नरसिंहपुर में 80 लाख की लूट का फिल्मी खुलासा, कर्मचारियों ने रची थी साजिश
नरसिंहपुर की अब तक की सबसे बड़ी लूट का मामला होटल कुसुम वैली से सामने आया है, जिसमें करीब 75 से 80 लाख रुपये की लूट की कहानी फिल्मी निकली. पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि इस वारदात की प्लानिंग होटल के ही भरोसेमंद कर्मचारियों ने की थी. पुलिस के अनुसार, रात करीब 2:30 बजे नकाबपोश बदमाशों ने हथियारों के दम पर होटल में रखी भारी नकदी लूट ली थी. घटना के बाद एसपी के निर्देश पर विशेष टीमें गठित की गईं और सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए. पूछताछ में होटल मैनेजर चंद्रेश रजक ने साजिश का खुलासा किया. कर्मचारी अनुज कुमार ने चंद्रेश और राकेश शुक्ला के साथ मिलकर मोनू उर्फ टूईया जैसे अपराधियों को शामिल किया था.
छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट का बड़ा फैसला, 66 उप अभियंताओं की नियुक्ति रद्द
बिलासपुर हाईकोर्ट ने ग्रामीण अभियांत्रिकी सेवा में नियुक्त 66 उप अभियंताओं की नौकरी रद्द करने का बड़ा फैसला सुनाया है. चीफ जस्टिस की डिवीजन बेंच ने इन नियुक्तियों को अवैध करार दिया है. कोर्ट ने पाया कि भर्ती प्रक्रिया नियमों के खिलाफ थी. कट-ऑफ डेट तक आवश्यक योग्यता नहीं होने के बावजूद नियुक्तियां की गईं और 275 पदों के विज्ञापन के बावजूद उससे अधिक नियुक्ति कर दी गई. नियुक्त उप अभियंताओं की ओर से 14 साल की सेवा का हवाला दिया गया, लेकिन कोर्ट ने स्पष्ट कहा कि लंबी सेवा से अवैध नियुक्ति वैध नहीं हो जाती. आदेश के बाद सभी 66 उप अभियंताओं की नियुक्ति निरस्त कर दी गई है.
बीजेपी विधायक गोपाल भार्गव के बयान पर गरमाई सियासत
भाजपा के दिग्गज नेता और विधायक गोपाल भार्गव के ब्राह्मणों पर दिए बयान के बाद सियासत गरमाई. दलित पिछड़ा समाज संगठन के अध्यक्ष दामोदर यादव ने कहा कि आज आप जिस पीड़ा को महसूस कर रहे हैं, एससी, एसटी और ओबीसी वर्ग हमेशा से झेल रहा है. आप लोग संख्या और काबिलियत में कम होने के बावजूद हमेशा आगे रहे. आरएसएस और बीजेपी के लोग चालाक हैं. वे हमारे लोगों को मुखौटा बनाकर सत्ता में काबिज रहना चाहते हैं.
यूजीसी को लेकर सवर्ण समाज का कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन
उमरिया में यूजीसी नियम वापस लेने को लेकर सवर्ण समाज ने कलेक्ट्रेट में संयुक्त प्रदर्शन किया. ब्राह्मण, क्षत्रिय और कसौधन वैश्य समाज के लोग इसमें शामिल रहे. उन्होंने जातिगत भेदभाव फैलाने का आरोप लगाते हुए सभी को समानता का अधिकार देने की मांग की. प्रदर्शनकारियों ने राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा.

बागेश्वर धाम पहुंचीं क्रिकेटर क्रांति गौड़, बागेश्वर बालाजी का लिया आशीर्वाद
भारतीय महिला क्रिकेट टीम की खिलाड़ी क्रांति गौड़ छतरपुर में प्रसिद्ध धार्मिक स्थल बागेश्वर धाम पहुंचीं. क्रांति ने अपने ऑस्ट्रेलिया दौरे से पहले बागेश्वर धाम में माथा टेका और बागेश्वर बालाजी का आशीर्वाद लिया. इसके अलावा उन्होंने बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री से भी आशीर्वाद लिया. इस दौरान क्रांति ने बागेश्वर धाम पर आयोजित होने जा रहे सामूहिक कन्या विवाह महोत्सव की सराहना की. वहीं बागेश्वर बाबा धीरेंद्र शास्त्री ने भी क्रांति गौड़ के खेल को सराहा. बाबा ने क्रांति को आने वाले क्रिकेट मुकाबलों में उत्कृष्ण प्रदर्शन की शुभकामनाएं दीं.

जबलपुर में धान के अवैध परिवहन और भंडारण मामले में बड़ी कार्रवाई
जबलपुर में धान के अवैध परिवहन और भंडारण मामले में बड़ी कार्रवाई हुई है. खाद्य विभाग ने 9 लोगों के खिलाफ कुंडम थाने में एफआईआर दर्ज कराई है. इंदौर से जबलपुर लाई जा रही 21.5 मीट्रिक टन धान जब्त कर लिया गया है. तिलसानी स्थित वाजपेयी वेयरहाउस में अवैध भंडारण कराया गया था. उपार्जन व्यवस्था का अनुचित लाभ उठाने की मंशा थी. इसमें व्यापारी, बिचौलिए, खरीदी केंद्र प्रभारी और वेयरहाउस कर्मचारी संलिप्त थे. कलेक्टर राघवेंद्र सिंह के निर्देश पर मामले की जांच जारी है.
किराये पर कार लेकर रख देता था गिरवी, शातिर ठग गिरफ्तार
ग्वालियर पुलिस ने किराये पर कार लेकर हड़पने वाले गैंग पर शिकंजा कसा है. क्राइम ब्रांच ने गैंग के एक सदस्य को गिरफ्तार किया है. शातिर जालसाज का नाम अभय भदौरिया है. आरोपी ने 39 कारें किराये पर लेकर गिरवी रखीं. आरोपी से डेढ़ करोड़ रुपये कीमत की 15 गाड़ियां बरामद की गई हैं. बाकी गाड़ियों की तलाश जारी है.

आदिवासी समाज की जमीन पर कब्जा, कलेक्टर ऑफिस पहुंचे ग्रामीण
हरदा जिले के आखिरी छोर पर बसे ग्राम रवांग के सैंकड़ों आदिवासी आज कलेक्टर ऑफिस पहुंचे. उन्होंने आदिवासी समाज की जमीन पर कब्जे का आरोप लगाया. गांव के ही सालकराम गवली पर जमीन कब्जाने का आरोप है. आदिवासी ग्रामीणों का कहना है कि जमीन आदिवासी समाज को दान में मिली थी, जिसपर परंपरागत मेला आयोजित होता है लेकिन इस बार जमीन कब्जा होने से आदिवासी समाज का मेला नहीं लगा. उन्होंने प्रशासन से जमीन मुक्त कराने की मांग की.

मध्य प्रदेश कांग्रेस के सभी प्रवक्ता कार्यमुक्त
मध्य प्रदेश कांग्रेस के सभी प्रवक्ता कार्यमुक्त कर दिए गए हैं. टैलेंट हंट कार्यक्रम शुरू होने चलते यह फैसला लिया गया है. अब नए प्रवक्ता टैलेंट हंट प्रक्रिया से चुने जाएंगे.

विधायक गोपाल भार्गव का ब्राह्मणों के प्रति छलका दर्द
सागर में विधायक गोपाल भार्गव ने बड़ा बयान दिया है. ब्राह्मणों के प्रति गोपाल भार्गव का दर्द छलका. उन्होंने कहा कि राजनैतिक दलों और संगठन का एक ही लक्ष्य है कि ब्राह्मणों को मारो. ब्राह्मण सभी की नजरों में खटक रहे हैं. हमें मार दिया जाए या दबा दिया जाए. हमें एकत्रित होने की जरूरत है. गोपाल भार्गव ने आगे कहा कि पहले सीएम हमारे होते थे, अधिकारी हमारे होते थे, आधी कैबिनेट हमारी होती थी लेकिन अब गिने-चुने लोग ही बचे हुए हैं. बता दें कि विधायक गोपाल भार्गव सागर में ब्राह्मण समाज की एक पत्रिका के विमोचन और सम्मान समारोह में शामिल होने पहुंचे थे. शहर के रविंद्र भवन में कार्यक्रम आयोजित हुआ था.
पूर्व आबकारी मंत्री कवासी लखमा को मिली जमानत
छत्तीसगढ़ शराब घोटाले के मामले में पूर्व आबकारी मंत्री कवासी लखमा को सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिल गई है. इस मामले में कांग्रेस संचार विभाग प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि पूर्व आबकारी मंत्री कवासी लखमा, जो कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और विधायक हैं, उन्हें अंततः सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिली है. आज एक बार फिर सत्य की जीत हुई है और यह साबित हुआ है कि सत्य परेशान हो सकता है लेकिन पराजित नहीं हो सकता. कवासी लखमा को भाजपा की केंद्र और राज्य सरकार ने मिलकर षड्यंत्रपूर्वक कथित शराब घोटाले में फंसाया. एक वरिष्ठ आदिवासी नेता को महीनों तक जेल की सलाखों के पीछे राजनीतिक विद्वेष के कारण बंद करके रखा.
कफ सिरप कांड के आरोपियों की जमानत पर फैसला सुरक्षित
छिंदवाड़ा के बहुचर्चित कफ सिरप कांड मामले में जबलपुर हाईकोर्ट में चार आरोपियों की जमानत अर्जियों पर सुनवाई पूरी हुई. हाईकोर्ट ने जमानत याचिकाओं पर फैसला सुरक्षित रखा. डॉ प्रवीण सोनी, ज्योति सोनी, राजेश सोनी और फार्मासिस्ट सौरभ कुमार जैन की जमानत पर फैसला सुरक्षित रखा. जहरीले कोल्ड्रिफ कफ सिरप पीने से 30 बच्चों की मौत हुई थी.
कलेक्ट्रेट में ग्रामीणों का हंगामा
सागर के कलेक्टर ऑफिस में आज ग्रामीणों ने हंगामा कर दिया. उनकी गोपालगंज थाना प्रभारी सहित पुलिस आरक्षकों के साथ झूमा-झटकी हो गई. उन्होंने कलेक्ट्रेट कार्यालय के गेट नंबर एक से अंदर घुसने का प्रयास किया कि तभी पुलिस ने उन्हें रोका. इसी दौरान पुलिस और ग्रामीणों में जमकर नोंक-झोंक हुई. वे ग्राम बड़कुआ में रविदास जयंती पर हुए विवाद को लेकर ज्ञापन देने पहुंचे थे. ग्रामीण बहेरिया थाना के ग्राम बड़कुआं से पहुंचे थे.
रायसेन में बिजली कर्मचारियों पर हमला: कानून व्यवस्था पर फिर सवाल उठे
रायसेन जिले के सिलवानी में साईंखेड़ा-बरेली मार्ग पर बकाया बिजली बिल वसूलने गए कर्मचारियों के साथ मारपीट की घटना सामने आई. उपभोक्ता के बेटे सोनू और मोनू शेजवार ने कर्मचारियों पर ईंट से हमला किया और मारपीट की. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिससे जनता में चिंता बढ़ गई. पुलिस ने शासकीय कार्य में बाधा डालने की धारा लागू नहीं की, जिसके बाद बिजली विभाग ने कार्रवाई पर सवाल उठाए. यह मामला कानून व्यवस्था और सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़ा करता है.
सैकड़ों साल पुराने शिव मंदिर में तोड़फोड़, शिवजी की प्रतिमा और नंदी क्षतिग्रस्त

लांच थाना क्षेत्र के भलका ग्राम में सैकड़ों वर्ष पुराने शिव मंदिर में असामाजिक तत्वों ने तोड़फोड़ की. शिवजी की प्रतिमा खंडित हो गई और मंदिर में बिराजे नंदी को भी नुकसान पहुंचा. मंदिर के बाहर ग्रामीणों को एक घायल सर्प भी मिला, जिसे देखकर लोगों में डर और आक्रोश बढ़ गया. ग्रामीणों का कहना है कि मंदिर में अक्सर नाग देवता देखे जाते हैं. पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. प्रारंभिक अनुमान है कि मंदिर में धन होने की संभावना के चलते इस घटना को अंजाम दिया गया.
SIR प्रक्रिया में फॉर्म 7 का दुरुपयोग: वोटर्स के नाम हटाने पर EC ने लिया सख्त एक्शन
चुनाव आयोग ने SIR प्रक्रिया में फॉर्म 7 के गलत इस्तेमाल की शिकायतों के बाद कलेक्टर और जिला निर्वाचन अधिकारी को निर्देश दिए हैं. आयोग ने कहा कि किसी भी गलत शिकायत पर शिकायतकर्ता के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि इस प्रक्रिया का दुरुपयोग करके दलित और अल्पसंख्यक वोटरों के नाम हटवाए जा रहे हैं. इस कदम से चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता को बनाए रखना और मतदाताओं का अधिकार सुरक्षित रखना मुख्य उद्देश्य है. चुनाव आयोग का कहना है कि अब फॉर्म 7 का दुरुपयोग नहीं होने दिया जाएगा और निगरानी कड़ी की जाएगी.
मुरैना-चंबल में रेत माफियाओं पर बड़ी कार्रवाई: हजारों ट्रॉली अवैध रेत नष्ट
मुरैना-चंबल क्षेत्र में वन विभाग और पुलिस प्रशासन ने रेत माफियाओं के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. चंबल नदी के किनारे डंप की गई हजारों ट्रॉली अवैध रेत को चार जेसीबी मशीनों की मदद से नष्ट किया जा रहा है. डीएफओ और एसडीएम मौके पर मौजूद हैं और कार्रवाई का सीधा पर्यवेक्षण कर रहे हैं. माफियाओं ने नदी से रेत निकालकर किनारे पर जमा कर रखी थी. इस कार्रवाई से रेत माफियाओं में हड़कंप मच गया है. प्रशासन ने साफ किया है कि अवैध रेत उत्खनन पर कोई ढील नहीं दी जाएगी और भविष्य में भी सख्ती जारी रहेगी.
बैतूल में गोवंश तस्करी का भंडाफोड़: 70 KM पीछा कर पकड़ी गई पिकअप, 14 गोवंश बचाए गए
मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में गोवंश तस्करी का एक गंभीर मामला सामने आया है. एक पिकअप वाहन में क्रूरता से ठूंस-ठूंस कर 14 गोवंश को महाराष्ट्र ले जाया जा रहा था. छिंदवाड़ा के लावा-घोघरी क्षेत्र से हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने पिकअप का पीछा शुरू किया और करीब 70 किलोमीटर दूर मुलताई के पास वाहन को घेर लिया. खुद को फंसा देख तस्कर पिकअप छोड़कर फरार हो गए. पुलिस ने वाहन से गोवंश निकालकर गौशाला भिजवाया. मुलताई थाना पुलिस तस्करों की तलाश में जुटी है. बताया जा रहा है कि महाराष्ट्र सीमा से सटे बैतूल जिले के रास्ते रोजाना गोवंश तस्करी की जा रही है.
किसान कल्याण वर्ष में नई पहल: मध्यप्रदेश में होगी पहली कृषि कैबिनेट की बैठक, ब्राजील तक जाएंगे किसान
मध्यप्रदेश सरकार ने किसान कल्याण वर्ष में नई पहल की घोषणा की है. मार्च महीने से कृषि कैबिनेट की शुरुआत होगी और इसकी पहली बैठक निमाड़ अंचल के खरगोन या खंडवा जिले में होने की संभावना है. इस बैठक में कृषि एवं किसान कल्याण, उद्यानिकी और खाद्य प्रसंस्करण, पशुपालन और डेयरी विकास विभाग के महत्वपूर्ण प्रस्ताव रखे जाएंगे. उन्नत तकनीक सीखने के लिए मध्यप्रदेश के किसान ब्राज़ील भी जाएंगे, ताकि पशुपालन में सुधार और उत्पादन बढ़ाने में मदद मिल सके. यह कदम राज्य में किसानों के विकास और आय बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है.
आज मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का व्यस्त दिन: पार्टी कार्यालय से कैबिनेट बैठक तक का पूरा कार्यक्रम

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज एक व्यस्त दिन व्यतीत करेंगे. सुबह 11:40 बजे वे पार्टी कार्यालय पहुंचेंगे और स्थानीय कार्यक्रमों में शामिल होंगे. इसके बाद दोपहर 12:45 बजे मंत्रालय पहुंचकर कैबिनेट बैठक में हिस्सा लेंगे, जिसमें कई अहम फैसलों पर चर्चा होगी. शाम 4:30 बजे वे मुख्यमंत्री निवास लौटेंगे. पूरे दिन का कार्यक्रम जनता और अधिकारियों के लिए महत्वपूर्ण रहेगा, क्योंकि इसमें सरकारी नीतियों और स्थानीय मुद्दों पर विचार किया जाएगा. मुख्यमंत्री का यह दिन राजनीतिक और प्रशासनिक दृष्टि से काफी अहम माना जा रहा है.
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताएंगे आम बजट की खास बातें, जानिए एमपी को मिलने वाले फायदे
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज कुशाभाऊ ठाकरे कन्वेंशन सेंटर में प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे. इस अवसर पर बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा भी मौजूद रहेंगे. प्रेस कॉन्फ्रेंस में वे आम बजट की खूबियों के बारे में विस्तार से जानकारी देंगे और बताएंगे कि कैसे यह एमपी के विभिन्न क्षेत्रों को फायदा पहुंचाएगा. खासकर पांच लाख से अधिक आबादी वाले शहरों के लिए मिलने वाले फंड से इन शहरों का विकास तेजी से होगा. मुख्यमंत्री और उनके साथ मौजूद अधिकारी जनता को सीधे जानकारी देंगे और बजट से जुड़े अहम मुद्दों पर प्रकाश डालेंगे.




