- सरकार के साथ बातचीत खत्म होने के बाद आज किसानों ने फिर से दिल्ली की तरफ बढ़ने का प्रयास किया। किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल ने बुधवार को कहा कि प्रदर्शनकारी किसान शांतिपूर्ण तरीके से दिल्ली की ओर आगे बढ़ेंगे। हरियाणा पुलिस ने किसानों के शंभू बॉर्डर पर बैरिकेड की ओर बढ़ने के बाद उन्हें रोकने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े। भारत और चीन ने इस सप्ताह की शुरुआत में नए दौर की उच्च स्तरीय सैन्य वार्ता में पूर्वी लद्दाख में वास्तविक नियंत्रण रेखा (LAC) के पास सीमावर्ती क्षेत्रों में ‘शांति और सद्भाव’ को बनाए रखने पर सहमति जताई। कानून विशेषज्ञ एवं दिग्गज अधिवक्ता फली एस नरीमन का बुधवार को 95 वर्ष की आयु में यहां निधन हो गया। जाने माने रेडियो प्रस्तोता अमीन सयानी का 91 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उनके बेटे राजिल सयानी ने बुधवार को यह जानकारी दी। बिहार के लखीसराय में बुधवार तड़के एक ट्रक और टेम्पो की आमने-सामने की टक्कर में नौ लोगों की मौत हो गई।
न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर कानूनी गारंटी की मांग को लेकर आठ दिनों से शंभू और दातासिंह वाला बॉर्डर पर डटे किसानों ने बुधवार सुबह दिल्ली कूच का प्रयास किया। जवाब में हरियाणा पुलिस और अर्धसैनिक बलों ने आंसू गैस के गोले बरसाए और रबड़ की गोलियां भी चलाईं। दातासिंह वाला बॉर्डर पर दो किसान गोली लगने से जख्मी हो गए, जिनमें से बठिंडा के गांव बल्लोंके के युवा शुभकरण (23) की मौत हो गई। दूसरे किसान संगरूर के नवांगांव के प्रीतपाल सिंह को भी गंभीर चोट आई है। उसे रोहतक पीजीआई में भर्ती किया गया है।
पंजाब और हरियाणा सीमा पर किसानों का आंदोलन जारी है। बुधवार को किसानों ने दिल्ली कूच किया तो पुलिस से झड़प हो गई। इस दौरान 23 आंदोलनकारी घायल हुए हैं। वहीं बठिंडा के एक नौजवान की मौत हो गई। पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री बलबीर सिंह ने घायल किसानों से अस्पताल में मिले और उनका हालचाल जाना।
किसानों का दावा है कि शुभकरण की मौत सिर पर रबर बुलेट लगने से हुई है। टकराव में 52 किसान और 12 पुलिसकर्मी जख्मी हुए। शंभू बॉर्डर पर भी छह किसान घायल हुए हैं। दूसरी तरफ केंद्रीय कृषि मंत्री अर्जुन मुंडा ने किसानों को फिर बातचीत का न्योता दिया है। केंद्र के प्रस्ताव पर किसान नेताओं ने दो दिन के लिए दिल्ली कूच टाल दिया है। किसान नेता सरवण सिंह पंधेर ने कहा कि शुक्रवार शाम को आगे की रणनीति का एलान करेंगे।
दातासिंह वाला बॉर्डर पर बुधवार दोपहर करीब एक बजे आंदोलन ने उग्र रूप धारण कर लिया। जींद के पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार ने कहा कि पंजाब के किसान बुलडोजर के माध्यम से बॉर्डर पर लगे अवरोधक हटाने की कोशिश कर रहे थे। रोकने पर उन्होंने पराली में मिर्च डालकर उसमें आग लगा दी और उसका धुंआ बड़े पंखे की मदद से पुलिस की ओर कर दिया। इस पर पुलिस को भी आंसू गैस के गोले, वाटर कैनन और लाठीचार्ज का प्रयोग करना पड़ा। इसके अलावा कई किसानों ने तलवार व गंडासों से भी पुलिस पर हमला किया। अंबाला के शंभू बॉर्डर पर भी दिनभर घमासान चलता रहा। पुलिस की मोर्चेबंदी की बीच युवा किसानों ने शाम पांच बजे तक कई बार बैरिकेडिंग के समीप आकर तोड़ने का प्रयास किया लेकिन आंसू गैस के गोले और पानी की बौछार के कारण उन्हें पीछा हटना पड़ा।
आंसू गैस से पंधेर व डल्लेवाल की तबीयत बिगड़ी
दातासिंह वाला बॉर्डर पर किसान की मौत की खबर मिलने पर किसान नेता पंधेर व जगजीत सिंह डल्लेवाल ने शाम को शंभू बार्डर पर एलान कर दिया कि अब ऐसे में सरकार से बातचीत करना उचित नहीं लगता। इसके बाद किसान नेताओं की अगुवाई में बड़ी गिनती में नौजवान बॉर्डर पर आगे बढ़ने लगे। हरियाणा की तरफ से ड्रोन के जरिये आंसू गैस के गोले दागे गए। इससे किसान नेता पंधेर व डल्लेवाल की तबीयत भी बिगड़ गई।
स्वास्थ्य मंत्री ने राजिंदरा का किया दौरा, घायलों का हालचाल जाना
उधर, पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने बुधवार देर शाम को सरकारी राजिंदरा अस्पताल का दौरा कर घायल किसानों का हालचाल जाना। उन्होंने खनौरी बॉर्डर पर नौजवान की मौत पर शोक जताया और कहा कि भारत देश एक है लेकिन केंद्र की ओर से उत्तर-पूर्वी राज्यों जैसे हालात बनाए जा रहे हैं और अंतरराज्यीय सरहद को अंतरराष्ट्रीय सरहद बना दिया गया है।
उन्होंने कहा कि अपनी मांगों के लिए शांतमयी प्रदर्शन के लिए दिल्ली जाने पर अड़े किसानों पर गोलियां व आंसू गैस के गोले दागना लोकतंत्र का कत्ल है। उन्होंने कहा कि घायल किसानों को अस्पताल लाने के वास्ते बॉर्डरों के पास एंबुलेंस तैनात की गई है। हरियाणा से सटे मोहाली, पटियाला, संगरूर, बरनाला, मानसा, बठिंडा व मुक्तसर साहिब के सरकारी अस्पतालों में घायल किसानों के इलाज की पूरी व्यवस्था है जबकि बैकअप सहायता के तौर पर फतेहगढ़ साहिब व लुधियाना के अस्पतालों में एंबुलेंसों को भी तैयार रखा गया है।
आरटीआई में जानकारी न देने पर मिली अनाथ बच्चों को भोजन कराने की सजा, यूपी सूचना आयोग का फैसला

सूचना के अधिकार अधिनियम (आरटीआई) के तहत बिजली बिल से जुड़े मामले में सूचना न देने पर वाराणसी सर्किल सेकंड के अधीक्षण अभियंता अनिल वर्मा, नगरीय विद्युत मंडल तृतीय के अधिशासी अभियंता आरके गौतम, मैदागिन के तत्कालीन एसडीओ रवि आनंद और चौक एसडीओ सर्वेश यादव को दो अनाथालय के बच्चों को एक वक्त का भोजन कराने का दंड मिला है।
अफसर 24 फरवरी को अनाथालय के बच्चों को भोजन कराएंगे। खाने की कीमत 25 हजार रुपये से ज्यादा नहीं होनी चाहिए। यह दंड राज्य सूचना आयोग ने सांकेतिक तौर पर दिया है।
इससे पहले आयोग ने संबंधित अफसरों के खिलाफ गिरफ्तारी का वारंट जारी किया था। मछोदरी क्षेत्र के सप्तसागर निवासी उपभोक्ता उमाशंकर यादव के पिता बसंतू यादव के नाम से 1959 में बिजली कनेक्शन हुआ था। इसे बाद में पीडी (कनेक्शन विच्छेद) करा दिया गया।
प्रमुख देशों की तुलना में भारत में सर्वाधिक वेतन वृद्धि जारी, इस साल 9.5 फीसदी बढ़ेगी कर्मियों की आय

देश में इस साल कर्मचारियों का वेतन 9.5 फीसदी बढ़ सकता है। हालांकि, यह 2023 की वास्तविक वेतन वृद्धि 9.7 फीसदी से थोड़ा कम है। वैश्विक पेशेवर सेवा कंपनी एऑन पीएलसी ने सर्वे रिपोर्ट में कहा, वैश्विक महामारी के बाद 2022 में उच्च वेतन वृद्धि के बाद यह भारत में 10 फीसदी से कम पर स्थिर हो गई है।रिपोर्ट के मुताबिक, भू-राजनीतिक तनाव के बीच प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में सबसे अधिक वेतन वृद्धि भारत में जारी है। बांग्लादेश और इंडोनेशिया में 2024 में क्रमश: 7.3 फीसदी एवं 6.5 फीसदी औसत वेतन वृद्धि का अनुमान है।
लक्षित निवेश की जरूरत
एऑन में मुख्य वाणिज्यिक अधिकारी रूपांक चौधरी ने कहा, भारत के संगठित क्षेत्र में वेतन में अनुमानित वृद्धि उभरते आर्थिक परिदृश्य के सामने एक रणनीतिक समायोजन का संकेत देती है। बुनियादी ढांचे और विनिर्माण जैसे क्षेत्रों की वृद्धि मजबूत है। यह कुछ क्षेत्रों में लक्षित निवेश की जरूरत का संकेत देता है।
इन क्षेत्रों में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी संभव
सर्वे के मुताबिक, वित्तीय संस्थानों, इंजीनियरिंग, ऑटोमोटिव और जीवन विज्ञान में सबसे अधिक वेतनवृद्धि की उम्मीद है। खुदरा, प्रौद्योगिकी परामर्श व सेवा क्षेत्र के कर्मचारियों का वेतन इस साल सबसे कम बढ़ने का अनुमान है। कर्मचारियों के नौकरी छोड़ने की दर 2022 के 21.4 फीसदी से घटकर 2023 में 18.7 फीसदी रह गई।
यूपी सरकार के वकील ने किया महिला और उसकी बेटी की भरण-पोषण याचिका का विरोध, सुप्रीम कोर्ट ने जताई हैरानी
सुप्रीम कोर्ट ने यूपी सरकार के वकील के मुस्लिम महिला, बेटी की भरण-पोषण याचिका का विरोध करने पर हैरानी जताते हुए कहा, यह अजीब बात है। महिला ने आपराधिक प्रक्रिया संहिता की धारा 125 के तहत अपने व नाबालिग बेटी के लिए पति से भरण-पोषण की मांग की थी। जस्टिस अभय एस ओका और जस्टिस उज्ज्वल भुइयां की पीठ ने कहा, हमें यह जानकर आश्चर्य हुआ कि राज्य के वकील ने पति का मामला उठाया है।शीर्ष अदालत ने कहा, वास्तव में सरकार के वकील का कर्तव्य और दायित्व था कि वह अदालत के एक अधिकारी के रूप में कार्य करे और सही निष्कर्ष पर पहुंचने में अदालत की मदद करे।
पीठ ने कहा, वास्तव में सरकार के वकील का कर्तव्य और दायित्व था कि वह अदालत के एक अधिकारी के रूप में कार्य करे और सही निष्कर्ष पर पहुंचने में अदालत की मदद करे। पीठ ने निर्देश दिया कि यह आदेश उत्तर प्रदेश के गृह और कानून विभाग के सचिवों को भेजा जाएगा। हालांकि, पीठ ने स्पष्ट किया कि उत्तर प्रदेश सरकार उन वकीलों को दोषी नहीं ठहराएगी या दंडित नहीं करेगी जिन्होंने इस अदालत के समक्ष इसका प्रतिनिधित्व किया।
फैमिली कोर्ट ने 20 मार्च, 2021 के आदेश से अपीलकर्ताओं के आवेदन को स्वीकार किया और प्रति माह 12,000 रुपये का रखरखाव प्रदान किया। अपीलकर्ता और उसके पति ने पुनरीक्षण आवेदन दाखिल किया। हाईकोर्ट ने 26 अगस्त, 2021 को अपीलकर्ता महिला को सुने बिना ही गुजारा भत्ता में 2,000 रुपये प्रति माह की कटौती कर दी।
बर्फ की सफेद चादर से ढकी चोटियां और मैदानी इलाकों में बारिश…ओलावृष्टि,

जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में भीषण बर्फबारी जारी है। कुछ निचले इलाकों में हल्की बर्फबारी के साथ बारिश भी हो रही है। जम्मू-श्रीनगर हाईवे तीसरे दिन भी बंद रहा। वहीं, हिमाचल की 405 सड़कों पर यातायात पूरी तरह से ठप रहा। वहीं, पंजाब समेत उत्तर भारत के अन्य मैदानी इलाकों में तेज आंधी के साथ कहीं हल्की तो कहीं मूसलाधार बरसात के साथ ओले गिरे हैं। मौसम में आए बदलाव से कई इलाकों में बिजली व पानी की आपूर्ति बाधित रही। इधर दिल्ली-एनसीआर में भी मौसम नरम-गरम चल रहा है। भारत के अन्य मैदानी इलाकों में तेज आंधी के साथ कहीं हल्की तो कहीं मूसलाधार बरसात के साथ ओले गिरे हैं। मौसम में आए बदलाव से कई इलाकों में बिजली व पानी की आपूर्ति बाधित रही। इधर दिल्ली-एनसीआर में भी मौसम नरम-गरम चल रहा है।
भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने बुधवार को बताया कि उत्तर पश्चिम उत्तर प्रदेश के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र बना है। इसी के प्रभाव से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में बारिश और बर्फबारी का दौर जारी है। वहीं, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और पूर्वी राजस्थान के कुछ इलाकों में हल्की और कई इलाकों में तेज बारिश हुई। आईएमडी के मुताबिक, पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में एक और कम दबाव का क्षेत्र बन रहा है, जिसके प्रभाव से 24 से 27 फरवरी तक बारिश और हिमपात की संभावना है। कुछ इलाकों में 30-40 किमी प्रति घंटे की तरफ्तार से हवाएं चल सकती हैं जो 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार तक जा सकती है। बुधवार को बारिश और पहाड़ों पर बर्फबारी के चलते उत्तर भारत के अधिकांश इलाकों में न्यूनतम तापमान 9-13 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा और अमृतसर में सबसे कम 6.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
बदरी-केदार में तीन फुट तक जमी बर्फ
उत्तराखंड में बदरीनाथ धाम और केदारनाथ धाम में तीसरे दिन भी बर्फबारी का सिलसिला जारी रहा। दोनों धामों में जहां तीन फुट ताजी बर्फ जम चुकी है, वहीं धामों की पहाड़ियों ने सफेद चादर ओढ़ी हुई है। इसके अलावा नीती घाटी, फूलों की घाटी, हेमकुंड साहिब, निजमुला घाटी, रुद्रनाथ, लाल माटी, नंदा घुंघटी, औली, गोरसों बुग्याल सहित अन्य जगहों पर जमकर बर्फबारी हो रही है। गोपेश्वर, नंदानगर, पीपलकोटी, जोशीमठ सहित आसपास के क्षेत्रों में देर शाम बारिश हुई। द्वितीय केदार मद्महेश्वर, तृतीय केदार तुंगनाथ, चंद्रशिला सहित अन्य ऊंचाई वाले स्थानों पर भी बर्फ गिरी। वहीं निचले क्षेत्रों में बूंदाबांदी हुई।
- दूसरे दिन भी बंद रहा बदरीनाथ हाईवे…बर्फबारी के कारण हनुमान चट्टी से आगे बंद हुआ बदरीनाथ हाईवे बुधवार को दूसरे दिन भी नहीं खुल पाया। वहीं मंडल चोपता हाईवे मंगलवार शाम खोल दिया गया था, लेकिन रात को फिर बर्फबारी होने से बंद हो गया है। वहीं जोशीमठ औली सड़क भी बर्फ से ढकी है लेकिन यहां आवाजाही मुश्किल से हो रही है। वहीं जोशीमठ-मलारी हाईवे मलारी से आगे बंद है।
रामबन और सोनमर्ग के पास भारी हिमस्खलन
जम्मू-कश्मीर में रामबन के पास पहाड़ से मलबा गिरने के कारण लगातार तीसरे दिन जम्मू-श्रीनगर हाईवे बुधवार को तीसरे दिन बंद रहा। तेज हवाओं के कारण दोपहर बाद कटड़ा-सांझीछत चापर सेवा प्रभावित रही। उधर, कश्मीर घाटी में सोनमर्ग के पास हिमस्खलन से सिंध नदी का प्रवाह अवरुद्ध हो गया। गुरेज घाटी में हिमस्खलन की चेतावनी के बाद सभी सरकारी व निजी दफ्तर व स्कूल-कॉलेज बंद कर दिए गए हैं।
पूर्वी सिक्किम में सेना ने 500 पर्यटकों को बचाया
पूर्वी सिक्किम में बुधवार को अचानक भारी बर्फबारी के कारण नतूला में 500 से अधिक पर्यटकों के साथ लगभग 175 वाहन फंस गए। त्रिशक्तिकोर के सैनिकों ने शून्य से नीचे तापमान का सामना करते हुए फंसे हुए पर्यटकों को बचाया। गुवाहाटी में रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता ने बताया कि भारतीय सेना ने पर्यटकों को सुरक्षित जगह तक पहुंचाने के साथ ही उनके रहने और भोजन की भी व्यवस्था की और उनके स्वास्थ्य की जांच की।
प्रियंका की एंट्री से हो गई सपा-कांग्रेस में सुलह, अखिलेश यादव ने कहा-अंत भला तो सब भला

सपा और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे में प्रियंका गांधी ने अहम भूमिका निभाई। सूत्रों के मुताबिक, सपा नेतृत्व ने सोमवार को कांग्रेस हाईकमान को संदेश भिजवा दिया कि वो 17 सीटों पर शीघ्र अपनी स्थिति स्पष्ट करे। मंगलवार की शाम तक जवाब नहीं आया तो 17 सीटों में शामिल वाराणसी सीट पर अपना उम्मीदवार भी उतार दिया। इसके बाद प्रियंका गांधी वाड्रा ने पूरे मामले में दखल दिया। फिर बुधवार की सुबह दोनों पार्टियों के शीर्ष नेतृत्व के बीच फोन से वार्ता हुई। इसके बाद गठबंधन की औपचारिक घोषणा का फैसला किया गया। उधर, बुधवार को सांसद डॉ. शफीकुर्रहमान बर्क से मिलने मुरादाबाद पहुंचे सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने गठबंधन के सवाल पर कहा कि अंत भला तो सब भला।मंगलवार की शाम तक जवाब नहीं आया तो 17 सीटों में शामिल वाराणसी सीट पर अपना उम्मीदवार भी उतार दिया। इसके बाद प्रियंका गांधी वाड्रा ने पूरे मामले में दखल दिया। फिर बुधवार की सुबह दोनों पार्टियों के शीर्ष नेतृत्व के बीच फोन से वार्ता हुई। इसके बाद गठबंधन की औपचारिक घोषणा का फैसला किया गया।
कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडेय ने बताया कि कांग्रेस चुनाव कमेटी की बैठक में प्रत्याशियों के नाम तय किए जाएंगे। उम्मीदवारों की घोषणा जल्द होगी। दूसरी तरफ राजेंद्र चौधरी ने बताया कि वाराणसी से सपा ने पहले ही उम्मीदवार घोषित कर दिया है। अब गठबंधन के बाद सपा उम्मीदवार का नाम वापस लेगी। पांडेय ने बताया, उम्मीद है कि 24 को मुरादाबाद से शुरू होने वाली कांग्रेस की दूसरे चरण की न्याय यात्रा में अखिलेश भी शामिल होंगे। उन्हें फिर से निमंत्रण दिया जा रहा है। सपा से गठबंधन होने के बाद कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडेय ने बताया कि कांग्रेस चुनाव कमेटी की बैठक में प्रत्याशियों के नाम तय किए जाएंगे। उम्मीदवारों की घोषणा जल्द होगी।
इंडिया गठबंधन से जुड़े विभिन्न दलों के सवाल पर अविनाश पांडेय ने कहा, 63 सीटें सपा के पास हैं। अभी सिर्फ कांग्रेस की सीट की घोषणा हुई है। उसे 17 सीटें मिली हैं। इंडिया गठबंधन में सभी दलों का स्वागत है। आजाद समाज पार्टी को सीट के सवाल पर उन्होंने कहा कि जिस भी दल को सीट देने की जरूरत होगी, उस पर सपा अध्यक्ष फैसला लेंगे।
रायबरेली से प्रियंका गांधी के चुनाव लड़ने के सवाल पर कहा कि संसदीय बोर्ड की बैठक में प्रत्याशी तय होंगे।
कानपुर पहुंची न्याय यात्रा
भारत जोड़ो न्याय यात्रा लेकर बुधवार को कानपुर पहुंचे राहुल गांधी ने लोकसभा चुनाव से पहले पार्टी में जान फूंकने की कोशिश की। उन्नाव से घंटाघर तक करीब 22 किमी लंबी यात्रा में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। इस दौरान वह भाजपा व देश के बड़े औद्योगिक घरानों पर हमलावर दिखे। उन्होंने कहा कि यदि उनकी सरकार आती है तो वह वित्तीय सर्वे कराएंगे। यह पता लगवाएंगे कि किन लोगों के पास कितना धन है। इससे सामाजिक ताने-बाने की हकीकत पता चलेगी।
26 से 1 मार्च तक यात्रा को विराम
यात्रा में 26 से 1 मार्च तक विराम रहेगा। इस दौरान राहुल ब्रिटेन के कैंब्रिज विवि में व्याख्यान देंगे। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि बुधवार को कानपुर चरण के बाद 22-23 को विश्राम रहेगा। 24 को मुरादाबाद से यात्रा फिर से शुरू होगी।
यूपी में फिर दो लड़कों की जोड़ी
इस गठबंधन के साथ एक बार फिर यूपी में दो लड़कों की जोड़ी विपक्ष की ओर से भाजपा के खिलाफ मोर्चा संभालेगी। 2017 के विधानसभा चुनाव में सपा-कांग्रेस ने मिलकर भाजपा के खिलाफ चुनाव लड़ा था। तब अखिलेश यादव और राहुल गांधी की जोड़ी को दो लड़कों की जोड़ी के रूप में प्रचारित किया गया था। हालांकि जोड़ी को तब करारी हार मिली थी। कांग्रेस 105 विधानसभा सीटों पर लड़कर सिर्फ 7 जीत पाई थी।
अमेरिका से भारत में सेब का निर्यात 16 गुना बढ़ा

अमेरिकी सांसद और सेब उत्पादक इस साल भारत में सेबों के निर्यात का जश्न मना रहे हैं। इसका कारण पिछले साल की तुलना में सेब का निर्यात 16 गुना अधिक होना है। भारत के अमेरिकी उत्पादों पर 2019 में लगाए गए 20 प्रतिशत प्रतिशोधात्मक शुल्क को हटाने का फैसला करने के बाद यह निर्यात बढ़ा है।वाशिंगटन राज्य के सेब उत्पादकों ने इस वर्ष करीब 10 लाख पेटी सेब भारत भेजे, जो गत वर्ष के मुकाबले 16 गुना अधिक है। सिएटल बंदरगाह पर मंगलवार को इस उपलब्धि का जश्न मनाया गया। सांसद मारिया केंटवेल ने कहा, यह भारत-अमेरिका के बीच व्यापार संबंधों में एक नया मुकाम है।
वाशिंगटन राज्य के सेब उत्पादकों ने इस वर्ष करीब 10 लाख पेटी सेब भारत भेजे, जो गत वर्ष के मुकाबले 16 गुना अधिक है। सिएटल बंदरगाह पर मंगलवार को इस उपलब्धि का जश्न मनाया गया। सांसद मारिया केंटवेल ने कहा, यह भारत-अमेरिका के बीच व्यापार संबंधों में एक नया मुकाम है। इस खास मौके पर सिएटल में भारत वाणिज्य दूतावास के महावाणिज्य दूत प्रकाश गुप्ता, मध्य वाशिंगटन के सेब उत्पादक और श्रम व बंदरगाह अधिकारी भी मौजूद थे।
मोदी की यात्रा से कारोबार सामान्य
पीएम नरेंद्र मोदी की ऐतिहासिक अमेरिकी यात्रा में शुल्क हटाने के बाद इस फसल सीजन में कारोबार सामान्य हुआ। वाशिंगटन राज्य सेब आयोग के अनुसार, वाशिंगटन के उत्पादकों ने इस सीजन में करीब 1,190,000 40 पौंड सेब की पेटियां भारत भेजी हैं। अब तक वाशिंगटन से भारत में सेब की कुल बिक्री करीब 1.95 करोड़ डॉलर होने का अनुमान है, जबकि उत्पादकों ने सीजन केवल आधा ही पूरा किया है।
केंटवेल ने कहा, आज एक उत्सव है, क्योंकि गत 5 वर्षों से, हमने सेब को भारत की ओर जाते नहीं देखा है। सेब पर आयात शुल्क में 20% की वृद्धि के कारण भारत तक सेब निर्यात बाजार में गिरावट आई थी।
ट्रंप के फैसले का बुरा असर
मार्च 2019 में सामान्यीकृत प्रणाली वरीयता (जीएसपी) कार्यक्रम के तहत भारत के व्यापार लाभों को रद्द करने के तत्कालीन ट्रंप प्रशासन के फैसले के खिलाफ नई दिल्ली ने सेब सहित अमेरिकी उत्पादों पर कई टैरिफ लगाए। इसका अमेरिकी कारोबार पर काफी बुरा प्रभाव पड़ा।
दमोह में गोकशी का मामला, तीन लोगों पर जानलेवा हमला, हिंदू संगठनों ने जबलपुर हाइवे पर लगाया जाम

दमोह में गोकशी की घटनाएं नहीं थम रही है। सोमवार रात फिर इसी प्रकार की घटना सामने आई, जब कसाइयों के द्वारा तीन लोगों पर जानलेवा हमला कर दिया, जिससे गुस्साए हिंदू संगठनों के लोगों ने दमोह-जबलपुर हाइवे पर जाम लगा दिया। उचित कार्रवाई के आश्वासन के बाद यह जाम हटाया गया।
आए दिन हिंदू संगठन ये आरोप लगाते हैं कि दमोह में बड़े पैमाने पर गौ हत्या की जा रही है। पुलिस, प्रशासन पर भी मिली भगत के आरोप लगे हैं, लेकिन अब मामला गंभीर होता जा रहा है। गोकशी करने वाले आरोपियों के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि वह आम लोगों पर हमलावर हो गए हैं। सोमवार रात पुलिस के द्वारा गोवंश से भरे एक कंटेनर को पकड़ने के बाद करीब दो दर्जन से अधिक कसाइयों ने शहर के बाइपास से लगे राजनगर चौराहे के पास खड़े लोगों पर हमला शुरू कर दिया।
जिला अस्पताल पहुंचे घायल धनु पटेल, राजू पटेल और शिव यादव ने बताया कि वाहनों पर सवार लोग उनके पास पहुंचे। उनके हाथ में कई तरह के हथियार थे। आते ही उन्होंने हम पर हमला किया। वह कह रहे थे कि तुम लोग बजरंग दल से जुड़े हो और तुम लोगों ने ही पुलिस को सूचना देकर हमारे मवेशी पकड़वाए हैं। घायलों ने बताया कि हम भागने में कामयाब नहीं होते तो आरोपी हमारी हत्या कर सकते थे। आरोपियों ने काफी देर तक क्षेत्र में हंगामा किया गया है। इस बात की सूचना जब हिंदू संगठन से जुड़े लोगों को मिली तो वह घटनास्थल पहुंचे।
हिंदू संगठन से जुड़े अंजू खत्री ने बताया कि संगठन के कुछ लोग मौके पर पहुंचे थे। लेकिन वहां कसाइयों ने उन पर भी हमला किया और इसलिए वह अपने वाहन छोड़कर भागे। पुलिस तुरंत कार्रवाई के लिए तैयार नहीं थी। इसलिए हम सभी लोग जबलपुर नाका पहुंचे और जाम लगा दिया। बाद में पुलिस अधिकारियों ने पहुंचकर उचित कार्रवाई का शासन दिया, इसलिए हमने जाम समाप्त कर दिया है।
संगठन के लोगों का यह भी कहना है कि यदि शीघ्र ही कड़ी कार्रवाई नहीं की गई तो हिंदू संगठन से जुड़े लोग मजबूरी में उग्र आंदोलन करेंगे। एडिशनल एसपी संदीप मिश्रा का कहना है, आरोपियों के खिलाफ एफआईआर की जा रही है। पशुओं से भरा कंटेनर जब्त कर लिया गया है। आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
एक्साइज पॉलिसी घोटाले में तेलंगाना के पूर्व CM की बेटी को समन
दिल्ली एक्साइज घोटाला मामले में सीबीआई ने तेलंगाना के पूर्व मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव की बेटी से पूछताछ करने के लिए बुलाया है। सीबीआई ने उन्हें समन देकर 26 फरवरी को पूछताछ के लिए बुलाया है। सूत्रों का कहना है कि तेलंगाना के पूर्व मुख्यमंत्री राव की बेटी से पूछताछ करने के लिए सीबीआई ने यह समन बुधवार को ही जारी किया है। फिलहाल इस मामले में सूत्रों ने और अधिक जानकारी देने से इंकार कर दिया, लेकिन सीबीआई के समन देने के मामले की पुष्टि की है।
प्रधानमंत्री मोदी तीन मार्च को केंद्रीय मंत्रिपरिषद की बैठक की अध्यक्षता करेंगे
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी लोकसभा चुनाव की घोषणा से कुछ दिन पहले तीन मार्च को केंद्रीय मंत्रिपरिषद की बैठक की अध्यक्षता करेंगे। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।उन्होंने बताया कि मंत्रिपरिषद की बैठक यहां चाणक्यपुरी के राजनयिक एन्क्लेव स्थित सुषमा स्वराज भवन में होगी। प्रधानमंत्री समय-समय पर प्रमुख नीतिगत मुद्दों पर चर्चा करने, विभिन्न पहलों के क्रियान्वयन पर जानकारी हासिल करने और शासन के मामलों पर अपने दृष्टिकोण को साझा करने के लिए पूरी मंत्रिपरिषद की बैठक की अध्यक्षता करते रहे हैं। निर्वाचन आयोग ने लोकसभा चुनाव कराने के लिए विभिन्न राज्यों की तैयारियों की समीक्षा शुरू कर दी है। चुनाव कार्यक्रम की घोषणा अगले महीने किसी समय होने की उम्मीद है।
सरकार-किसानों में पांचवें दौर की होगी बातचीत, कृषि मंत्री ने दिया निमंत्रण
कृषि मंत्री अर्जुन मुंडा ने प्रदर्शनकारी किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) सहित सभी मुद्दों पर पांचवें दौर की वार्ता के लिए बुधवार को आमंत्रित किया। मंत्री ने प्रदर्शनकारी किसानों से शांति बनाये रखने और समाधान खोजने के लिए वार्ता में शामिल होने की भी अपील की। मुंडा ने कहा कि हम सभी मुद्दों पर चर्चा के लिए तैयार हैं, चाहे वह एमएसपी हो या फसल विविधीकरण। हम बातचीत के जरिए ही समाधान निकाल सकते हैं। मैंने उन्हें चर्चा के लिए आमंत्रित किया है और उनसे शांति बनाए रखने तथा ऐसा समाधान खोजने की अपील की है जो सभी के लिए अच्छा हो। संयुक्त किसान मोर्चा (गैर-राजनीतिक) और किसान मजदूर मोर्चा फसलों के लिए एमएसपी पर कानूनी गारंटी और कृषि कर्ज माफी समेत अपनी मांगों को लेकर बीजेपी नीत केंद्र सरकार पर दबाव बनाने के लिए ‘दिल्ली चलो’ मार्च का नेतृत्व कर रहे हैं।
किसानों का दिल्ली कूच : राजोकरी बॉर्डर पर कई किलोमीटर तक जाम
नवीन निश्चल: साउथ दिल्ली के रजोकरी बॉर्डर पर दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। इस कारण गुरुग्राम से दिल्ली में आने वाले रास्ते पर भारी ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी हुई है। बोर्डर पर कई किलोमीटर तक जाम लगा हुआ है। राजोकरी बॉर्डर पर एक साथ कम से कम 15 से 20 गाड़ियों की लाइन लगी हुई है। जो गुरुग्राम की तरफ कई किलो मीटर तक लगा हुआ है। दिल्ली की तरफ आने वाले लोग घंटो इंतजार के बाद दिल्ली में एंटर कर पा रहे है। क्योंकि रजोकरी बॉर्डर पर दिल्ली पुलिस ने भारी सुरक्षा के इंतजाम किए हुए हैं। कार के साथ-साथ आज बाइक सवार की भी पुलिस के द्वारा चेकिंग की जा रही है। केंद्र सरकार से चौथे राउंड की वार्ता विफल होने के बाद किसानों ने आज दिल्ली कुछ करने का ऐलान किया है।
हल्द्वानी के बनभूलपुरा हिंसा मामला : 12 दिन बाद हटा कर्फ्यू
हल्द्वानी बनभूलपुरा हिंसा मामले में मंगलवार को एक नया आदेश सामने आया। नैनीताल की डीएम वंदना सिंह ने बनभूलपुरा में स्थिति सामान्य देखने के बाद कर्फ्यू हटा दिया है। यह आदेश मंगलवार सुबह 5 बजे से लागू हो गया। 12 दिनों के बाद बनभूलपुरा से कर्फ्यू हटा है। कर्फ्यू हटने के बाद यहां के लोगों, धर्मगुरुओं, प्रतिनिधियों ने डीएम और जिला प्रशासन को धन्यवाद दिया है। आपको बता दें कि, 8 फरवरी को अतिक्रमण हटाने के लिए गई टीम पर लोगों ने पथरबाजी, आगजनी और फायरिंग कर दी थी। इससे यहां हिंसा भड़क गई थी। इस हिंसा में कई प्रशासनकर्मी, पुलिस कर्मी, निगमकर्मी, मीडियाकर्मी और अन्य लोग बुरी तरह घायल हो गए थे। हिंसा में पांच लोगों की मौत भी हुई थी। क्षेत्र में फैली हिंसा को देखते हुए डीएम ने शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए तत्काल पूरे हल्द्वानी नगर क्षेत्र में कर्फ्यू लगाने का आदेश जारी किया था।
पूछताछ के लिए अधिकारियों को भेजा गया नोटिस
हल्द्वानी के बनभूलपुरा में हुई हिंसा की जांच जारी है। इस मामले में कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत को जांच अधिकारी बनाया गया है। उन्हें 15 दिनों में शासन को रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।घटना के दौरान मौजूद सभी लोगों से पूछताछ भी होगी। इसमें पुलिस अधिकारी, नगर निगम कर्मी, प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहेंगे। कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत ने बताया कि हिंसा मामले में जांच शुरू हो गई है। सभी अधिकारियों को नोटिस भेजे गए हैं। सभी से इसी हफ्ते अलग-अलग दिन पूछताछ होगी। उनसे लिखित में भी जवाब मांगा जाएगा। उन्होंने बनभूलपुरा क्षेत्र की जनता से भी घटना से जुड़े साक्ष्य पेश करने की बात कही है।
नीतीश कुमार जनमत को अपने पैर की जूती समझते हैं: तेजस्वी यादव
राजद नेता तेजस्वी यादव ने कहा, “जो जनता हमारी मालिक है उनके बीच हम जा रहे हैं। आज से जन विश्वास यात्रा शुरू हो रही है… नीतीश कुमार का न कोई विज़न है और न ही गठबंधन बदलने का कोई कारण है… नीतीश कुमार जनमत को अपने पैर की जूती समझते हैं, जनता उन्हें इसका जवाब देगी।”
स्वीडन के विदेश मंत्री टोबियास बिलस्ट्रॉम रायसीना डायलॉग 2024 के लिए दिल्ली पहुंचे।





