,126) आठवें स्थान पर रही। इसके अलावा इंडियन प्रीमियर लीग 2023 (20,694,974) और शाहरूख की फिल्म पठान 19,932,509 पेजव्यू के साथ शीर्ष 10 में शामिल रही।
शादी से पहले इमरान खान के बुशरा बीबी से थे अवैध संबंध, पूर्व पति के नौकर का दावा

मुहम्मद लतीफ ने जज के समक्ष दावा किया, जब मैं कमरे में जाता था तो दोनों मेरे साथ दुर्व्यवहार करते थे और मुझे बाहर जाने के लिए कहते थे। दोनों ने उन्हें अपने साथ कमरे में रहने की अनुमति कभी नहीं दी। उसने दोनों के बीच अवैध संबंध होने का भी दावा किया।
पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान (71) की पत्नी बुशरा बीबी के पूर्व पति खावर फरीद मनेका के एक नौकर ने अदालत के समक्ष दावा किया है कि पूर्व प्रधानमंत्री उनके घर आते-जाते थे और उनके बीच अवैध संबंध थे। दोनों एक साथ एक कमरे में जाते थे।
एक्सप्रेस ट्रिब्यून अखबार ने मंगलवार को बताया कि मेनका के एक कर्मचारी मुहम्मद लतीफ ने खान और बीबी के गैरकानूनी विवाह से संबंधित एक मामले में खुलासा किया है। मामला अदालत में पेश किया गया है, जिन्हें इसकी स्वीकार्यता का निर्धारण किया जाना है। मनेका ने एक समाचार चैनल के साथ एक साक्षात्कार में कहा था कि खान और बीबी ने इद्दत के दौरान शादी की है। यह एक मुस्लिम महिला की पति की मृत्यु या तलाक के बाद की प्रतीक्षा अवधि होती है। इस दौरान विवाह मान्य नहीं होता है।
लतीफ ने जज के समक्ष दावा किया कि जब मैं कमरे में जाता था तो दोनों मेरे साथ दुर्व्यवहार करते थे और मुझे बाहर जाने के लिए कहते थे। दोनों ने उन्हें अपने साथ कमरे में रहने की अनुमति कभी नहीं दी। उसने दोनों के बीच अवैध संबंध होने का भी दावा किया। मामले की अगली सुनवाई आठ दिसंबर को होगी।
पाकिस्तान की बेटी ‘जावरिया खानम बहू बनने के लिए भारत पहुंची हुआ स्वागत
मंगलवार सुबह भारत को एक और खुशखबरी मिली। पाकिस्तान की बेटी जावरिया खान बहू बनने के हिंदुस्तान पहुंच चुकी हैं और मंगलवार को अटारी सीमा के रास्ते उन्होंने भारत में प्रवेश किया। यहां उनके होने वाले पति समीर खान और होने वाले ससुर अहमद कमाल खान यूसुफजई ने उनका स्वागत करने के लिए पहुंचे। बता दें कि भारत सरकार ने जावरिया को 45 दिन का वीजा दिया है।

जावरिया खान ने मंगलवार को अटारी सीमा के रास्ते भारत में प्रवेश किया। यहां उनके होने वाले पति समीर खान और होने वाले ससुर अहमद कमाल खान यूसुफजई ने उनका स्वागत किया।
कोलकाता के लिए होंगे रवाना
अटारी सीमा से निकलकर यह दोनों श्री गुरु रामदास अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर पहुंचेंगे और यहां से कोलकाता के लिए उड़ान भरेंगे। समीर और जावेरिया खानम की शादी हो जाएगी बता दें कि जावरिया को भारत ने दो बार वीजा देने से इनकार कर दिया था।
इसके बाद वह सामाजिक कार्यकर्ता और पत्रकार मकबूल अहमद वसी कादियान के संपर्क में आयीं। वे पहले भी कई पाकिस्तानी दुल्हनों को वीजा दिलाने में मदद कर चुके हैं। इस मामले में मकबूल अहमद ने उनकी काफी मदद की और उनके प्रयासों से समीर खान की मंगेतर को भारत सरकार ने वीजा दे दिया।
साल 2018 में हुई थी दोनों की सगाई
कोलकाता के रहने वाले समीर खान ने कहा कि खानम से मिलकर मेरा सपना पूरा हो गया। छह जनवरी को समीर और जावरिया की शादी होगी और वर्ष 2018 में दोनों की सगाई हुई थी। भारत सरकार ने जावरिया को दो बार वीजा देने से इन्कार कर दिया था।
समीर खान को एक नजर में हुआ प्यार
समीर खान ने बताया कि साढ़े पांच साल पहले मैंने अपनी मां के मोबाइल फोन में जावरिया का फोटो देखा और फोटो देखते ही मुझे जावरिया से प्यार हो गया। मैंने मां से पूछा कि यह कौन है। उन्होंने बताया कि यह कराची में रहने वाले उनके एक रिश्तेदार अजमत इस्माइल खान की बेटी है।
मैंने मां से कह दिया कि शादी करूंगा तो जावरिया से ही। काफी मिन्नतों के बाद वर्ष 2018 में हमारी सगाई हुई। इसके बाद सरहद की दीवार बाधा बन गई।
कांवड़ मार्ग पर दो अस्थायी पुलिस चौकी और चार वॉच टावर बनाए जाएंगे
कांवड़ यात्रा के मद्देनजर कांवड़ मार्ग पर दो अस्थाई पुलिस चौकी और चार वॉच टावर बनाए जाएंगे। इसके साथ ही कांवड़ मार्ग पर दो दर्जन स्थानों पर पुलिस पिकेट और पीएसी के जवान तैनात रहेंगे।कांवड़ यात्रा के मद्देनजर कांवड़ मार्ग पर दो अस्थाई पुलिस चौकी और चार वॉच टावर बनाए जाएंगे। इसके साथ ही कांवड़ मार्ग पर दो दर्जन स्थानों पर पुलिस पिकेट और पीएसी के जवान तैनात रहेंगे।
कांवड़ यात्रा चार जुलाई से शुरू होने जा रही है। कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन तैयारियों में जुटा हुआ है। पुलिस क्षेत्राधिकारी अमरदीप मौर्य ने बताया कि शामली स्थित इंडस्ट्रीज एरिया पुलिस चौकी से यमुना ब्रिज पुलिस चौकी के बीच गांव मन्नामाजरा व तीतरवाड़ा चुंगी पर दो अस्थाई पुलिस चौकी बनाई जाएंगी। जहां पर 24 घंटे पुलिसकर्मियों की ड्यूटी रहेगी। इसके अलावा कैराना बाईपास, कांधला तिराहा, मवी हैदरपुर और यमुना पुल पर चार वॉच टावर बनाए जाएंगे। सभी वॉच टावरों से कांवड़ मार्ग की निगरानी की जाएगी। इसके अलावा कांवड़ मार्ग पर करीब दो दर्जन पिकेट में पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। साथ ही पीएसी के जवान भी तैनात किए जाएंगे। कांवड़ यात्रा के दौरान शिवभक्तों की सुरक्षा के लिए कड़े बंदोबस्त किए जाएंगे।
केन्याई राष्ट्रपति ने अफ्रीका को G20 में शामिल कराने पर भारत की सराहना की, ग्लोबल साउथ पर कही यह बात

केन्याई राष्ट्रपति ने कहा, ‘मैं वैश्विक स्तर पर भू-राजनीतिक क्षेत्र में ग्लोबल साउथ को ऊपर उठाने के लिए भारत के नेतृत्व और प्रधानमंत्री मोदी की भी सराहना करता हूं।’ राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा उनके सम्मान में राष्ट्रपति भवन में आयोजित भोज में राष्ट्रपति रुतो ने भारत और केन्या के बीच द्विपक्षीय संबंधों की सराहना करते हुए कहा कि उनकी साझेदारी का लाभ आने वाली पीढ़ियों को मिलेगा। केन्या के राष्ट्रपति विलियम सामोई रुटो ने मंगलवार को अफ्रीकी संघ को जी20 के स्थायी सदस्य के रूप में शामिल करने की वकालत के लिए नई दिल्ली की सराहना की, साथ ही दुनियाभर में भू-राजनीतिक क्षेत्र में वैश्विक दक्षिण के नेतृत्व के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भी सराहना की।
उन्होंने (पीएम मोदी) अफ्रीका को G20 का स्थायी सदस्य बनाना संभव बनाया। हममें से जो लोग ग्लोबल साउथ और विशेष रूप से अफ्रीका से आते हैं, वे भारत के नेतृत्व की सराहना करते हैं। भारत का नेतृत्व, और प्रधानमंत्री का नरेंद्र मोदी ने अफ्रीकी संघ के लिए 20 के समूह में स्थायी सीट पाना संभव बनाया।
पीएम मोदी की सराहना की
केन्याई राष्ट्रपति ने कहा, ‘मैं वैश्विक स्तर पर भू-राजनीतिक क्षेत्र में ग्लोबल साउथ को ऊपर उठाने के लिए भारत के नेतृत्व और प्रधानमंत्री मोदी की भी सराहना करता हूं।’ राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा उनके सम्मान में राष्ट्रपति भवन में आयोजित भोज में राष्ट्रपति रुतो ने भारत और केन्या के बीच द्विपक्षीय संबंधों की सराहना करते हुए कहा कि उनकी साझेदारी का लाभ आने वाली पीढ़ियों को मिलेगा।
उन्होंने आगे कहा, ‘आज हर क्षेत्र इस महाकाव्य खोज में आगे बढ़ रहा है। हमने पुष्टि की है कि केन्या और भारत के बीच सफल मित्रता का गौरवपूर्ण इतिहास रहा है, लेकिन हम भविष्य में क्या हासिल कर सकते हैं। हमारे साझा मूल्यों के साथ-साथ हमारी साझा प्रतिबद्धता को देखते हुए, यह कहीं अधिक बड़ा है और अब और आने वाली पीढ़ियों के लाभ के लिए कायम रहेगा,’।
दोनों देशों के बीच हैं मजबूत संबंध
भारत-केन्या दोस्ती पर जोर देते हुए, राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा, ‘हमारी दोस्ती एक मजबूत द्विपक्षीय रिश्ते में परिपक्व हो गई है, जो व्यापार, शिक्षा और प्रौद्योगिकी सहित विभिन्न क्षेत्रों में महत्वपूर्ण आर्थिक सहयोग पर आधारित है।’
इससे पहले, राजकीय यात्रा पर भारत आए रुतो ने मंगलवार को राष्ट्रीय राजधानी के राजघाट में महात्मा गांधी के स्मारक पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। राष्ट्रपति भवन के प्रांगण में भी उनका औपचारिक स्वागत किया गया। राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और पीएम मोदी द्वारा स्वागत किए जाने से पहले विलियम रुटो ने गार्ड ऑफ ऑनर का भी निरीक्षण किया।
‘गौमूत्र राज्य’ वाले बयान पर DMK सांसद ने मांगी माफी
डीएमके सांसद सेंथिलकुमार के बयान पर जमकर बवाल हो रहा है। सेंथिलकुमार ने यह कहकर विवाद छेड़ दिया कि भाजपा केवल ‘गौमूत्र राज्यों’ में चुनाव जीत सकती है। हालांकि अब उन्होंने माफी मांग ली है। उन्होंने न्यूज एजेंसी एएनआई से कहा- अगर इन टिप्पणियों से किसी की भावनाएं आहत हुई हैं, तो वह इसका इस्तेमाल दोबारा नहीं करेंगे।

एएनआई से बात करते हुए डीएमके सांसद ने कहा, “मैंने सदन के अंदर कुछ बयान दिया। उस समय गृह मंत्री और भाजपा सदस्य वहां थे। मैंने पहले भी अपने संसद भाषणों में इसका इस्तेमाल किया है। यह कोई विवादास्पद बयान नहीं था। अगर यह किसी को गलत लगता है तो मैं अगली बार इसका उपयोग करने से बचने की कोशिश करूंगा। मैं यह बताने के लिए कुछ अन्य शब्दों का उपयोग करूंगा कि भाजपा कहां वोट पाने में मजबूत है।”
सेंथिलकुमार ने कहा- “मुझे नहीं लगता कि किसी की भावनाएं आहत हुई हैं। सदन के अंदर कुछ भी विवादास्पद नहीं था। अगर लोगों को यह विवादास्पद लगता है तो मैं समझाने के लिए कुछ अलग शब्दों का इस्तेमाल करूंगा।”
डीएमके सांसद डीएनवी सेंथिलकुमार एस की ‘गौमूत्र’ टिप्पणी पर कांग्रेस सांसद राजीव शुक्ला ने कहा- “डीएमके की राजनीति अलग है। कांग्रेस उनकी राजनीति से सहमत नहीं है। कांग्रेस ‘सनातन धर्म’ और ‘गौमाता’ में भी विश्वास करती है। हम सभी धर्मों के लोगों के साथ आगे बढ़ने में विश्वास रखते हैं।”
द्रमुक सांसद डीएनवी सेंथिलकुमार एस के भाजपा पर किए गए ‘गौमूत्र राज्य’ तंज पर कांग्रेस नेता कार्ति चिदंबरम ने माफी की मांग की। उन्होंने कहा कि उनके शब्दों का चयन दुर्भाग्यपूर्ण था। शिवगंगा से लोकसभा सांसद कार्ति चिदंबरम ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा- “शब्दों का चयन बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है। सेंथिल को तुरंत माफी मांगनी चाहिए और अपनी टिप्पणी वापस लेनी चाहिए।”
डीएमके सांसद डीएनवी सेंथिलकुमार ने कहा था “केंद्र शासित प्रदेश हमेशा राज्य बनने की ओर देखते हैं, लेकिन यह पहला मामला है जहां एक राज्य केंद्र शासित प्रदेश बन गया है। भाजपा ने हाल ही में कई राज्यों के चुनाव जीते हैं। जब वे किसी राज्य को जीत नहीं पाते तो वे इसे केंद्र शासित प्रदेश बनाते हैं, जहां वे राज्यपाल पर नियंत्रण रख सकते हैं और उनके माध्यम से शासन चला सकते हैं। ”
उन्होंने आगे कहा- “इसलिए इस देश के लोगों को यह सोचना चाहिए कि भाजपा की ताकत मुख्य रूप से हिंदी के गढ़ राज्यों और जिन्हें हम आम तौर पर ‘गौमूत्र राज्य’ कहते हैं, वहां चुनाव जीतना है।” पूर्व कांग्रेस सांसद मिलिंद देवड़ा ने कहा कि डीएमके को यह एहसास होना चाहिए कि उनकी लापरवाह टिप्पणियां केवल इंडिया अलायंस के प्रयासों को कमजोर करती हैं।
अमेरिका के डिप्टी NSA फाइनर दिल्ली में
बाइडन प्रशासन के उप राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जॉन फाइनर नई दिल्ली में हैं। इस दौरान अमेरिका में सिख अलगाववादी की हत्या की कोशिश से जुड़े आरोपों समेत कई मुद्दों पर बात हुई। वाइट हाउस ने कहा कि भारत में जांच कमिटी बनने की अहमियत को स्वीकारा गया।
- QS यूनिवर्सिटी रैंकिंग में देश में DU नंबर-1QS वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग 2024 के टॉप 300 में दिल्ली यूनिवर्सिटी ने जगह बनाई है। विश्व स्तर पर इसकी रैकिंग 220, तो भारत में यह टॉप पर है। इस रैंकिंग में सोशल और एनवायरनमेंटल इंपैक्ट और गवर्नेंस के आधार पर शिक्षण संस्थानों को आंका गया। रैंकिंग में 95 देशों के 1397 संस्थान हैं, जिनमें भारत के 56 संस्थानों ने जगह बनाई है। इस रैंकिंग में कनाडा की यूनिवर्सिटी ऑफ टोरंटो टॉप पर है।
पहली बार 69000 पार सेंसेक्स, निफ्टी भी चढ़ा
BSE सेंसेक्स पहली बार 69 हजार के पार बंद हुआ। मंगलवार को यह 431 अंक उछलकर 69,296.14 पर बंद हुआ। निफ्टी भी 168.50 अंकों की तेजी के साथ अबतक के उच्चतम स्तर 20,855.30 पर बंद हुआ। इस दौरान अडानी ग्रुप के शेयर 20% तक चढ़े। गौतम अडानी अब दुनिया के 16वें सबसे अमीर शख्स हैं।
जनता बदलाव चाहती थी, चुनाव नतीजों पर बोले अखिलेश
समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा, ‘जो चुनाव परिणाम आए हैं उससे आने वाले समय में इंडिया गठबंधन और मजबूत होगा। देश की जनता बीजेपी को हटाना चाहती है। अगर यही हम मान ले कि जनता परिवर्तन चाहती थी तो मध्य प्रदेश के अलावा जिन प्रदेशों में सरकार बदली है तो बीजेपी के लिए ये चिंता का विषय होना चाहिए क्योंकि जो सरकार में है उससे जनता नाराज है या जनता ने परिवर्तन के लिए वोट दिया है तो आने वाले समय में भी परिवर्तन का वोट पड़ेगा।’
तेलंगाना कांग्रेस अध्यक्ष रेवंत रेड्डी दिल्ली पहुंचे।रेवंत रेड्डी 7 दिसंबर को तेलंगाना के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।
मध्य प्रदेश: राजगढ़ जिले के पिपलिया रसोड़ा गांव में एक 5 वर्षीय बच्ची बोरवेल में गिरी, बचाव अभियान जारी है।
चार दिन बाद वो जहां से आया था, वहीं लौट गया… क्या दिल्ली में खत्म हुआ तेंदुए का टेरर?
दिल्ली में चार दिन बाद तेंदुए की दहशत खत्म हो चुकी है। अब लोगों को डरने की जरुरत नहीं है। यह दावा दिल्ली वन विभाग की ओर से किया गया है। वन विभाग का साफ कहना है कि तेंदुआ जिस रास्ते से असोला वाइल्डलाइफ सेंचुरी से सैनिक फार्म की तरफ आया था, वह वापस वहीं चला गया है। तेंदुए को पकड़ने के लिए वन विभाग और पुलिस के 40 लोगों की टीम दिन-रात कोशिश कर रही थी। सैनिक फार्म में जंगल के अंदर तेंदुए को पकड़ने के लिए दो पिंजरे भी लगाए गए थे। पुलिस ने इलाके में रहने वाले लोगों घर से बाहर न निकले की अपील की थी। शनिवार सुबह से साउथ दिल्ली के सैनिक फार्म और आसपास के लोगों पर तेंदुए के हमले का खतरा मंडरा रहा था। इस तेंदुए ने दो लोगों को जख्मी भी कर दिया था।
भुवनेश्वर, ओडिशा: IMD निदेशक एच.आर. बिस्वास ने चक्रवात मिचौंग पर कहा, ‘वर्तमान में हवा की गति 90-100 किमी प्रति घंटा है। कुछ घंटों में चक्रवात के कमजोर पड़ने की उम्मीद है। इसके प्रभाव से ओडिशा में अगले 24 घंटों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।’
बापटला (आंध्र प्रदेश): चक्रवाती तूफान मिचौंग के प्रभाव से बापटला समुद्र में ऊंची लहरें उठ रही हैं।
‘चिप वाली EVM हैक हो जाती है’
कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने EVM को लेकर कहा, ‘हमने बटन दबा दिया और पता ही नहीं चला कि वोट कहां गया है। अब वीवीपैट आई है तो 7 सेकंड के लिए दिखाए जाते हैं… मूल बात यह है कि जिस मशीन में चिप लगी है उसके हैक होने की संभावना होती है…’
दिल्ली: केन्या के राष्ट्रपति विलियम सामोई रुतो ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। वीडियो देखिए
मिचौंग तूफान को लेकर क्या कहता है आईएमडी
मिचौंग तूफान को लेकर मौसम विभाग ने ताजा अपडेट देते हुए कहा कि दक्षिण आंध्र प्रदेश और उत्तर तमिलनाडु के तटों के पास पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में भयंकर चक्रवाती तूफान “MICHAUNG” (मिजौम) मंडरा रहा है। पिछले 6 घंटों में यह तूफान 7 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर की ओर बढ़ा है और आज सुबह 5:30 बजे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में दक्षिण आंध्र प्रदेश के तट के पास स्थित है। चूंकि यह तूफान लगभग उत्तर की ओर तट के पास बढ़ रहा है, इसलिए बादल का कुछ हिस्सा जमीन पर है। मौसम विभाग के मुताबिक, तूफान के लगभग उत्तर की ओर नेलोरे और मछलीपट्टनम के बीच, बपटला के पास सुबह के समय आंध्र प्रदेश के तट को पार करने की संभावना है। उस समय हवा की रफ्तार 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे और झोंके 110 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।




